मंगलवार, 19 जून 2012

राष्ट्रीय सामुदायिक सद्भावना पुरस्कारों के लिए नामांकन आमंत्रित


राष्ट्रीय सामुदायिक सद्भावना पुरस्कारों के लिए नामांकन आमंत्रित

(ऋषिना)

नई दिल्ली (साई)। राष्ट्रीय सामुदायिक सद्भावना प्रतिष्ठान ने सामुदायिक सद्भावना और राष्ट्रीय अखंडता के क्षेत्र में प्रोत्साहन और उत्कृष्ट योगदान करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं से वर्ष 2012 के राष्ट्रीय सामुदायिक सद्भावना पुरस्कारों के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं। इस पुरस्कार में प्रशस्ति पत्र के साथ व्यक्तियों के लिए दो लाख रूपये और संस्थाओं के लिए पाँच लाख रूपये की पुरस्कार राशि दी जाती है। यह पुरस्कार उम्मीदवारों को व्यक्ति के रूप में कम से कम दस वर्ष और संस्था के रूप में कम से कम पाँच वर्ष के उनके सामाजिक कार्यों के आधार पर दिया जाता है। ऐसी योग्यता रखने वाली हस्तियां या संस्थाएं ही इस पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकती हैं।
नामांकन प्रस्ताव सचिव, राष्ट्रीय सामुदायिक सद्भावना प्रतिष्ठान, लोकनायक भवन, नई दिल्ली-3 के नाम 30 जून, 2012 तक सक्षम प्रस्तावकों के जरिए भेजा जा सकता है। इन प्रस्तावकों में राज्य सरकार, केन्द्र शासित प्रदेशों की सरकार, नगर निगम, नगर पालिका परिषद, जिला पंचायत (इनका संबद्ध राज्यों में जो भी नाम हो), लोकसभाध् राज्य विधानसभाओं के स्पीकर, संसदध् विधानसभाओं और राष्ट्रीय एकता परिषद के सदस्य, राष्ट्रीय सामुदायिक सद्भावना प्रतिष्ठान के कार्यकारी परिषद तथा संचालन परिषद के सदस्य, विश्वविद्यालयों के कुलपति, इन पुरस्कार से सम्मानित व्यक्ति और संस्थाएं हो सकती हैं। इस संबंध में विस्तृत विवरण प्रतिष्ठान की वेबसाइट या संस्थान से प्राप्त प्रारूप में देखा जा सकता है।
राष्ट्रीय सामुदायिक सद्भावना पुरस्कारों की शुरूआत 1996 में राष्ट्रीय सामुदायिक सद्भावना प्रतिष्ठान के द्वारा की गई थी जो भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन स्थापित की गई एक स्वायत्त संस्था है जिसका उद्देश्य सामुदायिक सद्भावना और राष्टीय एकता को बढ़ावा देना है। सामुदायिक सद्भावना और राष्टीय एकता के क्षेत्र में लंबी समयावधि के दौरान व्यक्तियों और संस्थाओं द्वारा किए गए प्रयासों को समुचित सम्मान देने के लिए इन पुरस्कारों की शुरूआत की गई थी।

कोई टिप्पणी नहीं: