शनिवार, 28 जुलाई 2012

कलेक्टर ने थमाया विधायक पति को नोटिस


कलेक्टर ने थमाया विधायक पति को नोटिस

(शिवेश नामदेव)

सिवनी (साई)। मध्य प्रदेश भाजपा के महिला मोर्चा संगठन की प्रदेशाध्यक्ष और सिवनी की विधायक श्रीमति नीता पटेरिया के पति को जिला कलेक्टर द्वारा नोटिस दिया गया है। जिला चिकित्सालय सिवनी में पदस्थ डॉ.एच.एस.पटेरिया सहित अनेक चिकित्सकों को टीकाकरण के लक्ष्य में ध्यान ना दिए जाने पर यह नोटिस दिया गया है।
गौरतलब है कि मेडीकल कालेज से संबद्ध चिकित्सालय की अहर्ताएं लगभग पूरी करने वाला जिला चिकित्सालय सिवनी में जिले की विधायक श्रीमति नीता पटेरिया के पति डॉ.एच.एस.पटेरिया और श्रीमति शशि ठाकुर के पति डॉ.वाय.एस.ठाकुर पदस्थ हैं। डॉ. ठाकुर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं।
यहां उल्लेखनीय है कि सालों से जनप्रतिनिधयों की उपेक्षा का शिकार प्रियदर्शनी के नाम से सुशोभित जिला चिकित्साल सालों से खुद ही बीमार चल रहा है। यहां चिकित्सकों और चिकित्सा कर्मचारियों के अभाव के साथ ही साथ जांच की मशीनें खराब ही पड़ी हैं। चिकित्सकों द्वारा अस्पताल पर ध्यान देने के बजाए निजी चिकित्सा पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है।
जिला कलेक्टरेट के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि प्रसूता और नवजात शिशुओं के साथ ही साथ बच्चों को टीका लगाने के काम में बरती गई लापरवाही के चलते जिला कलेक्टर द्वारा यह कदम उठाया गया है। जिला कलेक्टर के द्वारा पहली बार चिकित्सा के क्षेत्र में ध्यान देने की सर्वत्र प्रशंसा ही की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.एच.एस.पटेरिया सहित, विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारी केवलारी,,कुरई, घंसौर, गोपालगंज आदि को कार्य में लापरवाही बरतने पर नोटिस दिया गया है। सत्ताधारी भाजपा विधायक पति को मिले इस नोटिस से चिकित्सा क्षेत्र में हडकंप तो आम जनता में राहत महसूस की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं: