सोमवार, 11 जून 2012

शनिवार को यूएस जाएंगी राजमाता


शनिवार को यूएस जाएंगी राजमाता

 सारंग के रिसेप्शन हेतु जल्द वापस आएंगी सोनिया

(लिमटी खरे)

नई दिल्ली (साई)। कांग्रेस की सुप्रीम अथारिटी सोनिया गांधी अपनी रहस्यमयी बीमारी के ईलाज के लिए एक बार फिर दुनिया के चौधरी अमरीका की शरण में शनिवार को उड़ान भरने वाली हैं। सोनिया की संभावित वापसी सात जुलाई के आसपास थी, किन्तु भाजपाध्यक्ष नितिन गड़करी के पुत्र के विवाह के आर्शीवाद समारोह के कारण सोनिया की देश वापसी पहली जुलाई को हो जाएगी। अपने सगे भतीजे और भाजपा के सांसद वरूण गांधी के विवाह समारोह में शामिल नहीं होने वाली सोनिया अगर सारंग के विवाह समारोह में शिरकत करती हैं तो इससे क्या संदेश जाएगा?
ज्ञातव्य है कि पिछले साल दो अगस्त को कांग्रेस की राजमाता सोनिया गांधी दुनिया के चौधरी अमरीका की शरण में गईं थीं। भारत गणराज्य में आयुर्विज्ञान, आयुर्वेद, यूनानी, होम्योपैथ आदि मामलों में नित नए प्रयोग करने वाली कांग्रेस की अध्यक्षा को देश की चिकित्सा प्रणाली और चिकित्सकों पर रत्ती भर विश्वास नहीं था तभी उन्होंने अपनी इस रहस्यमय बीमारी के लिए अमरिका की उंगली थामी।
कांग्रेस के सत्ता और शक्ति के शीर्ष केंद्र 10, जनपथ (सोनिया गांधी को आवंटित सरकारी आवास) के उच्च पदस्थ सूत्रों का कहना है कि शनिवार 16 जून की मध्य रात्रि सोनिया गांधी अमरीका के लिए उड़ान भरने जा रही हैं। सूत्रों ने इस बात के संकेत अवश्य ही दिए हैं कि सोनिया की यात्रा उनके स्वास्थ्य कारणों से है और वे इस दरम्यान अपनी शल्य क्रिया अथवा रूटीन चेकअप करवाएंगी।
सोनिया की इस रहस्यमय बीमारी के बारे में लगभग दस माह बीत जाने के बाद भी कांग्रेस की चुप्पी आश्चर्यजनक ही मानी जा रही है। सोनिया की बीमारी के बारे में कयास लगाने वालों ने इसे कैंसर की बीमारी निरूपित करने से भी गुरेज नहीं किया है। जेड़ प्लस सुरक्षा वाली सोनिया की सुरक्षा में लगा एसपीजी का दस्ता भी अपना मुंह सिले हुए है। कांग्रेस और नेहरू गांधी परिवार पर लगातार वार करने वाले सुब्रह्मण्यम स्वामी ने भी यह पूछने की जहमत नहीं उठाई है कि सोनिया किस बीमारी के इलाज के लिए विदेश गईं और उनकी यात्रा एवं उनके साथ गए सरकारी सुरक्षा दस्ते के देयकों का भोगमान किसने भोगा?
सूत्रों ने बताया कि तयशुदा प्रोग्राम के मुताबिक जून के दूसरे पखवाड़े में सोनिया गांधी की रहस्यमय बीमारी का चेकअप अमरीका में होगा। इसके बाद वे कुछ समय आराम करने के बाद भारत लौटना था। इसी बीच भाजपाध्यक्ष नितिन गड़करी के पुत्र के विवाह की बात सामने आ गई।
ज्ञातव्य है कि भाजपाध्यक्ष नितिन गड़करी के द्वितीय पुत्र सारंग का विवाह 24 जून को महाराष्ट्र की संसकारधानी नागपुर में होना सुनिश्चित हुआ है। गड़करी अपने पुत्र के विवाह के उपलक्ष्य में दिल्ली में भी प्रीतिभोज का आयोजन कर रहे हैं। गरीब गुरबों की कथित हिमायती और ब्राम्हण बनियों की पार्टी बन चुकी भाजपा के अध्यक्ष अपने पुत्र के विवाहोपलक्ष्य में मंहगे व्यवसायिक इलाके चाणक्य पुरी स्थित होटल अशोका के बैंक्वेट हाल में एक लज़ीज और शानदार पार्टी का आयोजन कर रहे हैं।
सोनिया के करीबी सूत्रों का कहना है कि राजमाता को मशविरा दिया गया है कि महामहिम राष्ट्रपति के चुनावों के लिए आंकड़ों के गणित के हिसाब से सोनिया को इस मंहगे आयोजन में शिरकत करना आवश्यक है। इस आयोजन में कांग्रेस के अनेक बड़े नेताओं के शामिल होने की उम्मीद भी जताई जा रही है।
उधर, गड़करी के करीबियों का कहना है कि इस भव्य आयोजन में गड़करी के एनआरआई मित्रों की भरमार देखने को मिल सकती है। मीडिया में भी गड़करी ने चुनिंदा लोगों को बुलावा भेजा है। इसके अलावा गड़करी के दिल्ली और देश के सियासी मेहमान शिरकत करेंगे। इसमें देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के उद्योगपतियों का बांबे क्लबभी 2 जुलाई का बेसब्री से इंतजार कर रहा है।
कांग्रेस के अंदरखाने में चल रही चर्चाओं के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमति सोनिया गांधी जिन्होंने अपने सगे भतीजे और सांसद मेनका गांधी के सांसद पुत्र वरूण के विवाह समारोह से खुद को दूर रखा था, अब अगर भाजपाध्यक्ष नितिन गड़करी के पुत्र के विवाह समारोह में शामिल होंगी तो लोगों के बीच यही संदेश जाएगा कि सोनिया गांधी अपने परिवारजनों के साथ ही वेमनस्यता का भाव रख रही हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: