बुधवार, 15 मई 2013

शलाका पुरूष हरवंश सिंह


शलाका पुरूष हरवंश सिंह

(लिमटी खरे)

ठाकुर हरवंश सिंह अब हमारे बीच नहीं हैं। हरवंश सिंह के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालना सूरज को रोशनी दिखाने जैसा ही होगा। हरवंश सिंह ठाकुर ने गरीब परिवार में जन्म लेकर हर मायने में जिन उचाईंयों को छुआ है वह हर किसी के बस की बात नहीं है। इस मार्ग में उन्हें ना जाने कितने शूल निकालने पड़े, ना जाने कितने नश्तर चुभे होंगे, ना जाने कितनी प्रतिकूल धाराओं का सामना करना पड़ा होगा यह तो वे ही जानें पर हरवंश सिंह कभी डिगे नहीं, रूके नहीं।
सिवनी में कांग्रेस का एक बड़ा तबका हर गल्ति को ठाकुर साहेब के मत्थे मढ़कर अपने दायित्वों और कर्तव्यों की इतिश्री कर लेता है। दरअसल, सिवनी में एक अजीब सी परंपरा का आगाज हो चुका है। सिवनी में हरवंश सिंह के निधन से एक रिक्तता आई है, जिसे जल्द ही सिवनी के कांग्रेस के नेता महसूस करने लगेंगे।
सिवनी में विमला वर्मा के उपरांत हरवंश सिंह ही थे जो कांग्रेस को जिंदा रखते थे। दलगत सामंजस्य भी वे बेहतर तरीके से ही बनाने में सक्षम थे। आज उनके निधन के उपरांत उनकी अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़ ने साबित कर दिया है कि हरवंश सिंह वाकई शलाका पुरूष थे।
संगठन में उनकी पकड़ का कोई सानी नहीं था। एक वाक्या याद पड़ता है। एक बार एक काम के सिलसिले में प्रदेश के तत्कालीन वित्त मंत्री कर्नल अजय नारायण मुश्रान के पास जाना हुआ। वहां प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठनात्मक ढांचे के बारे में उनसे एक अन्य मंत्री चर्चा कर रहे थे। हमारे अभिवादन को कर्नल साहेब ने मुस्कुराकर जवाब दिया और कुर्सी पर बैठने का संकेत किया। इसके उपरांत उन्होंने कहा कि राजा साहेब (तत्कालीन मुख्यमंत्री राजा दिग्विजय सिंह) ंके पास इतना समय नहीं है कि वे संगठन को देख सकें। ऐसी परिस्थितियों में हरवंश सिंह ही दूसरे सक्षम व्यक्तित्व हैं जो संगठन में जान डाल सकते हैं। बकौल कर्नल साहेब, दिग्विजय सिंह और हरवंश सिंह ही दो ऐसे राजनेता हैं जो हर कार्यकर्ता को नाम से पहचानते हैं।
हरवंश सिंह की संगठन क्षमता और कार्यकर्ताओं पर पकड़ के साथ ही साथ सभी को साथ लेकर चलने की सभी मुक्त कंठ से तारीफ किया करते थे। एक समय था जब वे कुंवर अर्जन सिंह के करीब थे। इसके बाद वे कमल नाथ के करीब आए फिर राजा दिग्विजय सिंह के नौरत्नों में शामिल हो गए। एक साथ तीन तीन क्षत्रपों को साधे रखना कोई हंसी खेल नहीं था। जब तिवारी कांग्रेस बनी तब कांग्रेस और तिवारी कांग्रेस के बीच तालमेल भी हरवंश सिंह जैसी शख्सियत के बलबूते की ही बात थी।
हरवंश सिंह ने चुनौतियों को सदा ही स्वीकारा है। उन्होंने कभी भी कठिन समय में धैर्य नहीं खोया। एक बार उन्हें जब मंत्री पद से महरूम रखा गया था तब भी उन्होंने इसे बहुत ही धैर्य के साथ स्वीकार करते हुए इसे समय का चक्र ही माना। इतने बड़े बड़े पदों पर रहने के बाद भी अहंकार मानो उन्हें छू भी नहीं सका था।
ऐसा नहंी कि हरवंश सिंह के विरोधी नहीं थे। हरवंश सिंह के विरोधियों की तादाद बहुत अधिक थी। हरवंश सिंह का नीतिगत और छद्म विरोध करने वाले आज उनकी शवयात्रा में दुखी मन से शामिल हुए जो इस बात का परिचायक है कि हरवंश सिंह का विरोध राजनैतिक था, व्यक्तिगत नहीं।
वे जब भी किसी से मिलते सहज भाव से नाम लेकर उसे पुकारते जिससे अपनत्व का बोध होता था। पिछले दिनों रामकथा के दौरान उन्होंने मोबाईल पर रामकथा में आने का न्योता दिया। पत्रकार वार्ता में उन्होंने इस आयोजन को अंतिम आयोजन की संज्ञा दी और लोगों से भूल चूक के लिए क्षमा भी मांगी। लगता है मानों उन्हें आभास हो गया था कि वे इस संसार को छोड़कर जाने वाले हैं।
हरवंश सिंह के निधन से अब कांग्रेस के अंदर रिक्कता आ गई है। यह वेक्यूम कैसे भरेगा? कांग्रेस की स्थिति क्या होगी? इस बारे में विस्तार से मनन बाद में किया जाएगा। वर्तमान में ईश्वर से प्रार्थना है कि हरवंश सिंह जैसे शलाका पुरूष की आत्मा को शांति प्रदान करते हुए उनके परिजनों को इस दुख को सहन करने की क्षमता प्रदान करे। ऊॅ शांति . . .

सोमवार, 13 मई 2013

विकासपुरूष की छत्रछाया में राशन कार्ड को भटकते गरीब


विकासपुरूष की छत्रछाया में राशन कार्ड को भटकते गरीब

(राधेश्याम नामदेव)

सिवनी (साई)। विकास पुरूष के रूप में अपने आपको महिमा मण्डित करने वाले, नगर पंचायत लखनादौन के हर कार्यक्रम में अध्यक्ष श्रीमति सुधा राय के स्थान पर अपनी फोटो छपवाने वाले दिनेश राय उर्फ मुनमुन के राज में लखनादौन में ही नागरिक राशनकार्ड के लिए भटक रहे हैं।
तहसील लखनादौन के अंतर्गत वर्तमान समय में ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के गरीब मजदूर व्यक्तियों के, गरीबी रेखा सूची में नाम दर्ज कर राशन कार्ड जारी किया जाना है जिस हेतु गरीब मजदूर वर्ग दर-दर भटक रहा है। उनकी शिकायत यह है कि जिन हितग्राहियों के कार्ड बने हैं वे इस योग्य हैं ही नहीं परंतु जो योग्य हैं उनके राशन कार्ड बनाने हेतु किये गये सर्वे में नाम काट दिया गया वे भी पटवारी के बिना सर्वे किये हुये।
इस संबंध में जब लोक सेवा केन्द्र से जानकारी लेने पर लोक सेवा केन्द्र प्रबंधक द्वारा लिखित पावती देकर बताया गया कि आपकी जांच कराई गई किन्तु आप गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वालों की सूची में नहीं आते। तब मजदूरों ने केन्द्र प्रबंधक से कहा कि वार्ड में किसी भी तरह का सर्वे कार्य हुआ ही नहीं। जवाब में केन्द्र प्रभारी ने संबंधित हल्का पटवारी से जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी।
पटवारी से मिलने वार्ड क्रं.07 के पार्षद हितग्राहियों के साथ पहंुचे और उनसे इस संबंध में बात की तो उनका कहना था कि कुछ खर्चा पानी करना पड़ेगा तभी कार्ड बनेंगें। चूंकि नगर पंचायत लखनादौन के अंतर्गत दूसरे वार्डों में गरीबी रेखा के राशन कार्ड जारी किये गये हैं जबकि वास्तविक रूप से गरीब आवासहीन मजदूर व्यक्ति राशन कार्ड बनवाने के लिए महिनों से चक्कर काट रहा है जिससे उसकी मजदूरी का भी नुकसान हो रहा है यदि मजदूर काम न करे तो खुद क्या खायेगा और बच्चों को क्या खिलायेगा।
समस्त हितग्राहियों द्वारा इस संबंध में मुख्यमंत्री के नाम एक शिकायत जिला कलेक्टर के माध्यम से भेजी गई है इस संबंध में जब शिकायत लखनादौन एसडीएम को देने लोग पहुंचे तो मैडम ने दूसरे दिन आने का समय दे दिया, परंतु दूसरे दिन भी मेडम का पता नहीं रहा। यह शिकायत नामे में सारी व्यथा दर्ज है अब देखना यह है कि जिला कलेक्टर इस संबंध में लखनादौन के अधिकारियों एवं पटवारी के विरूद्ध क्या कार्यवाही करते हैं।
इस पूरे मामले से स्पष्ट हो जाता है कि लखनादौन नगर पंचायत के छपास के रोगी पूर्व अध्यक्ष दिनेश राय उर्फ मुनमुन द्वारा यहां की समस्याओं के बारे में कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। रही बात असलियत की तो लखनादौन नगर पंचायत में लोग छोटी मोटी समस्याओं के लिए ही दर दर भटकने पर मजबूर हैं।

भव्यता के साथ विराजे लक्ष्मी नारायण


भव्यता के साथ विराजे लक्ष्मी नारायण

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। आज अपरान्ह साढ़े बारह बजे पूरे विधिविधान के साथ जगतगुरू शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती की उपस्थिति में भगवान लक्ष्मीनारायण बस स्टेंड के मंदिर में विराज गए हैं।
भगवान लक्ष्मीनारायण की स्थापना जगतगुरू शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आज पूरे विधि विधान से की गई। भगवान लक्ष्मीनारायण की प्रतिमा इस कदर मनोहारी है कि हर कोई उसे अपलक देखता ही रह जाता है।
प्रतिष्ठा के उपरांत उपस्थित श्रृद्धालुओं को संबोधित करते हुए जगतगुरू ने कहा कि लक्ष्मी और नारायण दोनों ही की प्रतिमा स्थापित हो चुकी है। श्रृद्धालु इनके नित्य दर्शन कर पूजन पाठ कर मनोवांछित फल की प्राप्ति कर सकते हैं।
द्विपीठाधीश्वर ने कहा कि भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की प्रतिमा इतनी मनोहारी है कि इससे नजर ही नहीं हटती और एसी प्रतिमा कहीं और देखने को शायद ही मिले।
जगतगुरू ने प्रसाद के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि हमारे वेद पुराणों में प्रसाद को भगवान को अर्पित करने और भगवान को अर्पित किए गए प्रसाद को ग्रहण करने का विशेष तातपर्य भी बताया। उन्होंने कहा कि शुद्धता और दिव्य भाव से लगाया भोग और उसे ग्रहण करने से शांति प्राप्त होती है।

सिवनी के सांसद विधायक नकारा: जगतगुरू


सिवनी के सांसद विधायक नकारा: जगतगुरू

(संजीव प्रताप सिंह)

सिवनी (साई)। ‘‘सिवनी के जनप्रतिनिधि नकारे हैं, इन्होंने कुछ नहीं किया। सिवनी लोकसभा का विलोपन हो गया। सिवनी में बड़ी रेल नहीं आई, रामटेक गोटेगांव का अता पता नहीं है।‘‘ सिवनी जिले के वर्तमान और पूर्व सांसद विधायकों को आईना दिखाते हुए जगतगुरू शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने उक्ताशय की बात पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही।
पत्रकारों से मुखातिब होते हुए उन्होंने स्वस्थ समाज के लिए आहार शुद्धि एवं सत्संग पर बल देते हुए इसकी महती आवश्यकता बताई। अन्न और जल की शुद्धि, मनुष्य के स्वास्थ्य के लिए बहुत जरूरी है। अन्न की शुद्धि के लिए गौवंश की रक्षा आवश्यक है। गाय के दूध के महत्व का वर्णन करते हुए उन्होंने श्रीकृष्ण और राक्षसों के बीच युद्धों का उदाहरण देते हुए बताया कि इसमें श्रीकृष्ण की विजय का राज उनके द्वारा गाय के दूध का सेवन था, गाय के दूध के चलते उनकी नाड़ी ‘‘पीयूष‘‘ थी, और वे बलवान हो गए।
सिवनी जिले में बढ़ रही गौवंश की तस्करी के सवाल पर जगतगुरू ने इसके लिए हिन्दुओं की कमी को दोष देते हुए कहा कि गौपालक बूढ़े हो चले गाय बैलों को बोझ समझते हैं और उनका भरपूर दोहन करने के पश्चात उनसे छुटकारा पाना चाहते हैं, जिसके चलते गौवंश की तस्करी जैसे माध्यमों को बल मिलता है। जगतगुरू ने कहा कि पहले गॉव-गॉंव में खिरका हुआ करते थे जहॉं पूरे गॉंव के मवेशी विश्राम किया करते थे। यह खिरका वाला स्थान काफी पवित्र माना जाता था। अब ये स्थल देखने नहीं मिलते हैं।
गौवंश के महत्व को, भूमि की उर्वरा शक्ति से जोड़ते अुए जगतगुरू ने कहा कि पहले गोबर की खाद प्रचलित थी जिसके प्रयोग से उत्पन्न अनाज पूर्णतः प्रदूषण से रहित होता था, उसमें रोग प्रतिरोधक क्षमता थी। आज इसकी जगह रासायनिक उर्वरकों ने ले ली है। इसके प्रयोग से कृषि भूमि बंजर हो रही है। स्वामी जी ने इस संबंध में पंजाब और हरियाणा का उदाहरण देते हुए कहा कि अत्याधिक उर्वरकों के प्रयोग से वहॉं की भूमि बंजर होती जा रही है। यही कारण है कि वहॉं के किसान अब म.प्र. की ओर रूख कर लाखों रूपयों की कीमत पर बेतहाशा जमीन खरीद रहे हैं।
शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद ने मातृ-शक्ति के महत्व पर बल देते हुए सनातन धर्म में उसके पूजनीय स्थान का विस्तृत वर्णन किया। वर्तमान परिप्रेक्ष्य में नारी शक्ति के साथ हो रहे दुराचार को धार्मिक शिक्षा का अभाव बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे आचरण हीनता आ गई है। मनुष्य पथभ्रष्ट को गया है।
एक प्रश्न के जवाब में स्वामी ने कहा कि कानून ही केवल हर समस्या का हल नहीं, इसके लिए जनता को स्वयं ही आचरण का पालन करना होगा। अपराधिक घटनाओं को सांम्प्रदायिक रंग देने के सवाल पर उन्होंने दो टूक कहा कि अपराधी-अपराधी ही होता है, उसकी कोई जात नहीं होती। अन्ना हजारे और केजरीवाल पर चुटकी लेते हुए स्वामी जी ने कहा कि वे गॉंवों में नहीं चैनलों पर दिखाई देते हैं।
वार्ता में स्वामी जी ने सिवनी के जन प्रतिनिधियों को खरी-खोटी सुनाते हुए उन्हें एक तरह से नकारा करार दिया। उन्होंने कहा कि इन राजनेताओं ने सिवनी का नाम ही डुबा दिया, इसके हक के लिए कुछ नहीं किया। श्रीधाम से गोटेगांव बड़ी रेललाईन ठण्डे बस्ते में है तो अब संसदीय क्षेत्र सिवनी, बालाघाट का अंग बन गया है।
अंत में जगतगुरू ने जानकारी देते हुए बताया कि परमहंसी गंगा, गोटेगांव में 100 बिस्तर का नेत्र चिकित्सालय बनकर तैयार है, जिसका उद्घाटन करने भारत के राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी आगामी 7 जून को आ रहे हैं।

गुड़िया मेरे परिवार की बच्ची जैसी थी: शक्ति सिंह


गुड़िया मेरे परिवार की बच्ची जैसी थी: शक्ति सिंह

(शरद खरे)

सिवनी (साई)। ‘‘गुड़िया मेरे घर की बच्ची जैसी थी, उसके साथ जो भी हुआ वह दुखद है। समरजीत द्वारा मेरा अभिनंदन किया जाना दुखद है। समरजीत मेरे मित्र थे पर वे सबसे पहले हमारी टीम छोड़कर गए है।‘‘ उक्ताशय की बात जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष और घंसौर क्षेत्र के नेता कुंवर शक्ति सिंह उर्फ हुकुम ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया से फोन पर चर्चा के दौरान कही।
जब उनसे यह पूछा गया कि आखिर गुड़िया का मामला घंसौर में हुआ और कुंवर शक्ति सिंह उर्फ हुकुम को आदिवासियों का मसीहा कहा जाता है पर इस बारे में वे खामोश क्यों रहे? के जवाब में उन्होंने कहा कि उनके द्वारा कुछ पहल करने के पहले ही मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड और प्रदेश सरकार की ओर से गुड़िया के इलाज में सब कुछ किया जा चुका था।
कुंवर शक्ति सिंह उर्फ हुकुम ने कहा कि गुड़िया उनके मोहल्ले की और उनकी बच्ची जैसी थी। इस पर जब साई न्यूज ने उनसे कहा कि वह अगर उनकी बच्ची जैसी थी तो उन्होंने मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड पर गुड़िया को तत्काल दिल्ली ले जाने के लिए दबाव क्यों नहीं बनाया, जबकि गुड़िया का इलाज दो दिन तक घंसौर में ही होता रहा, के प्रश्न पर हुकुम मौन हो गए।
उन्होंने बताया कि 19 तारीख को वे अपना मौन समाप्त कर घंसौर लौट आए थे। इसके उपरांत एक दिन वे गुड़िया को देखने नागपुर गए थे। गुड़िया को फौरी तौर पर मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड से मदद ना दिलवाने के नाम पर कुंवर शक्ति सिंह उर्फ हुकुम ने मौन को बरकरार ही रखा।
उनके अभिनंदन में समरजीत सोलंकी जो पुलिस की नजरों में फरार आरोपी है का नाम होने पर उन्होंने खेद व्यक्त करते हुए कहा कि समरजीत अब उनके साथ नहीं है, पता नहीं उनके अभिनंदन में समरजीत का नाम चला गया। कुंवर शक्ति सिंह उर्फ हुकुम ने कहा कि सभी इस बात को बेहतर तरीके से जानते हैं कि एक माह पूर्व जब घंसौर को कुंवर शक्ति सिंह उर्फ हुकुम के खिलाफ बंद करवाया गया था तो उसकी तह में समरजीत ही थे।
समाचार एजेंसी ऑॅॅफ इंडिया से चर्चा के दौरान कुंवर शक्ति सिंह उर्फ हुकुम ने कहा कि इस तरह की बातें करना और अभिनंदन में समरजीत का नाम देना उनके विरोधियों की सोची समझी चाल है, यह उनके राजनैतिक जीवन का गला घोंटने जैसी घटना है जिसकी निंदा की जानी चाहिए।

सिवनी में क्रिकेट का हाईटेक सट्टा!


सिवनी में क्रिकेट का हाईटेक सट्टा!

(लिमटी खरे)

सिवनी जिले में आईपीएल के दौरान पुलिस ने दूसरी बार सटोरियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस निस्संदेह बधाई की पात्र है कि सिवनी में इस तरह की गतिविधियों पर कम से कम अंकुश लगाने की कार्यवाही तो की गई। सालों से सटोरियों को पकड़ने की कार्यवाही जारी है पर पुलिस के हाथ छुटभैया सटोरिए ही लगते आए हैं। इनके सरपरस्त कौन है यह बात सभी जानते हैं पर उन पर हाथ डालने से पता नहीं क्यों पुलिस हिचकती आई है।
इक्कीसवीं सदी के आरंभ तक सिवनी में मुंबई और नागपुर का सट्टा बाजार गर्म रहा। उस समय दोपहर और रात में काफी अधिक मात्रा में सट्टे की पट्टी लिखी जाती थीं। उस दौर में कहा जाता था कि रात को जो नौ बजे ओपन आती थी वह रात का खाना खाने नहीं देती थी, और बारह बजे की क्लोज सोने नहीं देती थी। सट्टा खेलने वाले कहा करते थे कि नौ की खाने नहीं देती और बारह की सोने नहीं देती।
इसके बाद सट्टे का जोर कम हुआ। इसके बाद आरंभ हुआ क्रिकेट के सट्टे का दौर। सिवनी में ना जाने कितने परिवार इस सट्टे के चलते बिखर चुके हैं। पांच से दस परसेंट महीना की दर पर आज भी बाजार में निजी दबंग लोगों द्वारा ब्याज पर पैसे देने का काम बदस्तूर जारी है। पिछले दिनों जब तत्कालीन पुलिस अधीक्षक रमन सिंह सिकरवार ने इसके खिलाफ अभियान चलाया था तब पुलिस को सटोरियों के पास से हस्ताक्षरित चैक बुक और एटीएम कार्ड भारी मात्रा में मिले थे। कहा जा रहा था कि सरकारी कर्मचारियों को एक तारीख को ये सटोरिए और अवैध रूप से ब्याज का धंधा करने वाले अपना ब्याज का पैसा काटकर वेतन का भुगतान करते थे।
आज सिवनी में करोड़ों रूपयों की सट्टे की लगवाड़ी की खबर है। मिथलेश शुक्ला के पुलिस अधीक्षक पद संभालने के उपरांत दो बड़ी सफलताएं पुलिस के हाथ लगी हैं। एक पेंच नेशनल पार्क में तो दूसरा चलित कार में पकड़ाया है। पुलिस ने इन्हें किस आधार पर पकड़ा, यह तो वह ही जाने पर पुलिस का लचर हो चुका मुखबिर तंत्र एक बार फिर अपने आप को खड़ा करने के प्रयास में नजर आ रहा है, इसके लिए मिथलेश शुक्ला बधाई के पात्र हैं।
पुलिस ने दोनों ही बार कुछ मोबाईल और अन्य यंत्र भी बरामद किए हैं। इन मोबाईल की डिटेल भी जाहिर है अब तक निकलवाई जा चुकी होगी। इन मोबाईल को किसने किसके नाम की आईडी और फोटो के साथ जमा किया है यह बात भी पुलिस के पास आ चुकी होगी, फिर देर किस बात की। पुलिस को उन लोगों की कालर पकड़ ही लेना चाहिए। बीएसएनएल में एक व्यक्ति नौ सिम तक जारी करवा सकता है।
जरायमपेशा लोगों ने अपने इस धंधे के लिए किन लोगों को आधार बनाया है इस बारे में पुलिस को अपना शिकंजा कसना होगा। इन मोबाईल पर किन किन लोगों ने फोन कर पैसा लगाया है यह बात भी पुलिस को देखना ही होगा। जिन्होंने इन नंबर्स पर फोन लगाया है उन्हें पकड़कर उनसे भी कड़ी पूछताछ की आवश्यक्ता है। पुलिस के पास बल की कमी है, यह बात भी आईने की तरह ही साफ है। पुलिस को सीमित संसाधनों में ही काम करना है, यह भी सही बात है।
पुलिस को चाहिए कि दोनों ही वारदातों में जप्त सारे मोबाईल और अन्य फोन की आउट गोइंग अवश्य ही चेक करवाए, क्योंकि ये छोटे धंधेबाज हैं जो पकड़े गए हैं। असल कारिंदे तो कहीं और बैठे अपने आप को व्हाईट कालर जता रहे हैं। इस संभावना में भी दम है कि अब तक कुल पचास लाख रूपए की लगवाड़ी को पचाने में पकड़े गए आरोपी सक्षम नहीं हैं। निश्चित तौर पर यह लगवाड़ी आगे सट्टे की भाषा में ‘पाना‘ बनाकर उतार दी जाती होगी।
पुलिस अगर आउट गोईंग काल्स के बारे में पता करके उन नंबरों की सिम किसने किसके नाम जारी करवाई इस दिशा में प्रयास करे तो पुलिस के हाथ अप्रत्याशित सफलता लगे इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है। जिन नंबर्स से इन मोबाईल पर काल आई है उनके भी काल डिटेल अगर निकलवाएं जाएं और उन नंबर्स से लगातार किन नंबर्स पर काल की जा रही है इसकी मानिटरिंग भी की जाए तो अन्य सटोरियों की कालर भी पुलिस की पकड़ में होगी।
पुलिस को इसके लिए कड़ी मेहनत करना होगा, साथ ही अपने विभाग के ईमानदार कर्तव्यनिष्ठ अफसरों और कर्मचारियों को इस काम में लगाना होगा, क्योंकि पुलिस की छवि अब भ्रष्ट और लोगों को बचाने वाली बन चुकी है। सिवनी में जंगलों में जुंआ खिलाए जाने की खबरें जब तब आती रहती हैं, आए दिन अपराध घटित हो रहे हैं।
इस सबसे निपटने और आम जनता को राहत देने के लिए पुलिस को अपना सूचना तंत्र दुरूस्त करने के साथ ही साथ विकसित भी करना होगा। पुलिस को मुखबिर तंत्र को भी चाक चौबंद बनाना होगा। पुलिस अधीक्षक की कार्यप्रणाली से आम जनता राहत महसूस कर रही है इस बात में संदेह नहीं, फिर भी पुलिस के मुखिया को अधीनस्थ स्टाफ को पूरी तरह नियंत्रण में ही रखना आवश्यक है।
जिला मुख्यालय में अप्रेल 1991 में बनाए गए कंट्रोल रूम को भी अत्याधुनिक संसाधनों से सुसज्जित कर वहां भी प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करना आवश्यक है। वर्तमान में पुलिस कंट्रोल रूम का रवैया संतोषजनक नहीं कहा जा सकता है। जिले में कहीं भी घटित अपराध की सूचना सबसे अंत में अगर किसी को लगती है तो वह कंट्रोल रूम को ही लग पाती है। इसका उदाहरण मीडिया जब भी किसी घटना के बारे में कंट्रोल से बात करता है तो वहां से उसके बारे में अनभिज्ञता ही व्यक्त की जाती है। लगता है मानो यह रस्म अदायगी के लिए ही रह गया है। जिला पुलिस अधीक्षक का विभाग में लंबा अनुभव है जिसका लाभ सिवनी जिले को निश्चित तौर पर मिलना ही चाहिए।

रविवार, 12 मई 2013

भाजपा की ओर आशा भरी नजरों से देख रहे दिनेश!


भाजपा की ओर आशा भरी नजरों से देख रहे दिनेश!

(राजेश शर्मा)

भोपाल (साई)। बतौर निर्दलीय सिवनी विधानसभा में दूसरी पायदान पर रहने वाले लखनादौन नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष दिनेश राय उर्फ मुनमुन अब भारतीय जनता पार्टी की ओर आशा भरी नजरों से देख रहे हैं। हो सकता है मुख्यमंत्री के सिवनी आगमन पर वे भारतीय जनता पार्टी के खेमे में अपनी उपस्थिति दर्ज करवा लें।
ज्ञातव्य है कि वर्ष 2008 के विधानसभा चुनावों में जबकि बतौर नगर पंचायत अध्यक्ष के रूप में दिनेश राय उर्फ मुनमुन का कार्यकाल एक साल से अधिक का बचा था, तब लखनादौन को तिरस्कृत कर दिनेश राय उर्फ मुनमुन ने सिवनी विधानसभा से किस्मत आजमाई थी। उस वक्त यह चर्चा आम थी कि आखिर लखनादौन नगर के निवासियों से क्या खता हो गई जो लखनादौन के कथित मीसहा की छवि वाले दिनेश राय उर्फ मुनमुन उन्हें अनाथ छोड़कर सिवनी की ओर कूच कर गए।
बताया जाता है कि इसके पूर्व जब सिवनी लोकसभा के विलोपन के षणयंत्र का तानाबाना बुना जा रहा था, उस वक्त दिनेश राय उर्फ मुनमुन ने कसम उठाई थी कि अगर सिवनी लोकसभा का विलोपन होता है तो वे केवलारी जाकर हरवंश सिंह ठाकुर के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। इस संबंध में एक निजी चेनल के मिशन शाला में आयोजित लाईव शो के दौरान जब समाजसेवी बाबू लाल श्रीवास्तव द्वारा दिनेश राय उर्फ मुनमुन को उनका यह कौल याद दिलाया तब अपनी चिरपरिचित अदा में दिनेश राय उर्फ मुनमुन ने बांहे चढ़ा लीं थीं। विधानसभा चुनावों में उन्होंने केवलारी के स्थान पर सिवनी से किस्मत आजमाई जिसको लेकर तरह तरह की चर्चाएं गर्मा गईं।
सादगी, मृदुव्यहार आदि का दावा करने वाले दिनेश राय के समर्थक उस वक्त निरूत्तर हो गए थे, जब उनकी माताजी के चुनावों के दौरान वालीवुड़ के डुप्लीकेट हीरोज ने आकर भौंडा प्रदर्शन किया था। इतना ही नहीं अब तो सिवनी जिले में यह चर्चा भी चल पड़ी है कि दिनेश राय उर्फ मुनमुन छपास के खासे मरीज बन चुके हैं। अखबारों की सुर्खियों में रहना उन्हें भा रहा है। संभवतः यही कारण है कि लखनादौन नगर पंचायत की अध्यक्ष श्रीमति सुधा राय के होते हुए नगर पंचायत द्वारा कराए जा रहे हर काम में श्रीमति सुधा राय के स्थान पर उनकी ही तस्वीर प्रकाशित करवाई जा रही है।
दिल्ली स्थित समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो से आकाश कुमार ने बताया कि पिछले दिनों भारतीय जनता पार्टी के सम्मेलन के दौरान दिनेश राय उर्फ मुनमुन ने भाजपा के एक पदाधिकारी को साधा और उनके माध्यम से भाजपा के आला नेताओं से भेंट भी की थी। यद्यपि नाम उजागर ना करने की शर्त पर उक्त भाजपा के नेता ने यह अवश्य बताया कि उनकी सिवनी से दिल्ली की यात्रा दिनेश राय उर्फ मुनमुन के साथ ही हुई थी, और वे दिल्ली तथा दिनेश मेरठ के लिए रवाना हो गए थे।
प्रदेश भाजपा कार्यालय के सूत्रों के अनुसार दिनेश राय उर्फ मुनमुन ने भाजपा के आला नेताओं को बताया है कि किस तरह पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी प्रसन्न चंद मालू की जमानत जप्त करवाई और फिर नगर पंचायत के चुनावों में उनकी माता श्रीमति सुधा राय के सामने कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए ही कोई प्रत्याशी नहीं रहा। चर्चा है कि दिनेश राय सीएम शिवराज सिंह चौहान के समक्ष भाजपा की सदस्यता इसी महीने ले सकते हैं।
अगर एसा हुआ तो दिनेश राय उर्फ मुनमुन की सिवनी से विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी से चुनाव लड़ना तय ही होगा। अगर यह हुआ तो निश्चित तौर पर सिवनी विधानसभा के लिए अपनी अपनी फील्डिंग जमाने वाले नेताओं को निराशा का ही सामना करना पड़ेगा क्योंकि हर मामले में दिनेश राय उर्फ मुनमुन उन पर बीस ही बैठेंगे।

लाट साहेब को फुर्सत नहीं गुड़िया के परिजनों से मिलने की!


उर्मिला सिंह 14 को पायली एवं घंसौर में!

लाट साहेब को फुर्सत नहीं गुड़िया के परिजनों से मिलने की!

(शरद खरे)

सिवनी (साई)। परिसीमन में विलुप्त हुई सिवनी जिले की घंसौर विधानसभा की पूर्व विधायक एवं वर्तमान में हिमाचल प्रदेश की महामहिम राज्यपाल श्रीमति उर्मिला सिंह को इतनी फुर्सत नहीं है कि वे घंसौर में दुष्कर्म की शिकार हुई गुड़िया के परिजनों से मिलकर दो बोल संवेदनाओं के बोल सकें।
आज यहां जारी सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि हिमाचल प्रदेश की राज्यपाल महामहिम उर्मिला सिंह 14 मई को प्रातः सवा ग्यारह बजे जबलपुर से प्रस्थान कर सिवनी जिले के रमणीय स्थल पायली एवं इसके उपरांत घंसौर जाएंगी। आप 14 एवं 15 मई को जिले के ग्राम घूरवाड़ा में स्टे करेंगी। महामहिम श्रीमति सिंह 16 मई को अपरान्ह तीन बजे घूरवाड़ा से जबलपुर प्रस्थान करेंगी।
सरकारी तौर पर जारी श्रीमति उर्मिला सिंह के कार्यक्रम में घंसौर जाने की बात अवश्य कही गई है, किन्तु घंसौर में जाकर वे गुड़िया के परिजनों से मिलेंगी अथवा नहीं इस बारे में कोई उल्लेख नहीं किया गया है।
शिमला से समाचार एजेंसी आफ इंडिया ब्यूरो से रीता वर्मा ने राजभवन के सूत्रों के हवाले से बताया है कि वर्तमान में हिमाचल प्रदेश की राज्यपाल श्रीमति उर्मिला सिंह का सिवनी जिले का दौरा जारी अवश्य हुआ है किन्तु सूत्रों का कहना है कि इसमें घंसौर की गुड़िया के परिजनों से मिलने का उल्लख्ेा नहीं किया गया है।
सूत्रों की बात की पुष्टि इससे हो जाती है कि सिवनी में आज जारी सरकारी विज्ञप्ति में भी उर्मिला सिंह का घंसौर जाने का उल्लेख तो है किन्तु इसमें गुड़िया के घर जाना या मासूम के परिजनों से मिलने की बात का कहीं उल्लेख नहीं है।
ज्ञातव्य है कि घंसौर से विधायक रहते हुए श्रीमति उर्मिला सिंह पूर्व में प्रदेश में अनेक विभागों की कबीना मंत्री भी रह चुकी हैं। इतना ही नहीं उर्मिला सिंह मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष भी रहीं हैं। श्रीमति सिंह के लंबे राजनैतिक जीवन में उनके द्वारा इस तरह की भूल संभवतः पहली मर्तबा ही की जा रही होगी। संभावना तो यह है कि इस खबर के प्रकाशन के साथ ही उर्मिला सिंह के दौरा कार्यक्रम में गुड़िया के घर जाकर मिलने और सांत्वना देने की बात अवश्य ही जोड़ दी जाएगी।

मेंहदीरत्ता व हुकुम की जुगलबंदी से परेशान है मीडिया!


अपराधियों को प्रश्रय - - - 4

मेंहदीरत्ता व हुकुम की जुगलबंदी से परेशान है मीडि
या!

किसी भी जानकारी के लिए घंसौर जाने पर मजबूर हैं मीडिया पर्सन

(संजीव प्रताप सिंह)

सिवनी (साई)। सिवनी जिले में लगने वाले तीन में से पहले पावर प्लांट से मीडिया पर्सन्स बेहत त्रस्त नजर आ रहे हैं। इसका कारण हर बात की जानकारी के लिए उन्हें घंसौर जाने पर निर्भर रहना ही बताया जा रहा है। आश्चर्य की बात यह है कि मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड के इस पावर प्लांट का एक भी लाईजनिंग कार्यालय जिला मुख्यालय सिवनी में नहीं हैं।
देश के मशहूर उद्योगपति गौतम थापर के स्वामित्व वाले अवंथा समूह जो मंहगी शराब का निर्माण भी करता है के सहयोगी प्रतिष्ठान मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड द्वारा जिले के आदिवासी बाहुल्य विकासखड घंसौर के बरेला में एक पावर प्लांट की स्थापना की जा रही है। इस पावर प्लांट में बनने वाली बिजली को एमपी और अन्य प्रदेशों को बेचकर गौतम थापर शुद्ध लाभ कमाएंगे।
2009 से अब तक इस पावर प्लांट में घटी घटनाओं के बारे में जानकारी के लिए मीडिया घंसौर जाने पर ही मजबूर है, क्योंकि पावर प्लांट का एक भी कार्यालय सिवनी में नहीं है। अवंथा समूह के दिल्ली में जनपथ स्थित थापर हाउस के कार्यालय के दूरभाष 011 - 23368096 सदा ही खराब मिलता है।
इसके साथ ही साथ मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड के दिल्ली एनसीआर में गुड़गांव में एमजी रोड़ पर वाटिका सिटी प्वाईंट की छटवीं और सतवीं मंजिल पर स्थित कार्यालय के दूरभाष नंबर 0124 - 4392000 पर फोन लगाने पर उनके पास सिवनी का कोई नंबर ही नहीं है।
अगर आप मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड के जबलपुर स्थित कार्यालय में 0761 - 2600144 पर फोन लगाते हैं तो वहां भी बरेला साईट आफिस का कोई नंबर ही नहीं दिया जाता है। इस फोन पर सिक्यूरिटी गार्ड ही फोन उठाते हैं और वे किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के नंबर होने की बात से साफ इंकार कर देते हैं।
अब रही बात घंसौर के बरेला में साईट आफिस की तो यहां लगे फोन नंबर 07693 - 298223 पर अगर फोन लगाया जाए तो वह सदा ही खराब मिलता है। इतना ही नहीं यहां के महाप्रबंधक विक्रमजीत दास का मोबाईल 8889966339 सदा ही स्विच्ड आफ रहता है। इस तरह सिवनी के मीडिया के लोग अगर किसी घटना के संबंध में संयंत्र का पक्ष जानने का प्रयास करते हैं तो उन्हें असफलता ही हाथ लगती है।
समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के दिल्ली एनसीआर ब्यूरो से आकाश कुमार ने थापर हाउस के सूत्रों के हवाले से बताया कि कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी श्री मेंहदीरत्ता द्वारा यह ताना बाना बुना गया है ताकि मीडिया को संयंत्र से काफी दूर रखा जाए। सूत्रों ने यह भी बताया कि इस काम को श्री मेंहदीरत्ता और घंसौर के स्थानीय नेता कुंवर शक्ति सिंह की जुगलबंदी ही अमली जामा पहना रही है।

वैध कालोनी अवैध कालोनी


वैध कालोनी अवैध कालोनी

(लिमटी खरे)

पूरे भारतवर्ष में बढ़ती आबादी के साथ ही शहरीकरण जोर से होने लगा। नागरिक शास्त्र का सिद्धांत है कि औद्योगीकरण के साथ ही नगरीकरण तेज हो जाता है। शहरों के आसपास खाली जगहों पर कालोनी बसना आरंभ हो जाती हैं। लोग इन कालोनाईजर्स के लुभावने विज्ञापन में फंसकर प्लाट खरीद लेते हैं फिर किसी तरह वहां मकान बनाकर रहना भी आरंभ कर देते हैं। असली मरण तब होती है जब ये बेचारे लोग बारिश में कीचड़ से सनी कच्ची सड़क पर चलते हैं, पानी के लिए तरसते हैं और तो और इन्हें बिजली का कनेक्शन भी अस्थाई ही प्रदाय किया जाता है।
प्रदेश की राजधानी भोपाल में नए भोपाल की अवधारणा बहुत ही अच्छे आधार पर बनाई गई थी, फिर भी नए भोपाल में झुग्गियों की तादाद बेहद है। इसका कारण क्या है इस बारे में सोचने की शायद ही किसी को चिंता हो। दरअसल, कालोनी या सरकारी रिहाईश तो बना दी जाती है पर यह कभी नहीं सोचा जाता है कि घरों में बर्तन खटका आदि करने का काम करने वाली बाईयां कहां से आएंगी? क्या वे दूर से आएंगी?
निश्चित तौर पर इसका जवाब नहीं ही होगा। घरों का काम करने वाले लोग इन्हीं कालोनी के इर्द गिर्द ही झोपड़ पट्टी बनाकर रहना आरंभ कर देते हैं। जब ये शुरूआत में बसाहट करते हैं तब स्थानीय निकाय का ध्यान इस ओर नहीं जाता है। इसके साथ ही साथ जब दस बीस घर बन जाते हैं तब भूमाफिया भी यहां झोपड़ी बनाकर उसमें रहना आरंभ कर बाद में उन्हें किराए से उठा देता है।
सिवनी शहर में भी उपनगरीय क्षेत्रों में आज भी इस तरह की बसाहट देखी जा सकती है। महाकालेश्वर मंदिर की टेकड़ी, भैरोगंज, बरघाट नाका, पालीटेक्निक के पीछे, बबरिया के पास, ज्यारत नाका, छिंदवाड़ा नाका, झिरिया, आदि क्षेत्रों में यह बसाहट साफ देखी जा सकती है। इन बस्तियों में ना तो पानी निकासी का उचित साधन है ना ही पानी लाने का। इतना ही नहीं इन क्षेत्रों में साफ सफाई का अभाव भी साफ देखा जा सकता है जो अनेक तरह की बीमारियों का कारक भी होता है।
इसके अलावा शहर में अनेक कालोनियां विकसित हो रही हैं, और हो चुकी हैं। इन कालोनी का जब आरंभ होता है तब कालोनाईजर्स आकर्षक विज्ञापनों के माध्यम से लोगों को लुभाते हैं। बाद में जब सारे प्लाट बिक जाते हैं तब वहां विकास का काम नगर पालिका के जिम्मे बताकर कालोनाईजर्स हाथ खड़े कर लेते हैं। देखा जाए तो इस तरह के कालोनाईजर्स दूध की मलाई तो चट कर जाते हैं बाद का छाछ नगर पालिका के मत्थे छोड़ दिया जाता है।
वस्तुतः किसी भी कालोनी के बनने के समय उस समय के वहां के पार्षद की यह जवाबदेही बनती है कि वह कालोनाईजर्स की मश्कें कसे और प्लाट की बिकावली तभी आरंभ होने दे जब वहां नाली, प्रकाश, सड़क, खेल का मैदान, देवालय, पार्क आदि की वह व्यवस्था जो कालोनाईजर्स द्वारा टाउन एण्ड कंट्री प्लानिंग को अपने प्रस्ताव के साथ जमा करता है को पूरा कर लिया जाए। होता यह है कि पार्षद भी इस दिशा में अनदेखी ही कर जाते हैं।
दूर की कौन कहे जब सरकारी महकमों में ही कालोनी के निर्माण में बुरे हाल हों तो फिर वह कहावत कैसे चरितार्थ नहीं होगी कि सारा आसमान ही फटा है कहां कहां पैबंद लगाओगे! शहर के मंहगे रिहाईशी इलाके में मध्य प्रदेश गृह निर्माण मण्डल ने पुरानी हाउसिंग बोर्ड कालोनी को बसाया था। उसके बाद यहां समता नगर बसा। इन दोनों ही बसाहटों में हाउसिंग बोर्ड का उदासीन रवैया किसी से छिपा नहीं है।
समता नगर में पानी निकासी के लिए एचआईजी के सामने या पीछे कोई नाली नहीं है। इसके अलावा टाउन एण्ड कंट्री प्लानिंग को जमा कराए नक्शे में बोर्ड ने इस कालोनी में तीन पार्क प्रस्तावित किए थे। आज अगर इस कालोनी का निरीक्षण किया जाए तो यहां एक भी पार्क अस्तित्व में नहीं है। मजे की बात तो यह है कि शेल्टरलेस लोगों के लिए छोड़ी गई प्रंदह फीसदी जमीन पर भी मकान बनाकर हाउसिंग बोर्ड ने बेच दिए हैं।
हाल ही में बारापत्थर से लगी राम नगर कालोनी के लोग नगर पालिक गए और इस कालोनी को वैध कर सारी सुविधाएं देने की मांग की। उनकी मांग जायज है, आखिर उनका दोष क्या है? जब कालोनाईजर ने उन्हें सब्जबाग दिखाकर प्लाट बेच दिए तब अब कालोनाईजर भला अपनी जवाबदेही से कैसे बच सकता है? नगर पालिका प्रशासन को चाहिए कि वह संबंधित कालोनाईजर पर तगड़ा अर्थदण्ड लगाए और इसे नजीर बनाकर पेश करे ताकि बाकी की विकसित और विकसित होने जा रही कालोनी के मालिक सचेत हो जाएं।
पालिका प्रशासन को कठोर कदम उठाने ही होंगे। जिला प्रशासन से भी अपेक्षा है कि इस दिशा में ठोस पहल कर शहर के लोगों को कालोनी के अवैध व्यवसाय से लुटने से बचाए। पर इसके लिए प्रशासन और पालिका दोनों ही को अपने निहित स्वार्थ से उपर उठना आवश्यक होगा। अगर ऐसा नहीं हुआ तो शहर के लोग इन पैसों के लोभी कालोनाईजर्स के झांसे में फंसकर लुटते रहेंगे और साथ ही साथ बाद में अवैध कालोनी को वैघ करने के चक्कर में सरकारी धन का दुरूपयोग होगा सो अलग!

शुक्रवार, 10 मई 2013

इसलिए अभिनंदन विलंब से करवाया हुकुम ने!


अपराधियों को प्रश्रय - - -3

इसलिए अभिनंदन विलंब से करवाया हुकुम ने!

(शरद खरे)

सिवनी (साई)। देश के मशहूर उद्योगपति गौतम थापर के स्वामित्व वाले अवंथा समूह के सहयोगी प्रतिष्ठान मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड के एक वेल्डर फिरोज द्वारा गत दिवस चार साल की दुधमुंही बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसके निधन का असर भी हुकुम के मौन वृत पर पड़ता दिख रहा है।
बताया जाता है कि कुंवर शक्ति सिंह जिन्हें लोग हुकुम के नाम से भी जानते हैं का घंसौर विशेषकर मेसर्स झाबुआ पावर प्लांट में इकबाल जमकर बुलंद है। हुकुम अपना मौन वृत समाप्त कर 19 अप्रेल को रामनवमी के दिन सिवनी वापस आ गए थे। उस वक्त घंसौर की गुड़िया का मामला मीडिया की सुर्खियां बन चुका था।
हुकुम के करीबी सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि छपास का खासा प्रभाव है हुकुम पर। उस समय संभवतः हुकुम ने मीडिया में अपने मौन वृत को जमकर प्रचारित करवाने का मन बनाया था। बताया जाता है कि हुकुम के सलाहकारों ने उन्हें मशविरा दिया कि वह माकूल वक्त नहीं था जबकि वे अपने आप को महिमा मण्डित करते।
संभवतः यही कारण है कि 19 अप्रेल को अपना मौन वृत समाप्त कर सिवनी वापस लौटे हुकुम ने गुड़िया के अंतिम संस्कार के उपरांत मई के पहले सप्ताह में अपना कथित तौर पर अभिनंदन मीडिया के माध्यम से करवाया। इसमें धारा 324 के एक आरोपी जो कि फरारी काट रहा है का नाम उसमें आने से हुकुम की किरकरी हो गई।
कहा जा रहा है कि अगर 19 अप्रेल को मौन वृत समाप्त कर वापस लौटे शक्ति सिंह अगर उसी समय इसे प्रचारित करवाते तो मीडिया उनसे यह अवश्य पूछती कि गुड़िया के लिए वे क्या कर रहे हैं? उनके करीबी सूत्रों का दावा है कि उन परिस्थितियों में शक्ति सिंह के पास कोई जवाब नहीं होता क्योंकि वे सदा से ही मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड के बरेला प्लांट के बारे में अपना मुंह खोलने से बचते आए हैं।
चर्चा है कि बरेला प्लांट प्रबंधन द्वारा बार बार आदिवासियों को छला है, ना तो क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त मात्रा में रोजगार मिला है, ना ही आदिवासियों और स्थानीय किसानों को उनकी जमीन की वाजिब कीमत मिली है, ना ही क्षेत्र में झाबुआ पावर लिमिटेड द्वारा शिक्षा और स्वास्थ्य की दिशा में कोई ठोस पहल की है। इतना सब होते हुए भी कुंवर शक्ति सिंह का झाबुआ पावर लिमिटेड के खिलाफ मुंह ना खोलना अनेक मिली भगत की ओर इशारा कर रहा है।

स्टार कापीराईट की धमक से बाजार में सन्नाटा


स्टार कापीराईट की धमक से बाजार में सन्नाटा

(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। स्टार कापीराईट प्रोटेक्शन नामक संस्था के द्वारा गत दिवस सिवनी में की गई छापेमारी से बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ है। शहर के मोबाईल से संबंधित कारोबारियों में स्टार कापीराईट की दहशत मची हुई है। स्टार कापी राईट की ओर से शहर के व्यापारियों को एक पर्चा भी थमाया गया है जिसमें कुछ मोबाईल नंबर्स के साथ समझाईश भी दी गई है।
बताया जाता है कि इस पर्चे में स्टार कापीराईट का मुख्यालय भोपाल के बैरसिया रोड़ पर नारियल खेड़ा स्थित तक्षशिला कालेज के पास की दो नंबर दुकान को दर्शाया गया है। इसका ब्रांच आफिस जबलपुर में होना दर्शाया गया है। इस पर्चे में एनओसी यानी अनापत्ति प्रमाण पत्र लेकर व्यापार करने का मशविरा दिया गया हैं
इसमें उल्लेख किया गया है कि बिना एनओसी के डाउनलोड़िंग या डाउन लोडेड कार्ड बेचना अपराध है जिसमें संविधान 1957 की कापीराईट एक्ट की धारा 51, 52ए, 63, 68ए का उल्लंघन होना बताया गया है। इसके लिए छः माह से तीन साल तक की सजा या फिर पचास हजार से तीन लाख रूपए तक के जुर्माने का प्रावधान भी किया गया है।
समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को जब यह पर्चा मिला तो उस पर उल्लेखित मोबाईल नंबर 9425466972 पर संपर्क किया गया तो वहां स्टार कापीराईट प्रोटेक्शन के कथित कर्मचारी ने बताया कि मुंबई के संगीत समूह द्वारा उन्हें यह अधिकार दिया गया है कि वे कापीराईट एक्ट के तहत उनके उत्पादों की रक्षा सुनिश्चित करें।
जब उनसे यह पूछा गया कि वह कौन सा समूह है और उस समूह में कौन कौन से संगीतकार, म्यूजिक स्टूडियो, फिल्म स्टूडियो आदि शामिल हैं जिन्होंने यह जवाबदारी इस प्रोटक्शन कंपनी को सौंपी है, इस पर उक्त बंदा खामोश ही रहा। जब उनसे यह पूछा गया कि आपसे अगर एनओसी ले ली जाए तो आप एनओसी की राशि का क्या करते हैं? के जवाब में भी उन्होंने संतोषजनक उत्तर नहीं दिया।
जब उनसे यह पूछा गया कि आपसे एनओसी कितने लोगों ने ली है और आप कितने लोगों की सूची अगर भेजते हैं तो उपर भेजेंगे? इस प्रश्न पर भी स्टार कापीराईट प्रोटेक्शन का कारिंदा ना केवल मौन साधे रहा वरन उसने एक अन्य नंबर 9200007545 पर बात करके सारी जानकारी लेने की बात कह दी।
ज्ञातव्य है कि मुंबई में संगीत कंपनियों द्वारा मोबाईल पर गाने, वाल पेपर आदि डाउनलोड करने के लिए कापी राईट एक्ट को अवश्य ही प्रभावी बनाने की पहल की होगी, किन्तु प्रश्न यह उठता है कि आखिर एक जिले में कितने छोटे बड़े दुकानदार इस काम को अंजाम दे रहे हैं और कितने एनओसी लेकर काम कर रहे हैं इसकी कोई सूची ना तो इंटरनेट पर ही उपलब्ध है और ना ही किसी के पास।
इन परिस्थितियों में यह भी संभव है कि इस तरह की संस्थाएं जिलों में जाकर दुकानदारों को धमकाकर उनसे अवैध वसूली भी करना चालू कर दें। दुकानदारों के अनुसार इस कंपनी के कारिंदों ने यह चेतावनी भी दी है कि मोबाईल या अन्य काम करने वाले व्यवसाई अपने कंप्यूटर में गाने बिना एनओसी के ना रखें वरना उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
सवाल यह उठता है जब इंटरनेट पर निशुल्क गाने या वाल पेपर्स डाउनलोड की सुविधा उलब्ध है तब भला कोई कैसे अपने आपको रोक सकता है। बेहतर होगा कि इस तरह की संस्थाएं पहले इंटरनेट पर मुफ्त डाउनलोडिंग वाली वेब साईट्स को या तो सशुल्क बनाए या बंद करवाए।

अबोध लाड़ो के साथ नाबालिग द्वारा दुष्कर्म का प्रयास


अबोध लाड़ो के साथ नाबालिग द्वारा दुष्कर्म का प्रयास

(संजीव प्रताप सिंह)

सिवनी (साई)। बरघाट नाका क्षेत्र में आज दोपहर घटी एक घटना ने शहर में दिन भर रोष और असंतोष का वातावरण बनाकर रखा। दिन भर अफवाहों के दौर चलते रहे, पुलिस की ओर से भी इस संबंध में किसी तरह की आधिकारिक जानकारी नहीं प्रदाय की गई।
रात लगभग साढ़े नौ बजे जिला पुलिस अधीक्षक मिथलेश शुक्ला ने दूरभाष पर बताया कि एक पांच वर्षीय बालिका एवं उसकी माता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने धारा 375, 376 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना आरंभ कर दी है। उन्होंने बताया कि उक्त बालिका एवं माता ने बताया कि किसी 9 वर्ष के राज नामक बच्चे ने उस बच्ची की गुदा में एक लकड़ी घुसेड़ दी थी।
श्री शुक्ला ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को आगे बताया कि बच्ची का मुलाहजा जिला चिकित्सालय में करा दिया गया है। उसकी आवश्यक जांच भी लगभग पूरी हो गई हैं। पीड़ित बच्ची के बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष करवा लिए गए हैं, तथा आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आज अपरान्ह ही जब उक्त बच्ची के मुलाहजा के लिए कोतवाली पुलिस जिला चिकित्साल पहुंची तब वहां देखते ही देखते नागरिकों और मीडिया से जुड़े लोगों की भीड़ जुड़ती चली गई। इसी बीच कुछ लोग कोतवाली और जिला कलेक्टर के कार्यालय पहुंच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जब मोहल्ले की आक्रोषित महिलाएं जिला कलेक्टर भरत यादव के पास पहुंची तो जिला कलेक्टर ने बच्ची के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए इस मामले की जांच गंभीरता से करवाने की बात महिलाओं से कही। जिला कलेक्टर ने यह भी कहा कि जिस तरह घंसौर की गुड़िया के आरोपी को पकड़ा गया है इसी तरह इस मामले में भी कार्यवाही की जाएगी।
समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया ने जब इस संबंध में कोतवाली दूरभाष पर संपर्क किया गया तो वहां उपस्थित सहायक उपनिरीक्षक श्री त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले में राज नामक युवक के खिलाफ धारा 375 एवं 376 के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले को उप निरीक्षक सुश्री चौहान देख रही हैं अतः विस्तार से जानकारी वे ही दे पाएंगी। सुश्री चौहान का मोबाईल नंबर भी उनके पास नहीं था।
सुश्री चौहान के मोबाईल नंबर के लिए जब पुलिस कंट्रोल रूम फोन लगाया गया तो कंट्रोल रूम से जवाब मिला कि उनकी जानकारी में नहीं है कि कोई चौहान मेडम कोतवाली में पदस्थ हुईं हैं। आज शाम आक्रोशित महिलाओं ने केवटी वार्ड, बारापत्थर क्षेत्र, जिला अस्पताल और कलेक्ट्रेट तक रैली निकालकर अपना विरोध दर्ज किया।