मंगलवार, 19 जून 2012

अब ब्लॉक स्तर तक वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग


अब ब्लॉक स्तर तक वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग

(दीप्ति)

भोपाल (साई)।मध्य प्रदेश में स्टेट वाइड एरिया नेटवर्क (स्वान) के विस्तार से अब विकास खण्ड स्तर तक वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग हो सकेगी। इसके जरिये अब मुख्यमंत्री, मंत्री, कलेक्टर, कमिश्नर विकासखण्ड स्तर पर अधिकारियों से सीधे संवाद कर सकेंगे। अभी यह सुविधा जिला स्तर तक सीमित है। कुछ विकासखण्ड में यह कार्य होने भी लगा है। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कुछ दिनों पहले इसी माध्यम से खण्डवा जिले में जनपद पंचायत स्तर पर वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग कर इसका शुभारंभ किया था।
कोषालयों तथा उप-कोषालयों को अब ‘‘स्वान’’ से जोड़ दिया गया है। पहले ये वी-सेट से जुड़े थे। इसकी गति कम थी और खर्च ज्यादा होता था। ‘‘स्वान ’’ से जुड़कर इसकी गति बढ़ी है और खर्च कम हुआ है। इसके अलावा, वाणिज्यिक कर और परिवहन विभाग भी इस नेटवर्क से जुड़ गये हैं। योजना यह है कि सभी विभागों में यह कनेक्टिविटी उपलब्ध हो जाये। इससे डाटा कम्युनिकेशन आसान और सस्ता हो जाएगा, क्योंकि हर विभाग को यह अलग से नहीं लेना पड़ेगा।
इधर, भोपाल नगर निगम के कम्प्यूटरीकरण का काम तेजी से चल रहा है। पायलट आधार पर एक जोन में सफलतापूर्वक काम हो जाने पर अब इसे पूरे नगर निगम में लागू किया जा रहा है। अगले माह से पूरे 70 वार्ड में यह काम हो जाएगा। इस सुविधा से प्रॉपर्टी टैक्स, वाटर टैक्स, जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र सहित कई काम ऑन-लाइन हो जाएँगे। भोपाल के बाद प्रदेश के शेष सभी नगर निगम में इस कार्य का विस्तार किया जाएगा।
परियोजना में सभी विकास खण्ड और तहसील मुख्यालय, जिला मुख्यालय से और जिला मुख्यालय राज्य मुख्यालय से ऑप्टिकल फायबर नेटवर्क के जरिये जुड़ जाएँगे। इससे प्रदेश भर के शासकीय कार्यालयों के बीच डाटा, वॉइस, वीडियो तथा अन्य कम्युनिकेशन आसान हो जाएँगे और नागरिकों को विभिन्न सेवाएँ आसानी से मिल सकेंगी।

कोई टिप्पणी नहीं: