सोमवार, 23 जुलाई 2012

हरियाणा, असम यूपी में हिंसा!


हरियाणा, असम यूपी में हिंसा!

(महेश रावलानी)

नई दिल्ली (साई)। हरियाणा, असम और उत्तर प्रदेश में हिंसा का दौर जारी है। असम में एक दर्जन लोगों के मारे जाने की खबर है। बरेली में स्थिति बिगडते देख प्रशासन ने सख्त रवैया अपना लिया है। इधर हरियाणा में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प में एक दर्जन से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है।
असम के कोकराझार और चिरांग जिलों में जारी हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़कर १६ हो गई है। कल चिरांग में अज्ञात हमलावरों ने चार लोगों की हत्या कर दी जबकि कोकराझार में अब तक १२ लोगों की मौत हो चुकी है। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के गुवहाटी ब्यूरो से जाकिया तस्मिन रहमान ने समाचार दिया है कि जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक का कर्फ्यू लगा दिया है।
बोडोलैंड टेरिटोरियल एरिया डिस्ट्रिक्ट्स-बीटीएडी के पुलिस महानिरीक्षक के कार्यलय के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि हिंसा में शामिल होने के संदेह में अब तक ११ लोगों को हिरासत में लिया गया है। उधर, मुख्यमंत्री तरूण गोगोई ने हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं और सभी लोगों से शांति और सदभाव बनाए रखने का आग्रह किया है।
राष्ट्रीय आपदा कार्रवाई बल एनडीआरएस और असम वन संरक्षण बल को भी कोकराझार जिले में तैनात किया गया है। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए और १२ अफसर तैनात किए गए हैं। केंद्र सरकार ने दूसरी जगहों पर हिंसा की वारदात रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भेजे हैं। जिले की ३१ संवेदनशील जगहों पर सेना के साथ सुरक्षा बल भी तैनात किए गए हैं। लगभग २६ हजार लोग ३८ राहत शिविरों में रह रहे हैं। असम सरकार नियंत्रण कक्ष के जरिए स्थिति पर नजर रख रही है।
इधर, उत्तर प्रदेश में बरेली शहर में परस्पर विरोधी दो गुटों के बीच हिंसक झड़पों के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया है। शहर के सातों थाना क्षेत्रों-कोतवाली, प्रेमनगर, बारादरी, किला, छावनी, इज्जतनगर और सुभाष नगर में कर्फ्यू लागू है। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के लखनऊ ब्यूरो से दीपांकर श्रीवास्तव ने खबर दी है कि एक जुलूस में लाउडस्पीकर लेकर चलने पर झड़प के बाद दो गुटों के बीच गोलीबारी और आगजनी शुरू हो गई। झड़पों में पुलिसकर्मियों सहित कई लोग घायल हो गए।
इसी तरह हरियाणा में पुलिस और प्रदर्शनकारी किसानों के बीच झड़प में आठ पुलिसकर्मियों सहित १५ लोग घायल हो गए। यह घटना कल दिल्ली-जयपुर राजमार्ग संख्या 8, पर किसानों की महापंचायत के हिंसक रूप धारण कर लेने पर हुई। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के हरियाणा ब्यूरो से अनेशा वर्मा ने समाचार भेजा है कि इसमें कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया है।
ये महापंचायत भिवानी जिले के असावल गांव में उपजाऊ भूमि के अधिग्रहण का विरोध कर रहे किसानों की भूमि अधिग्रहण विरोधी संघर्ष समिति ने बुलाई थी। जब किसानों से राजमार्ग खाली करने को कहा गया, तो उन्होंने रोडवेज की तीन बसों, एक ट्रक और अग्निशमन दस्ते के एक वाहन में आग लगा दी। हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने रिवाड़ी जिले के किसानों से शांति बनाए रखने और कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है।

कोई टिप्पणी नहीं: