शनिवार, 29 सितंबर 2012

29 लाख लोग हैं बाढ़ से घिरे


29 लाख लोग हैं बाढ़ से घिरे

(पुरबालिका हजारिका)

गोवहाटी (साई)। असम में २० जिलों में २९ लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया है कि हाल की बाढ़ में १९ लोगों की मृत्यु हो गयी है और १० व्यक्ति लापता है। राज्य में कुछ स्थानों पर ब्रह्घ्मपुत्र नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। करीब पांच लाख ४३ हजार लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं।
राज्य सचिवालय के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि मुख्यमंत्री तरूण गोगोई ने कल बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की और राहत तथा पुनर्वास उपाय तेज करने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में दवाओं के साथ पर्याप्त संख्या में डॉक्टरों को तैनात करने के निर्देश दिए हैं।
सूत्रों ने आगे बताया कि राहत शिविरों में साफ पानी मुहैया कराने के लिए ट्यूबवेल स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। दो लाख २६ हजार हेक्टेयर कृषि भूमि बाढ़ में डूबी हुई है। असम सरकार ने प्रभावित किसानों को धान के बीज और पौधे निःशुल्क मुहैया कराने का फैसला किया है। श्री गोगोई ने पशु चिकित्सा तथा पशुपालन विभाग से भी पालतू जानवरों के लिए चारा उपलब्ध कराने को कहा है।
उधर, अरूणाचल प्रदेश से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो ने बताया कि अरूणाचल प्रदेश में बाढ़ की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। अब राहत और पुनर्वास के कार्य पर ध्यान दिया जा रहा है। अधिकतर जिलों में संचार और सड़क सम्पर्क कटा हुआ है। खबरों के अनुसार अधिकतर लोगों ने राहत शिविरों से अपने घरों को लौटना शुरू कर दिया है। उधर, केंद्रीय गृह सचिव आर के सिंह ने आपदा प्रभावित उत्तरी सिक्किम के बारे में राज्य के मुख्य सचिव करमा ज्ञात्सो से कल टेलीफोन पर बात कर स्थिति की समीक्षा की।

कोई टिप्पणी नहीं: