शनिवार, 31 दिसंबर 2011

नए साल में कोहरा नहीं छोड़ेगा पीछा


नए साल में कोहरा नहीं छोड़ेगा पीछा



(शरद खरे)

नई दिल्ली (साई)। घने कोहरे के कारण दिल्ली वासियों को अभी राहत मिलने की उम्मीद न के बराबर ही है। नए साल में भी कोहरे का कहर यातायात की रफ्तार थामे रहेगा। कोहरे के चलते विमान, रेल और सड़क परिवहन में बाधा पड़ने की उम्मीद जताई जा रही है। दिल्ली पहुंचने वाले विमान रेल और सड़कों पर चलने वाले वाहनों को परेशानी का सामना अभी और करना पड़ेगा।
दिल्ली में नव वर्ष की शुरुआत से एक दिन पहले शनिवार की सुबह कोहरे से भरी रही। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिन साफ रहने और शाम को बादल छाने का अनुमान व्यक्त किया है। हवाईअड्डा अधिकारियों के मुताबिक कोहरे के कारण शुक्रवार को कम से कम 22 उड़ानें रद्द की गईं जबकि 305 उड़ानों में देरी हुई।
सुबह तड़के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (आईजीआई) हवाईअड्डे पर दृश्यता 50 मीटर दर्ज की गई। राष्ट्रीय राजधानी के अन्य हिस्सों में सुबह 8.30 बजे दृश्यता 250 मीटर दर्ज की गई। आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया, ‘दिन साफ रहेगा और शाम के समय हल्के बादल छाएंगे।न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं: