सोमवार, 2 जुलाई 2012

मानसून: जारी है धूप छांव का खेल


मानसून: जारी है धूप छांव का खेल

(यशवंत श्रीवास्तव)

नई दिल्ली (साई)। देश में अब तक मॉनसून की बारिश ३१ प्रतिशत तक कम रही है, लेकिन मौसम कार्यालय ने उत्तरी भारत में अगले तीन दिनों में बारिश बढने की संभावना  व्यक्त की है। मौसम कार्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार पंजाब और हरियाणा सहित देश के ८३ प्रतिशत भाग में अब तक बारिश बहुत कम हुई है।
मॉनसून शुरू होने के बाद से देश में ११९ दशमलव तीन मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि सामान्य रूप से इस दौरान १७२  मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए। मौसम विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि अरब सागर और बंगाल की खाडी पर बने चक्रवाती दबाव के कारण अच्छी वर्षा होने की संभावना बढ़ गई है।इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली मे लोगों को आज भी भीषण गर्मी और उमस झेलनी पड़ रही है। मौसम कार्यालय ने कल तक गर्मी बने रहने का अनुमान बताया है। साथ ही कहीं कहीं हल्की वर्षा और आंधी की संभावना भी है।
इधर, उत्तर भारत के विभिन्न भागों में लू का कहर जारी है। राजधानी दिल्ली में भी तेज धूप और गर्म हवाओं का दौर आज भी जारी रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री उपर ४३ दशमलव पांच डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक ३१ दशमलव चार डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
राजधानी में मानसून में लगातार हो रही देरी और गर्म हवाओं के थपेड़ों से आज भी राजधानीवासी परेशान रहे। तेज धूप और उमस के कारण लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। राजधानी में भीषण गर्मी को देखते हुए दिल्ली सरकार ने सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूली की गर्मियों की छुट्टियों को एक हफ्घ्ते के लिए बढ़ा दिया है। आज दो तारीख को खुलने वाले सभी स्कूल अब नौ तारीख को खुलेंगे। वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग ने राहत की खबर देते हुए कहा है कि राजधानी में इसी हफ्घ्ते मानसून के बादलों के बरसने की संभावना है।
उधर, राजस्थान के सभी हिस्से गर्मी की चपेट में है। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के राजस्थान ब्यूरो शैलेन्द्र ने बताया कि आज चुरू ४६ डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान ४५ दशमलव आठ और जयपुर में ४३ दशमलव पांच डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। साई संवाददाता ने बताया है कि गर्मी की वजह से महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्यक्रम के मजदूरों के काम का समय घटाया गया है।
गौरतबल है कि राज्य के दक्षिणी इलाकों में मानसून पूर्व की गतिविधियां शुरू तो हुई हैं लेकिन प्रदेश के अधिकांश इलाकों में अभी भी भीषण गर्मी से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। जयपुर और अजमेर के जिला प्रशासन ने तेज गर्मी के असर से बच्चों को बचाने के लिए अगला शिक्षा सत्र कल की बजाय ९ जुलाई से शुरू करने का फैसला लिया है। राज्य सरकार ने भी महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत चल रहे कार्यों के समय में बदलाव किया है जिससे लाखों श्रमिकों को जो खुले में कार्य कर रहे हैं राहत मिलेगी। अब ये कार्य १५ जुलाई तक सुबह ६ बजे से १० बजे तक की संचालित किये जाएंगे।
पंजाब और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो विक्की आनंद ने बताया कि राज्य में में पांचवीं कक्षा तक के स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां एक सप्ताह के लिए बढ़ा दी गई हैं। छठवीं कक्षा से आगे पढ़ने वाले बच्चों के लिए स्कूल कल खुलेंगे। हरियाणा में सरकार ने सभी कक्षाओं के लिए छुट्टियां एक सप्ताह के लिए बढ़ा दी हैं। गर्मी के प्रकोप को देखते हुए यह फैसला किया गया है।
इसके साथ ही साथ पूर्वाेत्तर के कुछ हिस्सों में आज सुबह भूकंप के हल्के और मध्यम दर्जे के दो झटके महसूस किये गये। भूकंप से घबराकर असम, अरूणाचल प्रदेश, मणिपूर, नगालैंड, मेघालय और त्रिपुरा में, लोग अपने मकानों से बाहर निकल आये। मौसम विभाग के अनुसार भूकंप कल आधी रात के बाद एक बजकर तेरह मिनट पर आया। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता चार दशमलव आठ मापी गई।

कोई टिप्पणी नहीं: