बुधवार, 22 अगस्त 2012

मौसमी बीमारियों पर नियंत्रण के निर्देश


मौसमी बीमारियों पर नियंत्रण के निर्देश

(प्रदीप आर्य)

भोपाल (साई)।  मलेरिया, डायरिया सहित अन्य मौसमी बीमारियों से लोगों को बचाने के लिए प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग के अमले को सक्रिय किया गया है। प्रदेश में 51 हजार 665 आरोग्य केंद्रों पर आवश्यक दवाएँ उपलब्ध करवाई गई हैं। संपूर्ण ऐहतियात बरतते हुए सभी 313 विकासखंड पर पदस्थ स्वास्थ्य अधिकारियों और स्वास्थ्य कार्यकर्त्ताओं को जन स्वास्थ्य रक्षा के लिए सजग रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य श्री प्रवीर कृष्ण ने बताया कि सभी 50 जिलों में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। जनता के स्वास्थ्य के स्तर की जानकारी लेते हुए मौसमी रोगों से लोगों को बचाने पर निरंतर ध्यान दिया जा रहा है।
प्रदेश में दवाओं का पर्याप्त भंडार रखा गया है। ग्राम आरोग्य केंद्रों पर ड्रग डिपो भी बनाए गए हैं। चिकित्सकों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यवेक्षण और निरीक्षण भी लगातार किया जा रहा है। विशेष रूम से मौसमी रोगों से प्रभावित क्षेत्रों एवं जिन क्षेत्रों में रोग फैलने की आशंका है वहाँ सेक्टर प्रभारी सक्रिय हैं। प्रत्येक 12 ग्राम आरोग्य केन्द्र पर एक सेक्टर प्रभारी को दायित्व दिया गया है। ग्राम एवं विकासखंड से जानकारी प्राप्त होते ही जिला स्तर से तत्काल आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। राज्य स्तर पर प्रतिदिन ग्रामीण क्षेत्रों की जानकारी प्राप्त की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों को प्रो-एक्टिव रहने के निर्देश दिए गए हैं। इन प्रयासों में स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा मोबाइल फोन का पूरा उपयोग किया जा रहा है। इन ऐहतियाती कोशिशों से लोगों को वर्षाजनित रोगों से बचाने में मदद मिल रही है।

कोई टिप्पणी नहीं: