मंगलवार, 19 जून 2012

गर्मी और बारिश का अनोखा संगम


गर्मी और बारिश का अनोखा संगम

(महेश रावलानी)

नई दिल्ली (साई)। मानसून की दस्तक के साथ ही देश भर में कहीं धूप गर्मी लू का प्रकोप है तो वहीं दूसरी तरफ बाढ़ ने लोगों का जीना मुश्किल कर रखा है। समूचा उत्तर प्रदेश लू और तपन भरी हवाओं से घिरा हुआ है तो वहीं दूसरी ओर पूर्वोत्तर में बारिश के कारण बाढ़ ने तबाही मचा रखी है।
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के कारण लू (गर्म हवा) लगने से 16 लोगों की मौत हो गई। बुंदेलखंड में चिलचिलाती धूप ने 11 लोगों को अपना शिकार बनाया, बाराबंकी में 2 लोगों की मौत हुई और लखनऊ में 3 लोग सूरज का कहर नहीं झेल सके। पुलिस के अनुसार, ये तीनों लोग लू लगने से शहर के विभिन्न इलाकों की गलियों और सड़कों पर बेहोशी की हालत में मिले।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार फिलहाल तन-बदन को झुलसाने वाली गर्मी से निजात मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। इस हफ्ते के आखिर तक मानसून से पहले की बारिश की उम्मीद की जा सकती है। कन्नौज, औराई, जालौन, हरदोई, उन्नाव, आजमगढ़ और कन्नौज जिलों में तापमान 45-47 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। सोमवार को महोबा में सबसे ज्यादा तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सुल्तानपुर में तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस रहा। भीषण गर्मी में बार-बार बिजली की आवाजाही ने लोगों का दिन और मुश्किल बना दिया। हवा में नमी 51 फीसदी होने से लोगों को उमस भी महसूस हुई।
उधर, असम में नलबाड़ी, बारपेटा और मोरीगांव जिलों के तीन सौ गांव बाढ़ की चपेट में हैं जिससे करीब ढाई लाख लोग प्रभावित हुए हैं। बारपेटा के भेला-दुर्गापुर क्षेत्र में कल चार लोग डूब गए जिनमें एक बच्चा भी है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि हाल की बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है।

कोई टिप्पणी नहीं: