सोमवार, 23 जुलाई 2012

दिल्ली मेट्रो में जन्मी लाडली, खर्च उठाएगा डीएमआसी


दिल्ली मेट्रो में जन्मी लाडली, खर्च उठाएगा डीएमआसी

(सुमित माहेश्वरी)

नई दिल्ली (साई)। कहा जाता है कि हवाई जहाज में अगर कोई बच्चा पैदा हो तो उसे जीवन भर की हवाई यात्रा निशुल्क की सुविधा रहती है। इधर, दिल्ली में यातायात की रीढ़ बच चुकी दिल्ली मेट्रो में एक लाड़ली ने जन्म लिया है। इस बच्ची के जन्म पर होने वाले खर्च को डीएमआरसी ने उठाने की घोषणा की है।
समाचार एजेंसी ऑॅफ इंडिया को मिली जानकारी के अनुसार मेट्रो में आज एक महिला ने शिशु को जन्म दिया। फरीदाबाद की रहने वाली जूली देवी आज सुबह केंद्रीय सचिवालय जाने वाली मेट्रो ट्रेन से जा रही थी। ट्रेन में ही उसे प्रसव पीडा होने लगा। जब मेट्रो ट्रेन केंद्रीय सचिवालय पहुंचने वाली थी तब उसने सात बजकर 28 मिनट पर बालिका शिशु को जन्म दिया। दरअसल जूली को उसके पति भर्ती कराने सफदरजंग अस्पताल ले जा रहे थे।
दिल्ली मेट्रो के प्रवक्ता अनुज दयाल ने कहा है कि तुरंत मां और बच्ची को समीप के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। दयाल ने बताया कि मेट्रो प्रमुख मंगू सिंह ने घोषणा की कि अस्पताल में जूली के परिवार को जो भी खर्च आएगा, उसका वहन दिल्ली मेट्रो करेगी।
बच्ची के लिए नर्सरी की अनुपलब्धता प्रारंभ में चिंता का विषय था। लेकिन मेट्रो कर्मचारियों ने अस्पताल प्रशासन से संपर्क किया और बच्ची को भर्ती में उसका सहयोग मांग। दयाल ने कहा, ‘‘अस्पताल प्रशासन सभी आवश्यक मदद प्रदान करने के लिए बढचढकर काम किया।’’ माता और बच्ची दोनों अच्छी हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: