गुरुवार, 26 जुलाई 2012

आदिवासियों की बिकी जमीनों की जांच हो!


आदिवासियों की बिकी जमीनों की जांच हो!

(सोनल सूर्यवंशी)

भोपाल (साई)। कांग्रेस महासचिव एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से टीकमगढ, मुरैना और श्योपुर जिलों में आदिवासियों की जमीन की बिक्री की अनुमति देने की जांच कराने का अनुरोध किया है। इसके पहले मध्य प्रदेश विधानसभा में सिवनी जिले की जमीनों का मामला उठने की खबर है, किन्तु दिग्विजय सिंह ने महाकौशल के बारे में आश्चर्यजनक तौर पर कुछ भी नहीं कहा है।
सिंह ने मुख्यमंत्री को लिखे एक पत्र में भाजपा के भ्रष्टाचार निवारण प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अनिल माहौर द्वारा लिखे गये पत्र का हवाला देते हुए कहा कि माहौर ने भी उक्त जिलों में आदिवासियों की जमीन की बिक्री की अनुमति देने की जांच कराने का अनुरोध किया है।
सिंह ने अपने पत्र में कहा कि इसी प्रकार भिंड जिले में भी इस प्रकार के मामलों में बडे पैमाने पर भ्रष्टाचार की शिकायते हैं और इस बारे में उन्होंने (सिंह ने) पहले भी शिकायत की थी लेकिन उस बारे में क्या कार्रवाई हुई उसका आज तक पता नहीं चल सका है।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि अब तो भाजपा कार्यकर्ता भी आरोप लगा रहे हैं। उस बारे में क्या कार्रवाई हुई उसके बारे में अवगत कराया जाए। कहा जा रहा है कि अनेक जिलों में जिला भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्षों और पदाधिकारियों द्वारा आदिवासियों की जमीन की दलाली के आरोप लग रहे हैं। कुछ की शिकायतें आज भी जिला कलेक्टर्स के पास लंबित हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: