मंगलवार, 21 अगस्त 2012

पर्यटन के लिये टूरिज्म विजन-2020 बनेगा


पर्यटन के लिये टूरिज्म विजन-2020 बनेगा

(राजेश शर्मा)

भोपाल (साई)। प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए टूरिज्म विजन -2020 बनाया जायेगा। विजन के अंतर्गत प्रदेश में पर्यटन से संबंधित गतिविधियों के लिए मास्टर प्लान बनेगा। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने यह निर्देश आज यहाँ पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान दिये। बैठक में पर्यटन मंत्री श्री तुकोजीराव पॅवार और मुख्य सचिव श्री आर. परशुराम भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश के सभी पर्यटन-स्थलों की रोड कनेक्टिविटी, स्वच्छता और आवास व्यवस्थाओं को विजन में शामिल किया जाये। पर्यटन के नये स्थल विकसित किये जाये। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएँ हैं। पर्यटन राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता वाला क्षेत्र है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देश दिये कि विदेशी पर्यटकों को प्रदेश के पर्यटन के लिए आकर्षित करने की रणनीति बनायी जाये। पर्यटन प्रोत्साहन के लिए इवेन्ट आयोजित किये जाये। उन्होंने कहा कि 13वें वित्त आयोग से प्राप्त राशि समय-सीमा में व्यय करें।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में आने वाले पर्यटकों की संख्या में पिछले वर्ष 16 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। सूरत और वाराणसी में पर्यटन निगम के कार्यालय शुरू हुए हैं। प्रदेश के प्रत्येक जिले में पर्यटन केन्द्रों को विकसित करने की योजना बनाई गयी है। इन्दौर में शुरू किये गये होटल प्रबंध संस्थान का भवन आगामी मार्च माह तक बन जायेगा। पुष्कर मेले की तरह अलीराजपुर और झाबुआ में भगोरिया उत्सव की योजना बनायी गई है।
बैठक में प्रमुख सचिव पर्यटन श्री एस.पी.एस. परिहार, प्रमुख सचिव वित्त श्री अजयनाथ और राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक श्री राघवेन्द्र सिंह भी उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं: