शनिवार, 29 सितंबर 2012

नवंबर से पडेगा मनोरंजन में खलल


नवंबर से पडेगा मनोरंजन में खलल

(विनोद गौतम)

नई दिल्ली (साई)। टीवी पर टाइमपास भी अब महंगा होने जा रहा है। दरअसल सरकार ने केबल के डिजिटलाइजेशन को अनिवार्य कर दिया है। अब मल्टी सिस्टम ऑपरेटर (एमएसओ) ने इसके लिए जो दरें तय की हैं, उनके हिसाब से पूरे मनोरंजन में जेब कट जाएगी। उपभोक्ताओं के लिए तीन पैकेज दिए गए हैं।
इनमें सबसे कम 180 व अधिकतम 250 रुपये प्रतिमाह है। खास बात यह है पैकेज में मिलने वाले ज्यादातर फ्री टू एअर चौनल हैं। डीडी स्पोर्ट्स को छोड़कर कोई स्पोर्ट्स चौनल नहीं है। धारावाहिकों के लिए सबसे ज्यादा देखे जाने वाले जी, सोनी व स्टार के चौनल भी पैकेज में शामिल नहीं हैं। इन चौनलों को देखने के लिए आपको अलग से शुल्क देना होगा। कुल मिलाकर मतलब ये कि जितना ज्यादा मनोरंजन उतने ज्यादा रुपये। हालांकि कलर्स चौनल व कुछेक हिंदी न्यूज चौनल पैकेज में शामिल हैं।
अंबिका सोनी के करीबी सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि शुक्रवार को केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने इन नई दरों के बारे में बताया। ये दरें 1 नवंबर, 2012 से लागू की जाएंगी। 31 अक्तूबर तक दिल्ली समेत चारों महानगरों में सभी केबल कनेक्शन का डिजिटलाइजेशन करना है।
अंबिका सोनी शुक्रवार को इसकी जानकारी लेने मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंची थीं। सरकार की मानें तो दिल्ली में 70 फीसदी डिजिटलाइजेशन हो चुका है, मगर यह दूसरे महानगरों से पीछे है। मुंबई में 90 तो कोलकाता में यह 77 फीसदी किया जा चुका है।

कोई टिप्पणी नहीं: