शुक्रवार, 27 जुलाई 2012

भूस्खलन से चारों ओर से कटा सिक्किम


भूस्खलन से चारों ओर से कटा सिक्किम

(जीता प्रीतम)

गंगटोक (साई)। सिक्किम में पिछले २४ घंटे के दौरान भूस्खलन से उत्तरी सिक्किम जिला राज्य के शेष हिस्से से कट गया है। भूस्खलन की घटनाएं चुंगथांग-लाचिन और लाचुंग के बीच कुछ स्थानों पर हुई। यहां सड़क में ३० से ५० मीटर की दरार आ गयी है, जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई है। सरकारी सूत्रों ने बताया है कि भारी बरसात ने दक्षिणी सिक्किम को भी प्रभावित किया है।
ज्ञातव्य है कि राज्य में भारी वर्षा के चलते दक्षिण सिक्किम में भी भूस्खलन और पेड़ उखड़ने की घटनाएं सामने आई है। राज्य प्रशासन ने हालांकि अभी तक जानमाल की किसी हानि की पुष्टि नहीं की है पर लोग बारिश से जुड़े खतरों की शंकाओं से असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। दक्षिण सिक्किम के कुछ गांवों में बिजली और पानी की आपूर्ति की ठप होने की भी खबर है। प्रशासन ने खाद्यान्न सामग्री, किरासन तेल और अन्य आवश्यक चीजों की पर्याप्त मात्रा में स्टॉक करने की भी बात कही है।
उधर समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के जम्मू ब्यूरो ने खबर दी है कि जम्मू कश्मीर के साम्बा जिले में कल रात एक सड़क दुर्घटना में कम से कम १६ अमरनाथ तीर्थयात्रियों की मृत्यु हो गई है और १६ घायल हो गए हैं। यह हादसा उस समय हुआ जब तीर्थयात्रियों को ले जा रहा एक ट्रक साम्बा के निकट साम्बा-मानसर मार्ग पर एक गहरी घाटी में गिर गया। दुर्घटनास्थल से ११ शव मिले हैं जबकि पांच की मृत्यु जिला अस्पताल में हुई।
इसके साथ ही साथ पश्चिमोत्तर पाकिस्तान के बाजौर कबाइली क्षेत्र में एक बाजार में हुए बम विस्फोट में दो बच्चों समेत दस लोग मारे गए और २० अन्य घायल हो गए। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार विस्फोट सालारजई इलाके के पुश्त बाजार में हुआ। कई लोगों ने अस्पताल ले जाने से पहले ही दम तोड़ दिया। विस्फोट से कम से कम पांच दुकानें और अनेक वाहन क्षतिग्रस्त हो गये। किसी भी गुट ने घटना की जिम्म्ेदारी अबतक नहीं ली है।

कोई टिप्पणी नहीं: