सोमवार, 30 जुलाई 2012

मध्य भारत बारिश से सराबोर


मध्य भारत बारिश से सराबोर

उत्तर भारत में उमस से राहत

(प्रियंका श्रीवास्तव)

नई दिल्ली (साई)। श्रावण की समाप्ति के समय उमस से झुलस रहे उत्तर भारत को कुछ सुकून मिला है। देश के कुछ उत्तरी भागों में सामान्य से भारी वर्षा के कारण उमस से राहत मिली है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कल अधिकतम तापमान ३१ दशमलव ८ डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम २७ दशमलव ९ डिग्री सेल्सियस रहा। दिल्ली के कुछ भागों में हल्की वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली में एक या दो बार बारिश होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो से दीपांकर श्रीवास्तव ने बताया कि सूबे के कुछ भागों में सामान्य से लेकर भारी वर्षा हुई। राज्य में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। बारिश से जुड़ी घटनाओं में कल सोनभद्र और फर्रूखाबाद जिलों में दो बच्चों सहित तीन लोग मारे गए।
इसके अलावा राजस्थान के जयपुर से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो शैलेन्द्र ने बताया कि राज्य में कई स्थानों पर सामान्य बारिश हुई। राज्य में सामान्य बारिश से कुछ राहत की सांस महसूस की जा रही है। महाराष्ट्र के कोल्हापुर में भी बारिश हुई। छग में भी कहीं कहीं बारिश होने की खबर है।
मध्य प्रदेश से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो से सोनल सूर्यवंशी ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून पश्चिमी मध्य प्रदेश में अधिक सक्रिय है। उन्होंने खबर दी है कि इंदौर, उज्जैन, सिहोर, हरदा, शाहजहांपुर, विदिशा, रायसेन और हौशंगाबाद जिलों में तेज बारिश के चलते नदी और नाले उफान पर आ गए हैं।
राज्य में वहीं बड़ी नदियों नर्मदा, शिप्रा, कालीसिंद, पार्वती और बेनगंगा खतरे के निशान को छू रही हैं। भारी बारिश के चलते प्रदेश में मरने वालों की संख्या ६ हो गई है। शाजापुर जिले में राहत और बचाव कार्य के लिए सेना को बुलाया गया है। वहीं राज्य सरकार ने बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने के लिए हेलीकॉप्टर की सेवाएं भी ली है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी मंत्रियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति पर निरंतर नजर रखें।

कोई टिप्पणी नहीं: