सोमवार, 20 अगस्त 2012

कांडा भोग रहा व्हीआईपी सुविधाएं


कांडा भोग रहा व्हीआईपी सुविधाएं

(अनेशा वर्मा)

गुडगांव (साई)। गीतिका शर्मा सूइसाइड केस में आरोपी और हरियाणा के पूर्व गृह राज्य मंत्री गोपाल कांडा ने रविवार को गुड़गांव में करीब 4 घंटे आराम से बिताए। भले ही वह दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में हो, लेकिन रविवार को उसको घर जैसा माहौल मिला। इतना ही नहीं उसने बाकायदा घर का बना लंच किया और कपड़े भी बदले।
एमडीएलआर के ऑफिस में उसने वकीलों से करीब एक घंटे तक चर्चा भी की। उसने मीडिया के सामने अपने आप को निर्दाेष बताया। उसने कहा कि पुलिस अपना काम कर रही है। जांच के बाद यह साबित हो जाएगा कि उसका इस केस से कोई लेना-देना नहीं है।
रविवार दोपहर दिल्ली पुलिस की 3 पीसीआर वैन गोपाल कांडा को लेकर सिविल लाइन के एमडीएलआर ऑफिस आई। कांडा उस समय पूरी तरह से थका हुआ लग रहा था। उसने काली लाइन वाली शर्ट पहनी हुई थी। अपने कंधों पर नीले रंग का टावल डाल रखा था। पीसीआर से उतरने के बाद वह 3 पुलिस अधिकारियों के साथ लिफ्ट से ऑफिस में ऊपर गया। इसके बाद जब वह करीब सवा तीन बजे ऑफिस से निकला तो बिल्कुल फ्रेश दिख रहा था। उसके चेहरे पर थकान नहीं थी। उसने काले रंग की शर्ट पहन रखी थी।
कांडा के इस ऑफिस में पहुंचने के आधे घंटे बाद एक राजस्थान नंबर की सेंट्रो कार आई। बताया जा रहा है कि उसमें उसकी बहन अपने परिजनों के साथ खाना लेकर आई थी। उसने यहां पर घर का खाना खाया। कपड़े चेंज किए। इतना ही नहीं उसने अपने दो वकीलों से करीब एक घंटे तक बातचीत की।
यह बातचीत डेढ़ से ढाई बजे की बीच हुई। इसके बाद दिल्ली पुलिस की टीम उसे उसके सिविल लाइन स्थित निवास पर ले गई। यहां पर आधा घंटा रहने के बाद टीम दिल्ली के लिए रवाना हो गई। लोगों में कांडा को लेकर कई तरह की चर्चाएं थी। कांडा को देखने के लिए लोगों की भीड़ उसके ऑफिस व निवास स्थान पर जमा थी।

कोई टिप्पणी नहीं: