गुरुवार, 25 अक्टूबर 2012

हास्य सरताज जसपाल भट्टी का अवसान


हास्य सरताज जसपाल भट्टी का अवसान

(महेश रावलानी)

नई दिल्ली (साई)। घरेलू घटनाक्रमों में हास्य का तड़का देकर लोगों को पेट पकड़कर हंसते हुए लोटपोट होने पर मजबूर कर देने वाले मशूहर हास्य कलाकार जसपाल भट्टी का आज तड़के करीब तीन बजे जालंधर में सड़क हादसे में मौत हो गई। उनके बेटे जसराज भी दुर्घटना में घायल हुए हैं। जसपाल भट्टी ने अपना कैरियर चंडीगढ़ के एक दैनिक में कार्टूनकार के रूप में शुरू किया था और वे अपने नुक्कड़ नाटकों से सामाजिक विसंगतियों पर व्यंग्य करते थे।
३ मार्च १९५५ को अमृतसर में जन्मे भट्टी की मोहाली के उनके स्टूडियो में चल रही जोंक फैक्टरी अब और हमको हंसा नहीं पाएगी। लेकिन उनके हास्य व्यंग से लोटपोट हाने वाले दूरदर्शन के दर्शक झ्उल्टा-पुल्टाश् और झ्फ्लॉप शोश् को कभी नहीं भुला पाएंगे। आम आदमी के दर्द को हास्य के माध्यम से उजागर करने वाले के अद्भुत कलाकार थे। जसपाल भट्टी समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार और विसंगतियों का पर्दाफाश करने के लिए सड़कों पर भी उतरे और उन पर अहिंसक रूप से चोट की और इसके लिए वे हमेशा याद किए जाएंगे।
दुर्घटना के समय भट्टी अपनी फिल्म ‘पावर कट‘ के प्रमोशन से लौट रहे थे, तभी उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में जसपाल भट्टी के बेटे जसराज, फिल्म की हिरोइन और पीआरओ नवीन जोशी घायल हो गए। आज दोपहर बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके असमय निधन से बॉलीवुड के तमाम कलाकारों ने दुख जताया है।
दुर्घटना के बाद 57 वर्षीय भट्टी को जालंधर के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में भट्टी का बेटा जसराज, उनकी फिल्म की हीरोइन सुरीली गौतम व एक अन्य व्यक्ति भी घायल हो गए। चण्डीगढ़ से 150 किलोमीटर दूर जालंधर के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
भट्टी ने अपनी नई फिल्म ‘पॉवर कट- का निर्माण व निर्देशन किया था। यह फिल्म शुक्रवार को प्रदर्शित होने वाली थी। इस फिल्म से उनका बेटा जसराज अभिनय की दुनिया में शुरुआत कर रहा था। नजदीकी सूत्रों ने बताया कि फिल्म के प्रचार के लिए वह 40 दिन के टूर पर थे। गुरुवार को जालंधर में एक मीडिया सम्मेलन के साथ इस टूर का समापन होना था।
भट्टी भारतीय टेलीविजन व बॉलीवुड फिल्मों का एक लोकप्रिय चेहरा थे। उन्होंने 80 के दशक के आखिर में व 90 के दशक में ‘उल्टा-पुल्टा‘ व ‘फ्लॉप शो‘ जैसे कार्यक्रम देकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। उन्होंने 1999 में एक फिल्म ‘माहौल ठीक है‘ का निर्देशन भी किया। यह फिल्म पुलिस, प्रशासन व समाज पर एक व्यंग्य है। भट्टी सबसे प्रसिद्ध सिख हास्य अभिनेता रहे हैं, जिन्होंने कई बॉलीवुड फिल्मों में अभिनय किया।
इंजीनियर कहें या कार्टूनिस्ट, अभिनेता कहें या डायरेक्टर-प्रोड्यूसर, व्यंग्यकार कहें या फिर कॉमेडियन। जसपाल भट्टी एक ऐसा नाम है जिन्होंने जहां भी हाथ आजमाया वहां अपनी छाप छोड़ी। 3 मार्च 1955 को अमृतसर में पैदा हुए जसपाल भट्टी शुरू से ही बहुमुखी प्रतिभा के धनी रहे हैं। चंडीगढ़ के पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले जसपाल का झुकाव शुरू से ही अभिनय की तरफ रहा।
कॉलेज के दिनों में नॉनसेंस क्लब के जरिये उन्होंने स्ट्रीट प्ले से शुरुआत की। इसके बाद द ट्रिब्यून अखबार में कार्टूनिस्ट के तौर पर भी काम किया। लेकिन उन्होंने पहली बार तब सुर्खियां बटोरी जब दूरदर्शन में उल्टा पुल्टा शो लेकर आए। विशुद्ध कॉमेडी और बिना द्विअर्थी संवाद के ही उन्होंने कॉमेडी की एक नई मिसाल पेश की। 80 के दशक में शुरू हुए इस शो के लोग दीवाने हो गए थे। हाल ये था कि लोग दूरदर्शन में सुबह सुबह इस शो का बेसब्री से इंतजार करते थे।
उल्टा पुल्टा के साथ कॉमेडी का जो करियर शुरू हुआ उसके बाद जसपाल भट्टी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उल्टा पुल्टा के बाद फ्लॉप शो में वो अपनी पत्नी के साथ नजर आए। एक्टिंग के साथ साथ भट्टी ने निर्देशन में भी हाथ आजमाया। टीवी पर उनके दूसरे शोज में थैंक्यू जीजा जी, हॉय जिंदगी-बॉय जिंदगी, फुल टैंशन भी चर्चित रहे। छोटे पर्दे पर एक्टिंग के साथ साथ जसपाल भट्टी ने सब टीवी के शो कॉमेडी का किंग कौन में जज के भूमिका भी निभाई।
2008 में अपनी पत्नी सविता के साथ डांस शो नच बलिए में उन्होंने अपने डांस का हुनर भी दिखाया। टीवी शो ही नहीं बल्कि फिल्मों में भी जसपाल भट्टी ने कॉमेडी के रंग दिखाए। इनमें श्फनाश्, श्कुछ मीठा हो जाएश्, श्कुछ ना कहोश्, श्कोई मेरे दिल से पूछेश्, श्हमारा दिल आपके पास हैश्, श्आ अब लौट चलेंश्, श्इकबालश्, श्कारतूसश् जैसी कई फिल्में शामिल हैं। हाल के समय में वो अपने बेटे के साथ पावर कट फिल्म में व्यस्त थे।
फिल्म और टीवी सीरियल ही नहीं बल्कि सड़क पर उतरकर भी जसपाल भट्टी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम छेड़ी। कॉमेडी और व्यंग्य के जरिये न सिर्फ उन्होंने लोगों का मनोरंजन किया बल्कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद की और हमेशा समसामयिक ज्वलंत मुद्दों को उठाया। इसके लिए उन्होंने कभी भी फूहड़ा भाषा या द्विअर्थी संवाद का सहारा नहीं लिया।

14 हजार श्रृद्धालु एक साथ रूक सकेंगे बाबा के दरबार में


14 हजार श्रृद्धालु एक साथ रूक सकेंगे बाबा के दरबार में

(विनीता विश्वकर्मा)

शिर्डी (साई)। देश विदेश में श्रृद्धा का पर्याय बन चुके अहमदनगर के शिरडी गांव के फकीर साई बाबा के दर पर आने वाले लोगों के लिए यह खुशखबरी ही है कि अब साई बाबा संस्थान द्वारा एक और बड़े भक्त निवास का निर्माण करवाया गया है। इस नए भक्त निवास में एक साथ चौदह हजार श्रृद्धालु रूक सकते हैं।
शिर्डी स्थित साईं मंदिर को बुधवार को एक ऐसा आवासीय परिसर समर्पित किया गया, जिसमें 14,000 श्रद्धालुओं को ठहराया जा सकता है। यह देश में सर्वाधिक क्षमता वाली आवासीय सुविधा होगी। अत्याधुनिक पर्यावरण अनुकूल इस साईं आश्रम परिसर का उद्घाटन अगले महीने राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी द्वारा किए जाने की संभावना है।
इस परिसर का निर्माण पांच साल में पूरा हुआ है। इस पर 1.10 अरब रुपये खर्च आया है। इस परिसर में 1,536 कमरों वाला साई आश्रम-1, 192 शैयाओं (डॉरमिटरी) वाला साई आश्रम दो शामिल हैं। परिसर निर्माण का पूरा खर्च शिर्डी साईं ट्रस्ट, चेन्नई ने वहन किया है। परिसर में सड़क निर्माण, बिजली व्यवस्था, पैदल पथ, पार्किं ग जैसी सुविधाओं पर 45 करोड़ रुपये खर्च हुए, जिसे शिर्डी स्थित ट्रस्ट ने वहन किया। परिसर के उद्घाटन के बाद श्रद्धालु आश्रम में कमरों के लिए ऑनलाइन बुकिंग करा सकेंगे।

एफएम की भाषा सम्मानजनक हो


एफएम की भाषा सम्मानजनक हो

(महेंद्र देशमुख)

नई दिल्ली (साई)। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने एफ एम रेडियो चौनलों से कहा है कि वे अपने कार्यक्रमों की भाषा पर दें और उन्हें साफ सुथरे तरीके से पेश करें। इन चौनलों को जारी परामर्श में मंत्रालय ने कहा है कि ऐसा देखा गया है कि एफ एम रेडियो पर कुछ प्रस्तुतकर्ता अभद्र और गंदी भाषा का प्रयोग करते हैं। खासकर रात्रि पारी में ऐसा किया जाता है जिसका श्रोताओं पर गलत असर पड़ता है।
मंत्रालय ने इस बात पर भी जोर दिया कि इन रेडियो चौनलों को इस आधार पर अनुमति दी गई थी कि वे अपनी प्रस्तुति, संदेश, विज्ञापन या अन्य किसी सूचना में आपत्तिजनक, अश्लील और देश के कानूनों के खिलाफ कोई भी प्रस्तुति नहीं करेंगे। मंत्रालय ने कहा कि उनको आकाशवाणी के कार्यक्रमों की आचार संहिता का पालन करना पड़ेगा नही तो उनके खिलाफ दंडात्मक कार्यवाही की जायेगी।

दंगे होने पर सीधे हस्ताक्षेप करेगा केंद्र


दंगे होने पर सीधे हस्ताक्षेप करेगा केंद्र

(मणिका सोनल)

नई दिल्ली (साई)। केन्द्र सरकार ने दूसरे प्रशासनिक सुधार आयोग की सिफारिशों के अनुरूप दंगे होने की स्थिति में और संवैधानिक तंत्र के भंग होने की संभावना को देखते हुए सीधे केन्द्र को हस्तक्षेप करने का अधिकार देने सहित विभिन्न मुद्दों पर राज्य सरकार की राय मांगी है।
गृह मंत्रालय ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि केन्द्र सरकार को इस बारे में अधिकार देने का कानून बनाया जाना चाहिए, जिससे कि वह कानून-व्यवस्था की ऐसी बड़ी समस्या पैदा होने पर अपने सुरक्षाबलों को तैनात कर सके, जिसके परिणामस्वरूप राज्य में संवैधानिक व्यवस्था के बिगड़ने की संभावना हो।
लेकिन साथ में गृहमंत्रालय ने यह भी कहा है कि सुरक्षाकर्मियों की यह तैनाती तभी होनी चाहिए जब संबद्ध राज्य संविधान के अनुच्छेद २५६ के अंतर्गत केन्द्र द्वारा जारी निर्देश का पालन करने में विफल रहा हो। इस प्रकार की तैनाती अधिक से अधिक तीन महीने की अवधि के लिए होनी चाहिए। इस अवधि को संसद की मंजूरी से और तीन महीने के लिए बढ़ाया जा सकता है।
अन्य मुद्दे, जिन पर राज्य सरकारों की राय मांगी गई है, उनमें अपराधों की जांच को अन्य पुलिस गतिविधियों से अलग रखना, नगर पालिका पुलिस सेवा का गठन, अर्दली प्रथा की समाप्ति और पुलिस बलों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाकर ३३ प्रतिशत करने जैसे मुद्दे शामिल हैं। गृह मंत्रालय ने दूसरे प्रशासनिक सुधार आयोग की-सार्वजनिक व्यवस्थाः प्रत्येक के लिए न्याय, सभी के लिए शांति-नाम की इस रिपोर्ट को वेबसाइट पर भी डाला है।

रीढ़ विहीन लोगों से घिरीं सोनिया


रीढ़ विहीन लोगों से घिरीं सोनिया

(लिमटी खरे)

नई दिल्ली (साई)। कांग्रेस के इतिहास में पहली बार एसा हो रहा होगा जबकि कांग्रेस को समूचा देश पानी पी पी कर कोस रहा होगा। घपले, घोटाले, भ्रष्टाचार, अनाचार सर चढ़कर बोल रहा है, पर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमति सोनिया गांधी और युवराज राहुल गांधी मुंह सिले बैठे हैं।
घोषित तौर पर सोनिया गांधी को सियासी सोच समझ देने के लिए पाबंद अहमद पटेल भी प्रत्यक्ष तौर पर चुनाव जीते नहीं हैं। प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, कांग्रेस के कोषाध्यक्ष मोती लाल वोरा, महासचिव राजा दिग्विजय सिंह, केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ला आदि सभी जनता को फेस कर चुनाव जीते नहीं हैं।
उत्तर प्रदेश सूबा ही एक एसा राज्य रहा है जहां से कांग्रेस ने देश को सबसे ज्यादा प्रधानमंत्री दिए हैं। बावजूद इसके सोनिया गांधी के अध्यक्ष बनने के बाद उत्तर प्रदेश की हालत किसी से छिपी नहीं है। मजे की बात तो यह है कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी दोनों ही के संसदीय क्षेत्र भी उत्तर प्रदेश में होने के बाद भी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस आक्सीजन पर ही है।
सोनिया गांधी का वरद हस्त मिला है कांग्रेस के महासचिव राजा दिग्विजय सिंह को। अपने दस साल के शासनकाल में राजा दिग्विजय सिंह ने मध्य प्रदेश में कांग्रेस को संगठनात्मक तौर पर इस स्थिति में ला दिया है कि अब देश के हृदय प्रदेश में कांग्रेस का नामलेवा भी नहीं बचा है।
मध्य प्रदेश में तो चर्चा होने लगी है कि प्रदेश और केंद्रीय स्तर के क्षत्रपों का यह प्रयास है कि उनके क्षेत्रों में उनके अलावा कांग्रेस का कोई सांसद या विधायक ही ना जीत पाए। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि इस तरह के आरोप अब कांग्रेस की बैठकों में लगने लगे हैं।
इसके उपरांत आता है कांग्रेस की राजमाता श्रीमति सोनिया गांधी को राजनैतिक समझबूझ प्रदान करने वाले राजनैतिक सचिव अहमद पटेल का। अहमद पटेल मूलतः गुजरात सूबे से हैं। गुजरात में कांग्रेस सालों से औंधे मुंह गिरी हुई है। कांग्रेस के अंदरखाने में यह बात तेजी से उठ रही है कि जो अहमद पटेल अपने राज्य में कांग्रेस को नहीं जिला सके वे अहमद पटेल भला सोनिया गांधी को क्या सलाह दे रहे होंगे कि देश में कांग्रेस को जिंदा करो?
अहमद पटेल कांग्रेस के सबसे ताकतवर नेता माने जाते हैं। उनकी जड़ें गुजरात राज्य में बुरी तरह खोखली हैं। गुजरात में भी कांग्रेस का नामलेवा नहीं बचा है। सोच समझ के धनी अहमद पटेल पर कुछ साल पहले कांग्रेस के कद्दावर नेता अर्जुन सिंह को साईड लाईन करने का आरोप लगा था।
हाल ही में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने विधानसभा चुनावों से ठीक पहले कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनैतिक सचिव अहमद पटेल की करीबी और गुजरात कांग्रेस की प्रवक्ता आसिफा खान ने अपने ‘हाथ‘ में ‘कमल‘ पकड़ लिया है।
माना जा रहा है कि आशिफा के बीजेपी में आने मोदी की मुस्लिम विरोधी छवि को भी सुधारने का मौका मिलेगा। प्रदेश पार्टी नेताओं का कहना है कि नरेंद्र मोदी के विकास को देखकर लोग बीजेपी के साथ जुड़ रहे हैं। प्रदेश में लोग जाति, धर्म से ऊपर उठकर विकास को तवज्जो दे रहे हैं। हालांकि, कांग्रेस आसिफा के बीजेपी में शामिल होने को ज्यादा तवज्जो नहीं दे रही है।
आसिफा कांग्रेस की पुरानी सदस्य हैं और वे अहमद के गृह नगर भरूच की रहने वाली हैं। पेशे से पत्रकार रहीं आसिफा कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता थीं। उनके भाजपा का दामन थामने से कांग्रेस को जो झटका लगना है वह तो लगेगा ही साथ ही मोदी का मुस्लिम विरोधी आरोप काफी हद तक धुल सकता है।

बुधवार, 24 अक्टूबर 2012

आधार के जरिए सब्सीडी सीधे खातों में!


आधार के जरिए सब्सीडी सीधे खातों में!

(शरद खरे)

नई दिल्ली (साई)। वित्तमंत्री पी चिदम्बरम ने कहा है कि आधार के जरिए नकद राशि सीधे लाभार्थियों को देने की व्यवस्था से सब्सिडी में भारी बचत होगी। नई दिल्ली में उन्होंने कहा कि इस बारे में प्रायोगिक परियोजना में ४० से ९० प्रतिशत बचत होने का पता लगा है। उन्होंने यह भी कहा कि धोखाधड़ी, जालसाजी और लीकेज के मामलों में कमी आने से सब्सिडी की बचत हो सकेगी। वित्तमंत्री ने वृद्धि को बढ़ावा देने और राजकोषीय घाटे पर काबू पाने के लिए आर्थिक सुधारों की गति तेज करने की जोरदार हिमायत की। उन्होंने कहा कि देश में आर्थिक गतिविधि के हर पहलू में सुधारों की जरूरत है।
उधर, दूसरी ओर भारतीय रिजर्व बैंक ने घरेलू कंपनियों को विशेष आर्थिक क्षेत्र की इकाइयों से मिल रही सेवाओं के लिए भुगतान विदेशी मुद्रा में करने की अनुमति दे दी है। इससे पहले यह सुविधा माल के लिए भुगतान पर ही थी। यह कदम इस दृष्टि से महत्वपूर्ण है कि कुछ कर रियायतें हटा लिए जाने के कारण कर मुक्त क्षेत्रों का आकर्षण कम हो रहा है। उम्मीद है कि वाणिज्य मंत्रालय पिछडे क्षेत्रों में स्थापित होने वाले विशेष आर्थिक क्षेत्रों के लिए जल्द ही कुछ और प्रोत्साहनों की घोषणा करेगा। इससे निवेश आकर्षित करने में मदद मिलेगी। भारतीय रिजर्व बैंक ने सॉफ्टवेयर निर्यात को बढ़ावा देने के लिए सभी सॉफ्टवेयर टेक्नॉलोजी पार्काे से माल और सेवाओं की निर्यात प्रक्रिया भी आसान कर दी है। जम्मू कश्मीर में व्यापार और उद्योग के लिए कर्ज की उपलब्धता बढ़ाने के मकसद से भारतीय रिजर्व बैंक ने कर्ज लेने वालों के लिए रियायतों की अवधि ३१ मार्च २०१४ तक बढ़ा दी है।
प्रधानमंत्री ने केन्द्रीय सार्वजनिक उपक्रमों से कहा है कि खर्च को बढ़ावा देने और आर्थिक वृद्धि की गति बढ़ाने के उद्देश्य से वास्तविक निवेश में अपनी अतिरिक्त नकदी का प्रयोग करें। नई दिल्ली में कल २५ मुख्य उपक्रमों के प्रमुखों की बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. मनमोहन सिंह ने संकेत दिया कि आठ प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य हासिल करने के लिए निवेश दर बढ़ा कर ३७ प्रतिशत की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि समुचित दूरदर्शिता विकसित करने  और परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के लिये तालमेल में सुधार की  जरूरत है। बैठक के बाद भारी उद्योग और सार्वजनिक उद्यम मंत्री प्रफुल्ल पटेल ने पत्रकारों को बताया कि केंद्र, स्वायतत्ता और निवेश सहित केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों के मुद्दों पर विचार के लिए  उच्चाधिकार प्राप्त नियामक संस्था की स्थापना करेगा। मंत्रिमंडल सचिव इस संस्था के अध्यक्ष होंगे और इस संस्था में प्रधानमंत्री कार्यालय, योजना आयोग तथा वित्त मंत्रालय और भारी उद्योग और सार्वजनिक उपक्रम मंत्रालय के अधिकारी शामिल होंगे। श्री पटेल ने कहा कि यह संस्था सी पी एस ई के कामकाज की निगरानी करेगा।

चुनाव प्रचार में आई तेजी


चुनाव प्रचार में आई तेजी

(स्वाति नाडकर्णी)

शिमला (साई)। हिमाचल प्रदेश में चार नवम्बर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार में तेजी आ गई है। कांग्रेस और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के नेताओ ने मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए जोर-शोर से प्रचार शुरू कर दिया है। दोनों पार्टियों के केंद्रीय नेता मुख्य रूप से भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं।
संपूर्ण राज्य में मतदान को दस दिन बाकी है और प्रमुख पार्टियों के नेताओं ने अपना चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। संपूर्ण हिमाचल से समाचार एजेसंी ऑफ इंडिया के ब्यूरो से प्राप्त जानकारी के अनुसार चुनाव प्रचार अब पूरे शबाब पर आ चुका है। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस तथा भाजपा एक-दूसरे के नेताओं पर निशाना साध रही है। इसी कड़ी में कल भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरूण जेटली ने भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष वीरभद्र सिंह पर आय के मामले में धांधली करने का आरोप लगाया।
वहीं इन आरोपों को आधारहीन और मनगढ़ंत बताते हुए वीरभद्र सिंह ने कहा कि यह भाजपा की चुनाव में जनता को गुमराह करने की साजिश है। हिमाचल प्रदेश में कुल मिलाकर सारा चुनाव प्रचार इस समय भ्रष्टाचार के आरोपों पर सीमित रह गया है और जनता से जुड़े अन्य मुद्दे प्रचार में पीछे रह गए हैं। इस बीच, निर्वाचन आयोग ने शिकायतें मिलने पर शिमला और ऊना के जिला आयुक्तों को बदल दिया है।

शिंदे नहीं चाहते कसाब को मिले माफी


शिंदे नहीं चाहते कसाब को मिले माफी

(महेश रावलानी)

नई दिल्ली (साई)। गृहमंत्रालय ने मुम्बई आतंकी हमले के एकमात्र जीवित बचे आतंकवादी अजमल आमिर कसाब की दया याचिका पर विचार करने के बाद इसे खारिज करने की सिफारिश के साथ राष्ट्रपति को भेज दिया है। गृहमंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कसाब की दया याचिका रद्द कर दी गई है क्योंकि वह गंभीर अपराध और भारत के खिलाफ युद्ध शुरू करने में शामिल था।
ज्ञातव्य है कि इस आतंकी हमले में विदेशियों समेत १६६ लोग मारे गये थे। २५ वर्षीय पाकिस्तानी नागरिक कसाब, लश्कर-ए-तैयबा के नौ अन्य आतंकवादियों के साथ २६ नवम्बर २००८ को समुद्री रास्ते से कराची से मुम्बई पहुंचा था। इन आतंकवादियों ने विभिन्न स्थानों पर गोलीबारी की और देश पर बड़ा आतंकी हमला किया। कसाब को जिंदा पकड़ लिया गया था जबकि बाकी आतंकवादी सुरक्षाबलों की कार्रवाई में मारे गये थे। महाराष्ट्र सरकार ने पिछले महीने कसाब की दया याचिका खारिज करते हुए इसे गृहमंत्रालय के पास भेजा था।
चार साल तक चली कानूनी लड़ाई के बाद उच्चतम न्यायालय ने इस साल २९ अगस्त को कसाब को मौत की सजा देने के निचली अदालत और मुम्बई उच्च न्यायालय के फैसले को बरकरार रखा। लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी, कसाब ने उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद १८ सितम्बर को राष्ट्रपति के नाम दया याचिका दायर की थी। कसाब इस समय मुम्बई की अत्यधिक सुरक्षा वाली ऑर्थर रोड़ जेल में बन्द है। मुम्बई आतंकी हमले के मुकदमे में विशेष सरकारी वकील उज्जवल निकम ने केन्द्रीय गृहमंत्रालय की सिफारिश का स्वागत किया है।

हर्षोल्लास है दशहरा पर


हर्षोल्लास है दशहरा पर

(महेंद्र देशमुख)

नई दिल्ली (साई)। दशहरा आज देश भर में हर्ष और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। मैसूर में दस दिन से चल रहा दशहरा उत्सव आज समाप्त हो जाएगा। कुछ स्थानों पर दशहरा चल समारोह गुरूावार 25 अक्टूबर को भी मनाया जाएगा।
इस अवसर पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने देशवासियों को बधाई दी है। राष्ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी ने दशहरे के अवसर पर देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उपराष्ट्रपति ने कहा कि यह त्यौहार लोगों को भाईचारे और सौहार्द की भावना से जोड़ता है। प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने अपने संदेश में कहा कि यह पर्व पूरे देश में भगवान राम द्वारा बुराई पर अच्छाई की जीत की खुशी में मनाया जाता है।
बंग्लुरू से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो से श्वेता यादव ने बताया कि आज मैसूर में मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर नंदीध्वज की पूजा करने के पश्चात जम्बो सवारी.जलूस आरंभ होगा। पुलिस द्वारा २१ गन सैलूट के बाद जलूस मैसूर पैलेस से आरंभ होकर बनीमंडल तट नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकलेगा। इस बार मैसूर महाराजाओं के इतिहास को झलकाते हुए ३७ झांकियां जलूस में भाग लेंगी। इसके अलावा पुलिस और सांस्कृतिक टोलियां भी भाग लेंगी। पुलिस बैंड के मधुर संगीत के साथ कदम बढ़ाते हुए पुलिस टुकड़िया भी भाग लेंगी। आज शाम को बनी मंडप में आयोजित डॉट साइट परेड में राज्यपाल हंसराज भारद्वाज गौरव वंदना स्वीकार करेंगे।

यूका के जहरीले कचरे के लिए उपसमीति की मांग


यूका के जहरीले कचरे के लिए उपसमीति की मांग

(प्रियंका)

नई दिल्ली (साई)। मध्यप्रदेश के भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री श्री बाबूलाल गौर ने आज यहां आयोजित भोपाल गैस त्रासदी पर गठित मंत्री समूह की बैठक में भाग लिया।  श्री गौर ने यूनियन कार्बाइड परिसर में संग्रहित जहरीले अपशिष्ट पदार्थों के निपटारे के लिए मंत्री समूह द्वारा एक उप समिति गठित करने की मॉंग की। यह उप समिति देशभर के 22 भस्मीकरण केन्द्रों में से अपशिष्ट पदार्थों के निपटारे के लिए सबसे उपयुक्त केन्द्र को ही कचरे के निपटारे का कार्य दिया जाय। अभी एस.जीए.एस. प्रयोगशाला गुड़गॉंव में कचरे के सैम्पल की जांच की जा रही है। श्री गौर ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय मंे मध्यप्रदेश सरकार इस बावत अपना पक्ष रखेगी। श्री गौर ने बताया कि पीथमपुर प्रयोगशाला में कचरे के निपटारे के लिए तय मापदंड पर फिलहाल खरी नहीं उतर रही है। श्री गौर ने आगे बताया कि भोपाल गैस त्रासदी के कचरे के निपटारे पर निर्णय लेते समय हमें मध्यप्रदेश सरकार और प्रदेश के लोगों की भावनाओं को भी ध्यान में रखना होगा।
केन्द्रीय वित्त मंत्री श्री पी. चिदम्बरम् की अध्यक्षता में हुई बैठक में केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री गुलाम नबी आजाद, मानव संसाधन विकास मंत्री श्री कपिल सिब्बल, केन्द्रीय पर्यावरण मंत्री श्रीमती जयंती नटराजन, केन्द्रीय आवास एवं गरीबी उन्नमूलन कुमारी शैलजा और केन्द्रीय विधि मंत्री श्री सलमान खुर्शीद सहित केन्द्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी और मध्यप्रदेश शासन के भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग के प्रमुख सचिव श्री प्रवीर कृष्ण मौजूद थे।

वरिष्ठ पत्रकार राजनारायण मिश्र नहीं रहे

वरिष्ठ पत्रकार राजनारायण मिश्र नहीं रहे

(आंचल झा)

रायपुर (साई)। देशबन्धु समूह से लंबे समय तक जुड़े रहे वरिष्ठ पत्रकार राजनारायण मिश्र अब हमारे बीच नहीं रहे। मंगलवार 23 अक्टूबर को उन्होंने अंतिम सांस ली। आज प्रातः 11 बजे उनके गीतानगर, चौबे कॉलोनी निवास से मारवाड़ी शमशानघाट तक की अंतिम यात्रा में सैकड़ों लोगों ने उन्हें अंतिम बिदाई दी।
रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष बृजेश चौबे, महासचिव विनय शर्मा, उपाध्यक्ष के.के. शर्मा, संयुक्त सचिव कमलेश गोगिया, विकास शर्मा कोषाध्यक्ष सुकांत राजपूत सहित सभी सदस्यों ने शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी है। पत्रकारों के बीच श्री मिश्र ‘दा‘ के नाम से मशहूर थे। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया राजनारायण मिश्र के निधन पर उन्हें श्रृद्धांजली अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना करती है।
एक परिचय - राजनारायण मिश्र
नाम - राजनारायण मिश्र
पिता - स्व. रामसुख मिश्र
जन्म - 1932, उत्तरप्रदेश प्रतापगढ़ जिले के एक छोटे से गांव नवाबाद जहां आज भी बिजली नहीं है
शिक्षा - इंटरमिडीएट एवं साहित्य रत्न
कर्म:-
- दामोदर हाईस्कूल नागपुर में शिक्षक
- नागपुर से दलित वर्ग संघ के मुख्य पत्र मुक्ति के संपादक
- 1959 में दैनिक पत्र नई दुनिया (अब देशबन्धु) में सहसंपादक
- 1988 में देशन्धु से त्याग पत्र
- दैनिक समाचार पत्र रौद्रमुखी रायपुर
- अमर किरण दुर्ग
- विगत 14 वर्षों से साप्ताहिक संघर्ष के स्वर का संपादन
पुरस्कार:-
- आंग्ल दैनिक स्टेटमैन कोलकाता का अखिल भारतीय ग्रामीण रिर्पाेटिंग का प्रथम पुरस्कार
- मध्यप्रदेश शासन का पत्रकारिता पुरस्कार
- प्रणवानंद पत्रकारिता पुरस्कार
उल्लेखनीय उपलब्धि:-
- ग्रामीण पत्रकारिता का सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार
- दल्लीराजहरा एवं बैलाडीला गोलीकांड का आंखों देखा वर्णन
- मोहल्ला पुराण के अंतर्गत समुचे रायपुर शहर का साक्षात्कार

भ्रष्ट अफसर को बचाने आगे आए मंत्री विधायक!


भ्रष्ट अफसर को बचाने आगे आए मंत्री विधायक!

(हिमांशु कौशल)

सिवनी (साई)। सिवनी में पदस्थ जिला शिक्षा अधिकारी तारा चंद पटले की अनैतिक गतिविधियों के बारे में मीडिया की चीख पुकार मध्य प्रदेश सरकार के स्कूल शिक्षा मंत्री और सिवनी के प्रभारी मंत्री नाना भाउ माहोड ने तो नहीं सुनी पर लोकायुक्त पुलिस ने अवश्य ही रिश्वत के मामले में टीसी पटले को धर लिया। बावजूद इसके इन पंक्तियों के लिखे जाने तक श्री पटले के खिलाफ विभागीय स्तर पर कोई कार्यवाही ना होना अपने आप में अनोखा है। कांग्रेस जहां एक ओर अधिकारियों को भ्रष्ट निरूपित कर रही है वहीं दूसरी ओर सिवनी विधायक श्रीमति नीता पटेरिया का कहना है कि सिवनी के अफसर बहुत अच्छे हैं।
पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास का लोकार्पण करने से पूर्व सर्किट हाउस पहुँचे जिले के प्रभारी व स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री श्री नाना भाऊ मोहोड़ को आज पत्रकारों ने घेर लिया. पत्रकारों ने लोकायुक्त की कार्यवाही के बाद भी टी.सी. पटले, उनकी पत्नी वंदना पटले व बीएसी कमलेशिया को अब तक क्यों निलंबित नहीं किया गया है इसपर जमकर सवाल पूछे तो नाना भाऊ इतना ही कहकर रह गये कि नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है. इस पर पत्रकारों ने पूछा कि  कब तक निलंबित हो जायेंगे ये आरोपी तो नाना भाऊ ने कहा कि 10-12 दिनों में वहीं श्री मोहोड़ से यह सवाल भी पूछा गया कि आप स्कूल शिक्षा मंत्री है यहाँ जिला प्रशासन है क्या आपको  और जिला प्रशासन को टी.सी. पटले की जानकारी नहीं थी कि वो कैसे भ्रष्ट अधिकारी है इस पर नाना भाऊ ने बेशर्मी से यह कह दिया कि  उनके पास टी.सी. पटले की एक भी शिकायत नहीं है और उन्हीं ने छिंदवाड़ा से उसका ट्रांसफर यहाँ कराया था और यहाँ से भी ट्रांसफर कराया किन्तु वो कोर्ट से स्थगन लाकर बैठ गया.
सर्किट हाउस में पत्रकारों से हुई उक्त संक्षिप्त सी वार्तालाप के बाद स्कूल शिक्षा मंत्री नाना भाऊ केन्द्रीय विद्यालय के सामने नव निर्मित पोस्ट पिछड़ा वर्ग मेट्रिक कन्या छात्रावास का लोकार्पण करने केन्द्रीय विद्यालय के  सामने पहुँच गये. उनके साथ सांसद के.डी. देशमुख, प्रधिकरण के अध्यक्ष श्री नरेश दिवाकर, आयोग के अध्यक्ष श्री ढालसिंह बिसेन, विधायक नीता पटैरिया, सुजीत जैन, प्रेम तिवारी जिला कलेक्टर अजीत कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री राकेश जैन, नवागत जिला पंचायत सीईओ सुश्री प्रियंका दास, नायब तहसीलदार श्री राजेश बोरासी आदि उपस्थित थे.
कार्यक्रम स्थल पर सबसे पहले राज्य स्कूल शिक्षा मंत्री, सिवनी विधायक एवं जनपद अध्यक्ष ने पूजा की प्रसाद खाया और मंच पर आकर बैठ गये. योजनाओं की जानकारी देते हुए सहायक आयुक्त आदिवासी ने बताया कि वर्ष 2006-07 के पूर्व एससी एसटी के लिये तो छात्रावास की सुविधा थी किन्तु ओबीसी इस सुविधा से वंचित थे. अतः हर जिले में 50 सीटर हास्टल स्वीकृत किया गया है एवं कलेक्टर साहब ने बीआरजीएफ योजना से इस छात्रावास की बाउंड्रीवाल, रोड, पेयजल की व्यवस्था के लिये 17 लाख रूपये पृथक से दिये हैं. छात्रावासों में कक्षा छटवी से दसवी तक लड़कियो के  लिये 750 रूपये व लड़को  को 725 रूपये मेस के लिये व 100 रूपये नाश्ते के लिये दिये जाने का प्रावधान है. कक्षा ग्यारवी एवं बारहवी के विद्यार्थियों के लिये छात्रावास में मेस की सुविधा नहीं है किन्तु प्रथम बार आगमन पर इन्हें 500 रूपये दिये जाते है. सहायक आयुक्त आदिवासी ने यह भी जानकारी दी कि इस छात्रावास को वो अगले माह की 1 तारीख से संचालित करने लगेंगे.
पटले जैसे अधिकारियों से मुक्ति दिलायी जाये: चंदेल

राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मोहन सिंह चंदेल ने कहा कि निश्चित?रूप?से ये पहल बहुत ही अच्छी है. पूर्व में पिछड़ा वर्ग के छात्रों या छात्राओं के लिये इस प्रकार की सुविधा नहीं थी. मै कहना चाहूंगा कि पूरे जिले की कन्याओं के लिये 50 की संख्या कम है मेरे ख्याल से शुरूआत अच्छी है पर संख्या बढ़ायी जानी चाहिये. श्री चंदेल ने यह भी कहा कि  मेरे ख्याल से कन्याओं के लिये तो व्यवस्था हो गई है पर छात्रों के लिये भी हास्टल की व्यवस्था की जानी चाहिये. इसके अलावा इनके लिये भोजन की व्यवस्था भी की जानी चाहिये ताकि भोजन के लिये बच्चों को भटकना न पड़े.
अपने उद्बोधन में श्री मोहन चंदेल ने यह भी कहा कि हमारा जिला पिछले कुछ दिनों से डीईओ टी.सी. पटले पर हुई कार्यवाही को  लेकर चर्चित है. मैने भी योजना आयोग की बैठक में इसका मामला उठाया, पूर्व में प्रभारी मंत्री के समक्ष इस अधिकारी की कारगुजारियों की शिकायत की उसके बाद अभी लोकायुक्त द्वारा भी पटले को रिश्वत लेते पकड़ा गया है. श्री चंदेल ने कहा कि  मैं  चाहूंगा कि शासन ऐसे अधिकारी के विरूद्ध कार्यवाही कर उससे हमे मुक्ति कराये.
यहाँ के अधिकारी कर्मचारी अच्छे हैं: नीता

जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मोहन चंदेल ने कहा कि डीईओ पटले से जिले को मुक्ति दिलायी जाये तो उनके बाद उद्बोधन देने वाली सिवनी विधायक श्रीमती नीता पटैरिया ने कहा कि  यहाँ के  अधिकारी कर्मचारी अन्य जिलों की तुलना में अच्छे है. आपने कहा कि जहाँ तक पटले का सवाल है तो वो तो हाई कोर्ट से स्टे लेकर बैठे हैं और माननीय न्यायालय का आदेश मानना सबका काम है.
श्रीमती नीता पटैरिया ने ये भी कहा कि मोहन चंदेल जी कह रहे थे कि  50 सीटर छात्रावास कम है तो हमारे मुख्यमंत्री हर ब्लाक में एक एक छात्रावास बनवा रहे हैं और अब तो 2013 आने वाला है तो सबकुछ होगा. जनता शिवराज जी को जी भरकर आर्शीवाद भी तो देती है.
सिवनी विधायक ने यह भी कहा कि छात्रावास मे बालिकाओ केभोजन की व्यवस्था भी होना चाहिये बेचारी कहाँ जायेंगी. सिलेंडर लाकर भी नहीं बना सकती सिलेंडर हजार रूपये का हो गया है.
छात्रावासों के न रहने से बच्चियाँ पढ़ नहीं पाती थी: केडी

सांसद श्री केडी देशमुख ने अपने उद्बोधन में कहा कि गाँव की लड़कियाँ पहले काँलेज इसीलिये नहीं पढ़ पाती थी क्योकि गाँव से माता पिता बच्चियों को शहर नहीं भेज पाते थे रहने की व्यवस्था नहीं हो पाती थी. रिश्तेदार भी लड़कियों को रखने तैयार नहीं होते थे और हर गाँव में तो काँलेज खोला नहीं जा सकता. पर अब हर वर्ग के लिये छात्रावास खुल जाने से लड़कियों को पढ़ने में दिक्कत नहीं होगी. श्री देशमुख ने छात्रावास के मंच के लिये 2 लाख रूपये देने की घोषणा भी की और यह?भी बताया कि प्रदेश शासन ने 100 सीटर बालक छात्रावास भी स्वीकृत कर दिया है. श्री केडी देशमुख से जब श्री पटले के बारे में पूछा गया तो उन्होंने दो टूक कह दिया कि मुझे कोई लेना देना नहीं.
पटले पर कार्यवाही होगी: नानाभाऊ मोहोड़

सर्किट हाउस में पत्रकारों के प्रश्नों से परेशान और कार्यक्रम में राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मोहन सिंह चंदेल द्वारा ताराचंद पटले का मुद्दा उठा देने के बाद आखिर स्कूल शिक्षा मंत्री नाना भाऊ मोहोड़ ने कहा कि पटले पर जरूर कार्यवाही होगी उसे निलंबित किया जायेगा. श्री मोहोड़ ने यह भी कहा कि  हमारे मुख्यमंत्री तो चाहते है कि सब पढ़े इसीलिये शिक्षा के लिये कई योजनाएं है. 5 विद्यार्थी एक जगह रूम कर रह सकते हैं मकान किराया 5 हजार रूपये महीना सरकार देगी यह भी योजिना है. अगर कोई बालक विदेश जाकर पढ़ता है तो उसे हमारी सरकार 15 लाख रूपये देती हैं. अंत में आपने सभी को  दशहरा की शुभकामनाएं दी और जिला कलेक्टर से कहा कि वे इन योजनाओं का प्रचार प्रसार करवायें ताकि हर किसी को इसकी जानकारी हो सके.

सोमवार, 22 अक्टूबर 2012

अरबपति परिवार को क्या दरकार जमीन की!


ये है दिल्ली मेरी जान

(लिमटी खरे)

अरबपति परिवार को क्या दरकार जमीन की!
कहते हैं देश में खेती किसानी की जमीन खरीदना अमीरों का प्रिय शगल है। खेती की आय को आयकर से मुक्त रखा गया है इसलिए देश के अमीरजादे खेती किसानी के माध्यम से अपनी काली कमाई को एक नंबर की आय में तब्दील कर दिया जाता है। कांग्रेस की नजरों में देश के राजपरिवार जिसके पास अरबों खरबों की दौलत है, उसे आखिर क्या जारूरत आन पड़ी है कि वह जमीन खरीदे। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला का आरोप है कि राहुल ने पलवल जिले के हसनपुर गांव में साढ़े पांच एकड़ जमीन खरीदी है। यद्यपि, चौटाला का आरोप कर वंचना का है फिर भी सवाल तो वही खड़ा हुआ है कि लाखों करोड़ों रूपयों की संपत्ति के मालिक इस परिवार को आखिर जमीन खरीदने की जरूरत क्या आन पड़ी है। नेहरू गांधी परिवार की वर्तमान पीढ़ियां सबसे ताकतवर हैं, इस बात में कोई संदेह नहीं है। वे चाहें तो काले को सफेद आसानी से कर सकते हैं, फिर आखिर क्या वजह है कि राहुल को खेती की जमीन खरीदनी पड़ी।

परिवहन लाबी के आगे नतमस्तक शिव
देश के हृदय प्रदेश के निजाम शिवराज सिंह चौहान द्वारा अनेक सड़क दुर्घटनाओं के बाद सड़कों पर दौड़ने वाली वैध (वैसे अवैध यात्री बसों की तादाद वैध से कई गुना ज्यादा है) में दो दरवाजे अनिवार्य रूप से लगवाने के आदेश दिए थे। साल बीतने के बाद भी इसके लिए पाबंद परिवहन के साथ ही साथ गृह विभाग इस आदेश का पालन करवाने में परिवहन लाबी के सामाने नतमस्तक ही नजर आ रहा है। मथुरा, आगरा के रास्ते दिल्ली पहुंचने वाली परिवहन विभाग की अनुबंधित यात्री बसों में एक ही द्वारा आज भी इस बात का घोतक है कि किसी को शिवराज चौहान के आदेश का डर नहीं है। मध्य प्रदेश में परिवहन विभाग का भगवान ही मालिक है। जबसे राज्य सड़क परिवहन निगम बंद किया है तबसे परिवहन लाबी जमकर हावी है। महाराष्ट्र की संस्कारधानी नागपुर के सरकारी बस स्टेंड से अवैध बिना परमिटधारी यात्री बस ठसक के साथ छूट रहीं हैं। चर्चा है कि सबका कहना है कि हम पैसा सीधे शिवराज चौहान को देते हैं तो फिर किसी से क्यों डरें।

डर गईं श्रीदेवी!
गुजरे जमाने की सेक्सी डॉल श्रीदेवी इन दिनों डरी हुई हैं। दिल्ली के ओरंगजेब मार्ग पर शर्मिला टेगौर के सरकारी आवास में सैफ अली और करीना के विवाह का समारोह संपन्न हुआ। इसमें नामचीन हस्तियां दिखीं। कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमति सोनिया गांधी और वजीरे आजम डॉ.मनमोहन सिंह ने इसमें जाना उचित नहीं समझा। सैफ करीना के विवाह समारोह में शामिल होने के बाद श्रीदेवी की रातों की नींद उड़ गई है। दरअसल, सैफ को विश करने श्रीदेवी अपनी बेटियों के साथ पहुंची। सैफ ने उनकी बेटी को ठीक उसी अंदाज में धन्यवाद दिया जिस अंदाज में 1991 में सैफ ने अपनी पहली पत्नि अमृता सिंह के साथ विवाह के दौरान करीना कपूर को विश किया था, -‘‘थैंक्यू बेटा‘‘। बस फिर क्या था श्रीदेवी डर गईं कि कहीं दस पंद्रह साल बाद जब उनकी बेटियां जवान होंगी तब कहीं. . . ।

अपने नहीं भाजपा में भ्रष्टाचार पर मौन तोड़ा राजमाता ने!
कांग्रेसनीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की यूपीए टू में उजागर हुए घपले, घोटाले, भ्रष्टाचार, ने अनाचार, दुराचार आदि की सारी वर्जनांए ही ध्वस्त कर दी हैं। कांग्रेस एवं सहायोगी दल देश की अर्थव्यवस्था पर या तो डाका डाल रहे हैं या फिर दीमक की तरह चाट रहे हैं। इन सबके बीच वजीरे आजम डॉ.मनमोहन सिंह मीडिया से रूबरू होकर राष्ट्रधर्म से बड़ा गठबंधन धर्म बता रहे हैं। कांग्रेस की राजमाता श्रीमति सोनिया गांधी और युवराज राहुल गांधी द्वारा अब तक भ्रष्टाचार के मामले में मौन ही साधे रखा गया है। पहली बार श्रीमति सोनिया गांधी ने भ्रष्टाचार पर मुंह खोला है, वह भी भाजपा के भ्रष्टाचार पर। मंगलूर में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारें राज्यों जमकर भ्रष्टाचार कर रही हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ सोनिया की हुंकार से लोग राजेश खन्ना अभिनीत ‘रोटी‘ का गाना गुनगुना रहे हैं -‘‘यार हमारी बात सानो, एसा इक इंसान चुनो, जिसने पाप ना किया हो जो पापी ना हो. . .‘‘।

नप सकते हैं थापर!
देश के मशहूर उद्योगपति गौतम थापर के स्वामित्व वाले अवंथा समूह के सहयोगी प्रतिष्ठान मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड को आवंटित होने वाले कोल ब्लाक के चलते गौतम थापर पर भी संकट के बादल छा सकते हैं। एमपी के घंसौर विकासखण्ड में थापर का कथित पावर प्लांट लगाया जा रहा है। इस पावर प्लांट में कांग्रेस और भाजपा के नेताओं के संबंधियों की हिस्सेदारी होने की बात कही जा रही है, संभवतः यही कारण है कि इस पावर प्लांट की गले तक शिकायत होने के बाद भी कोई भी गौतम थापर का बाल भी बांका नहीं कर पाया। इस पावर प्लांट के अंदर निर्माणाधीन एक हजार फुट की चिमनी से गिरकर अभी तक लगभग एक दर्जन लोग काल कलवित हो चुके हैं पर संयंत्र प्रबंधन के खिलाफ कोई कार्यवाही ही नहीं हो पा रही है। गरीब आदिवासी गौतम थापर पर जमीन के मामले में धोखाधड़ी के आरोप लगाते रहे ओर मध्य प्रदेश के खनिज और उर्जा मंत्री आकर इसकी चिमनी की आधार शिला रख गए। लगने लगा है मानो अब आदिवासियों की बात सुनने वाला कोई बचा ही नहीं है।

गिर रही है राहुल की टीआरपी
कांग्रेस की नजर में देश के भावी प्रधानमंत्री राहुल गांधी की लोकप्रियता का ग्राफ दिनों दिन गिरता ही जा रहा है, जिससे सोनिया गांधी और प्रियंका वढ़ेरा चिंतित नजर आ रहे हैं। इंग्लैंड की मशहूर पत्रिका ‘द इकोनॉमिस्ट‘ में राहुल गांधी पर छपी एक टिप्पणी से कांग्रेस सकते में है। पार्टी ने लेख को सिरे से खारिज करते हुए राहुल के प्रति अपनी आस्था दोहराई है। वहीं, दूसरी ओर विपक्ष को राहुल पर हमले का एक और मौका मिल गया है। सपा ने राहुल को पीएम पद के अयोग्य बताया तो बीजेपी ने ब्रांड राहुल अस्तित्व में न होने की बात कही। दरअसल, ‘डिकोडिंग राहुल गांधी, नाम की किताब के आधार पर ‘द इकोनॉमिस्ट‘ में छपा है कि राहुल बड़ी जिम्मेदारी से बचते हैं, क्योंकि उनमें जिम्मेदारी निभाने की भूख ही नहीं है।

केबीसी में हारे एक लाख!
कौन बनेगा करोडपति को सदी के महानायक अमिताभ बच्चन द्वारा होस्ट किया जा रहा है. अब तक के सारे केबीसी शो में किसी भी प्रत्याशी ने रकम भले ही ना जीती हो पर हारी भी नहीं है। यह पहला मौका था जब केबीसी के नाम पर एक महिला ने एक लाख रूपए गंवा दिए। केबीसी में चयन और मुंबई में शूटिंग का झांसा देकर यहां एक महिला से एक लाख रुपये की ठगी की गयी। अमिताभ बच्चन के इस प्रोग्राम के नाम पर ठगी के इस अनोखे मामले में चार सदस्यों के इसमें शामिल होने पर पच्चीस हजार रूपए प्रति व्यक्ति के हिसाब से एक लाख रूपए की राशि की मांग की गई। उक्त फरियादी ने एक लाख रूपए की राशि बताए गए बैंक अकाउंट में जमा करवा दी। यहां यक्ष प्रश्न तो यह है कि बिना आईडी और निवास प्रमाण पत्र की औपचारिकताओं के खाते नहीं खुलते हैं फिर आखिर कैसे इन खातों में पैसे जमा करवाए जाने पर आरोपी पुलिस की पकड़ के बाहर हैं।

जाटों को खुश करने में लगी कांग्रेस
आने वाले समय में अनारक्षित वर्ग में महज चंद जातियां ही बच पाएंगी, क्योंकि संप्रग सरकार द्वारा अखिल भारतीय स्तर पर जाटों को भी आरक्षण देने पर विचार कर रही है। जाटों को लुभाने के लिए कांग्रेस इस अभिनव योजना को 2014 के आम चुनाव के एन पहले ही परवान चढ़ाने जा रही है। कांग्रेस के अखिल भातरीय स्तर के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने पहचान उजागर ना किए जाने की शर्त पर कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को बताया गया है कि जाटों का मोह कांग्रेस से भंग होता जा रहा है। साथ ही साथ घपले, घोटाले, अनाचार, दुराचार, भ्रष्टाचार, अनर्गल बयानबाजी से कांग्रेस और नेहरू गांधी परिवार के खिलाफ माहौल बनने लगा है। सोशल नेटवर्किंग वेब साईट्स पर भी सोनिया, राहुल, मनमोहन, दिग्विजय, कपिल सिब्बल, सलमान खुर्शीद, पलनिअप्पम चिदम्बरम और कांग्रेस को बुरी तरह कोसा जा रहा है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में इंटरनेट और सोशल नेटवर्किंग वेबसाईट्स के उपभोगकर्ताओं की खासी तादाद है। इसके साथ ही साथ दिल्ली के इर्द गिर्द जाट मतदाताओं की तादाद बेहद ज्यादा है।

गड़करी के लिए काम कर रहे शरद
भारतीय जनता पार्टी के निजाम नितिन गड़करी ने अगले आम चुनावों के लिए रोड मेप तैयार करना आरंभ कर दिया है। एक के बाद एक रूठे भाजपाईयों को मनाकर उनकी घर वापसी के बाद अब गड़करी की ने नाराज सहयोगी दलों को मनाने के लिए राजग संयोजक शरद यादव को अपना अघोषित दूत बना लिया है। उधर, अरविंद केजरीवाल की गड़करी के खिलाफ होती तेज धार ने अब शरद यादव को सोचने पर विवश अवश्य ही किया होगा। भारतीय जनता पार्टी के नेशनल हेडक्वार्टर 11, अशोक रोड़ से छन छन कर बाहर आ रही खबरांें पर अगर यकीन किया जाए तो अगले आम चुनावों में सत्ता पर काबिज होकर 7, आरसीआर यानी रेस कोर्स रोड़ (भारत गणराज्य के वजीरे आज़म का सरकारी आवास) को अपना आशियाना बनाने की चाहत में दबे और सधे पांव चलने वाले नितिन गड़करी ने कुछ नए प्रयोग आरंभ किए हैं। शरद यादव द्वारा कांग्रेस की डाल से टूटे पत्तों को एकत्र कर गड़करी के स्वागत हेतु माला बनाए जाने का जतन आरंभ कर दिया गया है।

कांग्रेस में जाएंगे कीर्ति आजाद!
सियासी हल्को में इन दिनों एक बात जमकर गूंज रही है कि क्या कीर्ति आजाद का भाजपा से मोहभंग हो गया है? क्या आजाद कांग्रेस में जाने पर विचार कर रहे हैं? दरअसल, अपने जमाने के मशहूर क्रिकेटर और भाजपा सांसद कीर्ति आजाद पिछले दिनों जब कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमति सोनिया गांधी से सेंट्रल हॉल में मिले तो उन्होंने सोनिया को भाभी कह डाला। सोनिया मंद मंद मुस्कुराई और उनके आंखों की चमक बता रही थी कि आजाद को कांग्रेस में लाने में वे खासी इच्छुक हैं। वैसे भी प्रधानमंत्री प्रियदर्शनी स्व.श्रीमति इंदिरा गांधी के राजनैतिक सचिव रहे भगवत झा आजाद लंबे समय तक बिहार के निजाम भी रहे हैं। संभवतः पिछले दिनों मीडिया में सोनिया गांधी की रहस्मय बीमारी के चर्चे सुनने के बाद कीर्ति आजाद ने औपचारिकतावश सोनिया से उनकी तबियत के बारे में पूछा तो सोनिया गांधी ने धीरे से कहा कि यह उपयुक्त स्थान नहीं है हाल चाल पूछने का! कभी घर आओ तब बैठकर बात होगी।

विवादित होता जनसंपर्क
मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग एक बार फिर सुर्खियों में छा गया है। मध्य प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार को लेकर सरकार द्वारा जारी किए गए विज्ञापनों पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। साथ ही नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर कहा है कि विज्ञापन हकीकत से दूर है। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा कि पिछले 10 दिनों में महिलाओं पर सामूहिक ज्यादती की पांच घटनाएं हुईं। ‘लाडली लक्ष्मी‘ और ‘बेटी बचाओ‘ अभियान सिर्फ विज्ञापनों और कागजों पर चलाने से महिलाओं की रक्षा नहीं हो सकती। सिंह ने कहा कि नेशनल क्राइम ब्यूरो ने महिला ज्यादती में मध्य प्रदेश को नम्बर एक बताया है और जो आंकड़े दिए हैं, वे बीजेपी सरकार की महिलाओं के प्रति संवेदनहीनता की कलई खोलता है। पता नहीं पर लगने लगा है कि मध्य प्रदेश के जनसंपर्क की कुंडली में इन दिनों शनि पूरी तरह से भारी ही चल रहा है।

पुच्छल तारा
कांग्रेस और करप्शन दोनों इन दिनों एक दूसरे के पर्याय समझे जा रहे हैं। इसी बात पर आधारित एक ईमेल त्रिपयार केरल से पियूषिका नायर ने भेजा है। पियूषिका नायर लिखती हैं -‘ राम ने रावण को मारा (आर-आर), कृष्ण ने कंस को मारा (के-के), गोडसे ने गांधी को मारा (जी-जी), ओबामा ने ओसामा को मारा (ओ-ओ) और अब करप्शन मारेगा कांग्रेस को (सी-सी)।