शनिवार, 29 सितंबर 2012

रमन राज में खाकी हुई दागदार


रमन राज में खाकी हुई दागदार

(अभय नायक)

रायपुर (साई)। छत्तीसगढ के नारायणपुर जिले में आदिवासी महिला से सामूहिक बलात्कार के मामले में पुलिस ने चार अज्ञात हथियार बंद वर्दीधारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। नारायणपुर जिले के पुलिस अधीक्षक मयंक श्रीवास्तव ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि जिले के तुर्था और करेपाल के जंगल में 45 वर्षीय आदिवासी महिला से सामूहिक बलात्कार के मामले में पुलिस ने चार अज्ञात हथियार बंद वर्दीधारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
श्रीवास्तव ने बताया कि महिला ने पुलिस को बताया है कि इस महीने की 18 तारीख को जब वह अपने घर कोलियारी गांव से पैदल अपने मायके फरसगांव जा रही थी तब तुर्था और करेपाल गांव के जंगल में चार अज्ञात हथियार बंद वर्दीधारियों ने उसे रोक लिया। इसके बाद डरा धमकाकर सभी ने उसके साथ बारी बारी से बलात्कार किया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसके बाद महिला अपने मायके फरसगांव गई और घटना की जानकारी अपने भाईयों को दी लेकिन डर के कारण भाईयों ने उसे चुप रहने की सलाह दी। इसके बाद जब वह अपने घर कोलियारी वापस पहुंची तब उसने अपने बेटे को भी घटना की जानकारी दी लेकिन डर की वजह से बेटा भी चुप रहा।
श्रीवास्तव ने बताया कि पिछले दिनों महिला बीमार पडी और गांव की स्वास्थ्य कार्यकर्ता को घटना की जानकारी मिली तब उसने कल गुरुवार को पुलिस को इसकी जानकारी दी। बाद में पुलिस ने महिला के बयान के बाद आज चार अज्ञात वर्दीधारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महिला ने पहले आरोपियों के वर्दी पहने होने की बात कही है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरु कर दी है।

कोई टिप्पणी नहीं: