बुधवार, 4 जनवरी 2012

द्वीप पर्यटन उत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में


द्वीप पर्यटन उत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में

पोर्ट ब्लेयर (साई)। पोर्ट ब्लेयर में आयोजित होने जा रहे द्वीप पर्यटन उत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई है। कल उद्घाटन समारोह का दूरदर्शन के राष्ट्रीय चैनल डी.डी. भारती से सीधा प्रसारण किया जाएगा। यह कार्यक्रम शाम छह बजे से आरंभ होकर साढ़े सात बजे तक जारी रहेगा।
पोर्ट ब्लेयर दूरदर्शन केन्द्र के सूत्रों का कहना है कि द्वीप समूह के इतिहास में यह पहला अवसर है जब पर्यटन उत्सव को राष्ट्रीय प्रसारण में शामिल किया गया है। सभी द्वीपों के अलावा बत्तीस अन्य राष्ट्रों मंे यह सीधा प्रसारण देखा जा सकेगा। इसके अलावा दूरदर्शन के राष्ट्रीय प्रसारण चैनल डी.डी.वन पर द्वीप पर्यटन उत्सव पर बाइस मिनट की टी.वी.रिपोर्ट भी प्रसारित की जाएगी।
इस बीच सांसद बिष्णु पद रे के करीबी सूत्रों का कहना है कि वे आवश्यक कार्य से वे दिल्ली जा रहे हैं, इसलिए द्वीप पर्यटन उत्सव के उद्घाटन समारोह में उपस्थित नहीं हो सकेंगे। उधर इस उत्सव के सिलसिले में कृषि विभाग की ओर से इस महीने की बारह तारीख को पुष्प प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। यह प्रदर्शनी खैतान कल्याण मंडपम, जंगलीघाट में सुबह आठ बजे आरंभ होगी। इच्छुक प्रतिभागी कृषि विभाग के गोलघर स्थित कार्यालय से आवेदन फार्म प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन इस महीने की आठ तारीख तक स्वीकार जाएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं: