मंगलवार, 14 फ़रवरी 2012

दिग्गी का जादू सर चढ़कर बोल रहा गांधी परिवार के



बजट तक शायद चलें मनमोहन. . . 86

दिग्गी का जादू सर चढ़कर बोल रहा गांधी परिवार के



(लिमटी खरे)

नई दिल्ली (साई)। इक्कीसवीं सदी में कांग्रेस के अघोषित चाणक्य और कांग्रेस महासचिव राजा दिग्विजय सिंह का जादू नेहरू गांधी परिवार की वर्तमान पीढ़ी के सर चढ़कर बोल रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमति सोनिया गांधी उनकी मुरीद तो महासचिव राहुल गांधी के वे अघोषित राजनैतिक गुरू हैं। अब प्रियंका वढ़ेरा (अब गांधी नहीं) की जुबान पर भी परोक्ष तौर पर दिग्गी राजा बस गए हैं।
हाल ही में रायबरेली में सोनिया की पुत्री प्रियंका वढ़ेरा की जुबान फिसलने को लेकर कांग्रेस के अंदरखाने में अब तरह तरह की चर्चाएं व्याप्त हो गई हैं। कांग्रेस के आला नेताओं का मानना है कि जिस तरह से मध्य प्रदेश में 2003 के बाद विपक्ष में बैठी कांग्रेस मुरदार हो चुकी है, उसके बाद अगर प्रियंका द्वारा भाजपा शासित मध्य प्रदेश को तेजी से विकास की राह में बढ़ने वाला राज्य जता दिया जाता है तो इससे साफ है कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस संगठन की बदहाली और भाजपा सरकार के भ्रष्टाचारों की जानकारी से गांधी परिवार को दूर ही रखा गया है।
कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका ने जनसभा में यह कहकर सनसनी फैला दी कि सभी ने मध्यप्रदेश, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र को देखा है। ये सभी राज्य प्रगति कर रहे हैं जबकि उत्तर प्रदेश विकास नहीं कर रहा है। यद्यपि बाद में उन्होंने अपनी जबान फिसलने के चलते हुए गल्ति कहकर इसे सुधार लिया, फिर भी जानकारों का कहना है कि अगर प्रियंका गांधी परिपक्व नहीं है तो कांग्रेस उन्हें महिमा मण्डित करके जनता के सामने आखिर ला क्यों रही है? प्रियंका गांधी की राजनैतिक और सामाजिक तौर पर नेहरू गांधी परिवार में जन्म लेने के अलावा भला क्या उपलब्धि है?
कांग्रेस में चल रही चर्चाओं के अनुसार कांग्रेस महासचिव राजा दिग्विजय सिंह ने प्रियंका वढ़ेरा पर भी अपना जादू चला ही दिया है। कांग्रेस के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने नाम उजागर न करने की शर्त पर कहा कि प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह की बिदाई और राहुल गांधी की ताजपोशी का ताना बाना बुनने वाले राजा दिग्विजय सिंह मध्य प्रदेश के दस साल तक लगातार मुख्यमंत्री रहे हैं, और उनके कुशासन के कारण ही मध्य प्रदेश में कांग्रेस रसातल में चली गई है। बावजूद इसके प्रियंका द्वारा मध्य प्रदेश के मौजूदा हालात देखकर भी उसे विकास के मार्ग पर चलने वाला राज्य कहना अपने आप में एसा आश्चर्य है जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती है।

(क्रमशः जारी)

कोई टिप्पणी नहीं: