शनिवार, 24 दिसंबर 2011

यूपी की दो परियोजनाएं प्राथमिकता पर


यूपी की दो परियोजनाएं प्राथमिकता पर

(प्रतुल बनर्जी)

नई दिल्ली (साई)। केन्द्र ने राष्ट्रीय परियोजना कार्यक्रम के तहत उत्तर प्रदेश की सरयू नहर परियोजना और शारदा सहायक परियोजना को दो प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं में शामिल करने का फैसला किया है। इन परियोजनाओं के लिए केन्द्र तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक सहायता देगा। इस परियोजना के पूरा होने पर बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, बस्ती, संतकबीर नगर, सिद्धार्थ नगर और गोरखपुर जिलों में लगभग १४ लाख हेक्टेयर भूमि की सिंचाई हो सकेगी। इसके मार्च २०१६ तक पूरा होने की संभावना है।
उधर, उच्चतम न्यायालय द्वारा नियुक्त अधिकार प्राप्त समिति आज केरल में मुल्लपेरियार बांध की सुरक्षा की जांच करेगी। आधुनिक उपकरणों की मदद से विभिन्न स्थानों पर बांध के ढांचे की सुरक्षा का पता लगाया जाएगा। ये समिति मुल्लपेरियार समेत विभिन्न बांधों की सुरक्षा का जायजा लेने के लिए कल केरल में इडुकी पहुंची। समिति में डॉक्टर सी डी थाटे, डॉक्टर जी के मेहता और वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी शामिल हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार समिति ने विभिन्न सुरक्षा पहलुओं के बारे में तकनीकी विशेषज्ञों से बातचीत की है। समिति भूकंप का पता लगाने वाले उपकरणों तथा चेतावनी देने की व्यवस्था की भी जांच करेगी। यह समिति तमिलनाडु में वैगा जलाशय का भी दौरा करेगी।

कोई टिप्पणी नहीं: