गुरुवार, 20 मार्च 2014

लापरवाह चिकित्सक ने नहीं किया पीएम

लापरवाह चिकित्सक ने नहीं किया पीएम
चिकित्सक की अनदेखी से दूसरे दिन हुआ अंतिम संस्कार

(अखिलेश दुबे)
सिवनी (साई)। जिला मुख्यालय में दो परिवारों के लिए होली का यह त्यौहार गमगीन ही रहा। एक अज्ञात व्यक्ति का शव बस स्टैंड पर मिला तो छिंदवाड़ा चौक पर एक अन्य व्यक्ति का शव मिला। दोनों में से एक शव का शव परीक्षण तो चार बजे तक कर दिया गया, किन्तु दूसरे के शव परीक्षण के लिए पुलिस को पापड़ बेलने पड़े।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अरिहंत बस सर्विस की बस में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। 18 मार्च को अरिहंत बस नंबर एम.पी. 20 पी 0204 का कंडेक्डर बस की सफाई करने जैसे ही अंदर घुसा, वैसे ही बस के भीतर से बदबू आने लगी तब कुछ लोगों ने पीछे जाकर देखा तो वहां एक 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की लाश पड़ी हुई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह बस होली के दिन से बस स्टैण्ड पर खड़ी हुई थी। इस बस के कर्मचारी जब 18 मार्च की सुबह के समय बस के अंदर पहुंचे तो पिछली सीट पर उन्हें लाश मिली। बताया जाता है कि चूंकि बस पूरी तरह बंद थी और सिर्फ बस के पिछले दरवाजे का कांच ही खुला हुआ था, जिससे आशंका व्यक्त की जा रही है कि यहां से कोई व्यक्ति शराब पीने के उद्देश्य से घुसा होगा जिसकी बाद में मृत्यु हो गई। कोतवाली पुलिस के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि इस अज्ञात शव के कफन-दफन के लिए नगर कोतवाल अमित विलास दाणी ने सहृदयता और तत्परता दिखाते हुए मुकम्मल इंतजामात करवाए।
वहीं, दूसरी ओर छिंदवाड़ा चौक पर गायत्री मेडिकल के पास रफीक खान के पुत्र साजिद (28) का शव मिला। पुलिस ने इस शव को भी शव परीक्षण के लिए चिकित्सालय स्थित पीएम सेंटर भेज दिया। जिला चिकित्सालय के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि अज्ञात शव का शव परीक्षण डॉ.वासनिक द्वारा किया गया। जैसे ही वे बाहर निकले वैसे ही कोतवाली पुलिस के सिपाही द्वारा उन्हें साजिद के शव परीक्षण हेतु कागजात दिखाए गए।
बताया जाता है कि उक्त चिकित्सक द्वारा साजिद के शव का परीक्षण करने के बजाए वहां से रवानगी डाल दी। चिकित्सालय के सूत्रों ने बताया कि लगभग सवा चार बजे नगर कोतवाल अमित विलास दाणी स्वयं जिला चिकित्सालय पहुंचे और वहां इमरजेंसी में तैनात महिला चिकित्सक से शव परीक्षण करवाने का अनुरोध किया।
बताया जाता है कि महिला चिकित्सक द्वारा डॉ.वासनिक को तत्काल फोन लगाया गया किन्तु डॉ.वासनिक ने उनका फोन नहीं उठाया। इसके उपरांत सिविल सर्जन डॉ.सत्य नारायण सोनी, नगर निरीक्षक अमित विलास दाणी ने भी उन्हें फोन लगाया किन्तु उन्होंने फोन उठाने की जहमत नहीं उठाई।

चिकित्सालय के सूत्रों का कहना है कि शव परीक्षण, सूर्योदय से सूर्यास्त तक ही किया जाता है, और साजिद का शव पीएम सेंटर जब पहुंचा तब सूर्यास्त में लगभग दो-ढाई घंटे बाकी थी। सूत्रों का कहना है कि इस संबंध में नगर कोतवाल द्वारा शव परीक्षण न हो पाने की शिकायत भी लिखित रूप में सिविल सर्जन को कर दी गई है। कहा जा रहा है कि अगर साजिद का शव परीक्षण उसी वक्त कर दिया जाता तो उनका अंतिम संस्कार भी उसी दिन संपन्न हो जाता। उल्लेखनीय होगा कि गर्मी के मौसम में वैसे भी शव का डीकंपोज होना तेजी से आरंभ हो जाता है।

. . . वरना होगी प्राचार्यों पर कार्यवाही

. . . वरना होगी प्राचार्यों पर कार्यवाही
मेपिंग में जिला प्रथम, पर छात्रवृत्ति का अता पता नहीं!

(महेश रावलानी)
सिवनी (साई)। मेपिंग में सिवनी जिला प्रदेश में पहले स्थान पर आने के बाद भी, जिले के शालेय विद्यार्थियों को पात्रतानुसार छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिल पा रहा है। 25 मार्च तक योजनावार समस्त विद्यार्थियों को दी जाने वाली छात्रवृत्ति के देयक कोषालय में आवश्यक रूप से जमा करवा दिए जाएं।
उक्ताशय की बात जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा समेकित छात्रवृत्ति योजना के समस्त आहरण संवितरण अधिकारियों को दिए हैं। अपने निर्देश में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा कहा गया है कि शिक्षा समग्र पोर्टल से प्राप्त रिपोर्ट की समीक्षा के दौरान यह पाया गया हैं कि आवेदन पत्रों के ऑनलाईन पंजीयन पश्चात् अपेक्षित रूप से इन्हें लॉक नहीं किया जा रहा है। इसके साथ ही साथ लॉक किये गये प्रस्तावें को बी.आर.सी.सी. द्वारा तत्काल एप्रूव नहीं किया जा रहा है। इतना ही नहीं प्रत्येक डी.डी.ओ को उपलब्ध कराये गये विशिष्ट यूजरनेम/पासवर्ड का उपयोग करते हुये उनके द्वारा छात्रवृत्ति सेंक्शन एवं बिल जनरेट करने की कार्यवाही या तो नहीं की जा रही है अथवा अत्यंत न्यून स्तर पर है।
पत्र में आगे कहा गया है कि उक्त कारणों से जिले में स्कूली विद्यार्थियों को पात्रतानुसार छात्रवृत्ति का लाभ सम्पूर्ण सत्र बीत जाने पर भी नहीं दिया जा सका है। यह स्थिति अत्यंत खेद जनक है, जबकि मेपिंग के मामले में सिवनी जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर है।
पत्र में अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शेष समस्त छात्र-छात्राओं की मेपिंग पूर्ण की जाय तथा त्रुटि पूर्ण, अप्राप्त आईडी आदि की सूची बनाकर जिला नोडल अधिकारी समग्र को तत्काल त्रुटि सुधार हेतु देवें। इसके साथ ही साथ प्राथमिकता के आधार पर पात्र छात्र-छात्राओं के एकल आवेदन पत्रों का ऑनलाईन पंजीयन अतिरिक्त समय एवं सिस्टम लगाकर पूर्ण कराया जावे।
पत्र में आगे कहा गया है कि पंजीकृत आवेदन पत्रों का मिलान कर तत्काल इन्हें लॉक करावें। लॉक किये प्रस्तावों को बी.आर.सी.सी.अपने स्तर पर तत्काल एप्रूव करेंगे। बी.आर.सी.सी.के स्तर पर लंबित प्रस्ताव किसी भी स्थिति में क्षम्य नहीं होंगे। डी.डी.ओ., बी.आर.सी.सी. द्वारा एप्रूव किये गये प्रस्तावों पर प्रक्रियानुसार मिलान, रिमार्क, सेंक्शन, सेंक्शन आदेश तथा बिल जनरेट कर देयक एम.पी.टी.सी. 46 एवं 47 में तैयार कर कोषालय में प्रस्तुत करें।
उक्त प्रक्रिया के परिपालन में आ रही कठिनाईयों के निराकरण हेतु बी.आर.सी.सी.तथा डी.डी.ओ की एक दिवसीय काउंसिलिंग 21 मार्च को प्रातः 11 बजे विकासखंड सिवनी, बरघाट, छपारा एवं कुरई तथा दोपहर दो बजे विकासखंड केवलारी, लखनादौन, घंसौर एवं धनौरा हेतु शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सिवनी में आयोजित की जा रही है,जिसमें कलेक्टर के द्वारा सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। अतः अपने स्तर पर कृत कार्यवाही का प्रतिवेदन एवं उपस्थित कठिनाईयों (यदि कोई हो तो) को लेकर अनिवार्यतः उपस्थित होने के लिए संबंधितों से कहा गया है।

पत्र के अंत में चेतावनी देते हुए कहा गया है कि 25 मार्च तक समेकित छात्रवृत्ति के योजनावार समस्त देयक कोषालय में प्रस्तुत कर दिये जाये। अगर 26 मार्च को कलेक्टर द्वारा प्रस्तावित समीक्षा बैठक में ऐसे डी.डी.ओ जिन्हांेने कार्यपूर्ण कर समस्त देयक कोषालय में प्रस्तुत नहीं किये हों के विरूद्ध कार्यवाही प्रस्तावित की जायेगी। श्रम, कृषि एवं राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा प्रवर्तित छात्रवृत्तियां क्रमशः निर्माण श्रमिक, तुलावटी एवं हम्माल तथा सामान्य निर्धन छात्र-छात्राओं के देयक कोषालय में नहीं लगाये जानेे हैं। पोर्टल से प्राप्त सूची सीधे संबंधित विभागों को प्रस्तुत की जायेगी।

भूमाफियाओं के निशाने पर सरकारी जमीन

भूमाफियाओं के निशाने पर सरकारी जमीन
(शरद खरे)
सिवनी जिले में पिछले दो-ढाई दशकों से भूमाफिया जमकर सक्रिय नजर आ रहे हैं। नब्बे के दशक के उपरांत महानगरों के लोगों की नजरें सिवनी पर इनायत हुईं। सिवनी की जमीनों के दाम आसमान छूने लगे। पता नहीं क्यों दिल्ली, मुंबई जैसे महानगरों के लोगों को सिवनी की जमीनें भाईं और जमीनों की खरीद फरोख्त तेज हुई। सिवनी में पंजीयक कार्यालय की भूमिका पर भी सवालिया निशान लगे। सिवनी के पंजीयक कार्यालय में अग्निकांड भी हुआ, यहां का रिकॉर्ड भी चोरी हो गया। जिला कलेक्टर कार्यालय और न्यायालय के बीच स्थित उप पंजीयक कार्यालय में आग लगने की घटना अपने-आप में चौंकाने वाली ही कही जा सकती है।
बहरहाल, पिछले कुछ समय से भूमाफियाओं की नजरें सरकारी जमीनों पर गड़ी हुई हैं। भूमाफियाओं के हौसले संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की जुगलबंदी से उड़ान भर रहे हैं। आलम यह है कि जिला मुख्यालय में ही बारापत्थर क्षेत्र में होण्डा शो रूम के पीछे नाले पर ही बेजा कब्जा हो गया है। बीते साल बारिश में इस अवरोध के कारण एकता कॉलोनी के अनेक घरों में पानी भर गया था। शहर के प्रथम नागरिक राजेश त्रिवेदी स्वयं मौके का मुआयना करने गए थे। फायर बिग्रेड और मोटर लगाकर पानी निकाला गया। उस समय आश्चर्य तो इस बात पर हुआ, जब नगर पालिका अध्यक्ष ने स्वयं इस बात को स्वीकार किया था कि नाले पर होण्डा एजेंसी के पीछे हुए अतिक्रमण के कारण पानी का बहाव अवरूद्ध होने से घरों में पानी भरा। स्वयं नगर पालिका अध्यक्ष के द्वारा मौके पर जाकर देखने के बाद भी आज तक इस अतिक्रमण को तोड़ा नहीं जा सका है।
हाल ही में छपारा में बजाज एजेंसी के मालिक द्वारा सरकारी भूमि (खसरा नंबर 306/2) पर कब्जा किए जाने की बात प्रकाश में आई है। एजेंसी मालिक पर आरोप है कि उनके द्वारा बिजली विभाग के कार्यालय की फेंसिंग आदि तोड़कर वहां निजी भूमि के मानिंद काम करवाया जा रहा है। सरकारी भूमि पर ही मकान बनवाने का सामान बिखरा पड़ा है। फेंसिंग तोड़कर वहां बोरिंग करवाई जा रही है। यह सब मीडिया की सुर्खी बना पर राजस्व विभाग, ग्राम पंचायत सहित खुद बिजली विभाग के अधिकारी कैसे इस मामले में मौन साधे बैठे हैं?
इस तरह के एक नहीं अनेक मामले आज भी सिवनी की फिजां में तैर रहे हैं। मुख्य मार्ग पर जहां नाली नाले पर पालिका द्वारा पुल पुलिया बना ली गई हैं, वहां भी निजी प्लाट से लगी नाले की सतह पर दरवाजे लगाने के बजाए लोगों ने सड़क किनारे वाली सतह पर दरवाजे लगाकर पुल-पुलिया को भी अपनी निजी संपत्ति में शामिल कर लिया है। यह सब हो रहा है, और नगर पालिका परिषद हाथ पर हाथ रखे ही बैठी है।

लोकसभा चुनाव सिर पर हैं, अतः प्रशासन, विशेषकर राजस्व विभाग के कर्मचारी-अधिकारियों की व्यस्तता को समझा जा सकता है, किन्तु फिर भी संवेदनशील जिला कलेक्टर भरत यादव से जनापेक्षा है कि सुरसा की तरह मुंह फाड़ने वाले अतिक्रमण को नेस्तनाबूत करने के लिए संबंधित विभागों को ताकीद अवश्य करें।

नाथ, सिंधिया, तन्खा 21, 24 व 23 को भरेंगे नामांकन

नाथ, सिंधिया, तन्खा 21, 24 व 23 को भरेंगे नामांकन

(नन्द किशोर)

भोपाल (साई)। केन्द्रीय संसदीय कार्य और शहरी विकास मंत्री कमलनाथ अपने परंपरागत लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र छिन्दवाड़ा से अपने समर्थकों के साथ 21 मार्च को नामांकन पत्र भरेंगे। नाथ को कांग्रेस पार्टी ने अपना अधिकृत उम्मीदवार छिन्दवाड़ा से घोषित किया है।
केन्द्रीय उर्जा राज्यमंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 24 मार्च को अपने परंपरागत संसदीय क्षेत्र गुनाकृशिवपुरी से अपने समर्थकों के साथ जुलूस की शक्ल में निर्वाचन अधिकारी के समक्ष 24 मार्च को नामांकन पत्र भरेंगे। उल्लेखनीय है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया को कांग्रेस पार्टी ने गुना, शिवपुरी से उम्मीदवार घोषित किया है।
उधर, देश के जाने माने वकील, मध्यप्रदेश के पूर्व एडवोकेट जनरल विवेक तन्खा 23 मार्च को निर्वाचन अधिकारी जबलपुर के समक्ष अपना नामांकन पत्र भरेंगे। तन्खा को कांग्रेस पार्टी ने पहली मर्तबा लोकसभा का जबलपुर संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया है।

एमपीपोस्ट को मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस पार्टी के अधिकांश घोषित उम्मीदवार कांग्रेस अध्यक्ष और कांग्रेस कार्यालय भोपाल से चर्चा के बाद ए और बी फार्म ले चुकें हैं। कांग्रेस पार्टी का अधिकृत उम्मीदवार होने के लिए निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र भरते समय नामांकन पत्र सेट के साथ पार्टी का अधिकृत उम्मीदवार होने के लिए ए और बी फार्म प्रस्तुत किया जाता है। जिसमें मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरूण यादव के हस्ताक्षर हैं।

आज बैतूल संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के सबसे कम उम्र के उम्मीदवार राहुल चौधरी ने कांग्रेस मुख्यालय भोपाल से ए और बी फार्म प्राप्त कर लिया है। इसके साथ ही टीकमगढ़ संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार कमलेश्वर वर्मा ने तथा मंडलाकृडिंडौरी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार और विधायक ओंकारसिंह मरकाम ने ए और बी फार्म प्राप्त कर लिया है।

केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ए और बी फार्म प्राप्त करने के लिए ग्वालियर के पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल को अधिकृत करते हुए एक पत्र कांग्रेस अध्यक्ष को लिखा। कांग्रेस अध्यक्ष अरूण यादव ने पत्र देखने के बाद सिंधिया का ए और बी फार्म रमेश अग्रवाल को दे दिया। उधर, अधिवक्ता और जबलपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार विवेक तन्खा ने ए और बी फार्म प्राप्त करने के लिए एडवोकेट अजय गुप्ता को अधिकृत किया था। गुप्ता ने भी विवेक तन्खा के लिए कांग्रेस पार्टी द्वारा जारी ए और बी फार्म प्राप्त कर लिया है।

दिग्विजय कर सकते हैं मोदी से मुकाबला!

दिग्विजय कर सकते हैं मोदी से मुकाबला!

(मणिका सोनल)

नई दिल्ली (साई)। नरेंद्र मोदी के सामने कांग्रेस किसे उतारेगी, वक्त बीतने के साथ यह बड़ा सवाल बनता जा रहा है। अरविंद केजरीवाल पहले ही ऐलान कर चुके हैं कि वह वाराणसी से चुनाव लड़ेंगे। हालांकि उन्होंने ‘जनता से पूछने‘ की शर्त रखी है। लेकिन कांग्रेस तय नहीं कर पा रही है कि बीजेपी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के सामने किसे उतारे।
वाराणसी सीट से चुनाव लड़ने के लिए कई नाम हवा में तैर रहे हैं। नया नाम दिग्विजय सिंह का है जिनके नाम का प्रस्ताव वाराणसी की स्थानीय कांग्रेस यूनिट ने रखा है। इसके अलावा अनिल शास्त्री के नाम की भी चर्चा है। वहीं ट्विटर पर यह भी कहा जा रहा है कि कि लोग प्रियंका गांधी और शंकराचार्य के नाम पर भी चर्चा कर रहे हैं।

कांग्रेस की समस्या यह है कि अगर वह मजबूत कैंडिडेट उतारती है तो अरविंद केजरीवाल की दावेदारी को कमजोर करेगी, जो नरेंद्र मोदी के लिए चुनौती बन सकते हैं। लेकिन कमजोर उम्मीदवार उतारकर वह नरेंद्र मोदी के सामने खुद ही कमजोर होने का संकेत भी नहीं देना चाहती। इसीलिए कांग्रेस की तरफ से बार-बार यह बात कही जा रही है कि मोदी के खिलाफ कोई मजबूत कैंडिडेट उतारा जाएगा। कांग्रेस नेता अजय माकन ने भी बुधवार को दोहराया कि मोदी के सामने कांग्रेस कमजोर कैंडिडेट नहीं उतारेगी। लेकिन मजबूत कैंडिडेट की तलाश कांग्रेस के लिए मुश्किल हो रही है। 

I Am…A Leaf

I Am…A Leaf
(Darshita Shrivastava)
I am a fallen leaf...
You're the wind I am waiting for...
The way you'll hold me deep...
I will feel like I am fine as I was before...
When I was in the tree’s arms...

My dreams aren't skyhigh...
Because I love the smell of the mud...
But, With you I know I can fly...
So just come soon and cuddle...

My pale skin...is in need of your touch...
Come heal me...my breath is getting rough...
I need your support and your strong clutch...
Without you...to survive is getting tough....

I am a fallen leaf...
You're the wind I am waiting for...
The way you'll hold me deep...
I will feel like I am fine as I was before...
The way I was safe and sound in tree’s arms...


GAD Colony, Seoni M.P.

मंगलवार, 18 मार्च 2014

बनारस से महत्वपूर्ण हो गई बालाघाट सीट!

बनारस से महत्वपूर्ण हो गई बालाघाट सीट!

(रश्मि सिन्हा)

नई दिल्ली (साई)। भारतीय जनता पार्टी के अंदरखाने में मची वर्चस्व की गलाकाट लड़ाई अब सतह पर आती दिख रही है। एक ओर वाराणसी और अमृतसर जैसी विवादित सीटों पर शीर्ष नेताओं ने सर जोड़कर हल निकाल लिया है वहीं, दूसरी ओर मध्य प्रदेश के बालाघाट संसदीय क्षेत्र में उम्मीदवार का नाम भाजपा द्वारा तय नहीं किया जा सका है।
भाजपा मुख्यालय 11, अशोक रोड के भरोसेमंद सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि बालाघाट संसदीय क्षेत्र में दो वरिष्ठ नेताओं के बीच घमासान के चलते इस सीट पर निर्णय नहीं हो पा रहा है। सूत्रों के अनुसार बालाघाट से जुड़े एक पूर्व सांसद और एक अन्य कद्दावर नेता के बीच अहं की जंग का ही नतीजा है कि इस सीट पर अब तक नाम पर अंतिम मुहर नहीं लग सकी है।

वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने नाम उजागर न करने की शर्त पर साई न्यूज से कहा कि बनारस और अमृतसर जैसी सीट जिसमें वरिष्ठ नेता आपस में टकरा रहे थे का मामला सुलटा दिया गया है पर बालाघाट सीट अभी भी अधर में है, इससे लगता है बालाघाट की सीट बनारस और अमृतसर से ज्यादा महत्वपूर्ण हो गई है।

आरआई प्रजापति को टीआई का अतिरिक्त प्रभार

आरआई प्रजापति को टीआई का अतिरिक्त प्रभार

(होली संवाददाता)

सिवनी (साई)। राज्य शासन ने रक्षित निरीक्षक बैजनाथ प्रजापति को तीसरा प्रभार भी सौंप दिया है। अब वे रक्षित निरीक्षक, यातायात प्रभारी के साथ ही साथ नगर कोतवाल का दायित्व भी निभाएंगे।
राजधानी भोपाल से होली संवाददाता ने पुलिस मुख्यालय के हवाले से बताया कि सिवनी में पदस्थ रक्षित निरीक्षक बैजनाथ प्रजापति जिन्हें यातायात प्रभारी की अहम जिम्मेवारी भी सौंपी गई है को नगर कोतवाल का प्रभार भी सौंप दिया गया है। सूत्रों की मानें तो निजी बस ऑपरेटर्स, टैक्सी यूनियन और ट्रांसपोर्ट यूनियन की अनुशंसा पर राज्य शासन द्वारा यह निर्णय लिया गया है।
पुलिस मुख्यालय के सूत्रों ने मसखरे अंदाज में कहा है कि सिवनी की यातायात व्यवस्था बेपटरी पर होने, अवैध यात्री बसों के धड़ल्ले से चलने, बिना परमिट भारी ओवरलोड वाहनों को न पकड़ने, जहां-तहां सवारियां भरने देने की छूट देने पर शासन ने उन्हें यह तीसरा प्रभार सौंपा है।
सूत्रों के अनुसार यातायात के प्रभारी को सूबेदार कहा जाता है और सूबेदार का पद निरीक्षक के समतुल्य ही होता है। सूबेदार को यातायात प्रभारी ही बनाया जाता है। इस लिहाज से सिवनी में इस पद का प्रभार भी बैजनाथ प्रजापति को ही दिया गया है। सूत्रों का कहना है कि इस काम को अंजाम तो पहले ही दे दिया जाता किन्तु सिवनी के दो पहिया वाहन चालकों ने यातायात पुलिस की शिकायत की थी कि यातायात पुलिस द्वारा चौपहिया वाहनों की चैकिंग करने के स्थान पर महज दो पहिया वाहनों पर ही गाज गिराई जाती है। इतिहास में यह संभवतः पहला ही मौका होगा जब राज्य शासन ने किसी रक्षित निरीक्षक को नगर निरीक्षक के पद पर पदस्थ किया हो।

वहीं कुछ वजनदार चौपहिया वाहन चालकों द्वारा इस बात की अनुशंसा की गई थी कि बैजनाथ प्रजापति द्वारा चूंकि उन्हें पकड़ा नहीं जाता है अतः उन्हें नगर निरीक्षक का पद दिया जाए। राज्य शासन ने इस बात को मानकर आदेश जारी कर दिए हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के हुरियारे सूत्रों ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा है कि बैजनाथ प्रजापति जैसे मिलनसार और जिंदादिल अधिकारी के आते ही अब शहर में कानून और व्यवस्था के वही हाल होने वाले हैं जो शहर की यातायात व्यवस्था के हो चुके हैं। वर्तमान नगर निरीक्षक अमित विलास दाणी की पदस्थापना कहां की गई है? उन्हें क्यों और किस आधार पर हटाया गया है? इस बारे में अभी ज्ञात नहीं हो सका है। (होली समाचार)

नेताओं की होली!

नेताओं की होली!

(शरद खरे)

सनातन धर्म में त्यौहारों की लंबी श्रंखला है। एक के बाद एक त्यौहार आता है, और घर परिवार में खुशियां भर जाती हैं। लोकसभा चुनाव के चलते नेताओं की होली पर प्रशासन की कड़ी नजर रहने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके पहले विधानसभा चुनावों के दौरान दीपावली में नेताओं का आनंद किरकिरा हो चुका है।
सिवनी जिले के नेता, होली के रंग में अपनी राजनीति नहीं चमका सकेंगे। यदि किसी मंच से किसी प्रत्याशी के नाम का ऐलान भी होता है तो उसे आचार संहिता का उल्लंघन माना जाएगा। यह कार्यक्रम प्रत्याशी के खाते में दर्ज होगा और उसका खर्च उस प्रत्याशी के नाम पर डाला जाएगा। इसके लिए चुनाव आयोग ने दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। आयोग ने अपने आदेशों में साफ कहा है कि कोई भी प्रत्याशी धार्मिक स्थलों का प्रयोग चुनाव प्रचार के लिए नहीं कर सकता। यद्यपि इस तरह के निर्देश सिवनी में मीडिया में स्पष्ट रूप से नहीं आ पाए हैं, अतः इस पर संशय बरकरार है।
वहीं, कहा जा रहा है कि इसके अतिरिक्त धर्म के आधार पर यदि कोई अपील की जाती है तो उसे भी आचार संहिता का उल्लंघन माना जाएगा। केवल प्रत्याशी व्यक्तिगत तौर पर ही इन कार्यक्रमों में हिस्सा ले सकता है। इसके अतिरिक्त यदि किसी भी कार्यक्रम के दौरान साड़ी, डायरी, कलेंडर, स्टीकर या अन्य कोई सामग्री बांटी जाती है तो उसे रिश्वत देना माना जाएगा, और आयोग के सख्त नियमों के तहत कार्यवाही की जाएगी। इसे आईपीसी की धारा 171 बी के तहत अपराध माना गया है।
होली पर प्रशासन विशेषकर निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों और पुलिस को सतर्क रहने की आवश्यकता है। सिवनी में मतदान दस अपै्रल को होना है। परिसीमन के उपरांत सिवनी लोकसभा का विलोपन हो गया है। बरघाट और सिवनी विधानसभा को बालाघाट में, तो केवलारी और लखनादौन को मण्डला लोकसभा का हिस्सा बना दिया गया है। इन दोनों ही लोकसभा क्षेत्रों में कांग्रेस की ओर से अपने-अपने प्रत्याशी घोषित किए जा चुके हैं। वहीं भाजपा ने मण्डला से प्रत्याशी घोषित किया है। बालाघाट से प्रत्याशी घोषित होना अभी शेष है।

इस लिहाज से निर्वाचन से जुड़े सरकारी महकमों को नेताओं की होली पर बारीक नजर रखने की महती जरूरत महसूस होने लगी है। इसके लिए प्रशासन ने विशेष दलों का गठन भी कर लिया होगा। हो सकता है कि ये सरकारी दल, सियासी नेताओं की हरकतों को कैमरे में भी कैद करेंगे। वहीं, सिवनी को संवेदनशील जिले की फेहरिस्त में रखा गया है। पिछले साल होली के आसपास ही शहर की फिजां में जहर घोलने का प्रयास भी किया गया था। इस लिहाज से पुलिस को भी चौकस रहने की जरूरत है। वैसे शहर में अतिरिक्त पुलिस बल देकर लग रहा है कि पुलिस और प्रशासन ने पर्याप्त व्यवस्थाएं मुकम्मल कर रखी हैं। नागरिकों से भी अपेक्षा की जाती है कि होली जैसे त्यौहार पर सभी, शांति, आपसी भाईचारे एवं प्रेम व्यवहार के साथ इस त्यौहार का आनंद लेकर पानी की फिजूलखर्ची को अवश्य ही रोकें।

मदिरा निर्माण इकाईयों पर है बारीक नजर

मदिरा निर्माण इकाईयों पर है बारीक नजर

(राजेश शर्मा)

भोपाल (साई)। प्रदेश में होने वाले लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सभी देशी-विदेशी मदिरा एवं बीयर निर्माण इकाईयों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है।
इसके लिये प्रत्येक इकाई के निर्गम द्वार पर सी.सी. टी.व्ही. कैमरे लगाये गये हैं। इसके अलावा भण्डार-गृहों पर भी 24 घंटे निगरानी की जा रही है। निगरानी कार्य के लिये फ्लाइंग स्क्वाड एवं स्टेटिक्स सर्विलेंस टीम का भी गठन किया गया है। आबकारी आयुक्त कार्यालय ने सभी जिला आबकारी अधिकारियों को मतदान के 5 दिन पहले से मदिरा दुकानों पर सघन निगरानी किये जाने के निर्देश दिये हैं। जिन मदिरा दुकानों में लोकसभा चुनाव के दौरान पिछले वर्ष के मुकाबले 50 प्रतिशत अधिक बिक्री बढ़ी है, उनकी नियमित समीक्षा किये जाने के लिये कहा गया है।

लोकसभा चुनाव के दौरान निर्वाचन आयोग की तरफ से अपर आबकारी आयुक्त डी.आर. जौहरी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। राज्य-स्तरीय नोडल अधिकारी प्रदेश में आयोग के निर्देशों के पालन की रिपोर्ट नियमित रूप से मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को देंगे। प्रदेश की सभी देशी-विदेशी मदिरा एवं बीयर इकाईयाँ, जो अपना उत्पादन अन्य राज्यों को भेजती हैं, उन इकाईयों को नियमित रूप से अपनी जानकारी से नोडल अधिकारी को सूचित किये जाने के लिये कहा गया है।

संदेहास्पद लेन देन की जानकारी पर नजर

संदेहास्पद लेन देन की जानकारी पर नजर

(संतोष पारदसानी)

भोपाल (साई)। प्रदेश में लोकसभा चुनाव के दौरान उम्मीदवारों के बैंक खाते खोले जाने एवं उनके रख-रखाव के संबंध में जिलों में पदस्थ लीड बैंक मैनेजरों को आवश्यक निर्देश दिये गये हैं।
राज्य के नोडल ऑफीसर एवं लीड बैंक मैनेजर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया तथा जिलों के लीड बैंक मैनेजर समस्त बैंकों से निर्वाचन आयोग के निर्धारित मापदण्ड के अनुसार संदेहास्पद लेन-देन के खातों की जानकारी का एकजाई विवरण प्रतिदिन मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी भोपाल एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को उपलब्ध करवायेंगे। निर्देशों में कहा गया है कि बैंक मैनेजर राजनीतिक दलों एवं उनके सदस्यों के बैंक खातों से एक लाख या उससे अधिक के लेन-देन की जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी को देंगे।

राज्य-स्तर पर लीड बैंक मैनेजर अन्य बैंकों के साथ बैठक कर सप्ताह में प्रति मंगलवार एवं शुक्रवार को समीक्षा करेंगे तथा अपनी रिपोर्ट मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को सौपेंगे। बैंक मैनेजरों से कहा गया है कि नकली नोट बरामदगी की जानकारी तत्काल जिला निर्वाचन अधिकारी को उपलब्ध करवाई जाये। लीड बैंक मैनेजर सेंट्रल बैंक ऑफ इण्डिया डी.के. श्रीवास्तव को राज्य-स्तरीय नोडल ऑफीसर बनाया गया है।

सिवनी में 13 सहायक मतदान केंद्र मंजूर

सिवनी में 13 सहायक मतदान केंद्र मंजूर

(सोनल सूर्यवंशी)

भोपाल (साई)। भारत निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए 494 सहायक मतदान केन्द्र के प्रस्ताव को और मंजूरी दी है। इसके तहत सिवनी में तेरह सहायक मतदान केंद्रों को मंजूरी दी गई।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी जयदीप गोविन्द ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को इन सहायक मतदान केन्द्रों में मतदाता की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश में अब तक 636 सहायक मतदान केन्द्र के प्रस्ताव को मंजूरी दी जा चुकी है।
मुरैना जिले में 21, ग्वालियर में 32, दतिया में 21, गुना में 6, सागर में 2, छतरपुर में 13, पन्ना में 10, सतना में 29, रीवा में 20 एवं सीधी जिले में 14 सहायक मतदान केन्द्र के प्रस्ताव मंजूर किये गये हैं।

इसी तरह सिंगरौली जिले में 16, जबलपुर में 29, डिण्डोरी में 2, सिवनी में 13, नरसिंहपुर में 13, विदिशा में 5, भोपाल में 43, सीहोर जिले में 8, राजगढ़ में 8 और आगर-मालवा जिले में 3 नये सहायक मतदान केन्द्र मंजूर किये गये हैं। निर्वाचन आयोग ने बुरहानपुर जिले में 2, इंदौर में 165, उज्जैन में 11 और मंदसौर जिले में 8 सहायक मतदान केन्द्र के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। प्रदेश में 53 हजार 946 मतदान केन्द्र हैं, जहाँ 29 संसदीय क्षेत्र के लिए 3 चरण में मतदान होगा।

रविवार, 16 मार्च 2014

बारापत्थर के मुख्य चौक पर चोरों का तांडव!


बारापत्थर के मुख्य चौक पर चोरों का तांडव!

देर रात सड़कों पर मंडराते हैं आवारा तत्व, पुलिस का हो गया खौफ समाप्त

(अखिलेश दुबे/अय्यूब कुरैशी)

सिवनी (साई)। शहर के पॉश इलाके बारापत्थर का हृदय स्थल कहा जाने वाला बाहुबली चौक, चोरों के निशाने पर आ चुका है। शुक्रवार और शनिवार की दर्मयानी रात में चौक पर ही स्थित श्री मोबाईल वर्ल्ड के शटर का ताला तोड़कर, चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। सुबह चाय, समोसे का ठेला लगाने वालों ने दुकान का खुला शटर देख, इसके मालिक रत्नेश चौधरी को बुलाया तथा इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यवाही को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात बारापत्थर चौक पर ही स्थित श्री मोबाईल वर्ल्ड की छोटी शटर का ताला चोरों द्वारा तोड़ दिया गया। आश्चर्य की बात यह है कि चोरों के द्वारा सेंटर लॉक को भी तोड़ा गया है। चौक पर वैसे भी आवाजाही ज्यादा ही हुआ करती है। देर स्याह रात में दो-तीन मरकरी की रोशनी में चोरों द्वारा पत्थरों से बार-बार दुकान के कांच को भी तोड़ा गया प्रतीत हो रहा है। एक पत्थर लगभग दस बारह फिट अंदर की टेबिल से जाकर टकराया है, जिससे टेबिल भी क्षति ग्रस्त हो गई।
दुकान के संचालक के अनुसार सुबह जब उन्होंने आकर देखा तो उनके कैश काउंटर से लगभग आठ से दस हजार रूपए गायब थे। कुछ सौ और पांच सौ रूपए के नोट वहां नीचे गिरे हुए थे। मोबाईल के मंहगे हेण्ड सेट चोरों द्वारा पार कर दिए गए, किन्तु राहत की बात यही मानी जाएगी कि जो हेण्ड सेट चोरों द्वारा ले जाए गए हैं वे महंगे मोबाईल की नकली प्रतिकृति यानी डेमो पीस ही थे, जो चोरों के किसी काम के नहीं माने जा सकते हैं।
पहले भी घट चुकी हैं घटनाएं

गौरतलब है कि बाहुबली चौक पर इसके पहले भी चोरी की वारदातें घट चुकी हैं। इसके पहले शिवा मोबाईल, लाईफ मेडीकोज, स्मार्ट कंप्यूटर्स आदि में भी चोरी की कोशिश की गई थी। ये सभी दुकानें जिस स्थान पर अवस्थित हैं, वह अस्पताल के करीब है अतः देर रात तक यहां चहल-पहल बनी रहती है और अलह सुब्बह चार बजे से पुनः टहलने वालों का तांता यहां लग जाता है।
शोभा की सुपारी बन चुकी है पुलिस चौकी!

जिला चिकित्सालय परिसर में बनी इस दुकान से महज पचास मीटर दूर ही कोतवाली पुलिस की एक पुलिस चौकी भी कार्यरत है। जिला चिकित्सालय मेें आने वाले मेडीकोलीगल प्रकरणों के लिए इस चौकी को बनाया गया है। इस चौकी के आसपास भी शराब खोरी और अन्य अनैतिक गतिविधियां धड़ल्ले से जारी रहती हैं।
एसपी बंग्ला है करीब

घटना स्थल से पुलिस अधीक्षक का बंग्ला लगभग डेढ़ सौ मीटर, तो कलेक्टर निवास महज दो सौ मीटर के करीब ही होगा। वहीं, इस मार्ग का उपयोग पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ, नगर पुलिस अधीक्षक आदि के द्वारा किया जाता है। यहां यह उल्लेखनीय होगा कि जहां चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है वहां रात बारह बजे तक पुलिस का एक प्वाईंट भी रहता है। पुलिस सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि रात बारह बजे के बाद इस चौराहे को पुलिस के मोटर सायकल वाले उड़न दस्ते ‘ब्रेकर‘ के हवाले कर दिया जाता है।
नगर कोतवाल थे रात्रि गश्त पर

वहीं, पुलिस सूत्रों ने आगे बताया कि शुक्रवार और शनिवार की दर्मयानी रात में कोई और नहीं खुद नगर कोतवाल अमित विलास दाणी ही रात्रि गश्त पर थे। उन्होंने बताया कि पुलिस के ब्रेकर का ध्यान बाहुबली चौक, पुराने आरटीओ और एसीपी बंग्ले के पास वाले क्षेत्र पर ज्यादा और बाकी पूरी बीट पर बराबर रहता है। यहां यह उल्लेखनीय होगा कि पुलिस अधीक्षक के निवास पर वैसे भी पुलिस के जवान मौजूद रहते हैं, फिर एसपी बंग्ले की बाहर से सुरक्षा के लिए अतिरिक्त में पुलिस बल की आवश्यकता समझ से परे ही है।
निष्क्रिय ही रहती है पुलिस

वहीं बाहुबली चौक के व्यापारियों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि देर रात बाहुबली चौक से सर्किट हाउस वाले चौराहे तक के मार्ग में अण्डों के ठेलों आदि में सरेआम होने वाली शराब खोरी के चलते यहां जरायम पेशा लोगों के एकत्र होने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। उनके अनुसार इस मार्ग पर शराबियों के जमघट और आपस में होने वाले विवादों के बारे में अनेक बार पुलिस कंट्रोल रूम एवं कोतवाली पुलिस को सूचना देने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंचती है, जिससे जरायम पेशा लोगों के हौसले बुलंदी पर ही होते हैं। कई बार विवाद होने के बाद भी पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंचने से व्यापारियों का मनोबल पस्त हो रहा है।
कल ही बढ़ाई थी गश्त
वहीं, पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सूत्रों ने साई न्यूज को बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शुक्रवार से ही पुलिस जवानों की तादाद में बढ़ोत्तरी कर गश्त तेज कर दी गई थी, बावजूद इसके मुख्य चौराहे पर ही इस तरह की घटना घट गई। कोतवाली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि पीसीआर वेन को रात में गश्त न करने का फरमान रक्षित निरीक्षक बैजनाथ प्रजापति द्वारा दिया गया है। गौरतलब है कि पुलिस के वाहनों में डीज़ल पेट्रोल की व्यवस्था का जिम्मा पुलिस लाईन की एमटी शाखा का होता है। वहीं इस संबंध में बैजनाथ प्रजापति (9425389328) ने कहा कि उनके द्वारा इस तरह का कोई आदेश नहीं दिया गया है। पुलिस की गश्त जारी है, और कोतवाली पुलिस का काम गश्त करने का है।
शराब खोरी की शिकायत आबकारी विभाग से करें: जोगा
इस संबंध में जब उप पुलिस महानिरीक्षक उमेश जोगा से चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि लड़ाई-झगड़े के मामले में कार्यवाही करने का काम निश्चित तौर पर पुलिस का है, पर अगर कहीं शराबखोरी हो रही है तो उसकी शिकायत आबकारी विभाग से की जानी चाहिए। अगर आबकारी विभाग बात न सुने तब पुलिस इस तरह के मामले में कार्यवाही करेगी। उन्होंने कहा कि अगर मुख्य चौक पर ही चोरी की वारदात हुई है, तो इस संबंध में जरूर कार्यवाही की जाएगी।

क्यों नहीं हुई अब तक इन नाबालिगों की मुसाफिरी दर्ज!


क्यों नहीं हुई अब तक इन नाबालिगों की मुसाफिरी दर्ज!

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। जिला मुख्यालय में इन दिनों रेहड़ी (हाथ ठेला लगाकर) जूस बेचने वालों की भारी तादाद, लोगों के कौतुहल का विषय बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर भर के मुख्य चौक चौराहों सहित अनेक स्थानों पर मोसंबी सहित अनेक प्रकार के जूस हाथ ठेलों पर मिल रहे हैं। इन जूस को बेचने वाले बच्चे नाबालिग बताए जा रहे हैं। बताया जाता है कि ये सभी उत्तर प्रदेश से जीविकोपार्जन हेतु सिवनी आए हैं।
भारी तादाद में बाहर से सिवनी आए इन ‘नन्हे व्यापारियों‘ ने क्या कोतवाली सिवनी में आमद दर्ज करवाई है? क्या श्रम विभाग की नजरें इन पर पड़ सकी हैं? क्या ये बच्चे यहां किसी शाला में अध्ययन का कार्य कर रहे हैं? इस तरह के प्रश्न अभी भी अनुत्तरित ही हैं।
लोगों की मानें तो ये जूस बेचने वाले भी शहर में छोटी मोटी चोरी की वारदातों को अंजाम दे सकते हैं, क्योंकि यह भी देखा जा रहा है कि इनमें से अधिकांश चेहरे हर पखवाड़े बदलते दिख रहे हैं। कहा जाता है कि बाहर से जीविकोपार्जन करने आने वालों की मुसाफिरी कोतवाली में अवश्य ही दर्ज करवाई जाना चाहिए। अगर यह नहीं हुआ है तो यह निश्चित तौर पर कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्नवाचक चिन्ह ही माना जाएगा। इसके साथ ही साथ बच्चों से काम करवाने के विरोध में बने कानूनों का जिला मुख्यालय में सरेराह मज़ाक उड़ रहा है, पर जिला प्रशासन मौन ही है।

राहुल ने चुनाव सर्वेक्षणों को मजाक बताया


राहुल ने चुनाव सर्वेक्षणों को मजाक बताया

(सोनाली खरे)

नई दिल्ली (साई)। राहुल गांधी ने शनिवार को इन आंकलनों को मजाक बताया कि आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मात्र सौ सीटें ही मिल पाएंगी। उन्होंने कहा कि ओपिनियन पोल कानून नहीं हैं और नरेन्द्र मोदी एवं भाजपा के सत्ता में आने का कोई सवाल ही नहीं है।
 गूगल हैंगआउट पर पार्टी कार्यकर्ताओं से चर्चा करते हुए कांग्रेस नेता ने मोदी सहित वरिष्ठ नेताओं की उम्मीदवारी को लेकर भाजपा के अंदर मचे घमासान की खबरों को लेकर भी मुख्य विपक्षी दल पर निशाना साधा। राहुल ने कहा कि सौ सीटों की बात मजाक है और आपको इसे समझना होगा। विपक्ष का सारा प्रचार आपको हतोत्सहित करने का है। अगर आप हतोत्साहित नहीं होते हैं तो हम उन्हें जोरदार टक्कर देंगे।
इस सवाल पर कि अगर कांग्रेस को सौ सीटें मिलीं तो चुनाव के बाद कांग्रेस क्या करेगी, उन्होंने कहा कि अगर आपके दिमाग में कोई शंका नहीं है तो हमें दो सौ से ज्यादा सीटें मिल रही हैं। पूरा खेल कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निरूत्साहित करने, उनके मन में शक पैदा करने का है।
पहली बार हम 2004 में चुनाव लड़े हर एक ओपिनियन पोल में कहा गया कि हम बुरी तरह पराजित होने जा रहे हैं। कांग्रेस ने वह चुनाव जीता। 2009 में हर एक ओपिनियन पोल ने कहा कि हम पराजित होने जा रहे हैं हमने अपने आंकड़े को दोगुना किया।
राहुल गांधी ने कहा कि हम अब तीसरा चुनाव लड़ रहे हैं। वे हमेशा कहते हैं कि कांग्रेस अच्छा नहीं करेगी। हम इस धारणा के साथ शुरू न न करें कि ओपिनियन पोल कानून हैं। हमें एक मजबूत चुनाव लड़ना है। उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों के पार्टीजन से विपक्ष की चाल में न फंसने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसी पार्टी है जो क्रांति में विश्वास करती है जबकि भाजपा रूढ़िवाद और जड़ता की प्रतीक है।
उन्होंने उम्मीदवार चुनने के लिए कांग्रेस पार्टी द्वारा शुरू की गई प्राइमरी योजना की प्रशंसा करते हुए कहा कि अगर आप हमारे विरोधियों को देखें, हर एक उम्मीदवार का चुनाव एक व्यक्ति द्वारा होता है। उनके वरिष्ठ नेता कह रहे हैं कि हर एक उम्मीदवार का चयन एक व्यक्ति द्वारा होता है। वह एक दिशा की ओर बढ़ रहे हैं और हम पूरी तरह से अलग दिशा की ओर बढ़ रहे हैं।

अमृतसर को छोड़ कहीं और से नहीं लड़ूंगा चुनाव: सिद्धू


अमृतसर को छोड़ कहीं और से नहीं लड़ूंगा चुनाव: सिद्धू

(मणिका सोनल)

नई दिल्ली (साई)। लगातार तीन बार से अमृतसर लोकसभा चुनाव सीट जीतते आ रहे नवजोत सिंह सिद्धू संभवतः इस बार यहां से उम्मीदवार नहीं बनाए जाने से सख्त नाराज है और उन्होंने भाजपा आलाकमान से कह दिया है कि वह इसके अलावा कहीं और से चुनाव नहीं लड़ेंगे।
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष अरुण जेटली को अमृतसर से उम्मीदवार बनाने के बारे में पार्टी विचार कर रही है। भाजपा संसदीय बोर्ड की शनिवार को हुई बैठक में सिद्धू ने कहा कि जेटली को अमृतसर से उम्मीदवार बनाने में उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन वह कहीं और से चुनाव नहीं लड़ेंगे।
सिद्धू ने कहा, ‘अमृतसर मेरी कर्मभूमि है और मेरे गुरु का स्थल है। मैंने जनता से वायदा किया है कि मैं या तो अमृतसर से लडूंगा या फिर लड़ूंगा ही नहीं। मैं अपने इस प्रण पर आज भी कायम हूं।‘ सूत्रों ने बताया कि भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में आज सिद्धू को उनके विचार रखने के लिए बुलाया गया था। उनके सामने दिल्ली की एक सीट, चंडीगढ़ या कुरूक्षेत्र से इस बार चुनाव लड़ने की पेशकश की गई।
उन्होंने हालांकि कहा कि अगर पार्टी जेटली को अमृतसर से उतारना चाहती है तो वह इसका स्वागत करते हैं लेकिन उनका कहीं और से चुनाव लड़ने का इरादा नहीं है। पूर्व क्रिकेटर ने कहा, ‘भाजपा और जेटली से मेरे रिश्ते पवित्र हैं। वह मेरे परामर्शदाता हैं। त्याग का एक पवित्र रिश्ता है। पार्टी जो भी निर्णय करेगी, मैं स्वागत करूंगा। लेकिन सिद्धू इस त्याग के बदले में कुछ मांगेगा नहीं।‘ बार बार यह पूछे जाने पर कि अमृतसर की सीट अगर उन्हें नहीं दी जाती है तो वह उसके बदले में क्या लेंगे, उन्होंने कहा कि वह सौदेबाजी में यकीन नहीं करते हैं और पार्टी से उन्होंने कभी कुछ नहीं मांगा।