बुधवार, 18 जुलाई 2012

दुव्यवहार मामले में शर्मा आज गुवहाटी में

दुव्यवहार मामले में शर्मा आज गुवहाटी में

(जाकिया तस्मिन रहमान)

गुवाहाटी (साई)। असम में नौ जुलाई को एक लड़की के साथ हुई दुर्व्यवहार की घटना की जांच के लिये राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ममता शर्मा आज गुवाहाटी में हैं। वे राज्य के मुख्यमंत्री और पीड़ित लड़की से मिलेंगी। इससे पहले आयोग ने तथ्यों की जांच के लिए दो सदस्यों की समिति गुवाहाटी भेजी थी।
इस समिति की एक सदस्या अलका लाम्बा ने पीड़ित लड़की की पहचान बता दी जिससे विवाद खड़ा हो गया। बाद में अलका लाम्बा को जांच दल से हटा दिया गया। इस बीच, लड़की के साथ दुर्व्यवहार कर रही भीड़ का विडियो फुटेज सबसे पहले दिखाने वाले समाचार चौनल के संपादक ने इस्तीफा दे दिया है। असम में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है।
समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया द्वारा जुटाए गए सरकारी आकंड़ों के मुताबिक असम में हिसंक अपराधों की दर राष्ट्रीय औसत से अधिक है। असम सरकार महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों की रोकथाम के उपाय खोजने के लिए टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंस संस्था को नियुक्त करेंगे साथ ही गोवाहाटी शहर के लिए एक अलग पुलिस कमिश्नर भी नियुक्त किया जायेगा।
इस बीच घटना की जांच कर रहे विशेष दल ने छेड़छाड़ की घटना से जुड़े सीडी कैसेट और वीडियो कैमरा की छानबीन शुरू कर दी है। एक निजी चौनल ने ९ जुलाई की रात यह फुटेज प्रसारित किया था। असम सरकार ने साथ ही सीआईडी को जांच की निगरानी करके हर रोज रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: