मंगलवार, 17 अप्रैल 2012

ग्राम-सुराज अभियान का आगाज


ग्राम-सुराज अभियान का आगाज

(अभय नायक)

रायपुर (साई)। प्रदेश में जल्द ही शुरू होने वाले ग्राम सुराज अभियान में सुराज दल गांवों में पहुंच कर दिन-प्रतिदिन की सुविधाओं और शासकीय कार्यक्रमों के क्रियान्वयन से जुड़े लगभग डेढ़ सौ से अधिक सवाल ग्रामीणों से पूछेंगे। आधिकारिक जानकारी के अनुसार अभियान के दौरान गांव की प्रमुख मांगों और समस्याओं की जानकारी एकत्र की जाएगी।
ग्राम सुराज दल को प्रश्नावली में ग्राम वासियों के द्वारा बतायी गई जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।  इस बीच मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने कहा कि राज्य में हर साल आयोजित किए जा रहे ग्राम सुराज अभियान से वास्तव में चमत्कार हुआ है। इस अभियान में शासन और प्रशासन के दूर दराज गांवों तक आम जनता की दहलीज पर पहुंचने से जनहित की अनेक नई योजनाओं का जन्म हुआ है और कई योजनाओं में नियम प्रक्रियाओं का सरलीकरण भी किया गया है।
उन्होंने इसे आम जनता का अभियान बतातेहुए ग्रामीणों से सक्रिय सहयोग की अपील की है। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष प्रदेशव्यापी ग्राम सुराज अभियान दो चरणों में चलेगा। पहला चरण इस महीने अट्ठारह से इक्कीस तक और दूसरा चरण तेईस से सत्ताईस अपै्रल तक आयोजित किया जाएगा।
उधर, कांग्रेस ने इसका विरोध करने का मन बना लिया है। ग्राम-सुराज अभियान के विरोध में कांग्रेस का वादा-निभाओ पखवाड़ा राज्य में शुरू हो गया। दुर्ग से इस पखवाड़े का शुभारंभ हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस मौके पर दुर्ग के कांग्रेस भवन में प्रदेश अध्यक्ष श्री नंदकुमार पटेल और नेता प्रतिपक्ष श्री रविन्द्र चौबे के अलावा पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
इस मौके पर संगठन के प्रमुख नेताओं की अगुवाई में चार टीमें प्रदेश की चार दिशाओं के लिए रवाना की जा रही है। तीस अपै्रल तक चलने वाले इस पखवाड़े के दौरान कांग्रेस के नेता और पदाधिकारी गांव-गांव में जाकर राज्य सरकार को पिछले ग्राम-सुराज अभियान के दौरान किए गए घोषणाओं और वायदों की याद दिलाएंगे।
कांग्रेस के अनुसार पखवाड़ा खत्म होने के बाद आगामी एक मई को कांग्रेस के नेता और पदाधिकारी राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्र में गिरफ्तारियां देंगे। रायपुर में पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोहम्मद अकबर ने राज्य सरकार पर ग्राम सुराज अभियान के नाम पर विकास का दिखावा करने का आरोप लगाया।
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने राज्य सरकार पर ग्राम सुराज अभियान के नाम पर सरकारी धन के दुरूपयोग का आरोप लगाया है। रायपुर में एक विज्ञप्ति जारी कर उन्होंने ग्राम सुराज अभियान के दौरान प्रशासन द्वारा खर्च की गई राशि और इसके परिणामों को सार्वजनिक करने की मांग की है। श्री जोगी ने यह भी कहा है कि राज्य सरकार पिछले अभियान के दौरान की गई घोषणाओं को अब तक पूरा नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार इस अभियान के जरिए विकास का झूठा प्रचार करती है

कोई टिप्पणी नहीं: