बुधवार, 8 अगस्त 2012

बाढ़ के तांड़व से निपट रही है सेना


बाढ़ के तांड़व से निपट रही है सेना

(शरद खरे)

नई दिल्ली (साई)। देश में कहीं सूखा तो कहीं पानी के कहर का आलम है। अनेक सूबों में बाढ़ ने बुरी तरह तबाही मचाई हुई है। उत्तराखण्ड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में बाढ़ का तांड़व चरम पर है। प्रशासनिक मदद उंट के मुंह में जीरा ही साबित हो रही है।
देहरादून से उत्तराखंड समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो से दिशा कुमारी ने बताया कि राज्य के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य जोरों पर है। सेना के हैलीकॉप्टरों ने उत्तरकाशी जिले के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में भोजन के पैकेट गिराये। राज्य में मूसलाधार वर्षा, बाढ़ और बादल फटने से भारी तबाही हुई है और अबतक लगभग २८ लोगों की मौत हो गई है। जिले में राहत कार्यों में अर्धसैनिक बलों के जवान भी हाथ बंटा रहे हैं। सेना के जवान अस्सी गंगा पर अस्थाई पुल बनाने के प्रयास कर रहे हैं।
इस बीच उत्तरकाशी कस्बे और आसपास के गांवों में कई दिनों की भारी वर्षा के अब जनजीवन सामान्य होने लगा है। चार धाम यात्रा को जाने वाले राजमार्गों को फिर से खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने कल नई दिल्ली में प्रधानमंत्री से मुलाकात की और उन्हें राज्य की मौजदा स्थिति की जानकारी दी तथा राहत कार्यों के लिए वित्तीय मदद का अनुरोध किया।
विजय बहुगुणा ने कहा कि उन्होंने डॉ.मनमोहन सिंह से बात की है और केंद्र से हर संभव मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री से कहा है कि जो यात्री फंसे हैं उन्हें बाहर निकालने के लिए सेना के चौपर की जरूरत है क्योंकि रास्तों को अभी दुरूस्त करने में काफी समय लग सकता है। उधर, संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मुख्यमंत्री श्री बहुगुणा को पत्र भेजकर राज्य में बाढ़ में लोगों की मौत पर गहरा दुःख प्रकट किया और मारे गए लोगों के परिवारजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
पिछले दिनों पांच गुना फैली भागीरथी ने अपने किनारे के क़रीब 150 मकान मिट्टी में मिला दिए। अब भी सैकड़ों मकान हैं जिनके नीचे की बुनियाद हिल चुकी है और तेज़ बारिश का एक दौर ही उन्हें नदी में मिला सकता है। बारिश से आई इस त्रासदी से इलाके के क़रीब 20 हज़ार लोग प्रभावित हुए हैं। करीब आठ सौ तीर्थयात्री अब भी जगह-जगह फंसे हुए हैं। 20 गांव अब भी मुख्य सड़कों से कटे हुए हैं। बारिश के बाद कई जगह पूरी की पूरी सड़क ही नदी में समा गई।
बीआरओ के जवान अब दिन-रात मेहनत कर सड़कें खोलने या फिर उन्हें नए सिरे से तैयार करने में जुटे हैं ताकि ज़रूरत वाले इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाई जा सके। जिन इलाकों में सड़क संपर्क बहाल होने में वक्त लग रहा है वहां हेलीकॉप्टर से राहत सामग्री भिजवाई जा रही है।
भगीरथी नदी अब भी कई जगह ख़तरे के निशान से चार मीटर ऊपर बह रही है। स्थानीय स्कूलों को हफ़्तेभर के लिए बंद कर दिया गया है। राज्य सरकार के मुताबिक इस आपदा में क़रीब छह सौ करोड़ का नुकसान अभी तक हो चुका है जिसके लिए केंद्र सरकार ने मदद का आश्वासन दिया है।
उत्तर भारत के उत्तराखंड, यूपी और मध्घ्यप्रदेश के कई जिले बाढ़ संकट से जूझ रहे हैं। भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्घ्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। भोपाल से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के मध्यप्रदेश ब्यूरो से नंद किशोर ने खबर दी है कि राज्य में नर्मदा नदी के ऊपरी हिस्सों में अतिवृष्टि एवं वहां के विभिन्न बांधों से छोड़े गए पानी की वजह से नर्मदा के निचले हिस्से के इस जिले के महेश्वर, कसरावद एवं बड़वाह तहसीलों के बीस से अधिक गांवों की निचली बस्तियों को प्रशासन ने मंगलवार दोपहर बाद से खाली कराना शुरू कर दिया है।
उधर लखनउ से साई ब्यूरो दीपांकर श्रीवास्तव ने बताया कि उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश के बीच अनेक नदियां उफान पर हैं बाढ़ तथा कटान से हजारों लोग प्रभावित हैं। केन्द्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, घाघरा, शारदा, राप्ती, बूढ़ी राप्ती तथा कुन्हरा नदिया उफान पर हैं और अनेक स्थानों पर खतरे के निशान से उपर बह रही हैं। अनेक जगहों पर बाढ़ तथा कटान से प्रभावित हजारों लोग सुरक्षित स्थानों पर पलायन कर गये हैं।
राप्ती नदी का जलस्तर बलरामपुर में खतरे के निशान से काफी उपर उच्चतम बाढ़ स्तर के नजदीक पहुंच गया है। साथ ही भिनगा (श्रावस्ती), बांसी (सिद्धार्थनगर), रिगौली (गोरखपुर) तथा बर्डघाट (गोरखपुर) में यह नदी लाल चिहन के आसपास बह रही है।
कोच्चि से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की ब्यूरो सविता नायर ने बताया कि केरल में मरने वालों की तादाद पांच हो गई है। कोझीकोड जिले में दो और शव बरामद किये जाने के साथ ही भारी वर्षा से जमीन खिसकने और बाढ़ के कारण मरने वाले लोगों की संख्या बढ़ कर पांच हो गयी है। सरकार ने राहत कार्यों में नौसेना और राष्ट्रीय आपदा बचाव बल की मदद मांगी है।
अधिकारियों ने बताया कि तीन और लापता लोगों की तलाश जारी है। नौसेना सूत्रों ने बताया कि कोझीकोड़ और कन्नूर जिलों के लिए पहले ही नौसेना कर्मियों के दो दलों को रवाना कर दिया गया है। भारी बारिश के कारण कोझीकोड़ के पुल्लोरामपारा पहाड़ी इलाके में और कन्नूर जिले के इरीट्टी में तबाही का आलम है। नौसेना सूत्रों ने बताया कि राज्य सरकार के आग्रह पर यह दल रवाना किए गए हैं। प्रत्येक दल के साथ पांच चालक और एक पेशेवर चिकित्सक है।
उधर, गुवहाटी से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के असम ब्यूरो से जाकिया तस्मिन रहमान ने खबर दी है कि ब्रह्मपुत्र नदी के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश होने के चलते असम में फिर से बाढ़ आ गई है और इससे सात जिले प्रभावित हुए हैं। बाढ़ के बारे में एक आधिकारिक बुलेटिन के मुताबिक समूचे राज्य में और खासतौर पर ब्रह्मपुत्र नदी के जलग्रहण क्षेत्र में हुई बारिश से जल स्तर में काफी बढ़ोतरी हुई है।

कर्फ्यू के साए से नहीं उबर पाया असम


कर्फ्यू के साए से नहीं उबर पाया असम

(पुरबालिका हजारिका)

गुवहाटी (साई)। असम में हिंसाग्रस्त कोकराझार और धुबरी जिलों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू जारी है। सरकारी सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि कोकराझार, चिरांग और धुबरी जिलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में सेना मार्च कर रही है। राज्य में जारी हिंसा में अब तक ७३ लोगों की जान जा चुकी है।
राज्य के मुख्यमंत्री तरूण गोगोई ने केन्द्र से आग्रह किया है कि हाल की हिंसा के सभी मामले सीबीआई को सौंपने की अनुमति दी जाए। मुख्यमंत्री तरूण गोगोई के करीबी सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि सीएम ने हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में सभी गैर कानूनी हथियार जब्त करने के निर्देश दिये हैं।
सूत्रों ने बताया कि प्रदेश के राजस्व विभाग के मंत्री के नेतृत्व में मंत्रियों के एक समूह ने कल धुबरी जिले में राहत और पुर्नवास कार्याे का जायजा लिया। मंत्रियों के समूह ने संबंधित विभागों को राहत और पुर्नवास कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया है। अब तक एक लाख ६५ हजार लोग राहत शिविरों से अपने-अपने घर लौट आए हैं।
इस बीच असम पुलिस ने हिंसा फैलाने वाले १७० लोगों को गिरफ्तार करने के साथ ही तीन सौ नौ मामले भी दर्ज किए हैं। हिंसाग्रस्त जिलों में शांति बहाली के लिए एक सौ चार सुरक्षा चौकियों में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
वहीं दूसरी ओर, निचले असम के जिलों में हिंसा की ताजा घटना होने की खबरें हैं। सरकार पहले ही इन दंगों की सीबीआई से जांच की बात कह चुकी है। मुख्य मंत्री ने बिगड़े हालात के लिए अंदरूनी और बाहरी दोनों तरह की ताकतों को जिम्मेदार बताया है।
आईजी (कानून व्यवस्था) एल. आर. विश्नोई ने बताया कि, हिंसा से सबसे ज्यादा प्रभावित कोकराझार जिले में सोमवार रात तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। घटना रानीबुली गांव की है जहां कुछ लोगों ने इन पर फायरिंग कर दी थी। घायलों को गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा पड़ोसी चिरांग जिले में भी मंगलवार को एक शख्स की लाश मिली है। इन तीन व्यक्तियों के मारे जाने पर हत्या के विरोध में लगभग 500 लोगों के एक समूह ने बेलटोली में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 31 को बंद कर दिया।
कोकराझार में फिर से बेमियादी कर्फ्यू लगा दिया गया है। चिरांग में 24 घंटों का कर्फ्यू जारी है। कोकराझार, चिरांग और धुबरी जिलों में सुबह के समय सेना का फ्लैग मार्च चल रहा है। इसी बीच मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने प्रेस को जानकारी देते हुए कहा, मैंने राज्य में हुई हिंसा की जांच सीबीआई से करने की सिफारिश की है। अब इस मामले में अंतिम फैसला केंद्र को लेना है। प्रेस के सवाल पर गोगोई ने कहा, राज्य की बिगड़ी दशा के लिए आंतरिक और बाहरी ताकतें जिम्मेदार हैं। इस बारे में और ज्यादा ब्यौरा दिए बिना मुख्यमंत्री ने कहा कि सीबीआई जांच में यह सब साफ हो जाएगा।

पेयजल स्त्रोत संरक्षित हों: पंवार


पेयजल स्त्रोत संरक्षित हों: पंवार

(मणिका सोनल)

नई दिल्ली (साई)। केन्द्र ने सूखे जैसी स्थिति का सामना कर रहे कर्नाटक, महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान की सरकारों से कहा है कि  पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, खड़ी फसलों को बचाने और पशुओं को चारा उपलब्ध कराने के उपायों को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें।
कल नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में कृषि मंत्री शरद पवार ने कहा कि इन राज्यों से कहा गया है कि उपलब्ध स्रोतों से पेयजल आपूर्ति की योजना बनाई जाए। उन्होंने इसके लिए राज्यों को वित्तीय सहायता का आश्वासन भी दिया है। श्री शरद पवार ने कहा कि सूखे से संबधित अधिकार प्राप्त मंत्रियों के समूह की कल बैठक होगी जिसमें इन राज्यों में कम वर्षा के प्रतिकूल असर से निपटने के आवश्यक उपायों पर चर्चा की जाएगी।

चीनी निर्यात प्रतिबंध की मुखालफत की पवार ने


चीनी निर्यात प्रतिबंध की मुखालफत की पवार ने

(अमित कौशल)

नई दिल्ली (साई)। कृषि मंत्री शरद पवार ने चीनी के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने का विरोध किया है। कल संवाददाताओं से बातचीत में श्री पवार ने कहा कि निर्यात पर प्रतिबंध से चीनी के दाम नियंत्रित नहीं हो पायेंगें क्योंकि चीनी के अंतर्राष्ट्रीय दाम इतने कम हैं कि विदेशी बाजारों में इसे बेचना बहुत कठिन है।
उन्होंने कहा कि चीनी के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने की कोई जरूरत नहीं है। सरकार ने मौजूदा बिक्री वर्ष के शुरूआती महीनों में बीस लाख टन चीनी के निर्यात की अनुमति दी थी और बाद में मई २०१२ में इसके निर्यात को खुले सामान्य लाईसेंस के अंतर्गत कर दिया था।

साईना को मिलेंगे पचास लाख रूपए


साईना को मिलेंगे पचास लाख रूपए

(अभिलाषा जैन)

लंदन (साई)। आंध्र प्रदेश सरकार ने लंदन ऑलिम्पिक में कांस्य पदक जीतने पर साइना नेहवाल को ५० लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। राज्य सरकार ने इंडोनेशिया, थाईलैंड और स्विस ओपन टूर्नामेंट में खिताब जीतने के लिए  भी हाल ही में साइना को ५० लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की थी। राज्य सरकार ने ऑलिम्पिक में कांस्य पदक जीतने वाले गगन नारंग को भी ५० लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। इन खिलाड़ियों को जल्दी ही एक विशेष कार्यक्रम में ये पुरस्कार दिये जाएंगे।
लंदन ओलिंपिक में, डिस्कस थ्रो के फाइनल में भारत के विकास गौड़ा ६४ दशमलव सात नौ मीटर दूरी तय करके आठवें स्थान पर रहे। जर्मनी के रॉबर्ट हार्टिंग ने ६८ दशमलव दो सात मीटर तक चक्का फेंक कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। ट्रिपल जम्प में रंजीत महेश्वरी कल क्वालिफिकेशन राउण्ड में ही बाहर हो गए थे। महिलाओं की सौ मीटर बाधा दौड़ का स्वर्ण ऑस्ट्रेलिया की सैली पीयरसन ने १२ दशमलव तीन पांच सैकेंड के नए ओलिम्पिक रिकॉर्ड के साथ जीता। पुरुष फुटबॉल में ब्राजील ने कोरिया को तीन-शून्य से और मैक्सिको ने जापान को ३-१ से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। टेबल टेनिस में चीन ने जापान को तीन-शून्य से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया। हॉकी में भारत को अपने अंतिम लीग मैच में बैल्जियम से शून्य-तीन से हार का सामना करना पड़ा। अपने ग्रुप में अंतिम स्थान पर रही भारतीय टीम अब ११वें से १२वें स्थान के लिए दक्षिण अफ्रीका से खेलेगी। ओलिम्पिक इतिहास में भारत का यह सबसे खराब प्रदर्शन है। १९९६ के अटलांटा ओलिम्पिक खेलों में भारतीय हॉकी टीम आठवें स्थान पर रही थी। महिला बॉक्ंिसग के ५१ किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइल में आज एम. सी. मैरीकॉम का मुकाबला ब्रिटेन की निकोला एडम्स से और पुरुषों के ४९ किलो वर्ग क्वार्टर फाइनल में एल. देवेन्द्रो सिंह का सामना आयरलैंड के पैडी बार्न्स से होगा। एथलेटिक्स में महिलाओं की आठ सौ मीटर दौड़ में टिंटू लूका क्वालीफिकेशन राउंड में उतरेगी। पदक तालिका में अब तक चीन ३४ स्वर्ण सहित ७३ पदक लेकर पहले और अमरीका ३० स्वर्ण सहित ७० पदक लेकर दूसरे स्थान पर है। मेज$बान ब्रिटेन २२ स्वर्ण सहित ४८ पदक लेकर तीसरे स्थान पर बना हुआ है। भारत तालिका में ४४वें स्थान पर है।

गरीब गुरबों के पसीने से माननीयों की सैर


गरीब गुरबों के पसीने से माननीयों की सैर

(महेश रावलानी)

नई दिल्ली (साई)। भले ही देश की अर्थव्यवस्था पर मंदी का ग्रहण लगा हो, पर माननीयों को इससे कोई सरोकार नहीं है। माननीय तो बस जनता के पैसों पर एश करना चाहते हैं। सरकार की तमाम कटौतियों की नसीहत को जूते की नोक पर रखकर माननीय सांसदांें ने गरीब गुरबों के खून पसीने से संचित राजस्व को हवा में उड़ाने में कोई कोताही नहीं बरती है।
समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को प्राप्त जानकारी के अनुसार जनता के पैसों पर सांसदों के मौज उड़ाने की खबरें सामने आई हैं। देश का वित्त मंत्रालय दुहाई देता रहा है खस्ताहाल अर्थव्यवस्था की, बात हो रही है कटौतियों की। वित्त मंत्री ने तो सरकारी खर्चे में भी कटौती के ऐलान किए थे। तमाम सांसदों और सरकारी कर्मचारियों को सरकारी खर्चों पर लगाम लगाने की हिदायत दी गई थी। लेकिन आपको ये जान कर हैरानी होगी कि मौजूदा हालात मे भी संसदीय समितियों ने स्टडी टूर के नाम पर करोड़ों रुपए उड़ाए हैं।
एक स्थानीय समाचार पत्र ने खुलासा किया है कि कैसे 25 संसदीय समितियों ने पिछले तीन सालों में करोड़ों रुपए सिर्फ मुद्दों पर मंथन करने में उड़ा दिए। वित्त मंत्रालय ने साफ तौर पर हिदायत दी थी कि नेता या अफसर सरकारी हवाई यात्राएं इकोनॉमी क्लास में करें और सरकारी रेस्ट हाउस या राज्य सरकारों के चलाये जा रहे होटल में ठहरें। लेकिन कुछ नेताओं पर इन हिदायतों का कोई असर नहीं हुआ।
पिछले तीन सालों में कोयला औऱ स्टील पर बने पैनेल ने पांच यात्राएं की हैं। जिनमें से जिन तीन यात्राओं का ब्यौरा मिला है उसमें 62 लाख रुपए खर्च हुए। रेलवे पर बनी संसदीय समिति ने तो पिछले दो सालों में ही 8 ट्रिप बना लिए। कृषि पर बनी संसदीय समिति तो 15 बार स्टडी टूर पर गई। इसके चेयरमैन सीपीएम नेता बासुदेव आचार्या जहां भी गए वहां फाइव स्टार होटल में ही ठहरे।
खर्चे में बीजेपी के कलराज मिश्र भी पीछे नहीं। पेट्रोलियम और नैचुरल गैस की समिति के चेयरमैन के नाते दो बार स्टडी टूर पर गए औऱ 5 शहरों के चक्कर लगाए। सुमित्रा महाजन ने तो ग्रामीण विकास की संसदीय समिति के चेयरमैन के नाते दो टूर में 8 शहरों के चक्कर लगा लिए। इन्होंने इन स्टडी टूर पर 16 लाख 99 हजार रुपए का खर्च किया। वित्त विभाग की संसदीय समिति के चेयरमैन यशवंत सिन्हा ने 2 टूर पर 6 चक्कर लगाए।
उधर, ऐसोचौम के एक सर्वे में सामने आया है कि मिडिल क्लास के लोगों को खर्चों में 65 फीसदी की कटौती करनी पड़ रही है। ऐसोचौम के सर्वे के मुताबिक पिछले 6 महीने में खाने पर घर का औसत खर्चा 2 हज़ार रुपये से 6 हज़ार रुपये महीने हो गया है। खाने-पीने के खर्च में 40 से 100 फीसदी का इजाफा हुआ है। लोग खाने पीने का खर्च सहन कर सकें इसलिए लोग हेल्थकेयर और यातायात पर भी कम से कम खर्च करने लगे हैं।

बाबा भोग के बजाए लगाएं योग: लालू यादव


बाबा भोग के बजाए लगाएं योग: लालू यादव

(महेंद्र देशमुख)

नई दिल्ली (साई)। आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद ने कहा कि टीम अन्ना को भंग कर दिए जाने से बाबा रामदेव को बड़ा झटका लगा है और उन्होंने सलाह दी कि योग गुरु भी अब आंदोलन की बजाय केवल योग पर ध्यान दें। उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए संसद भवन में मतदान करने आए लालू ने संवाददाताओं से बातचीत में टीम अन्ना की चुटकी लेते हुए कहा कि उसमें अनशन जारी रखने की क्षमता नहीं है।
लालू यादव ने कहा कि गिरफ्तारी के डर से रामदेव भाग खड़े हुए। रामदेव के लिए भी यह बड़ा झटका है और अब उन्हें चाहिए कि वह सिर्फ योग पर ध्यान लगाएं। अगले लोकसभा चुनाव के संदर्भ में बीजेपी नेता लालकृष्ण आडवाणी की भविष्यवाणी के बारे में लालू ने कहा, यह गठबंधन का जमाना है और अभी लंबे समय तक यह जारी रहेगा। वोटों का ध्रुवीकरण होगा। अब चुनाव दो शिविरों के बीच लड़े जाएंगे-धर्मनिरपेक्ष बनाम सांप्रदायिक शक्तियों के बीच।
उन्होंने दावा किया कि इन दो शक्तियों के बीच लड़ाई में धर्मनिरपेक्ष शक्तियों की हमेशा जीत होगी। सभी धर्मनिरपेक्ष दल साथ आएंगे और केंद्र में सरकार बनाएंगे। तीसरे या चौथे मोर्चे की कोई संभावना नहीं है।

नस्ली उन्मादी है हमलावर


नस्ली उन्मादी है हमलावर

(अंकिता रायजादा)

न्यूयार्क (साई)। अमेरिका के विस्कोन्सिन स्थित गुरूद्वारे में गोलीबारी घटना में शामिल हमलावर के श्वेतों को सर्वश्रेष्ठ समझने वाले नस्ली उन्मादियों से संबंधों की एफबीआई ने जांच की जिसका यहूदियों और अश्वेतों के प्रति नफरत का इतिहास है लेकिन उसने इस हमले में किसी दूसरे व्यक्ति के शामिल होने से इनकार किया।
अमेरिकी सेना के मनोवैज्ञानिक अभियानों का विशेषज्ञ वेज माइकल पेज के ‘नव-नाजीवाद’ के प्रति झुकाव के बारे में और जानकारी सामने आने के बाद एफबीआई ने अपनी जांच और तेज कर दी ताकि छह सिख श्रद्धालुओं की हत्या के पीछे का उद्देश्य का पता लग सके।
हमलावर वेड माइकल पेज के पड़ोसियों ने बताया कि वह अपने एक बेडरुम वाले घर से बहुत कम ही निकलता था। वह वहां पर अकेले ही रहता था और किसी से कभी आंखें नहीं मिलाता था। पेज की गतिविधियों की निगरानी करने वाले नागरिक संगठनों ने उसे ‘कुंठित नव नाजी’ बताया जो कि नस्लपरस्त बैंड ‘वाइट पावर’ (श्वेत शक्ति) का मुखिया था।

शिक्षिका की अस्मत लूटने का प्रयास


शिक्षिका की अस्मत लूटने का प्रयास

(हिना उपरेती)

पटना (साई)। मनेर थाने के सराय मुहल्ला स्थित विवेकानंद स्कूल के पास लफंगों ने मंगलवार को सरेआम बीच सड़क पर शिक्षिका की इज्जत लूटने की कोशिश की। लफंगों ने शिक्षिका के कपड़े फाड़ दिये। जब एक शिक्षक ने लफंगों के चंगुल से शिक्षिका को छुड़ाना चाहा, तो लफंगों ने उन्हें लात-घूंसों से पिटाई कर उन्हें लहूलुहान कर डाला। घटना के समय शिक्षिका स्कूल से घर लौट रही थीं। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने मनेर थाने का घंटों घेराव किया। आधा दर्जन लफंगों पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर आठ बालू पर राउतटोला निवासी प्रतिमा कुमारी (काल्पनिक नाम) शिक्षिका प्रत्येक दिन की तरह मंगलवार को भी स्कूल में बच्चों को पढ़ाने गयी थीं। स्कूल से जब वह घर लौट रही थीं, तभी विवेकानंद स्कूल के पास सराय मुहल्ला निवासी भुआली राय के पुत्र कुणाल कुमार और अन्य तीन लफंगे उनका पीछा कर छेड़खानी करने लगे।
शिक्षिका की जींस व टी-शर्ट फाड़ कर उन्हें जमीन पर पटक दिया और उनके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। शिक्षिका के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुन कर आसपास के लोग जुट गये, लेकिन सभी मूकदर्शक बने रहे। घटना को देख विवेकानंद स्कूल के ही शिक्षक और बड़ैया टोला निवासी राजेश सिंह ने जब शिक्षिका को लफंगों के चंगुल से छुड़ाना चाहा, तो लफंगे शिक्षक राजेश पर टूट पड़े।
उनकी जम कर पिटाई कर लहूलुहान कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि इसके बाद जब मूकदर्शक बने लोग आक्रोशित हुए, तो लफंगे भाग खड़े हुए। राजेश सिंह के बयान पर मनेर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। प्राथमिकी में भुआली राय के पुत्र कुणाल सहित आधा दर्जन लफंगों को नामजद अभियुक्त बनाया है। कुणाल दो हत्याकांड का अभियुक्त भी है। थानाध्यक्ष आदित्य कुमार ने बताया कि आरोपितों को दबोचने के लिए छापेमारी कर रही है।

जींस धारण किया तो तेजाब स्नान!


जींस धारण किया तो तेजाब स्नान!

(नितिन सिंह)

रांची (साई)। राजधानी में छद्म संगठन के नाम पर कुछ शरारती तत्वों ने तीन जगहों पर पोस्टर चिपका कर दहशत फैलाने की कोशिश की। सूचना मिलते ही पुलिस ने इन पोस्टरों को हटा दिया। पुलिस के अनुसार, उनकी पहचान की जा रही है। ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
संत जेवियर्स कॉलेज के पीछे चहारदीवारी पर, अलबर्ट एक्का चौक और रजिस्ट्री ऑफिस के समीप झारखंड मुक्ति संघ के नाम से चिपकाये गये इन पोस्टरों में लड़कियों को जींस-पैंट पहनने और बिना ओढ़नी के बाहर निकलने पर 20 अगस्त से पाबंदी लगायी गयी है। ऐसा नहीं करनेवालों पर तेजाब फेंकने की धमकी दी गयी है।
अलबर्ट एक्का चौक से चार किलोमीटर बाहर जमीन देने-लेनेवालों पर हमला करने के साथ ही बाहरी लोगों को नौकरी देने-लेनेवालों व झारखंडियों को विस्थापित करनेवालों को मार भगाने की बात कही गयी है।

बिहार में गर्भाशय घोटाला!


बिहार में गर्भाशय घोटाला!

(प्रतिभा सिंह)

पटना (साई)। जी हां, बिहार में आजकल सुशासन है और यही कारण है कि यहां पुरुषों के शरीर से भी गर्भाशय निकाल दिया जाता है। चौंकने की जरूरत नहीं है, क्योंकि बिहार में ऐसा हुआ है। राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के तहत बड़ी संख्या में नसबंदी किये जाने की रिपोर्ट आयी है।
सबसे दिलचस्प यह है कि पुरुषों की नसबंदी के दौरान उनके शरीर से गर्भाशय निकाले जाने की बात कही गयी है। वैशाली जिले महुआ प्रखंड के निवासी जुगेश्वर राम भी उनलोगों में शामिल हैं, जिनके शरीर से गर्भाशय निकाला गया है। जब अपना बिहार ने इनसे इस संबंध में पूछा तो उन्होंने कहा कि वे कभी भी स्वास्थ्य केंद्र गये ही नहीं तो फ़िर नसबंदी का सवाल ही नहीं उठता।
उधर अरबों रुपए के इस अजीबोगरीब घोटाले के मामले में विपक्ष ने कल राज्य सरकार को जमकर घेरा। विपक्षी सदस्यों ने इस मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की। ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए राजद नेताओं ने कहा कि एनआरएचएम के तहत केंद्र सरकार द्वारा दिये गये अकूत राशि को हजम करने के लिए इस घोटाले को अंजाम दिया गया है।
विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी ने राजद सदस्य अख्तारूल इमाम द्वारा लाये गये प्रस्ताव को खारिज करते हुए कहा कि यह प्रस्ताव नियमों के प्रतिकुल लाया गया। इस पर विपक्षी सदस्य हंगामा करने लगे। बहरहाल, बिहार में घोटालों की श्रृंखला में एक और घोटाले का नाम जूट गया है। यह देखना दिलचस्प होगा कि अबतक हुए 19 बड़े घोटालों का आरोप झेल रही सुशासन सरकार गर्भाशय घोटाले के दाग को कैसे धोती है?

अब हाईकोर्ट ने पूछा इंटरनेशनल म्यूजियम का औचित्य


अब हाईकोर्ट ने पूछा इंटरनेशनल म्यूजियम का औचित्य

(नीलिमा सिंह)

पटना (साई)। राजधानी पटना में 500 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले प्रस्तावित इंटरनेशनल म्यूजियम को लेकर पटना हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से जानकारी मांगी है। अदालत ने बेली रोड के किनारे प्रस्तावित म्यूजियम पर आने वाले खर्च एवं इसकी उपयोगिता के बारे में भी सूचना उपलब्ध कराने को कहा है।
बताते चलें कि याचिकाकर्ता अशोक कुमार ने लोकहित याचिका के माध्यम से यह सवाल खड़ा किया है कि म्यूजियम के निर्माण में 500 करोड़ रुपये की लागत आएगी। यह अनुत्पादक व्यय है। इससे से किसी को लाभ नहीं मिलने जा रहा है। मामले की सुनवाई करते हुए न्यायाधीश टी।मीना कुमारी एवं न्यायाधीश चक्रधारी शरण सिंह की खंडपीठ ने सुनवाई की। सुनवाई में राज्य सरकार की ओर से जानकारी दी गई कि म्यूजियम कनाडा के श्लार्डस एण्ड एसोसियेटश् के मास्टर प्लान पर आधारित होगा। यह पर्यटन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। अदालत को यह भी जानकारी दी गयी कि काठमांडू में पांच इंटरनेशनल म्यूजियम हैं। इसके अनेक लाभ हैं। अतरू इस पर अभी से आशंका जताना सही नहीं है।

एम्स के वार्ड कराए जा रहे खाली!


एम्स के वार्ड कराए जा रहे खाली!

(विपिन सिंह राजपूत)

नई दिल्ली (साई)। रिनोवेशन के नाम पर हो रही तोड़फोड़ के चलते अखिल भारतीय आर्युविज्ञान महाविद्यालय में मरीजों की जान पर बन आई है। मरीजों को वार्ड से बेदखल किया जा रहा है ताकि वार्ड को तोड़कर वहां नया निर्माण किया जा सके। विरोध के बीच इस काम को अंततः अंजाम दिया जा रहा है।
एम्स में इलाज कराने के लिए भर्ती होना और मुश्किल होने वाला है। इसका ओल्ड प्राइवेट वॉर्ड 20 अगस्त से 15 महीनों के लिए बंद हो रहा है। इस छह मंजिला बिल्डिंग को तोड़कर प्रशासन नई 8 मंजिला बिल्डिंग बनाने जा रहा है। करोड़ों की लागत वाली इस योजना के चलते वॉर्ड खाली कराया जा रहा है। इस बारे में प्रशासन ने एक सर्कुलर जारी किया है।
आम लोगों के लिए एम्स में भर्ती हो पाना टेढ़ी खीर है। लोगों को इसके लिए महीनों इंतजार करना पड़ता है। अब एक पूरा वॉर्ड बंद हो जाने से दिक्कतें कई गुना बढ़ जाएंगी। इंस्टिट्यूट की कई सीनियर फैकल्टी इसका विरोध कर रही हैं। उनका कहना है कि जिन पैसों को मरीजों की सुविधाएं बढ़ाने पर खर्च किया जाना चाहिए उन्हें आलीशान प्राइवेट वॉर्ड बनाने पर इस्तेमाल किया जाएगा।
6 अगस्त को सभी चीफ ऑफ सेंटर, हेड ऑफ दि डिर्पाटमेंट सहित अन्य सीनियर अधिकारियों को चिकित्सा अधीक्षक डी. के. शर्मा की ओर से जारी भेज दिया गया है। सर्कुलर के मुताबिक 16 से 20 अगस्त के बीच सभी कमरों को खाली कराया जाएगा। सर्कुलर के मुताबिक 10 अगस्त से ओल्ड प्राइवेट वॉर्ड में कमरों के अलॉटमेंट पर रोक लगा दी गई है। सर्कुलर में सभी फैकल्टी सदस्यों से यह भी अपील की गई है कि गंभीर रूप से बीमार मरीजों को न्यू प्राइवेट वॉर्ड के लिए सिफारिश न करें, क्योंकि यहां जरूरी सुविधाएं मसलन ऑक्सीजन सप्लाई आदि की व्यवस्था नहीं है।
सीनियर डॉक्टरों का कहना है कि प्रशासन को गरीब मरीजों के बजाय अमीरों की परवाह ज्यादा है। शायद यही वजह है कि आधुनिक सुविधाओं से लैस ओल्ड प्राइवेट वॉर्ड को गिराकर करोड़ों की लागत से नई बिल्डिंग बनाने की योजना बनाई गई है। संस्थान के फाइनैंस कमिटी (एसएफसी) की बैठक में नई योजना को पास कर दिया गया है। इसके मुताबिक नई बिल्डिंग में आठ मंजिलों के साथ 300 कार के लिए बेसमंेट में एक पार्किंग होगी। इस पर 90 करोड़ की लागत आएगी। मौजूदा प्राइवेट वॉर्ड में करीब 75 कमरे हैं।
डॉक्टरों का कहना है कि कार पार्किंग के बहाने नए निर्माण की दलील उचित नहीं है, क्योंकि कैंपस में एक नई मल्टीस्टोरी पार्किंग बन रही है। इसके अलावा इंस्टिट्यूट में फैकल्टी, कर्मचारी, वीआईपी मरीज, सामान्य मरीज हर किसी के लिए अलग-अलग छह पार्किंग हैं। अगर नया प्राइवेट वॉर्ड बनाना ही है तो कैंपस में खाली पड़ी जमीन इस्तेमाल हो सकती है।
पुराने प्राइवेट वॉर्ड की बिल्डिंग को सामान्य वॉर्ड में बदलकर आम मरीजों को फायदा पहुंचाया जा सकता है। प्राइवेट वॉर्ड में पांच वीवीआईपी सुइट हैं। इसके अलावा इलाज के लिए सांसद, केंद्रीय मंत्री, राज्यों के गवर्नर जैसे वीआईपी को प्राइवेट वॉर्ड में ही भर्ती किया जाता है। इससे स्पष्ट है कि वॉर्ड की हालत खराब नहीं है।

लीजिए फेसबुक पर आज से अनिवार्य हुआ टाईमलाईन


लीजिए फेसबुक पर आज से अनिवार्य हुआ टाईमलाईन

(एकता श्रीवास्तव)

न्यूयार्क (साई)। फेसबुक पर भले ही आपको टाइमलाइन पसंद न हो, लेकिन अब आपको इसे झेलना ही होगा। जल्द ही 100 मिलियन यूजर्स के मार्क को टच करने की ओर बढ़ रहा फेसबुक अपनी मनमर्जी पर अड़ा हुआ है। जी हां, बहुत कम यूजर्स को पता है कि 8 अगस्त से फेसबुक ने अपने सभी यूजर्स के लिए टाइमलाइन को कम्पल्सरी कर दिया है। यानी कि आपको भले ही टाइमलाइन पसंद न हो, लेकिन अब यह आपके फेसबुक पेज पर जरूर नजर आएगा। आपके पास कोई दूसरा ऑप्शन नहीं है। अब यह ऑप्शनल नहीं रह गया।
टाइमलाइन की लॉन्चिंग के बाद से ही फेसबुक ने यूजर्स के बीच इसे खूब प्रमोट किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद यह उतनी पॉप्युलैरिटी हासिल नहीं कर पाया। खुद फेसबुक पर ही ‘आई हेट टाइमलाइन‘ और इस जैसे तमाम पेज लाइक करने वालों की संख्या लाखों में है। इसके अलावा और दूसरी सोशल साइट्स पर भी लोग फेसबुक के मनमाने फैसले का विरोध कर रहे हैं।
टाइमलाइन को कम्पल्सरी करने के फैसले को लेकर अभी भी यूजर्स में कम नाराजगी नहीं है। टेकजंकी ने ट्वीट किया है, ‘फेसबुक आखिर कब तक अपनी मनमानी करता रहेगा। पहले उसने हमारी पर्सनल ईमेल का यूआरएल चेंज कर दिया था और अब टाइमलाइन कम्पल्सरी कर दिया है।‘
बेशक, ऐसे यूजर्स की भी कमी नहीं है, जो इस फैसले से खफा होकर फेसबुक से ही पीछा छुड़ाने की सोच रहे हैं। लेडीटैक ने लिखा है, ‘फेसबुक ने टाइमलाइन कम्पल्सरी कर दिया, लेकिन उन्हें कोई यह बताए कि उनकी लिमिट यहीं तक है। वे यूजर्स के लिए फेसबुक कम्पल्सरी नहीं कर सकते। मैंने फेसबुक ही छोड़ने का फैसला कर लिया है।‘

2जी नीलामी नवंबर में


2जी नीलामी नवंबर में

(जया श्रीवास्तव)

नई दिल्ली (साई)। 2जी स्पेक्ट्रम लाइसेंस की नीलामी प्रक्रिया अब नवंबर में होगी। लेकिन इसके लिए सुप्रीम कोर्ट से अनुमति लेनी होगी। अगले कुछ दिनों में सरकार इस बारे में आग्रह करेगी। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने 31 अगस्त तक नीलामी प्रक्रिया पूरी करने को कहा था ।
वित्त मंत्री पी. चिदंबरम की अध्यक्षता में हुई ईजीओएम की मीटिंग में इस बारे में फैसला किया गया। तारीख बढ़ाने के पीछे तर्क दिया गया कि नीलामी का काम कराने के लिए चुनी गई कंपनी ने जो कार्यक्रम दिया है उसके मुताबिक प्रक्रिया नवंबर मंे ही शुरू हो सकती है।
मीटिंग के बाद टेलिकॉम मिनिस्टर कपिल सिब्बल ने कहा कि कंपनी के कार्यक्रम के मुताबिक ही आगे बढ़ा जाएगा। अब जबकि नीलामी प्रक्रिया नवंबर तक टल सकती है ऐसे में दो करोड़ मोबाइल यूजर्स के लिए ट्राई को नए सिरे से निर्देश जारी करना होगा। ये सभी उन कंपनियों के यूजर्स हैं जिनके लाइसेंस रद्द हुए हैं। ट्राई के मुताबिक सात सितंबर तक ही इनकी सर्विस चालू रह सकती है।

जनता के धन की बरबादी हो रही नगर पालिका सिवनी में


जनता के धन की बरबादी हो रही नगर पालिका सिवनी में

(निखलेंद्र नाथ सिंह)

नई दिल्ली (साई)। नगर पालिका सिवनी द्वारा जनता के धन के अपव्यय का नायाब उदहारण पेश किया जा रहा है। नेहरू रोड़ से माता दिवाला मंदिर जोड़ने वाले शहर के अतिप्रचीन मार्ग का निर्माण कराए जाने के साथ ही इसकी परतें उघड़ना आरंभ हो गया था। अब इस पर नित नए प्रयोग हो रहे हैं।
नगर पालिका परिषद द्वारा पूर्व में निर्मित कराई गईं विवादित लगभग पांच दर्जन सड़कों में शामिल नेहरू रोड़ से दुर्गा चौक, बुधवारी, दादू मोहल्ला होकर माता दिवाला जाने वाले इस मार्ग की हालत पिछले तीन सालों से निर्माण के साथ ही जर्जर हो गई थी।
नगर पालिका परिषद में नई कार्यकारिणी चुने जाने के बाद भी इस मार्ग की सुध किसी ने नहीं ली। यह मार्ग दशहरा चल समारोह का प्रमुख मार्ग भी है। इस साल बारिश के पूर्व इस मार्ग पर जीरो गिट्टी डाल दी गई। बारीक गिट्टी के चूरे से सड़क के गड्ढ़े भर दिए गए।
जैसे ही बारिश आई सारी की सारी बारीक गिट्टी तितर बितर हो गई। इस मार्ग पर चलने वाले दुपहिया वाहन सवारों को यह आभास होता है कि वे दुपहिया वाहन नहीं उंट की सवारी कर रहे हों। अब अचानक ही नगर पालिका प्रशासन ने नया फरमान जारी कर बिछी बिछाई इस डस्ट को जेसीबी मशीन से हटाना आरंभ कर दिया है।

मुंह की बदबू के लिए अब रोशनी का सहारा


मुंह की बदबू के लिए अब रोशनी का सहारा

(के.अमित)

लंदन (साई)। मुंह की बदबू दूर करने के लिए ब्रश और गरारे करते करते परेशान होने वालों के लिए एक खुशखबरी।।दांतों को झिलमिलाती सफेदी देने वाले बल्ब की नीली रोशनी आपको इस बदबू ने निजात दिला सकती है। डेली मेल की एक रिपोर्ट के अनुसार यरुशलम के हेब्रियू यूनिवर्सिटी और हदासा स्कूल ऑफ डेंटल मेडिसीन के अनुसंधानकर्ताओं ने पाया कि दांतों को सफेदी देने वाले लैंप की नीली रोशनी दो मिनट में आपकी लार की बदबू फैलाने वाले बैक्टीरिया को मार सकती है। उल्लेखनीय है कि नीली रोशनी तथाकथित दृश्य प्रकाश का एक हिस्सा है जो उस वक्त दिखती है जब प्रकाश को उसके अवयवों में तोडा जाता है।

भोपाल के ताल पर नये मीडिया की चौपाल


भोपाल के ताल पर नये मीडिया की चौपाल

(सोनल सूर्यवंशी)

नई दिल्ली (साई)। साहित्य तो न जाने कब इलाहाबाद, पटना और नई दिल्ली से सरकर भोपाल जा पहुंचा था, अब चार छह सालों से उभरने नये मीडिया का अड्डा भी भोपाल बनता जा रहा है। हिन्दी पट्टी में मध्य प्रदेश ही ऐसा राज्य है जहां नये मीडिया माध्यम से सबसे अधिक लोग सक्रिय है। चाहे ब्लाग होए वेबसाइट होए लेखन हो या फिर लेखन को समर्थनए एमपी सबसे अजब है। इसी एमपी की राजधानी भोपाल में अब एक ऐसा मीडिया चौपाल होने जा रहा है जिसकी थीम वही नया मीडिया है जो सबके सामने संभावनाओं का नया द्वार खोल रहा है।
आयोजन 12 अगस्त को भोपाल में होगा। मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद और स्पंदन संस्था के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय मीडिया चौपाल का आयोजन हो रहा है। इस चौपाल की थीम होगी . ष् विकास की बात विज्ञान के साथष्द्य इस चौपाल में देशभर के ब्लॉगर वेब साईट के संचालक और स्तंभकार शिरकत करेंगे। आयोजन से जुडे स्पंदन संस्था के सचिव अनिल सौमित्र ने बताया कि इस चौपाल में न्यू मीडिया की समस्याओंए अवसरों और चुनौतियों पर खुली बह्स होगी। दरअसल न्यू मीडिया का दायरा और प्रभाव जिस कदर तेजी से बढ रहा है उसके बरक्श इसके बारे में सरकार और समाज में चिंतन की कमी है। तेजी से बढते हुए मीडिया के इस रूप को राष्ट्रीय उत्कर्ष के लिये उपयोग किया जा सकता है।
गौरतलब है कि गत दिनों गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया से जुडे लोगों के साथ गंभीर चर्चा की। विकास पुरूष और हिदुत्वप्रेमी होने के कार। नरेन्द्र मोदी हमेशा चर्चा में रहे हैं। ब्लॉगर्स और सोशल मीडिया के लोगों के साथ नरेन्द मोदी की यह मुलाकात सुर्खियों में रही। आयोजकों के अनुसार चौपाल के विभिन्न सत्रों में . न्यू मीडिया रू समस्याए अवसर और चुनौतियां तथा विज्ञान के लोकव्यापीकर। में न्यू मीडिया की भूमिका पर चर्चा होगी। नवीन मीडिया की व्याप्ति और ताकत का उपयोग विकास और विज्ञान के लोकव्यापीकर। के तौर.तरीकों पर बात होगी। नये मीडिया के विशेषज्ञ और कार्यकर्ता मुद्दों की तलाश तो करेंगे हीए संभव है प्रिंट माध्यम के साथ इसके बेहतर संबंधों की तलाश भी की जाये।
इस मीडिया चौपाल के आयोजक अनिल सौमित्र कहते हैं ‘असल में मीडिया चौपाल का आयोजन अपनी तरह का अभिनव प्रयोग है। नये मीडिया के संचारकों का अपनी तरह का यह पहला जमावड़ा होगा। इसमें देश के शीर्षस्थ ब्लॉगरए वेब.पोर्टल और सोशल मीडिया पर कार्यरत संचारकों के साथ ही विकासए विज्ञानएपर्यावर। आदि से जुड़े मुद्दों पर जनमत निर्मा। करने वाले स्तंभकार भी बड़ी संख्या में हिस्सेदारी करेंगे।‘
आयोजक संस्था के अनुसार चौपाल का उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह.संपर्क प्रमुख राममाधव, मीडिया क्षेत्र ही महत्वपूर्ण हस्ती और राज्यसभा सदस्य स्मृति ईरानी, साहित्यकार और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव मनोज श्रीवास्तव, वरिष्ठ पत्रकार प्रेम शुक्ल (कार्यकारी संपादकए सामनाएमुम्बई), के.जी. सुरेश (नई दिल्ली), गिरीश उपाध्याय और विज्ञान संचारक जयकुमार (कोच्ची की उपस्थिति में होगा।
राज्यसभा सांसद और मध्यप्रदेश भाजपा के अध्यक्ष प्रभात झा, मध्यप्रदेश के जनसंपर्क और संस्कृति मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा और कुलपति बृजकिशोर कुठियाला की उपस्थिति में चौपाल का समापन होगा। मीडिया चौपाल के विभिन्न चर्चा सत्रों में विस्फोट न्यूज नेटवर्क के संजय तिवारी (नई दिल्ली), ब्लॉगर और पत्रकार अनुराग अन्वेषी (नई दिल्ली), रविशंकर (नई दिल्ली), अमलेन्दु उपाध्याय (नई दिल्ली), प्रख्यात स्तंभकार आर.एल. फ्रांसिस (नई दिल्ली), मुकुल कानिटकर (कन्याकुमारी), प्रवक्ता डाट कॉम के संजीव सिन्हा (नई दिल्ली), नेटवर्क 6 के आवेश तिवारी (वारा.सी), सुरेश चिपलूनकर (उज्जैन), वरिष्ठ पत्रकार अनिल पाण्डेय (नई दिल्ली), चण्डीदत्त शुक्ल (जयपुर), रवि रतलामी (भोपाल), जनोक्ति समूह के जयराम विप्लव (नई दिल्ली), अहमदाबाद स्थित ब्लॉगर संजय बेंगानी और पंकज त्रिवेदी, लंदन स्थित ब्लॉगर शिखा वार्ष्णेय, भारतवाणी वेब साईट के संचालक लखेश्वर चन्द्रवंशी, (नागपुर, रायपुर से गिरीश पंकज, जयप्रकाश मानस (सृजनगाथा डाटकाम), पंकज झा, संजीत त्रिपाठी, ललित शर्मा, अनिल द्विवेदी, मुम्बई से नये मीडिया के दिग्ग्ज चन्द्रकांत जोशी, प्रदीप गुप्ता, आशुतोष कुमार सिंह, जितेन्द्र दवे, नेटवर्क 18 के निमिष कुमार, चंडीगढ से आशा अर्पित, दिल्ली से शिवानी पाण्डेय, सीत मिश्रा, हर्षवर्धन त्रिपाठी (दिल्ली), राजीव गुप्ता (नई दिल्ली), आशीष कुमार अंशु्  (नई दिल्ली), ऋतेश पाठक (नई दिल्ली), उमाशंकर मिश्र (नई दिल्ली), लिमटी खरे (नई दिल्ली), अरुण सिंह (लखनऊ), प्रभाष झा (नई दिल्लीद्ध। स्वदेश सिंह (दिल्ली), भुवन भास्कर (दिल्ली), गौतम कात्यायन (पटना), केशव कुमार (नई दिल्ली), अंकुर विजयवर्गीय (नई दिल्ली), सामाजिक कार्यकर्ता और ब्लॉगर किरण शाहीन (दिल्ली), पर्यावरण और पानी के लिये कार्यरत केसर सिंह और मीनाक्षी अरोडा (इंडिया वाटर पोर्टल नई दिल्ली), विज्ञान संचारक अंकिता मिश्रा (दिल्ली), नीरु सिंह ज्ञानी (ग्वालियर आकाशवाणी नई दिल्ली में कार्यरत ब्लॉगर वर्तिका तोमर और श्वेता कुमारी, लोकसभा टीवी में कार्यरत सिद्धार्थ झा (नई दिल्ली), देवपुत्र पत्रिका के संपादक विकास दवे (इंदौर), मीडिया शिक्षा में कार्यरत सागर के आशीष दूबे, धार के विजय पाटिल, रतलाम के राजेश मूणत, भोपाल से सरिता अरगरे, अल्पना मिश्रा, विधुल्लता, जया केतकी, पर्यावरण और विकास संबंधी स्तंभकार पंकज चतुर्वेदी और महेश परिमल, पत्रकार शिरीष खरे, रविन्द्र स्वप्निल, स्वाति तिवारी, शशि तिवारी, न्यू मीडिया शिक्षण से संबद्ध पी शशिकला, साहित्यकार कुमकुम गुप्ता, सामाजिक कार्यकर्ता नरेन्द्र जैन, विज्ञान संचारक सुशील शुक्ला, लाल बहादुर ओझा, ओम प्रकाश गौड, राजू कुमार, संदीप भटट (खंडवा), लोकेन्द्र सिंह (ग्वालियर  आदि की स्वीकृति हमें प्राप्त हो चुकी है। इन सभी के साथ कई अन्य ख्याति प्राप्त ब्लोगर्स, वेब संचालक और स्तंभ लेखक इस चौपाल में शिरकत करेंगे।  इनके साथ ही चौपाल में  भोपाल के मीडिया लेखक प्रभु झिंगरन और विज्ञान और आध्यातिमक संचार पर कार्यरत कोलकाता के योगी स्वामी बी. एन. संता और स्वामी बीण्वी. मिनी विशेष तौर पर उपस्थित होंगे। ये सभी संचारक न्यू मीडिया के लिये एक साझा मंच विकसित करने का प्रयास भी करेंगे।

बेल: एक नेचुरल डिओडरेंट


हर्बल खजाना ----------------- 10

बेल: एक नेचुरल डिओडरेंट

(डॉ दीपक आचार्य)

अहमदाबाद। मंदिरों, आँगन, रास्तों के आस-पास प्रचुरता से पाये जाने वाले इस वृक्ष की पत्तियाँ शिवजी की आराधना में उपयोग में लायी जाती है। इस वृक्ष का वानस्पतिक नाम एजिल मारमेलस है। बेल के फ़लों का शर्बत बडा ही गुणकारी होता है। यह शर्बत कुपचन, आँखों की रौशनी में कमी, पेट में कीडे और लू लगने जैसी समस्याओं से निजात पाने के लिये उत्तम है।
बेल की पत्तियों मे टैनिन, लोह, कैल्शियम, पोटेशियम और मैग्नेशियम जैसे रसायन पाए जाते है। पत्तियों का रस यदि घाव पर लगाया जाए तो घाव अतिशीघ्र सूखने लगता है। गुजरात प्राँत के डाँग जिले के आदिवासी बेल और सीताफ़ल पत्रों की समान मात्रा मधुमेह के रोगियों के देते है।
गर्मियों मे पसीने और तन की दुर्गंध को दूर भगाने के लिये यदि बेल की पत्तियों का रस नहाने के बाद शरीर पर लगा दिया जाए तो समस्या से छुटकारा मिल सकता है। पातालकोट के आदिवासियों के अनुसार बेल के कच्चे फ़ल और पत्तियों को गौ-मूत्र में पीस लिया जाए और नारियल तेल में इसे गर्म कर कान में डाला जाए तो बधिरता दूर हो सकती है।
जिन्हे हाथ-पैर, तालुओं और शरीर में अक्सर जलन की शिकायत रहती हो उन्हे कच्चे बेल फ़ल के गूदे को नारियल तेल में एक सप्ताह तक डुबोए रखने के बाद, इस तेल से प्रतिदिन स्नान से पूर्व मालिश करनी चाहिये, जलन छूमंतर हो जाएगी। बेल की जडों की छाल का काढा मलेरिया व अन्य बुखारों में हितकर होता है। (साई फीचर्स)

(लेखक हर्बल मामलों के जाने माने विशेषज्ञ हैं)

मोबाईल कारोबार पर क्यों मेहरबान है प्रशासन


एक आईडिया जो बदल दे आपकी दुनिया . . .  10

मोबाईल कारोबार पर क्यों मेहरबान है प्रशासन

देश की सुरक्षा रखी मोबाईल सेवा प्रदाताओं ने ताक पर

क्यों ढील दे रहे हैं जिलों के अफसरान

आखिर कब तक चलेगा सिम का गोरखधंधा 

(नन्द किशोर)

भोपाल (साई) देश के कमोबेश हर जिले में मोबाईल सिम का गोरखधंधा मचा हुआ है और जिलों का जिला एवं पुलिस प्रशासन हाथ पर हाथ रखे बैठा है। प्रशासन की अनदेखी के चलते मोबाईल सेवा प्रदाता कंपनियां अपने उपभोक्ताओं का गला रेत रहीं हैं और उनकी रक्षा के लिए तैनात प्रशासन मूकदर्शक बना बैठा है। बिना आईडेंटीफिकेशन आरंभ होने वाली सिम देश की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बनी हुई हैं।
गौरतलब है कि मोबाईल के क्षेत्र में अग्रणी सेवा प्रदाता कंपनी आदित्य बिरला के स्वामित्व वाली आईडिया हर जिलों में अपने अपने टीम लीडर्स (टीएल) को भारी भरकम टारगेज प्रदाय कर दिए जाते हैं। मासिक टारगेट पूरा करने में टीएल को पसीने आ जाते हैं। यही कारण है कि अपनी भारी भरकम सेलरी को बचाने के लिए टीएल द्वारा लोकल लेवल पर अघोषित प्रलोभन उपभोक्ताओं को दिए जाते हैं। बताया जाता है कि ये प्रलोभन जब पूरे नहीं होते हैं तो कुछ ही उपभोक्ता दुकानदार के पास जाकर अपनी शिकायत दर्ज करवाता है जिसे समझा बुझाकर रफत कर दिया जाता है। इस तरह कंपनी द्वारा परोक्ष तौर पर अपने उपभोक्तओं की जेब तराशी जा रही है।
कंपनी का काम करने वो टीएल को कंपनी द्वारा हर माह हजारों की संख्या में सिम बेचने का लक्ष्य दिया जाता है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए उनके द्वारा तरह तरह के हथकंडे अपनाए जाते हैं। अति व्यापक पैमाने पर होने वाले सिम के इस गोरखधंधे से देश की सुरक्षा में भी सेंध लगने की संभावनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता है। कहा जा रहा है कि अगर इस गोरखधंधे की जिला स्तर पर ही बारीक जांच करवा दी जाए तो मोबाईल सेवा प्रदाता कंपनियों के विकृत चेहरे को सामने आने से कोई नहीं रोक सकता है। समय रहते इस तरह से लाभ कमाने की प्रवृति पर अंकुश लगना बहुत आवश्यक है, वरना इसके दुष्परिणाम बेहद घातक और भयावह ही सामने आने की उम्मीद है।

(क्रमशः जारी)