सोमवार, 6 अगस्त 2012

अचानक धरती धंसी और पाताल की तरफ चल पड़ी कार


अचानक धरती धंसी और पाताल की तरफ चल पड़ी कार

(आंचल झा)

रायपुर (साई)। छत्तीगढ़ के दुर्ग में एक अजीबो गरीब घटना प्रकाश में आई है। एकाएक लगा मानो धरती फटी और कार पाताल की तरफ चल पड़ी।  लेकिन असल बात यह है कि कालोनी निर्माण के दौरान हुई लापरवाही और समस्या की अनदेखी के कारण आज कर्मचारी नगर में एक बड़ी घटना घटी। घर के सामने बने कुआंनुमा सोकपिट के धसकने से इसके ऊपर खड़ी कार डूब गई। बाद में इसे निकाला गया। सोकपिट निर्माण में लापरवाही और इसके जर्जर होने के बावजूद इसकी फिलिंग न करने के कारण ये घटना घटी।
सोकपिट का निर्माण लगभग 25 साल पहले किया गया था। केंद्रीय कर्मचारी नगर गृह निर्माण समिति के तत्कालीन अध्यक्ष पीबी शेल्लारे के कार्यकाल में कालोनी निर्माण के दौरान मकान क्रमांक सी 16 के सामने काफी बड़ा सोकपिट बनाकर उसके ऊपर ढलाई की गई थी। बाद में इस सोकपिट का इस्तेमाल बंद हो गया, लेकिन सोकपिट की फिलिंग का काम नहीं हुआ।
सी 16 निवासी आरएस नाखले के घर के गेट के सामने बने इस सोकपिट को लापरवाही से छोड़ने के कारण यहां पर अक्सर कार या अन्य वाहन खड़े किए जाते हैं। श्री नाखले के पुत्र कोरबा से दुर्ग आए थे। उनकी नई कार सोकपिट के ठीक ऊपर खड़ी थी। सुबह करीब 9 बजे सोकपिट के धंसने के कारण पूरी कार नीचे समा गई। घटना के समय कार के भीतर कोई भी नहीं था। इसके कारण बड़ी अनहोनी टल गई। बाद में जेसीबी की मदद से कार को बाहर निकाला गया। कर्मचारी नगर हाउस आनर एसोसिएशन के अध्यक्ष डी प्रकाश ने बताया कि कर्मचारी नगर गृह निर्माण समिति के वर्तमान अध्यक्ष कालोनी का रखरखाव करने में पूरी तरह नाकाम हैं। लोगों को मूलभूत सुविधा भी नहीं मिल रही है।
पूर्व में की गई ऐसी भीषण लापरवाही लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है। श्री प्रकाश ने खतरनाक सोकपिट की फिलिंग तत्काल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसा न होने पर किसी भी तरह की अनहोनी के लिए पूर्व व वर्तमान अध्यक्ष समेत शासन-प्रशासन भी जिम्मेदार होगा।

कोई टिप्पणी नहीं: