बुधवार, 22 अगस्त 2012

नए विवाद में शाहरूख


नए विवाद में शाहरूख

(विनीता विश्वकर्मा)

पुणे (साई)। किंग खान परेशानी में हैं, उनपर तिरंगे के अपमान का मामला दर्ज किया गया है। यह शिकायत युवा लोकशक्ति पार्टी ने दर्ज करायी है। गौरतलब है कि अभी कुछ ही दिन पहले मॉडल गहना वशिष्ठ को तिरंगे का अपमान करने के लिए पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
अभिनेता शाहरुख खान के खिलाफ पुणे के चतुश्रृंगी पुलिस स्टेशन में तिरंगे का अपमान करने की शिकायत दर्ज कराई गई है। युवा लोकशक्ति पार्टी के सचिव रवींद्र बह्मे का कहना है कि राष्ट्रीय अस्मिता के प्रतीक तिरंगे का यदि कोई भी अपमान करता है, तो उसे कतई सहन नहीं किया जायेगा।
इसी मकसद से हमने तिरंगे का अपमान करने वालों के खिलाफ मुहिम छेड़ी हुई है। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2011 में भारत ने जब वर्ल्ड कप जीता था, तब रात भर चले जश्न में अभिनेता शाहरुख खान भी अपनी कार लेकर सड़कों पर निकल पड़े थे। इस मौके पर वे अपने साथ तिरंगा लेकर आये थे और कार पर खड़े होकर तिरंगे को उल्टा लहराया था। यह वीडियो क्लिप इंटरनेट पर भी उपलब्ध है। जिससे साफ होता है कि शाहरुख खान ने तिरंगे का अपमान किया है।

कोई टिप्पणी नहीं: