शुक्रवार, 1 जून 2012

गर्मी ने तबियत से झुलसाया!


गर्मी ने तबियत से झुलसाया!

(पियूष भार्गव)
नई दिल्ली (साई)। नौ तपा में इस बार देश जमकर झुलस रहा है। देश भर से पानी के संकट और लू की खबरें आ रही हैं। राजधानी दिल्ली भी बुरी तरह झुलस रही है। पिछले पांच सलों में 30 मई को दिल्ली का तापमान सबसे अधिक दर्ज किया गया। कहा जा रहा है कि सप्ताहांत में बारिश हो सकती है।
पारे ने इस कदर उछाल लिया कि बीते पांच वर्षों में ३० मई का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। पालम, आया नगर, रिज, नजफगढ जैसे कई इलाकों में पारा ४४ डिग्री सेल्सियस के आंकडे को भी पार कर गया। पालम में अधिकतम तापमान ४४.९ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सफदरजंग में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक यानी ४३.५ दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने आशंका जतायी है कि अगले ४८ घंटों में तापमान में और उछाल दर्ज किया जा सकता है। अधिकतम तापमान ४५ डिग्री सेल्सियस के आंकडे को भी पार कर सकता है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वानुमान में कहा है कि गुरुवार को अधिकतम तापमान ४६ डिग्री सेल्सियस को पार कर जायेगा।
मौसम विशेषज्ञों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे सटे बिहार के ऊपर एक चक्रवातीय सिस्टम बना हुआ है। इसके अलावा उडीसा में भी एक चक्रवातीय सिस्टम बना हुआ है। दूसरी तरफ बंगाल की खाडी में हलचल देखने को मिल रही है। यहां हवा का एक अपर-एयर टर्फ तैयार हो गया है। दूसरी तरफ शुक्रवार से एक पश्चिमी विक्षोभ भारतीय इलाकों में दस्तक देगा।
जानकारों ने साई न्यूज को आगे बताया कि इन मौसमी कारकों की वजह से दिल्ली-एनसीआर के अलावा उत्तर-पश्चिमी भारत के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। यूपी में भी लोगों को भीषण गर्मी और लू से तुरंत राहत मिलने की संभावना नहीं है। आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि ही होने के अनुमान हैं।
वहीं राजस्थान से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो शैलेन्द्र ने बताया कि राजस्थान का सबसे गर्म शहर श्रीगंगानगर में भी पारा ४५ के पार चला गया है। बीकानेर, जयपुर, जोधपुर इन शहरों में भी गर्म हवाओं ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। एमपी में भोपाल से साई ब्यूरो नन्द किशोर ने बताया कि मध्य प्रदेश में तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो-तीन दिन तक यही स्थिति बनी रहेगी।
सूरज के तीखे तेवरों ने इन दिनों आम तौर पर ठंडा रहने वाले हिमाचल प्रदेश को भी नहीं बख्शा। राजधानी शिमला सहित कई इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक रिकॉर्ड किया गया। शिमला समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो से स्वाति सिंह ने बताया कि शिमला का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस सप्ताह तापमान में कमी आ सकती है।  नरकंडा, कुफरी, कसौली, मनाली, पालमपुर, चंबा और डलहौजी जैसे पर्यटन स्थलों पर भी तापमान सामान्य से अधिक रहा। ऊना ४२.८ डिग्री सेल्सियस के साथ हिमाचल का सबसे गर्म शहर रहा।
राजधानी दिल्ली में बुधवार को पारा पांच वर्ष के सभी रिकार्ड तोड़ते हुए 45 डिग्री तक पहुंच गया जो औसत से पांच डिग्री अधिक रहा। राजधानी दिल्ली में इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। बुधवार को पारा पांच वर्ष के सभी रिकार्ड तोड़ते हुए 45 डिग्री तक पहुंच गया जो औसत से पांच डिग्री अधिक रहा। दस वर्षाे में मई महीने में यहां का तापमान सिर्फ दो बार 45 डिग्री के आंकड़े को पार कर पाया है।
एक सप्ताह से भी ज्यादा समय से राजधानीवासियों की सुबह गर्म हवाओं के झोंकों के साथ हो रही है जो चढ़ते दिन के साथ लोगों के शरीर को झुलसा रही है। बुधवार को सुबह होने के साथ ही पारे ने चढ़ना शुरू किया और दस बजते-बजते अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आंकड़े को पार कर गया।
दोपहर में पारा सारे रिकार्ड तोड़ते हुए 45 डिग्री तक पहुंच गया। इसके साथ ही आज पूरे दिन लू चलने का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार को पारा और ऊपर चढ़ने वाला है. उसके अगले दिन मौसम के मिजाज में बदलाव होने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले दस वर्षाे में केवल दो बार ही मई महीने में यहां का तापमान 45 डिग्री रिकार्ड किया गया है। मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार इन दस वर्षाे के दौरान पहली बार 19 मई 2002 और दूसरी बार 18 मई 2010 को पारा क्रमशः 46 और 45.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था।
29 मई 1944 को अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मई महीने में गरमी पड़ना लाजिमी है। लेकिन इस साल लगातार एक सप्ताह से ज्यादा अधिकतम तापमान 42 डिग्री या उससे ऊपर दर्ज किया गया। बुधवार को भीषण गर्मी का सामना कर रहे दिल्लीवासियों के लिए मौसम विभाग ने राहत की बात कही है।
मौसम विभाग के जानकारों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 45 और न्यूनतम 29 डिग्री के बीच रहेगा. शुक्रवार को मौसम के मिजाज में बदलाव होने के भी संकेत हैं। शुक्रवार को हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। आज का अधिकतम तापमान 45 और न्यूनतम 28.2 डिग्री रिकार्ड किया गया जो औसत से एक डिग्री अधिक रहा।
उत्तर प्रदेश राज्य में बढ़ते हुए तापमान के साथ ही लोगों का कष्ट भी बढ़ता जा रहा है। राज्य की समीक्षा करते हुए लखनउ से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो दीपांकर श्रीवास्तव ने बताया कि शहरों में पेयजल की आपूर्ति सबसे ज्यादा प्रभावित हुई है। किसानों को खरीफ की फसल की तैयारी के लिए अब मानसून पूर्व की वर्षा का बेसब्री से इंतजार है। मानसून पूर्व की वर्षा आमतौर पर २५ मई के आसपास होती है। सामान्य तौर पर मानसून १५ जून तक आता है। किसानों को इस बार मानसून के देर से आने की आशंका होने लगी है। वर्षा न होने से अब धान की बुुआई भी पिछड़ रही है।
झारखंड से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो से प्रतिभा सिंह ने बताया कि राज्य में गढ़वा में कल तापमान ४५ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इधर भीषण गर्मी से बचने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक कश्मीर घाटी पहुंच रहे हैं। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि श्रीनगर के सभी होटल और हाउसबोट बुक हो चुके हैं।
विश्वप्रसिद्ध डल झील के आसपास और सभी अन्य पर्यटक स्थलों पर चहल-पहल और रौनक अपने चरम पर है। देश के मैदानी इलाकों की भीषण गर्मी से बचने और कश्मीर के सुहावने मौसम और प्राकृतिक सौंदर्य का लुत्फ उठाने के लिए हर दिन हजारों पर्यटक घाटी पहुंच रहे हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में घाटी आने वाले पर्यटकों की संख्या दोगुनी हो गई है।

कोई टिप्पणी नहीं: