सोमवार, 10 सितंबर 2012

रातों रात आग लग गई नेताओं की संपत्ति में


रातों रात आग लग गई नेताओं की संपत्ति में

(प्रियंका)

नई दिल्ली (साई)। यह चमत्कार संभवतः भारत गणराज्य में ही होता है कि जनता की सेवा करने वाले नेताओं की संपत्ति में दिन दूनी रात चौगनी बढ़ोत्तरी होती है। इस गरीब देश में जहां दो तिहाई से ज्यादा आबादी को दो वक्त की रोटी नसीब नहीं है वहीं जनता की सेवा करने वाले नेताओं के पास अकूत दौतल है।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह रुतबे में भले ही अपने कैबिनेट मंत्रियों से बड़े हैं, लेकिन बात जब पैसे की हो तो कई मंत्री उनसे काफी आगे हैं। पीएम की संपत्ति जहां 10.73 करोड़ है वहीं प्रफुल्ल पटेल 52 करोड़ के साथ उनसे काफी आगे हैं। हालांकि, मनमोहन सिंह की संपत्ति पिछले साल के मुकाबले बढ़कर दोगुनी हो गई है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की वेबसाइट पर अपडेट की गई जानकारी के मुताबिक, प्रफुल्ल पटेल जहां धनवान कैबिनेट मंत्रियों की लिस्ट में शुमार हैं वहीं रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी के पास सबसे कम पैसा है। उनकी संपत्ति 55 लाख रुपये है। केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार के पास 22 करोड़ की संपत्ति है।
मनमोहन सिंह ने जो जानकारी दी है उसके मुताबिक उनके पास कुछ आवासीय संपत्तियां, बैंक डिपॉजिट और एक मारुति 800 कार है। चंडीगढ़ और दिल्ली में उनके दो फ्लैट्स हैं जिनकी कीमत 7.27 करोड़ है। पीएम की संपत्ति पिछले साल के मुकाबले दोगुनी हो गई है। पिछले साल उनके पास 5.11 करोड़ की संपत्ति थी। पीएमओ सूत्रों का कहना है कि पीएम के पास जो चीजें थीं वह उतनी ही हैं, हालांकि उनकी कीमत बढ़ गई है।

कोई टिप्पणी नहीं: