शुक्रवार, 20 अप्रैल 2012

17 करोड़ की लागत से तीन नवीन विश्राम भवन एवं 8 विश्राम गृह बनेंगे


17 करोड़ की लागत से तीन नवीन विश्राम भवन एवं 8 विश्राम गृह बनेंगे

सिवनी में नहीं बनेगा नया विश्राम भवन!

(प्रियंका अरोरा)

भोपाल (साई)। लोक निर्माण मंत्री नागेन्द्र सिंह ने बताया कि विभाग द्वारा प्रदेश में 17 करोड़ एक लाख की लागत से 3 नवीन विश्राम भवन एवं 8 विश्राम गृह बनाए जाएँगे। इनके निर्माण के लिए शासन ने नवीन मद का सृजन कर चालू माली साल के बजट में 5 करोड़ की राशि का प्रावधान किया है।
मंत्री श्री सिंह ने बताया कि तीन नवीन विश्राम भवन भोपाल, इंदौर एवं रीवा में बनाये जायेंगे। प्रत्येक विश्राम भवन के निर्माण पर 2 करोड़ 95 लाख की राशि व्यय की जायेगी। इसी प्रकार प्रस्तावित 8 नये विश्राम गृह का निर्माण अनूपपुर जिले के जैतहरी, बालाघाट के किरनापुर, छिन्दवाड़ा के सौंसर, जबलपुर के शहपुरा, रीवा के नई गढ़ी, सीधी के बहरी, उमरिया के नौरोजाबाद एवं विदिशा जिले के गुलाबगंज में होगा। प्रत्येक विश्राम गृह का निर्माण एक करोड़ 2 लाख की लागत से किया जाएगा।
महाकौशल में भाजपा के गढ़ बन चुके सिवनी जिले में विश्राम भवन और विश्राम गृह अक्सर ही भरे रहते हैं, बावजूद इसके भाजपा सरकार द्वारा सिवनी जिले की घोर उपेक्षा की जा रही है। भाजपा द्वारा लंबे समय से इस जिले को मंत्री से महरूम रखा है जबकि यहां चार में से तीन विधायक भाजपा के हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: