गुरुवार, 7 जून 2012

पूर्वोत्तर में गर्मी का प्रकोप


पूर्वोत्तर में गर्मी का प्रकोप
(जागृति बरूआ)
नई दिल्ली (साई)। देश के पूर्वी भागों में गर्मी का प्रकोप जारी है। लेकिन उत्तरी इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा से गर्मी में कुछ कमी आई है। ओड़िशा में कुछ स्थानों पर तापमान ४७ डिग्री सेल्सियस को पार कर  गया है। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की संवाददाता के अनुसार यह स्थिति आगे आने वाले दिनों में भी जारी रहने की संभावना है।
ओडिशा के कई भागों में तापमान ४७ डिग्री से भी ऊपर पहुंच गया है। तलचर में तापमान ४७ दशमलव तीन डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी भुवनेश्वर में तापमान ४६ दशमलव सात डिग्री सेल्सियस रहा जो पिछले ४० वर्षों में सबसे अधिक है। तेज गर्मी के कारण राज्य में सामान्य जीवन बुरी तरह से प्रभावित है। पश्चिमी ओडिशा  में पीने के पानी की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि यह स्थिति अगले ४८ घंटों तक जारी रह सकती है।
उधर कोलकता से साई ब्यूरो दीपाली दास ने बताया कि पश्चिम बंगाल में तेज गर्मी को देखते हुए सरकार ने स्कूल अधिकारियों को गर्मी की छुट्टियां और १० दिन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इस बीच, राज्य में विभिन्न जिलों में गर्मी के कारण कुछ और लोगों के मरने की खबर है। खबरों में बताया गया है कि पिछले ४८ घंटों में दक्षिण बंगाल के विभिन्न जिलों में लू लगने से कम से कम ४६ लोग मारे गए हैं।
उधर, समूचे झारखंड में कल तेज गर्मी के कारण ४६ लोगों की मौत हो गई। हमारे संवाददाता ने बताया है कि सबसे ज्यादा मौतें बोकारो जिले में हुईं, जबकि दुमका और धनबाद में सात - सात लोगों के मरने की खबर है। दिल्ली में कल वर्षा की बौछार से गर्मी से कुछ राहत मिली है। आज भी हल्की बारिश की संभावना है। उत्तर प्रदेश में वर्षा होने से अलीगढ़, हापुड, इलाहाबाद और आगरा मंडलों में तापमान में कुछ कमी आई है। राजस्थान में भी तापमान में कुछ कमी आई है।    
इस बीच दक्षिण पश्चिम मानसून कल केरल तट पर पहुंच गया। मौसम विभाग के निदेशक बी पी यादव ने आकाशवाणी को बताया कि केरल तट पर कुछ दिनों से बारिश हो रही है, लेकिन बारिश की जो विशेषतायें हैं, उससे पता चलता है कि मानसून अब पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि पूरे केरल में मानसून की वर्षा हो रही है।

कोई टिप्पणी नहीं: