शुक्रवार, 27 जुलाई 2012

लंदन ओलंपिक की उल्टी गिनती आरंभ


लंदन ओलंपिक की उल्टी गिनती आरंभ

(अभिलाषा जैन)

लंदन (साई)। विश्व का सबसे बड़ा खेल उत्सव लंदन ओलंपिक २०१२ आज से शुरू हो रहा है। इसकी विधिवत शुरूआत भारतीय समयानुसार तड़के डेढ़ बजे उद्घाटन समारोह के साथ होगी, जिसमें लगभग १५ हजार कलाकार भाग लेंगे। खेलों के इस महाकुम्भ में शामिल होने के लिए साढ़े दस हजार खिलाड़ी और अधिकारी लंदन पहुंच चुके हैं।
लंदन में आज औपचारिक उद्घाटन के साथ ही लंदन में एक-एक पदक के लिए खिलाड़ियों के बीच घमासान शुरू हो जाएगा। १९७ देशों के करीब साढ़े दस हजार खिलाड़ी एक अदद पदक के लिए पिछले चार साल की अपनी सारी मेहनत को झोंक देंगे। लंदन शहर खेलों के महाकुंभ का जैसे पलकें बिछा कर इंतजार कर रहा है।
इसके साथ ही पूरी दुनिया की नजरें इस समय लंदन पर टिकी हैं। ओलंपिक पार्क की चहल पहल तो देखते ही बन रही है, क्योंकि यहीं ओलंपिक खेलगांव है। भारत का भी ८१ खिलाड़ियों का दल इस गांव में इस उम्मीद के साथ टिका है कि इस बार पेईचिंग ओलंपिक की तीन पदकों की संख्या को आगे बढ़ाएंगे।
भारतीय उम्मीदें आज से ही परवान चढ़नी शुरू होंगी, क्योंकि देश के लिए पदक की संभावनाओं वाला खेल तीरंदाजी आज से शुरू हो रहा है। किसकी उम्मीदें इस बार पूरी होंगी किसका सपना अधूरा रह जाएगा यह अगले १७ दिनों में तय हो जाएगा। इस बीच, ओलंपिक खेलों में फुटबॉल मुकाबले शुरू हो चुके हैं। एक जबर्दस्त उलट-फेर में जापान ने विश्व और यूरो चौम्पियन स्पेन को १-० से हरा दिया। एक अन्य मैच में होन्डुरस और मोरक्को का मैच २-२ गोल से बराबर रहा।

कोई टिप्पणी नहीं: