गुरुवार, 16 अगस्त 2012

तबियत से हवा में उड़ीं प्रतिभा ताई


तबियत से हवा में उड़ीं प्रतिभा ताई

(शरद खरे)

नई दिल्ली (साई)। भारत गणराज्य की पहली महामहिम महिला  राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने अपने कार्यकाल में अनेक रिकार्ड और वर्जनाओं को ध्वस्त किया है। अपने पद पर रहते हुए प्रतिभा पाटिल ने एक अनोखा रिकॉर्ड बनाया है। यह रिकॉर्ड है हवाई यात्राओं का। प्रतिभा पाटिल ने प्रधानमंत्री और उपराष्ट्रपति से दोगुनी हवाई यात्रा करके पिछले 3 साल में 140 करोड़ रुपए फूंक डाले। यह जानकारी एक आरटीआई के जरिए मिली है।
ऐक्टिविस्ट सुभाष अग्रवाल ने एक आरटीआई दाखिल की थी, जिसके जवाब में एयरफोर्स ने यह जानकारी दी। एयरफोर्स के स्पेशल एयरक्राफ्ट ने 2008 से 2011 के बीच 466 बार उड़ान भरा। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की 108 उड़ानों और उपराष्ट्रपति की 106 उड़ानों की तुलना में प्रतिभा पाटिल ने 255 उड़ानें भरीं।
ये स्पेशल प्लेन्स अगस्त 2008 और जनवरी 2009 के बीच खरीदे गए थे। इनकी कीमत 161,425,567 डॉलर (इस वक्त करीब 8 अरब 93 करोड़ रुपए) थी। ये 3 बिजनेस बोइंग जेट अडवांस्ड सेल्फ-प्रॉटेक्शन स्वीट्स, इन्क्रिप्टेड सैटलाइट कम्यूनिकेशन फसिलिटी और अडवांस्ड नैविगेशनल एड से लैस हैं।
एयरफोर्स ने बताया कि प्रतिभा पाटिल ने नवंबर 2008 से अक्टूबर 2011 के बीच 10 ट्रिप्स में 18 देशों की यात्राएं कीं। बाकी यात्राएं भारत में ही की गईं।
एक अन्य आरटीआई के जवाब में विदेश मंत्रालय ने बताया था कि प्रतिभा पाटिल की यात्राओं पर 205 करोड़ रुपए खर्च हुए। इसमें से 169 करोड़ रुपए एयर इंडिया के विमानों के किराये हुए, बाकी उनके लोकल ट्रैवल, अकॉमडेशनल और डेली अलाउंस पर खर्च हुआ।
प्रतिभा पाटिल जिन देशों में गईं, उनमें वियतनाम, इंडोनेशिया, स्पेन, पोलैंड, रूस, तजाकिस्तान, इंग्लैंड, साइप्रस, चीन, लाओस, कंबोडिया, यूएई, सीरिया, मॉरिशस, रिपल्बिक ऑफ कोरिया, मंगोलिया, स्विट्जरलैंड और ऑस्ट्रिया शामिल हैं। प्रतिभा पाटिल से पहले राष्ट्रपति रहे एपीजे अब्दुल कलाम ने 6 ट्रिप्स में 17 देशों की यात्राएं की थीं। उनसे पहले के राष्ट्रपति केआर नारायणन ने 6 ट्रिप्स में 10 देशों और शंकर दयाल शर्मा ने 4 ट्रिप्स में 16 देशों की यात्राएं की थीं।

कोई टिप्पणी नहीं: