शनिवार, 24 दिसंबर 2011

सुरक्षा बलों के चिकित्सक संभालेंगे अस्पतालों की कमान


सुरक्षा बलों के चिकित्सक संभालेंगे अस्पतालों की कमान



(उमेश सोनी)

नई दिल्ली (साई)। राजस्थान में सरकार ने सरकारी अस्पतालों में सेना, सीमा सुरक्षा बल और रेलवे के डाक्टर तैनात करने का फैसला किया है। राज्य में सरकारी अस्पतालों के डाक्टरों की हड़ताल का आज चौथा दिन है। हड़ताली डॉक्टरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए सरकार ने राजस्थान आवश्यक सेवा रख रखाव कानून के अंतर्गत ३०० से अधिक डॉक्टरों को गिरतार किया है। गौरतलब है कि वेतन में समानता और समयबद्ध पदोन्नति की मांग को लेकर सेवारत और रेजीडेंट डॉक्टर बुधवार से हड़ताल पर हैं।
नव नियुक्त ३२७ चिकित्सकों के कामकाज संभाल लेने से हालात सुधरने की संभावना है। मेडिकल टिचर्स ने भी आज सामूहिक अवकाश पर जाने के निर्णय को वापस ले लिया है। हड़ताल जारी रहने से प्रदेश के विभिन्न जिलों में मरीजों को मुश्किलों का सामना पड़ रहा है। समय पर ईलाज नहीं मिल पाने के कारण अब तक चौबीस मरीज दम तोड़ चुके हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कल जयपुर में एक उच्चस्तरीय में हालात की समीक्षा की और डॉक्टरों से काम पर लौटने की अपील की।

मुंबई में भीषण आग


मुंबई में भीषण आग

(अतुल खरे)

मुंबई (साई)। मुंबई के एक उपनगरीय इलाके में कल महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम परिसर में आग लग गई। यह आग आकृति ट्रेड सेंटर की छठी मंजिल में लगी और सातवीं मंजिल तक फैल गई। इस परिसर में कई कंपनियों के कार्यालय हैं। आग के कारण किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। बताया जाता है कि आग बुझाने के लिए १५ दमकल गाड़ियों को लगाया गया।

कांग्रेस के 58 उम्मीदवार घोषित


कांग्रेस के 58 उम्मीदवार घोषित

(श्वेता यादव)

लखनऊ (साई)। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों के लिए और ५८ उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। कांग्रेस के सूत्रों ने बताया है कि कांग्रेस महासचिव ऑस्कर फर्नांडिज ने कल पार्टी उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी की। इसके साथ ही राज्य की ४०३ विधानसभा सीटों में से ३१५ पर कांग्रेस अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी है।
कांग्रेस ने ३१ महिलाओं को टिकट दिया है और राज्य की ८५ सुरक्षित सीटों में से ६५ पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। कांग्रेस ने अजित सिंह के साथ हाल में हुए चुनावी गठबंधन के तहत करीब ४५ सीटें उनकी पार्टी राष्ट्रीय लोकदल के लिए छोड़ी है।

पंजाब में आकाली दल की पहली सूची जारी


पंजाब में आकाली दल की पहली सूची जारी

(विक्की आनंद)

चंडीगढ़ (साई)। पंजाब में सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल ने राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के ४८ उम्मीदवारों की पहली सूची घोषित कर दी है। इसमें २४ मौजूदा विधायक, नौ पूर्व विधायक, एक पूर्व सांसद और ११ नये चेहरे हैं। सूची में १७ युवा और नौ महिलाएं शामिल हैं। सभी मंत्रियों और पंजाब विधानसभा अध्यक्ष को इस सूची में शामिल किया गया है। एक सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक और एक आईएएस अधिकारी को भी पार्टी ने उम्मीदवार बनाया हैं। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल लाम्बी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।

कपास उत्पादकों के लिए वित्तीय सहायता की घोषणा

कपास उत्पादकों के लिए वित्तीय सहायता की घोषणा



(आशीष कौशल)

नागपुर (साई)। कांग्रेस की सरकार को अंततः संकटग्रस्त कपास उत्पादकों की सुध आ ही गई है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने संकट से जूझ रहे कपास उत्पादकों को प्रति हेक्टेयर चार हजार रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है। विदर्भ, मराठवाड़ा तथा खानदेश क्षेत्रों के सोया और धान उत्पादकों के लिए भी दो हजार रुपये प्रति हेक्टेयर की वित्तीय सहायता का एलान किया गया है।
राज्य के आपदा ग्रस्त किसानों की मदद के लिए इसी सत्र में घोषित दो हजार करोड़ रुपयों के विशेष पेकैज के बारे में मुख्यमंत्री श्री पृथ्वीराज चौहान ने बताया कि इससे कपास के सभी उत्पादको के साथ २५ प्रतिशत से अधिक नुकसान को झेलने वाले सोयाबीन तथा धान उत्पादकों भी राहत दी जाएगी। राज्य के लगभग ८५ लाख हेक्टर्स क्षेत्र के किसान इससे लाभांवित होंगे। धान तथा सोयाबीन के पिछले दस वर्षों में तीन सबसे बढ़िया उत्पादन वाले वर्षों के आधार पर नुकसान का मूल्यांकन होगा।

युवक कांग्रेस फिर हुई शर्मसार !


युवक कांग्रेस फिर हुई शर्मसार !

मीनाक्षी मेडम द्वारा अवांछितों को पालने पोसने के अब आ रहे है दुष्परिणाम !



(आशीष सेठी)

नीमच (साई)। टीम राहुल की महत्वपूर्ण सदस्य सांसद मीनाक्षी नटराजन के संसदीय क्षेत्र में ही कांग्रेस के कारिंदे उन्हें और कांग्रेस पार्टी को शर्मसार किए हुए हैं। बताया जाता है कि मीनाक्षी नटराजन की सिफारिश पर जिला एवं युवक कांग्रेस में जिन पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है वे ही पार्टी का नाम डुबाने का काम कर रहे हैं।
गौरतलब है कि सांसद मेडम मीनाक्षी नटराजन कांग्रेस की राष्ट्रीय स्तर की सचिव होकर युवक कांग्रेस की भी प्रभारी है। पर, देखने में आ रहा है कि नीमच जिले में सांसद की अनुशंसा पर बनाये गये कांग्रेस के पदाधिकारी कांग्रेस को ओर खुद सांसद को अपने कारनामों से लगातार आम जनता में शर्मसार कर रहे है!
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले युवक कांग्रेस का एक जिला स्तर का पदाधिकारी नीमच में  देर रात को नशे पत्ते मंे दारू की बोटल हाथ में लेकर उधम मचाता पाया गया था और बाद में वो पुलिस के हाथों जमकर पिटा था। फिर एक ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष दारू के नशे में सड़क पर गिरा पाया गया और अपना चेहरा लहु लुहान कर बैठा।
ये मामले अभी सुर्खियों में ही थे कि कल जीरन में युवक कांग्रेस का अध्यक्ष रमेश राजोरा कांग्रेस को शर्मसार कर बैठे। बताया जाता है कि वे सांसद मीनाक्षी नटराजन का नाम लेकर जीरन के पुलिस वालों को चमका रहे थे। यह सब होने के बाद पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए उक्त नेता जी को पुलिस पिकप में थाने ले जाया गया।

नशीला पदार्थ रखने के आरोप में 14 साल की कैद


नशीला पदार्थ रखने के आरोप में 14 साल की कैद



(श्वेता यादव)

पटना (साई)। राजधानी पटना में एक स्थानीय अदालत ने नशीला पदार्थ स्मैक की तस्करी का दोषी करार देते हुए एक व्यक्ति को 14 वर्ष की जेल तथा एक लाख रुपए के जुर्माने की सजा सुनाई। आरोपी के पास से 61 स्मेक की पुड़िया और 300 ग्राम स्मेक बरामद किए जाने की चर्चा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ओपी सिन्हा ने दीघा थाना क्षेत्र अंतर्गत टीटीआई कालोनी से 61 पुड़िया और 300 ग्राम स्मैक के साथ तस्करी के आरोप में 16 मई 2004 को गिरफ्तार श्यामदेव राय को 14 वर्ष की जेल और एक लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई। इस मामले में साक्ष्य अभाव में अदालत ने राजीव कुमार नामक एक अन्य आरोपी को बरी कर दिया।
पुलिस ने राय सहित तीन लोगों के खिलाफ स्मैक तस्करी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। एक और व्यक्ति दशरथ राय को इस मुकदमे से पहले ही अलग कर दिया गया है।

तुलसी मंदिर से हस्तलिखित रामचरित मानस चोरी


तुलसी मंदिर से हस्तलिखित रामचरित मानस चोरी

(एस.के.त्रिवेदी)

बनारस (साई)। धार्मिक नगरी बनारस के गंगा किनारे तुलसीघाट स्थित तुलसी मंदिर से गुरुवार को प्राचीन रामचरित मानस की हस्तलिखित प्रति चोरी हो गई। मंदिर के एक तरफ के द्वार की कुंडी तोडकर चोर रामचरित मानस के दो भागों के अलावा एक वाल्मीकि रामायण और चांदी का एक मुकुट भी साथ ले गए।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) मानसिंह चौहान ने बताया कि मंदिर के पुजारी दुर्गा शंकर मिश्र की तहरीर पर भेलूपूर थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुजारी के मुताबिक दिन में दस बजे मंदिर खोलते वक्त एक द्वार की कुंडी टूटी हुई मिली। पुजारी की सूचना पर जिलाधिकारी रविंद्र और पुलिस उप महानिरीक्षक राम कुमार भी देर रात मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। डॉग स्क्वॉड के साथ पुलिस टीम ने चोरों का सुराग पाने की असफल कोशिश की। 

लोकपाल पर बोले प्रकाश करात


लोकपाल पर बोले प्रकाश करात



(के.मिथलेश)

कानपुर (साई)। केंद्र के लोकपाल बिल से वाम दल इत्तेफाक नहीं रख रहे हैं। केन्द्र की यूपीए सरकार द्वारा संसद में पेश किये लोकपाल विधेयक में तमाम खामियां गिनाते हुये सीपीएम के महासचिव प्रकाश करात ने कहा कि हम इस विधेयक में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव चाहते हैं जैसे लोकपाल और उसकी कमिटी की नियुक्ति प्रक्रिया में सरकारी नुमाइंदे बहुत ज्यादा हैं उन्हें कम किया जाए, लोकपाल को जांच के लिये एक अलग से निष्पक्ष जांच एजेंसी दी जाए, लोकपाल को हटाने का अधिकार राष्ट्रपति के बजाए सुप्रीम कोर्ट को होना चाहिए।
करात सीपीएम के बीसवें राज्य सम्मेलन में भाग लेने कानपुर आए थे। बिरहाना रोड स्थित राजस्थान गेस्ट हाऊस में सम्मेलन के उद्घाटन के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकार को तो छोड़िए टीम अन्ना और उससे जुड़े लोगों को भी उन पूंजीपतियों का कोई ख्याल नहीं रहा जो भ्रष्टाचार का लाभ उठाते हैं जैसे अभी टू जी घोटाले में पूर्व मंत्री ए राजा ने जो स्पेक्ट्रम कंपनियों को बांटे थे, वह कंपनियां अभी भी उसका लाभ उठा रही हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने जो लोकपाल विधेयक कल संसद में जल्दबाजी में पेश किया है उसमें काफी कमियां है जिन पर हमारी पार्टी को आपत्ति है।
उन्होंने कहा कि सबसे पहले लोकपाल की नियुक्ति के लिए जो प्रक्रिया अपनाए जाने की बात कही गई है उसमें सरकारी प्रतिनिधियों की संख्या बहुत अधिक है, इसका दायरा और बढ़ाना होगा तथा इसमें अधिक से अधिक स्वतंत्र लोगों को शामिल करना चाहिए। इसके अलावा लोकपाल के पास जो शिकायतें आती हैं, उनकी जांच के लिये लोकपाल के पास खुद की जांच एजेंसी नहीं है।

सोशल नेटवर्किंग वेब साईट्स पर कसा कोर्ट का शिकंजा


सोशल नेटवर्किंग वेब साईट्स पर कसा कोर्ट का शिकंजा



(सुमित माहेश्वरी)

नई दिल्ली (साई)। राजधानी दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने फेसबुक, याहू, गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और यू-ट्यूब सहित 21 सोशल नेटवर्किंग साइटों को आपत्तिजनक सामग्री के चलते मुकदमे का सामना करने का नोटिस दिया है। कोर्ट ने इस मामले में केंद्र सरकार को जरूरी कदम उठाने को कहा है। साथ ही 13 जनवरी तक रिपोर्ट तलब की है।
गौरतलब है कि तीन दिन पहले ही इन साइटों के खिलाफ कोर्ट में मामला दायर किया गया था। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने फेसबुक, गूगल और यू-ट्यूब को ‘धर्म विरोधी‘ या ‘असामाजिकश् सामग्री को वेबसाइट पर दिखाने के लिए मना किया था। कोर्ट का कहना था कि इससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचती है।

धूप खिली: ठंड से आंशिक राहत


धूप खिली: ठंड से आंशिक राहत



(प्रदीप श्रीवास्तव)

लखनऊ (साई)। शुक्रवार सुबह से ही धूप खिले होने और गुरुवार रात से ठंड का असर थोड़ा कम होने से मौसम खुशगवार हो गया है। ऐसे में लोगों ने राहत की सांस ली है। मौसम विभाग का मानना है कि अभी कुछ दिन लोगांे को सर्दी और कोहरे से थोड़ी राहत मिलेगी।
मौसम विभाग से मिले आंकड़े बताते हैं कि शुक्रवार सुबह राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया , जो सामान्य से दो डिग्री कम था। शुक्रवार सुबह से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में धूप खिलने से लोग कड़ाके की सर्दी से हल्की राहत महसूस कर रहे हैं। मौसम विभाग के सूत्रों ने कहा कि आने वाले दिनों में धूप खिलेगी जिससे लोग शीतलहर से कुछ राहत महसूस करेंगे , लेकिन रातें बहुत सर्द होंगी। दिन और रात के तापमान में गिरावट जारी रहेगी। 

हिंसक संघर्ष जारी, 24 मरे



हिंसक संघर्ष जारी, 24 मरे



कानो (साई)। नाईजीरिया में एक बार फिर सुरक्षा बलों और संदिग्ध आतंकियों के बीच गोलीबारी हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार नाइजीरिया के उत्तरी शहर दमातुरू में सुरक्षाबलों और संदिग्ध इस्लामी आतंकवादियों के बीच संघर्ष में 24 लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गुरूवार को सुरक्षा बलों और संदिग्ध इस्लामी आतंकवादियों के बीच गोलीबारी शुरू हुई थी।
इस दौरान कई विस्फोटों की आवाज भी सुनाई दी। इसके बाद संदिग्ध आतंकवादियों ने शहर में शुक्रवार की नमाज के कुछ ही देर बाद पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी की जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों का कहना है कि शहर में दिन का कर्फ्यू लगाया गया है। उन्होंने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है। इस संघर्ष में सात सुरक्षाकर्मी और इस्लामी चरमपंथी संगठन बोको हरम के 12 सदस्य मारे गए। इस घटना में एक नागरिक की भी मौत हुई है।
ज्ञातव्य है कि पिछले कुछ सप्ताह में सुरक्षा बलों और बोको हरम के बीच संघर्ष तेज हो गया है। कानो शहर में हाल में हुए संघर्ष में चार आतंकवादियों और तीन पुलिसकर्मियों के मारे जाने के बाद नाइजीरियाई पुलिस ने बोको हरम के 14 संदिग्ध सदस्यों को गिरफ्तार करके बड़ी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ बरामद किया था।

सोमालिया में हत्याओं से संरा चिंतित


सोमालिया में हत्याओं से संरा चिंतित



न्यूयार्क (साई)। सोमालिया में हुई हत्याओं से संयुक्त राष्ट्र की चिंता बढ़ गई है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून ने सोमालिया में विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्घ्ल्यूएफपी) के दो अधिकारियों व एक साथी संगठन के एक सदस्य की हत्या किए जाने की घटना की कड़ी निंदा की है।
हिरान प्रांत के माताबन शहर में गोलीबारी कर इन तीन लोगों की हत्या की गई थी। ये तीनों वहां के आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों के शिविरों में खाद्य वितरण की निगरानी कर रहे थे। संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता मार्टिन नेसिरकी ने कहा कि मून ने सोमालियाई अधिकारियों से मानवीय कार्यों में सहयोग देने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कहा है। नेसिरकी ने कहा, ‘मून उम्मीद करते हैं कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को सामने लाकर न्याय किया जाएगा।’

अनेक चीनी अधिकारी जांच के घेरे में


अनेक चीनी अधिकारी जांच के घेरे में



बीजिंग (साई)। चाईना में अधिकारियों पर गाज गिरना आरंभ हो गया है। पिछले साल अनेक अधिकारियों को जांच के दायरे में लाया गया है। चीन में साल 2011 में अधिकारों का दुरूपयोग करने सम्बंधी मामलों में 43,000 से ज्यादा अधिकारी जांच के घेरे में आए। यह जानकारी ताजा आंकड़ों में दी गई है।
स्थानीय समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने अभियोजन पक्ष के वकीलों की राष्ट्रीय बैठक में जारी आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि सरकारी वकीलों ने जनवरी से नवम्बर के बीच 31,616 आपराधिक मामलों में शामिल 43,265 संदिग्ध अधिकारियों की जांच की। सरकारी वकीलों ने पूरे चीन में 8,37,736 संदिग्धों की गिरफ्तारी को मंजूरी दी और 10,70,000 लोगों पर मुकदमा चलाया गया। इनमें 1,801 लोग ऐसे हैं, जो जहरीली या हानिकारक खाद्य उत्पाद बनाने और बेचने में शामिल रहे हैं। खाद्य पदार्थों से सम्बंधित भ्रष्टाचार और कार्य में लापरवाही के मामलों में इस वर्ष कम से कम 120 सरकारी कर्मचारियों की जांच की गई है।

नाडा ने लगाया सात एथलीट्स पर प्रतिबंध


नाडा ने लगाया सात एथलीट्स पर प्रतिबंध

(आकाश कुमार)

नई दिल्ली (साई)। राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी नाड़ा ने डोप टेस्ट में नाकाम रहने पर सात एथलीटों पर प्रतिबंध लगा दिया है जिनमें एशियाई खेलों में दो स्वर्ण पदक जीतने वाली अश्विनी अकुंजी भी शामिल हैं।  रिले धाविका मनदीप कौर, सिनि जोस, मेरी टियाना थॉमस, प्रियंका पवार, जौना मुर्मु, अकुंजी पर एक साल का प्रतिबंध लगाया गया है, वही मुरलीधरन पर दो साल का प्रतिबंध लगाया गया है। इसके साथ ही अगले साल लंदन ओलंपिक में खेलने की उनकी उम्मीदें भी ध्वस्त हो गई हैं। नाडा के फैसले पर ओलंपियन्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष असलम शेरखान ने कहा कि दोषियों को सजा मिलनी ही चाहिए।

बंगाल ने केरल को 2 - 0 से हराया


बंगाल ने केरल को 2 - 0 से हराया



(रश्मि सिन्हा)

कोच्चि (साई)। आई लीग फुटबॉल में ईस्ट बंगाल ने यूनाइटेड केरल को २-० से हरा दिया है। शुक्रवार शाम जवाहरलाल नेहरू अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में इस मैच के दौरान आधे समय तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी, लेकिन ५१वें मिनट में ईस्ट बंगाल के रयसांगमी वाशुम के पास पर ओरजी पेन ने गोल कर दिया। ईस्ट बंगाल के स्ट्राइकर टोलगे ओजबे ने पेनल्टी के जरिये दूसरा गोल किया।

शुक्रवार, 23 दिसंबर 2011

दरकने लगा है भाजपा का गढ़ महाकौशल प्रांत!


0 महाकौशल प्रांत का सपना . . . 15

दरकने लगा है भाजपा का गढ़ महाकौशल प्रांत!

महाकौशल को प्रथक कर शेष मध्य प्रदेश में लाभ में रह सकती है कांग्रेस



(लिमटी खरे)

नई दिल्ली (साई)। महाकौशल प्रांत एक समय में कांग्रेस का गढ़ माना जाता था। वर्तमान में महाकौशल की 94 विधानसभाओं में भारतीय जनता पार्टी के वर्चस्व को नकारा नहीं जा सकता है। महाकौशल क्षेत्र के कांग्रेस के क्षत्रपों की अदूरदर्शी नीतियों के परिणाम स्वरूप महाकौशल में कांग्रेस के नीचे की जमीन खिसकी है। महाकौशल क्षेत्र के सिवनी जिले से मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष श्रीमति उर्मिला सिंह और उपाध्यक्ष हरवंश सिंह ठाकुर ने इसका प्रतिनिधित्व भी किया है।
मध्यप्रदेश में तीसरी पारी का सपना देख रही भाजपा के लिए महाकौशल बेहद ही महत्वपूर्ण है। इस लिहाज से आगामी 26-27 दिसंबर को ग्वालियर में हो रही प्रदेश कार्यसमिति बैठक में इस अंचल को बचाने और यहां ताकत बघने की रणनीति पर पूरा ध्यान केंद्रित होगा। भाजपा जबलपुर, सागर, रीवा और शहडोल संभाग को मिलाकर अनेक जिलों को इसमें समाहित कर महाकोशल प्रांत मानती है।
एक आंकलन के अनुसार महाकौशल प्रांत की 94 विधानसभा सीटों में भाजपा वर्तमान में 62 पर काबिज है। भाजपा सूत्रों के अनुसार भाजपा ने कार्यसमिति बैठक पूर्व जो सर्वे करावाया है और संघ प्रमुख मोहन भागवत की पिछले माह हुई बैठकों के दौरान प्रचारकों से जो फीडबैक लिया गया है, उसके मुताबिक 22 सीटों में परिस्थितियां कमल खिल पाने के अनुकूल नहीं है। ऐसी स्थिति में हार की 32 और बेड परफारमेंस वाली 22 मिलाकर 54 सीटों में भाजपा की हालत पतली है। इन सीटों पर अन्य दलों का वर्चस्व बढ़ना भाजपा के लिए खतरनाक ही साबित हो सकता है।
भाजपा महाकौशल में शुरू से सक्रिय प्रदेश संगठन महामंत्री अरविंद मेनन को पूरे क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपेगी, वहीं यहां जिन अन्य नेताओं को सक्रिय किया जाएगा उनमें चंद्रमणि त्रिपाठी, फग्गनसिंह कुलस्ते, गौरीशंकर बिसेन, राकेश सिंह, रामकृष्ण कुसमरिया, श्रीमती नीता पटेरिया, चौधरी चंद्रभान सिंह, श्रीमती पद्मा शुक्ला, भूपेन्द्र सिंह, कुंवर विजय शाह, धीरज पटेरिया, विनोद गोटिया प्रमुख हैं। प्रदेश पदाधिकारियों, नगर जिला अध्यक्षों और प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों को खासतौर पर ग्वालियर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।
महाकौशल का वजन यहां के आदिवासी वोटों के कारण बचा है। ये मूलतः कांग्रेस का वोट बैंक हुआ करते थे, जिनमें भाजपा ने सेंध लगा दी है। वर्तमान स्थिति में जो इन्हें प्रभावित कर ले ये उसी का हो जाता है। कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी की आदिवासी अंचलों में हुई यात्रा के बाद भाजपा का सामाजिक महाकुंभ, गोटेगांव का आदिवासी सम्मेलन, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष प्रभात झा के लगातार दौरे, अजा का अभ्यास वर्ग ये बता रहा है कि अजा, जजा और पिछघें के मार्फद राजनीतिक दल अपनी सियासी ताकत का यहां विस्तार करना ही चाह रहे हैं।
महाकौशल प्रांत में गोडवाना गणतंत्र पार्टी का अभ्युदय कांग्रेस और भाजपा दोनों ही के लिए परेशानी का सबब बन गया था। गोंडवाना का तो विधानसभा में खाता भी खुला, किन्तु कांग्रेस भाजपा के कुशल प्रबंधन के चलते गोंडवाना के विधायक ज्यादा कुछ प्रभावी नहीं हो पाए और अंत में गोंडवाना की जड़ें उखड़ने लगीं।
यह शानदार मौका है जब गोंडवाना गणतंत्र पार्टी एक बार फिर अपना प्रभाव जमाने के लिए प्रथक महाकौशल या गोंडवाना प्रांत का मुद्दा हवा में उछाल सकती है। इसके लिए गोंगापा को जमीनी स्तर व्यापक संघर्ष की रूपरेखा तैयार करनी होगी। कांग्रेस या भाजपा को अंतरिक या ब्हाय सहयोग देने के पहले वह यह मांग रखे कि प्रथक प्रांत को विधानसभा में पारित करवाया जाए तब जाकर प्रथक प्रांत का सपना साकार हो सकता है।

(क्रमशः जारी)

आखिर कांग्रेस क्यों मुंह सिले बैठी है पावर प्लांट मामले में!


0 घंसौर को झुलसाने की तैयारी पूरी . . . 36

आखिर कांग्रेस क्यों मुंह सिले बैठी है पावर प्लांट मामले में!

छिंदवाड़ा में कांग्रेस ने किया पावर प्लांट का विरोध



(लिमटी खरे)

नई दिल्ली (साई)। आदिवासियों के नाम पर सालों से सत्ता की मलाई चखने वाली अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी की सिवनी जिला इकाई मशहूर उद्योगपति गौतम थापर के स्वामित्व वाले अवंथा समूह के सहयोगी प्रतिष्ठान मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड द्वारा छटवीं सूची में अधिसूचित सिवनी जिले के आदिवासी बहुल्य घंसौर विकासखण्ड में डलने वाले 1260 मेगावाट (पहले 1200 मेगावाट) के पावर प्लांट का विरोध करने से आखिर क्यों हिचक रही है?
कांग्रेस के क्षत्रप और केंद्रीय मंत्री कमल नाथ के संसदीय क्षेत्र जिला छिंदवाड़ा की कांग्रेस का अनेक मौकों पर अनुसरण करने वाली कांग्रेस पावर प्लांट में आदिवासियों के हितों की अनदेखी के मामले में पूरी तरह मौन साधे बैठी है। वहीं दूसरी ओर जिला कांग्रेस कमेटी छिंदवाड़ा द्वारा छिंदवाड़ा जिले के आदिवासी बाहुल्य अमरवाड़ा विकासखण्ड में ग्राम मंधानगढ़ में समीप प्रस्तावित एसकेएस के पावर प्लांट के विरोध में खुलकर सामने आ चुकी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय किसानों की जमीनों के अधिग्रहण, पावर प्लांट से होने वाले पर्यावरणीय और स्थानीय स्तर के नुकसान की जानकारी मिलते ही जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गंगा प्रसाद तिवारी कार्यवाहक अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे द्वारा तत्काल ही किसानों के हितों को सर्वोपरि मानते हुए किसानों के कंधे से कंधा मिलाकर चलने के अपने वायदे पर अक्षरशः खरे उतरते नजर आए। छिंदवाड़ा के सांसद कमल नाथ की सहमति ही होगी तभी तो जिला कांग्रेस कमेटी किसानों के बचाव में सड़कों पर उतर आई है।
बताया जाता है कि जब भी प्रदेश में कोई उद्योग स्थापित होता है तब संबंधित विभागों के अधिकारियों की मिली भगत से मध्य प्रदेश सरकार के चुंनिदा आला नेताओं के गुर्गे पहले ही उस स्थान पर जाकर किसानों की जमीनें दुगने तिगने भाव पर खरीद लेते हैं। इसके बाद जब कोई संयंत्र स्थापित करने के लिए कंपनी आती है तो ये गुर्गे उन्हीं जमीनों की तीस से चालीस फीसदी ज्यादा कीमतें वसूल कर लेते हैं।
महाकौशल अंचल में उद्योगों के सरताज बन चुके केंद्रीय मंत्री कमल नाथ के संसदीय क्षेत्र जिला छिंदवाड़ा में अगर पावर प्लांट का विरोध किया जा रहा है और वह भी कांग्रेस कमेटी के बेनर तले तो निश्चित तौर पर पावर प्लांट से नुकसान ज्यादा फायदा कम ही होगा। माना जाता है कि उद्योगों के मामले में छिंदवाड़ा जिले को संपन्न करने में क्षेत्रीय सांसद कमल नाथ ने महती भूमिका आद की है।
जिला कांग्रेस कमेटी छिंदवाड़ा द्वारा जिला कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में आदिवासी बाहुल्य विकासखण्ड अमरवाड़ा के ग्राम मंधानगढ़, राहीवाड़ा, लछुआ, धादरा, ढोगीखेड़ा, कोल्हिया आदि ग्रामों में जमीन अधिग्रहण में एसकेएस कंपनी ने राजस्व अधिकारियों के साथ घर बैठे ही सवेक्षण करवाकर मनमर्जी से काम किया जा रहा है। इसके साथ ही साथ अनेक बिंदुओं पर शिकायत कर जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।
वहीं दूसरी ओर कद्दावर नेत्री सुश्री विमला वर्मा की कर्मभूमि रही इस विरासत को वर्तमान में मध्य प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष हरवंश सिंह ठाकुर द्वारा सहेजा जा रहा है। बावजूद इसके आदिवासी बाहुल्य घंसौर तहसील में मशहूर उद्योगपति गौतम थापर के स्वात्वि वाले अवंथा समूह के सहयोगी प्रतिष्ठान मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड द्वारा डाले जा रहे पावर प्लांट की दो विसंगतिपूर्ण जनसुनवाई और अदिवासियों के शोषण के बावजूद भी जिला कांग्रेस कमेटी सिवनी का मौन आश्चर्यजनक और संदिग्ध ही माना जाएगा।

(क्रमशः जारी)

सोशल नेटवर्किंग वेब साईट पर धर्म समाज विरोधी सामग्री प्रतिबंधित


सोशल नेटवर्किंग वेब साईट पर धर्म समाज विरोधी सामग्री प्रतिबंधित



(उत्कर्षा)

नई दिल्ली (साई)। दिल्ली की एक अदालत ने फेसबुक, गूगल और यू ट्यूब समेत सोशल नेटवर्किंग वेबसाइटों पर घृणा या साम्प्रदायिक विद्वेष को बढ़ावा देने वाली धर्म और समाज विरोधी सामग्री प्रस्तुत करने पर रोक लगा दी है। अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश मुकेश कुमार ने एकपक्षीय आदेश में सोशल नेटवर्किंग वेबसाइटों को निर्देश दिया कि वे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले फोटोग्राफ, वीडियो और अन्य सामग्री अपनी वेबसाइटों से हटा लें। अदालत ने यह आदेश एक व्यक्ति द्वारा दायर सिविल मुकदमें की सुनवाई के दौरान दिया।

पूर्व सांसद को सात साल की सजा


पूर्व सांसद को सात साल की सजा

(अमित शुक्ला)

लखनऊ (साई) उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी नेता और तीन बार सांसद रह चुके मित्रसेन यादव को फैजाबाद जिले में गबन के एक मामले में सात वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई है। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अनिल शुक्ल ने उन पर १५ हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। बताया जाता है कि १९९७ में दायर किया गया यह मामला किसान इन्टर कॉलेज के खातों से ६२ हजार रुपये के गबन से सम्बन्धित है। मित्रसेन यादव इस इन्टर कॉलेज के प्रबंधक थे।