गुरुवार, 12 जनवरी 2012

प्रियंका हुईं चालीस की


प्रियंका हुईं चालीस की

(राजीव सक्सेना)

नई दिल्ली (साई)। मीडिया में इंदिरा गांधी की छवि सी दिखने वाली प्रियंका वढ़ेरा चालीस के पेटे में पहुंच गईं हैं। चुनाव के दौरान मीडिया मैनेजमेंट करने वाले कांग्रेस के प्रबंधकों द्वारा प्रियंका गांधी में स्व.इंदिरा गांधी की छवि उनकी साड़ी आदि को मुद्दा बनाकर प्रियंका में प्रियदर्शनी का अक्स उभारने की नाकाम कोशिश की जाती रही है।
हर समय कांग्रेसियों की उम्मीद और भरोसा बने रहने वाली प्रियंका गांधी गुरुवार को 40 साल की हो गईं। प्रियंका अपना जन्मदिन परिवार और बच्चों के साथ सादगी से मनाती हैं। प्रियंका हालांकि सक्रिय राजनीति में नहीं हैं। मगर वे पिछले दो दशक से ज्यादा समय से चुनावों के दौरान अमेठी और रायबरेली में जाती रही हैं। इस बार भी वह इन दोनों जगहों पर कांग्रेस के उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करेंगी। प्रियंका का अगले हफ्ते अमेठी, रायबरेली जाने का कार्यक्रम है। इन दोनों क्षेत्रों से राहुल गांधी और सोनिया सांसद हैं।
प्रियंका जब भी अपने इन पारिवारिक संसदीय इलाकों में जाती हैं विपक्ष पर करारे तीर छोड़कर आती हैं। अपने बड़े भाई राहुल (42 वर्ष) के मुकाबले प्रियंका ज्यादा मुखर और हाजिरजवाब हैं। हालांकि इस बार यूपी चुनाव में राहुल भी अपने सौम्य रूप के विपरीत गुस्सैल युवा (एंग्री यंग लीडर) की छवि में दिख रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: