सोमवार, 25 जून 2012

मानसून की दस्तक से मौसम हुआ सुहाना


मानसून की दस्तक से मौसम हुआ सुहाना

(प्रियंका श्रीवास्तव)

नई दिल्ली (साई)। दिल्ली में उमस के साथ गर्मी का प्रभाव देखने को मिल रहा है। देश भर में कहीं बारिश तो कहीं बारिश थमने से उमस बढ़ने की खबरें मिल रही हैं। अनेक जिलों से नलों में गंदा पानी आने की शिकायतें मिलीं हैं, माना जा रहा है कि बारिश में अशुद्ध पानी लोगों की सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। बारिश जनित रोगों की आशंका को देखकर प्रशासन ने एहतियातन कदम उठाने आरंभ कर दिए हैं।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में पिछले २४ घंटों में भरपूर बारिश हुई है। गोरखपुर से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो से श्वेता यादव ने खबर दी है कि कल रात गोरखपुर और बस्ती मंडलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम अभी तक खुष्क है, जहां का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है।
साई ब्यूरो ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में अब मानसून अब पूरी तरह सक्रिय है और किसानों ने खरीफ की फसल की बुआई शुरू कर दी है। बीती रात गोरखपुर और बस्ती जिलों में आई तेज आंधी और तेज बारिश के कारण पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए जिससे बिजली की आपूर्ति और सड़क यातायात बाधित हुआ है। श्रावस्ती जिले में सबसे अधिक १८ सेंटीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई है। मौसम विभाग ने आज पूर्वी  भाग में मध्यम वर्षा और कुछ पश्चिमी जिलों में छिटपुट वर्षा होने की संभावना जताई है।
उधर, कोलकता से समाचार एजेंसी ऑॅफ इंडिया ब्यूरो से काजल दत्ता ने बताया कि बारिश की आशंका को देखकर प्रशासन सतर्क कर दिया गया है। साई ब्यूरो ने बताया कि पश्चिम बंगाल सरकार ने अगले ७२ घंटे में भारी वर्षा की मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए दक्षिण बंगाल जिले को सतर्क कर दिया है। राज्य के सिंचाई मंत्री डॉ. मानस भुइंयां ने कोलकाता में कल बताया कि जिला अधिकारियों को सभी नदियों के जल स्तर पर नजर रखने और बैराजों से पानी छोड़ने से पहले सूचना देने के निर्देश दिये गए हैं।
देश के अन्य भागों से भी मानसून की खबरें मिल रही हैं। दक्षिण-पश्चिम मानसून पूर्वी उत्तर प्रदेश में पूरी तरह से सक्रिय है। पिछले चौबीस घंटों के दौरान गोरखपुर, वाराणसी और इलाहाबाद में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई है। देश भर से साई ब्यूरो ने खबर दी है कि मौसम सुहावना हो गया है।
लगभग एक महीने की सख्त गर्मी के बाद हो रही बारिश से लोगों, खासकर किसानों में खुशी का माहौल है। पूर्वी क्षेत्र के कई जिलों में तापमान सामान्य से भी नीचे चला गया है। अभी भी गोरखपुर सहित कई पूर्वी जिलों में बारिश हो रही है। प्रदेश के मध्यवर्ती हिस्सों में आज मानसून के पहुंचने की उम्मीद है लेकिन राज्य के पश्चिमी हिस्सों में मौसम सूखा रहा। इटावा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान ४४ दशमलव दो डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
देश के हृदय प्रदेश से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो से नन्द किशोर ने बताया कि प्रदेश में मानसून की दस्तक सुनाई दे रही है, जगह जगह बारिश हो रही है, पर इसे प्री मानसून रेन्स का दर्जा दिया जा रहा है। दो दिन की बारिश के बाद धूप निकलने से मौसम में उमस बढ़ गई है।

कोई टिप्पणी नहीं: