मंगलवार, 7 अगस्त 2012

गैंगरेप वीडियो कांड टीआई परेड में पीड़िता ने कहा दिनेश ही है सौरभ


गैंगरेप वीडियो कांड टीआई परेड में पीड़िता ने कहा दिनेश ही है सौरभ

(ब्यूरो कार्यालय)

पटना (साई)। गैंगरेप वीडियो कांड एक बार फ़िर उलझता प्रतीत हो रहा है। अभियुक्त सुशांत के नौकर दिनेश की पहचान पीड़िता ने सौरभ के रुप में की है। इस आशय की जानकारी कल सिटी एसपी जयंतकांत ने बताया कि मामले की तफ़्तीश के दौरान पीड़िता के सामने सभी अभियुक्तों का टीआई परेड कराया गया। इस परेड के बाद पीड़िता ने दिनेश को ही सौरभ बताया है। बताते चलें कि दिनेश ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष यह बयान दिया था कि उसका नाम दिनेश पासवान है। वह सौरभ नहीं है। उसने यह भी बताया था कि वह सौरभ को पहचानता है।
उधर, कल विधानमंडल के दोनों सदनों में गैंगरेप मामले को लेकर विपक्ष ने खूब हंगामा किया। पूरा सदन कौन है सौरभ, कौन है घ्षभ आदि सवालों से गूंज उठा। विधानसभा में विपक्ष की ओर से मुख्य सचेतक सम्राट चौधरी और भाई वीरेंद्र ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव में बताया कि गैंगरेप मामले में पुलिस द्वारा की गयी जांच संदिग्ध है और दो अभियुक्तों को बचाने की साजिश रची जा रही है। सम्राट चौधरी ने सदन में कहा कि जब गया जिले में एक जापानी युवती के साथ गैंगरेप हुआ था तब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा था कि उन्हें रातभर नींद नहीं आयी।
अब जब बिहार की बेटी के साथ गैंगरेप हुआ है तो फ़िर वे चुप क्यों हैं? विपक्ष के ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने सदन को बताया कि पुलिस न तो किसी को बचाने का काम कर रही है और न ही फ़ंसाने की। सरकार की ओर जवाब देते हुए जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि इस मामले की स्पीडी ट्रायल होगी।
पीड़िता द्वारा बिहार राज्य महिला आयोग को दिये गये बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है और उसमें नामजद अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है। श्री चौधरी ने सदन को यह भी बताया कि पीड़िता ने धारा 164 के तहत दिये अपने बयान में कुल 8 लोगों के नाम बताये हैं। पीड़िता का बयान दुबारा लिया जा रहा है ताकि सौरभ और घ्षभ की पहचान हो सके। सरकार की ओर से दिये गये जवाब से असंतुष्ट विधानपरिषद में विपक्ष ने वाक आउट किया और विधानसभा में वेल में जाकर सरकार विरोधी नारे लगाये।

आय से 6 गुणा खर्च पर उठाया सीएजी ने सवाल


आय से 6 गुणा खर्च पर उठाया सीएजी ने सवाल

(ब्यूरो कार्यालय)

पटना (साई)। बिहार सरकार ने अपनी आय से 6 गुणा अधिक राशि खर्च किया है। सीएजी द्वारा जारी रिपोर्ट में यह तथ्य सामने आया है कि बिहार सरकार की अपनी आय केवल 10 हजार 858 करोड़ 53 लाख रुपये है और उसने 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक धनराशि खर्च किया है।
आय और व्यय में भारी अंतर पर सवाल उठाने वाली सीएजी की यह रिपोर्ट कल विधानमंडल में सूबे के उपमुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री सुशील कुमार मोदी द्वारा प्रस्तुत किया गया। सीएजी रिपोर्ट में भारी वित्तीय अनियमितता की बात कही गयी है। इसके अलावा रिपोर्ट में इस बात पर भी चिंता व्यक्त की गयी है कि अभी तक सरकार की ओर से पूर्व में खर्च किए गए करीब 80 हजार करोड़ रुपए के डीसी विपत्र समर्पित नहीं किए गए हैं।

छग में चौपर से निपटेंगे नक्सलियों से


छग में चौपर से निपटेंगे नक्सलियों से

(आंचल झा)

रायपुर (साई)। नक्सल विरोधी अभियान में लगी सीआरपीएफ दो हेलिकॉप्टर लीज पर लेगी। गृह मंत्रालय की ओर से उसे अनुमति मिल गई है। गृह मंत्रालय के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि, यह हेलिकॉप्टर पवन हंस हेलिकॉप्टर्स लि. से लीज पर लिए जाएंगे। इनमें से एक छत्तीसगढ़ के जगदलपुर और दूसरा रांची में रखा जाएगा। लीज का भुगतान केंद्र सरकार की ओर से राज्यों की सुरक्षा संबंधी खर्च के लिए दी जाने वाली धनराशि से किया जाएगा।
हेलिकॉप्टरों का इस्तेमाल जवानों की मदद के लिए किया जाएगा। इनसे नक्सल इलाकों में हवाई निगरानी के लिए नहीं होगा। इस काम के लिए नेशनल टेक्निकल रिसर्च ऑर्गनइजेशन (एनटीआरओ) मानव रहित टोही विमानों का इस्तेमाल कर रहा है। ये हेलिकॉप्टर पहले एक साल के लिए लीज पर लिए जाएंगे। बाद में समीक्षा करके इनकी लीज की अवधि बढ़ाई भी जा सकेगी।

जबरन फेल कर रहे सीबीएसई स्कूल


जबरन फेल कर रहे सीबीएसई स्कूल

(आशय अर्गल)

इंदौर (साई)। अपने नामी गिरामी शाला का रसूख बरकरार रखने की गरज से कमजोर विद्यार्थियों को जबरन ही फेल कर टीसी पकड़ाई जाने की खबरें प्रकाश में आई हैं। शहर के कई बड़े और नामी सीबीएसई स्कूल अपना 10वीं और 12वीं का बोर्ड रिजल्ट सुधारने के लिए नौवीं और 11वीं के थोड़े से भी कमजोर बच्चों को फेल कर रहे हैं। बाद में वे फेल छात्रों को पास की टीसी थमाकर डमी स्कूल में भेज रहे हैं। इस गड़बड़झाले की लगातार शिकायत मिलने पर सीबीएसई (केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा मंडल) ने 60 स्कूलों को नोटिस जारी किया है। इसमें स्कूलों को सख्ती से कहा गया है कि वे ऐसा न करें, वर्ना कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, ये स्कूल बोर्ड रिजल्ट सुधारने के लिए ९वीं और 11वीं के छात्रों को कठिन विषयों में २-३ अंकों से रोक रहे हैं। साइंस के विभिन्न विषयों में कमजोर छात्रों को प्रैक्टिकल में रोका जाता है। महज कुछ अंकों से फेल होने से हताश ये छात्र जब भी आवाज उठाते तो उन्हें स्कूल से निकाल दिया जाता है, ताकि अगली बोर्ड परीक्षा में वे ही शामिल हो सकें जिनमें मेरिट में आने का माद्दा हो।
बताया जाता है कि पास की टीसी लो और डमी स्कूल से 12वीं करो- नौवीं और 11वीं में एक या दो विषय में पूरक लाने वाले छात्रों को पूरक परीक्षा में बैठाने के बजाय स्कूल छोड़ने पर मजबूर किया जाता है। उन्हें उत्तीर्ण की टीसी देकर किसी भी डमी स्कूल में 10वीं या 12वीं में एडमिशन दिलवा दिया जाता है। यह सारी कवायद इसलिए होती कि डमी स्कूल में वह छात्र बोर्ड परीक्षा में कम अंक भी लाया तो इस स्कूल की सेहत पर कोई फर्क नहीं पड़ता है।

रेल यात्री सुविधाओं को तरसता राजस्थान


रेल यात्री सुविधाओं को तरसता राजस्थान

(शैलेन्द्र)

जयपुर (साई)। समूचा राजस्थान इन दिनों रेल यात्री सुविधाओं के लिए केंद्र सरकार की ओर ही आस लगाए बैठा है। आलम यह है कि जयपुर जंक्शन यात्रियों की भीड़ के आगे अब छोटा पड़ने लगा है। इस साल गर्मियों की छुट्टियों में तो यहां साढ़े तीन लाख यात्री बढ़ गए, जो पिछले साल के मुकाबले 34 प्रतिशत अधिक थे। इतना यात्रीभार बढ़ने की रेलवे प्रशासन को भी उम्मीद नहीं थी।
ऐसे में रेलवे को मौजूदा संसाधनों के भरोसे ही रहना पड़ा। इससे यात्री सफर के दौरान ट्रेनों में परेशान होते रहे। बढ़े हुए यात्रीभार के हिसाब से कम से कम 15 नई ट्रेनों की जरूरत थी, जबकि संसाधन बढ़ाने के नाम पर केवल एक नई ट्रेन उपलब्ध कराई गई। इस साल रेल बजट में जयपुर को सात नई ट्रेनें देने की घोषणा हुई थी। इनमें से तीन तो पहले से ही होली डे स्पेशल के रूप में चल रही थीं। शेष चार ट्रेनों में से अभी तक केवल एक ट्रेन चलाई गई और 3 ट्रेनों के चलने का इंतजार है। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अब कई मार्गाे पर और ट्रेन चलाने की जरूरत है।
रेल्वे सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि पूर्व में घोषित बीकानेर-पुरी एक्सप्रेस वाया जयपुर (साप्ताहिक), अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस वाया जयपुर (साप्ताहिक) और दरभंगा-अजमेर एक्सप्रेस वाया जयपुर (साप्ताहिक) अभी तक पटरी पर नहीं उतर सकी हैं। सिर्फ बजट में घोषित ओखा-जयपुर एक्सप्रेस (साप्ताहिक) ही अभी तक पटरी पर दौड़ सकी है।
सूत्रों ने बताया कि यात्री भार को देखते हुए पिछले साल मई, जून और जुलाई में रेलवे ने 378 अतिरिक्त डिब्बे लगाए थे। इस साल 523 अतिरिक्त डिब्बे लगाए गए जो पिछले साल के मुकाबले 145 ज्यादा थे।

बुखारी ने कोसा अखिलेश को


बुखारी ने कोसा अखिलेश को

(दीपांकर श्रीवास्तव)

लखनऊ (साई)। उत्तर प्रदेश की अखिलेश सरकार के सामने जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी को खुश रखना बड़ी चुनौती बन गई है। बुखारी ने एक बार फिर अखिलेश सरकार के कामकाज से असंतोष जताया है। मुख्यमंत्री को पत्र लिख कर उन्होने आरोप लगाया है कि राज्य में मुसलमानों के साथ घोर अन्याय हो रहा है।
भारी गुस्से में बुखारी ने मुसलमानों की मुश्किलों के लिए प्रदेश के संसदीय कार्य, नगर विकास व अल्पसं यक विभाग के मंत्री आजम खां को जिम्मेदार बताया है। बुखारी ने पत्र में लिखा है कि मुसलमान मायूस और नाराज हैं इसकी बड़ी वजह यह मंत्री ही हैं। बुखारी ने आरोप लगाया कि आजम के रहते मुसलमानों के भले के लिए काम होना दूर उन्हे नौकरी से निकाला एवं निलंबित किया जा रहा है।
पत्र में बुखारी ने जेल में बंद मुस्लिम नौजवानों, दंगों, कानून व्यवस्था, मुस्लिम आरक्षण, दंगा पीड़ितों को उचित मुआवजा, सरकार एवं शासन में मुसलमानों को हिस्सेदारी सहित तमाम मसले उठाये है। गौरतलब है कि इसके पहले बुखारी ने अखिलेश सरकार पर दबाव बना कर अपने दामाद को विधान परिषद सदस्य बनवाया था।

कंपनी के एसएमएस परेशान कर रहे हैं तो अपनाईए इसे


कंपनी के एसएमएस परेशान कर रहे हैं तो अपनाईए इसे

(श्वेता यादव)

बंग्लुरू (साई)। दिन भर आनेवाले बेकार के ढेरों एसएमएस से परेशान हैं? परेशान न हों। बस अब ऐसे एसएमएस को 1909 पर फॉरवर्ड कर दीजिए। आपके मैसेज फॉरवर्ड करते ही टेलिमार्केटिंग कंपनी पर लगेगा भारी जुर्माना। टेलीफोन नियामक संस्था (ट्राई) अब ऐसी व्यवस्था करने जा रही है, जिससे एसएमएस भेज कर मोबाइल उपभोक्ता को परेशान करनेवाली टेलीफोन कंपनियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
ट्राई द्वारा पेश एक प्रस्ताव में एसएमएस भेज कर उपभोक्ताओं को परेशान करने वाली रजिस्टर्ड और गैर-रजिस्टर्ड कंपनियों पर भारी जुर्माना लगाने की व्यवस्था है। प्रस्ताव में ट्राई ने यह सुझाव दिया है कि मोबाइल उपभोक्ताओं को व्यावसायिक मैसेज भेजने वाली गैर-रजिस्टर्ड टेलीफोन कंपनियों से 500 रुपये प्रति एसएमएस वसूल किया जाये।
इसके बावजूद अगर कंपनी एसएमएस भेजना बंद नहीं करती तो और भी सख्ती की जायेगी। अगर किसी कंपनी के खिलाफ 10 ऐसे मामले हो जाते हैं, तो प्रस्ताव के अनुसार मार्केटिंग कंपनी का फोन कनेक्शन काट दिया जायेगा। ट्राई का कहना है कि इस योजना के पीछे मोबाइल उपभोक्ताओं को मिलने वाले गैर-जरूरी एसएमएस को रोकना है।
इसके लागू होने के बाद एक जैसे नंबरों और एक जैसे नामों से आनेवाले इन व्यावसायिक मेसेजों पर रोक लगेगी। हालांकि इससे बैंकों को भी खासी परेशानी होगी क्योंकि आरबीआइ के निर्देश के अनुसार बैंक अपने उपभोक्ताओं को हर ट्रांजिक्शन के लिए फिलहाल मेसेज भेजता है। इस बारे में ट्राई ने यह सुझाव दिया है कि इस व्यवस्था लागू होने के बाद बैंकों को किसी रजिस्टर्ड टेलिमार्केटिंग कंपनी की ही सेवाएं लेनी होंगी।

चेन्नई बेकरार है प्रणव की अगवानी के लिए


चेन्नई बेकरार है प्रणव की अगवानी के लिए

(प्रीति सक्सेना)

चेन्नई (साई)। देश का सर्वाेच्च पद संभालने के बाद नये राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी अपने पहले दौरे पर चेन्नई आएंगे। प्रणव मुखर्जी की मेजबानी के लिए चेन्नई बेकरार दिख रहा है। वे आठ सितंबर को मद्रास उच्च न्यायालय के एक समारोह में हिस्सा लेंगे। उनके पहली यात्रा के साथ ही चेन्नई के साथ यह इतिहास भी जुड़ जाएगा कि देश का पहला नागरिक अपने पहले दौरे पर चेन्नई की सैर कर गया।
ज्ञातव्य है कि सत्तारुढ संप्रग के उम्मीदवार रहे मुखर्जी ने 19 जुलाई को हुए राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत भी चेन्नई से की। अपने काम में डूबे रहने के लिए पहचाने जाने वाले राष्ट्रपति ने अपने व्यस्त कार्यक्रम से समय निकाल कर राष्ट्रपति भवन में पत्रकारों से भेंट की और उन्हें अपने अनुभव से रुबरु कराया।
वैसे पूरे जीवन सक्रिय राजनेता रहे मुखर्जी ने कहा कि सांसद के तौर पर चार दशकों के अपने लंबे करियर में उन्हें पहली बार संसद सत्र की कमी खलेगी। समाचार एजेंसी के दिल्ली ब्यूरो से सुमित माहेश्वरी ने बताया कि पत्रकारों के साथ अपनी पहली वार्ता में उन्होंने कहा, ‘‘मुझे वाकई में इसकी कमी खलेगी।’’ संसद का सत्र आठ अगसत से शुरु हो रहा है। राष्ट्रपति ने कहा कि वह मुगल गार्डन में प्रातः कालीन भ्रमण करते हैं जहां मोरों को नाचते देख वह आश्चर्यचकित रह गए।

टाटा ट्रकों को सेना नो एंट्री


टाटा ट्रकों को सेना नो एंट्री

(यशवंत श्रीवास्तव)

नई दिल्ली (साई)। बीईएमएल के खिलाफ चल रही जांच के मद्देनजर तीनों सशस्त्र बलों को अपनी परियोजनाओं के लिए कंपनी से टाट्रा ट्रक खरीदने से रोक दिया गया है। रक्षा मंत्रालय के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि इस बारे में अंतिम निर्णय तीनों सेना प्रमुखों की सलाह मशविरे से किया जाएगा कि टाट्रा ट्रकों को शामिल करने के साथ सेवाएं जारी रखी जाएं या नहीं।
सूत्रों ने बताया कि टाट्रा ट्रकों को लेकर मार्च में सामने आये विवाद के बाद सशस्त्र बलों में एक भी ट्रक को शामिल नहीं किया गया है। ज्ञातव्य है कि गत 31 मई को सेवानिवृत्त हुए पूर्व सेना प्रमुख जनरल वी के सिंह ने मार्च महीने में आरोप लगाया था कि उन्हें बीईएमएल से 600 टाट्रा ट्रकों की आपूर्ति को मंजूरी देने के लिए एक पूर्व अधिकारी ने 14 करोड रुपये की रिश्वत की पेशकश की थी। जनरल सिंह के आरोप सार्वजनिक होने के कुछ ही घंटे बाद रक्षा मंत्री ए के एंटनी ने पूरे मामले में सीबीआई जांच का आदेश दिया।

नक्सलियों ने सीआरपीएफ का वाहन उड़ाया, जवान शहीद


नक्सलियों ने सीआरपीएफ का वाहन उड़ाया, जवान शहीद

(अभय नायक)

रायपुर (साई)। छत्तीसगढ़ के अशांत बस्तर क्षेत्र के जंगली इलाके में नक्सलियों ने एक बारूदी सुरंग निरोधक वाहन को बम से उड़ा दिया, जिससे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान घटनास्थल पर ही शहीद हो गया और अन्य पांच घायल हो गए।
दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र खरे ने बताया, कि दंतेवाड़ा जिले के मरांडे गांव के समीप एक शक्तिशाली आईईडी विस्फोट कर बारूदी सुरंग निरोधक वाहन को उड़ा दिया गया। वाहन में सीआरपीएफ की 111वीं बटालियन के छह जवान गश्त कर रहे थे।
इस घटना में सीआरपीएफ का एक जवान घटनास्थल पर ही शहीद हो गया और अन्य पांच जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। यहां पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों ने कहा कि घायल जवानों को एयरबस से दंतेवाड़ा से रायपुर ले जाया गया है और उन्हें एक निजी नर्सिग होम के गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कराया गया है। उल्लेखनीय है कि दंतेवाड़ा नक्सलियों का गढ़ माना जाता है। यहां अप्रैल 2010 में नक्सलियों ने एक हमले में सीआरपीएफ व पुलिस के 75 जवानों की हत्या कर दी थी।

अण्णा के ब्लाग पर टीम अण्णा मौन


अण्णा के ब्लाग पर टीम अण्णा मौन

(जया श्रीवास्तव)

नई दिल्ली (साई)। टीम अन्ना भंग करने की अन्ना हजारे की सोमवार को घोषणा के बाद इसके सदस्यों ने चुप्पी साध रखी है। टीम अन्ना के सदस्य रहे मनीष सिसौदिया ने इस बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘अन्नाजी ने अपने ब्लॉग में सबकुछ कह दिया है। इसमें कुछ भी जोड़ने की जरूरत नहीं है। निर्णय के बारे में अधिक जानकारी केवल अन्ना बता सकते हैं।’
वहीं, किरण बेदी ने ट्विटर पर लिखा, ‘अन्ना का ब्लॉग पढ़ें। इन सबका अर्थ क्या है, नहीं जानती। अन्नाजी ने हमें जहां भी निर्देश दिया, हमारे लिए वह सहायक रहा।’  इस बीच इंडिया अगेंस्ट करप्शन की मीडिया समन्वयक अस्वथी मुरलीधर ने कहा, ‘अन्नाजी ने रविवार को टीम के सदस्यों के साथ छोटी सी बैठक की थी। सभी लोगों को टीम अन्ना भंग करने के निर्णय के बारे में जानकारी दी गई थी।’
उधर, बेंगलुरू से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो से रचना तिवारी ने बताया कि टीम अन्ना के पूर्व सदस्य न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) एन. संतोष हेगड़े ने एक समाचार चौनल से कहा कि वह टीम अन्ना को भंग करने के निर्णय से हैरान हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं राजनीतिक कदम के खिलाफ था। यदि उनका राजनीतिक पार्टी गठित करने का निर्णय है तो उन्हें समूह को समाप्त करना ही था।’
ज्ञातव्य है कि अन्ना हजारे ने सोमवार को अपने ब्लॉग पर लिखा, ‘आज हम टीम अन्ना के रूप में अपना काम समाप्त करते हैं। टीम अन्ना का गठन जन लोकपाल के लिए किया गया था। हमने सरकार के साथ कोई सम्बंध नहीं रखने का फैसला किया। टीम अन्ना के नाम पर जो काम शुरू हुआ था वह समाप्त हो गया है और टीम अन्ना कमेटी भी भंग हो गई है।’ उन्होंने कहा कि ‘लोगों को जागरूक करने के लिए’ वह देशभर का दौरा करेंगे। टीम अन्ना ने शुक्रवार को भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए राजनीति की मुख्यधारा से जुड़ने की घोषणा की थी।

मोबाइल कॉल दर बढ़ सकती है 37 से 49 पैसे


मोबाइल कॉल दर बढ़ सकती है 37 से 49 पैसे

(मणिका सोनल)

नई दिल्ली (साई)। केंद्र सरकार द्वारा 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन के लिए सुरक्षित मूल्य 1,800 मेगाहर्ट्ज बैंड में प्रति पांच मेगाहर्ट्ज 14,000 करोड़ रुपये तय किए जाने से मोबाइल फोन की कॉल दर प्रति मिनट 37 पैसे से 49 पैसे तक बढ़ सकती है। यह बात सोमवार को सेल्युलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीओएआई) ने कही।
सीओएआई सरकार के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पर विचार कर रहा है। उसने कहा कि इस सप्ताह के आखिर तक वह अपने अगले कदम के बारे में फैसला कर लेगा। सीओएआई के महानिदेशक रंजन मैथ्यूज ने कहा, कि वे सरकार के नीतिगत फैसले को चुनौती देने के लिए हर कानूनी पहलू पर विचार कर रहे हैं और अभी वे अपने वकीलों से बात कर रहे हैं। इस सप्ताह के आखिर तक वे इस पर कोई फैसला कर पाएंगे।

विद्युत कम्पनियों ने 4 माह में 4242 करोड़ रुपये वसूले

विद्युत कम्पनियों ने 4 माह में 4242 करोड़ रुपये वसूले

(राजेश शर्मा)

भोपाल (साई)। राजस्व बढ़ाने के लिए हानि में कमी लाने नियमित चौकिंग तथा अन्य उपायों के कारण विद्युत वितरण कम्पनियों द्वारा वर्तमान वित्तीय वर्ष के अप्रैल से जुलाई तक के चार माह की अवधि में 4242 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रहण किया गया यह पिछले वर्ष की तुलना में 779 करोड़ रुपये अधिक है। कम्पनियों द्वारा अकेले माह जुलाई में 1161 करोड़ का राजस्व संग्रहण किया गया, जो गत वर्ष संग्रहीत राजस्व 946 करोड़ से करीब 23 प्रतिशत ज्यादा रहा। गत वर्ष इस दौरान 3463 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रहण हुआ।
उल्लेखनीय है कि गत वित्तीय वर्ष 2011-12 में 11 हजार 522 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रहीत किया गया था। यह वित्तीय वर्ष 2010-11 की तुलना में 23 प्रतिशत अधिक रहा था। विद्युत वितरण कम्पनी द्वारा राजस्व बढ़ाने के लिये कई कारगर तथा महत्वपूर्ण उपाय किये जा रहे हैं।
राजस्व संग्रहण में वृद्धि के लिये विद्युत वितरण कम्पनियों द्वारा एटी एण्ड सी हानियों में भी कमी लाने के लिये कारगर कार्यवाही की जा रही है। इसमें नये कनेक्शनों की संख्या में वृद्धि, सभी घरेलू कनेक्शनों के लिये मीटर लगाये जाना, निम्न-दाब लाइनों को एरियल बंच केबिल में परिवर्तित किया जाना तथा लोड सेंटर पर ट्रांसफार्मर स्थापित किये जाने जैसी महत्वपूर्ण कार्यवाही किया जाना शामिल है। इसके अलावा समय-समय पर विशेष चेकिंग के दौरान अनाधिकृत कनेक्शनों की रोकथाम के लिये तीनों विद्युत वितरण कम्पनियों द्वारा चेकिंग की मुहिम भी चलाई जा रही है। इससे एटी एण्ड सी हानियों में कमी लाने से विद्युत वितरण कम्पनियों के राजस्व में वृद्धि के साथ-साथ विद्युत के अपव्यय में भी कमी आयेगी।

शिवराज भोपाल में फहराएंगे तिरंगा


शिवराज भोपाल में फहराएंगे तिरंगा

(प्रदीप आर्य)

भोपाल (साई)। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 15 अगस्त को राजधानी भोपाल में मुख्य समारोह में प्रातः 9 बजे मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में उपस्थित जन-समुदाय के बीच मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान राष्ट्रीय ध्वज फहरायेंगे। जिला, विकासखण्ड एवं पंचायत-स्तर पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में जन-प्रतिनिधि जन-समुदाय की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहरायेंगे। 15 अगस्त की शाम को देशभक्ति पर केन्द्रित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों में स्वतंत्रता संग्राम सैनानियों, कारगिल में शहीद हुए सैनिकों के परिवारों एवं प्रदेश के मीसा-बंदियों को सम्मान-पूर्वक आमंत्रित किये जाने के निर्देश सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा दिये गये हैं।
भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में पुलिस, एसएएफ, सीआईएसएफ, एनसीसी, आरएएफ, जेल गार्ड्स होमगार्ड्स एवं स्काउट की संयुक्त परेड होगी। परेड द्वारा मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जायेगा। प्रदेश स्थित सभी सार्वजनिक भवनों एवं राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों पर स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रात्रि में रंग-बिरंगी रोशनी की जायेगी। रवीन्द्र भवन भोपाल में 15 अगस्त की शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें देशभक्तिपूर्ण कार्यक्रम की प्रस्तुति के साथ-साथ उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्था को पुरस्कृत किया जायेगा।
प्रदेश के जिला, विकासखण्ड एवं पंचायत-स्तर पर स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जन-प्रतिनिधियों द्वारा ध्वजारोहण किया जायेगा और मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया जायेगा। प्रदेश की शैक्षणिक संस्थाओं एवं शासकीय कार्यालयों में प्रातः 8 बजे तक ध्वजारोहण किये जाने के निर्देश दिये गये हैं। शैक्षणिक संस्थाओं में प्रभात फेरी के आयोजन, राष्ट्रीय एकता पर केन्द्रित समूह-गायन अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के अलावा जन-भागीदारी के साथ वृक्षारोपण के कार्यक्रम किये जाने के लिये भी कहा गया है।

अमेरिकी डॉक्टर करेंगे मध्यप्रदेश की मेडीकल यूनिवर्सिटी को विश्वस्तरीय बनाने में मदद


अमेरिकी डॉक्टर करेंगे मध्यप्रदेश की मेडीकल यूनिवर्सिटी को विश्वस्तरीय बनाने में मदद

(दीप्ति वर्मा)

भोपाल (साई)। मध्यप्रदेश से डॉक्टरी पढ़कर गए अमेरिका में प्रेक्टिस कर रहे डॉक्टरों ने जबलपुर में नव-स्थापित मेडीकल यूनिवर्सिटी को विश्वस्तरीय बनाने में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है। साउथ केरोलिना में एम.पी. मेडीकल एल्यूमनाई एसोसियशन ऑफ नार्थ अमेरिका में मध्यप्रदेश के चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री श्री महेन्द्र हार्डिया के साथ कल हुई चर्चा में इन डॉक्टरों ने कहा कि मध्यप्रदेश में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा को नए आयाम देने की दिशा में वे कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. धर्मपाल लोकवानी भी इस अवसर उपस्थित थे।
श्री हार्डिया ने डॉक्टरों से यूनिवर्सिटी के विकास और विस्तार के विषय में विस्तृत चर्चा की और कहा कि विशेष रूप से अकादमिक सहभागिता की आवश्यकता है। एसोसिएशन के सदस्यों ने मेडीकल कॉलेजों में आने पर कटीन्यूनिंग मेडीकल एजूकेशन (सीएमई) गतिविधियों कॉलेजों में आब्जर्वरशिप प्रकार की विजिटिंग फैलोशिप देने, मेडीकल कॉलेजों में ई-लायब्ररी सहित अन्य लायब्रेरी संबंधित सुविधाएँ प्रदान करने, अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर मेडल और स्कालरशिप स्थापित करने तथा प्रत्येक मेडीकल कॉलेज में पूर्व छात्राओं का एक कार्यालय स्थापित करने की पेशकश की। यह कार्यालय नोडल केन्द्र के रूप में कार्य करेगा। उन्होंने यूनिवर्सिटी में एल्यूमिनाई एडव्जाइरी पेनल गठित किए जाने की बात भी कही।
चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री श्री महेन्द्र हार्डिया ने कहा कि एसोसिएशन के डॉक्टरों द्वारा जो सुझाव और अनुशंसएँ दी गई हैं उनके विषय में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से चर्चा कर समुचित निर्णय लिए जाएँगे। एसोसिएशन के सदस्यों ने श्री महेन्द्र हार्डिया और डॉ. लोकवानी का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनसे मध्यप्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।
उल्लेखनीय है कि एसोसिएशन के विशेष आमंत्रण श्री महेन्द्र हार्डिया और डॉ. लोकवानी अमेरिका गए हैं। वहाँ मध्यप्रदेश से डॉक्टरी पढ़कर गए डॉक्टरों ने एक विशेष सम्मेलन बुलाकर दोनों महानुभावों से मध्यप्रदेश मेंचिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के संबंध में चर्चा की और अपनी ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

21 दिसंबर को रिलीज होगी ‘दंबग 2’


21 दिसंबर को रिलीज होगी ‘दंबग 2’

(नेहा घई पण्डित)

मुंबई (साई)। सलमान खान और सोनाक्षी सिन्हा की फिल्म ‘दबंग 2’ के निर्माण का काफी काम पूरा हो चुका है और इसे 21 दिसंबर को सिनेमाघरों में प्रदर्शित किया जाएगा। यह फिल्म 2010 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘दबंग’ का सीक्वल है, जिसका निर्देशन सलमान के छोटे भाई अरबाज खान कर रहे हैं।
अरबाज खान ने अपने टिवटर पेज पर कहा,‘चुलबुल पांडे के सारे प्रशंसकों के लिए खबर।। ‘दबंग 2’ लगभग 60 प्रतिशत तक पूरी हो चुकी है। फिल्म ‘एक था टाइगर’ के प्रमोशन और रिलीज के बाद हम बाकी शूटिंग शुरु कर देंगे।’ उन्होंने टिवटर पर लिखा,‘‘दबंग 2’ इस साल के अंत में क्रिसमस के मौके पर आएगी।। यह 21 दिसंबर को रिलीज होगी।’ ‘दबंग 2’ में विनोद खन्ना और प्रकाश राज भी होंगे।

यौन प्रवृत्ति का खुलासा कर सकती है आंखों की पुतलियां


यौन प्रवृत्ति का खुलासा कर सकती है आंखों की पुतलियां

(दीपन श्रीवास्तव)

न्यूयार्क (साई)। आंखों की पुतलियों के फैलाव से इंसान की यौन प्रवृत्ति का पता चल सकता है। एक नये अध्ययन में यह बात सामने आयी है। कॉर्नेल विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने एक विशेष इंफ्रारेड लेंसों का प्रयोग कर कामुक वीडियो देखने वाले लोगों की पुतलियों में इसे देखते समय होने वाले बदलाव की जांच की और इस निष्कर्ष पर पहुंचे।
शोध में शामिल किया गये लोगों की आंखों की पुतलियां उन वीडियो को देखकर फैल गयी जो उन्हें आकर्षक लगीं। इससे यौन प्रवृत्ति को लेकर उनकी लिंग आधारित पसंद के बारे में पता चला। पूर्व में शोधों में लोगों से उनकी यौन प्रवृत्ति को जानने के लिए सीधे सवाल पूछकर या जनन संबंधी उत्तेजना जैसे मनोवैज्ञानिक आधार को जगह दी जाती थी। लेकिन इन तरीकों के साथ कुछ समस्याएं भी थीं।
शीर्ष अध्यनकर्ता जेरुल्फ रीगर ने कहा, ‘‘हम एक वैकल्पिक तरीका ढूंढना चाहते थे। पुतलियों का अध्ययन ऐसा ही एक सरल विकल्प है।’’ रीगर ने एक बयान में कहा, ‘‘नये तकनीक के साथ हम उन लोगों की यौन प्रवृत्ति का पता लगा सकते हैं जो पारंपरिक संस्कृति से जुडे होने की वजह से कभी भी दूसरे तरह की जांच में शामिल नहीं होंगे। इस नये अध्ययन से हमें दुनिया भर में लोगों की यौन प्रवृत्ति का पता लगाने में आसानी होगी।’’

खूब औषधिय गुण है सीताफ़ल में


हर्बल खजाना ----------------- 9

खूब औषधिय गुण है सीताफ़ल में

(डॉ दीपक आचार्य)

अहमदाबाद। जंगलों और हमारे आसपास के बाग बगीचों में सीताफ़ल के पेड प्रचुरता से देखे जा सकते हैं। सीताफ़ल का वानस्पतिक नाम अन्नोना स्क्वामोसा है। सीताफ़ल के फ़ल टोनिक की तरह काम करते है तथा इनमें बलगम या कफ़ को बाहर निकाल फ़ेकने का गुण होता है।
पातालकोट के आदिवासी कच्चे फ़ल को को फ़ोडकर सुखा लेते है और इसका चूर्ण तैयार करते है। इस चूर्ण को बेसन के साथ मिलाकर बच्चों को खिलाते है जिससे पेट के कीडघ् मर जाते है। डाँग- गुजरात के आदिवासी सीताफ़ल के बीजों को पीसकर नारियल के तेल में मिला लेते है और नहाने से पहले बालों पर लगाते है, इनका मानना है कि ऐसा करने से बालों में जूँ आदि मर जाते है।
वैसे आदिवासी महिलाएं बीजों के चूर्ण का उपयोग बालों की सफ़ाई में भी करती है। सीताफ़ल की पत्तियों का रस घाव पर लगाने से घाव जल्दी सूखने लगता है। मिर्गी आने की दशा में रोगी को ताजी तोडी हुयी पत्तियाँ सुँघाई जाए तो आराम मिलता है। अत्यधिक दस्त होने पर रोगी को पत्तियों का काढा पिलाया जाए तो आराम मिल जाता है। पातालकोट के भुमकाओं की मानी जाए तो जोडों के दर्द के लिये सीताफ़ल की पत्तियाँ बडी कारगर है।
लगभग ५०० ग्राम पत्तियों को २ लीटर पानी में अच्छी तरह से उबाला जाए और २० लीटर पानी में मिलाकर स्नान किया जाए तो धीरे धीरे जोड के दर्द से छुटकारा मिल जाता है। सीताफ़ल की पत्तियों को चबाने पर मधुमेह में भी काफ़ी फ़ायदा होता है। आदिवासी सीताफ़ल की पत्तियों का उपयोग कर कीटनाशक भी बनाते है। (साई फीचर्स)

(लेखक हर्बल मामलों के जाने माने विशेषज्ञ हैं)

5 रूपए की सिम में 15 का बैलेंस!


एक आईडिया जो बदल दे आपकी दुनिया . . .  9

5 रूपए की सिम में 15 का बैलेंस!

टारगेट पूरा करने तरह तरह के हथकंडे अपना रहा आईडिया

(नन्द किशोर)

भोपाल (साई) मोबाईल की दुनिया में धूम मचाने वाली आदित्य बिरला की आईडिया सेल्यूलर द्वारा अपने टीम मैनेजर्स को दिए गए भारी भरकम लक्ष्य को पूरा करने की गरज से आईडिया के टीम प्रबंधकों द्वारा देश भर में अपने उपभोक्ताओं को तरह तरह के प्रलोभन दिए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि पांच रूपए में सिम खरीदने में पंद्रह रूपए का बेलेंस मिल रहा है। इसके लिए आईडिया की टीम द्वारा उपभोक्ताओं की निर्धारित औपचारिकताएं भी पूरी नहीं करवाई जाने की शिकायतें मिलीं हैं।
मोबाईल सेवा प्रदाता कंपनी आईडिया द्वारा बिना किसी औपचारिकता को पूरा किए ही पांच रूपए में सिम दिए जाने की खबरें मिल रहीं हैं। इस सिम में पंद्रह रूपए का बैलेंस भी मिल रहा है। मजे की बात तो यह है कि उपभोक्ता द्वारा जब औपचारिकताओं की फोटो कापी दी जाती है तो उपभोक्ताओं से एक के बजाए दो फोटो की मांग की जाती है।
इतना ही नहीं उपभोक्ता के कस्टमर आईडेंटीफिकेशन फार्म के जमा होते ही उसकी सिम चालू कर दी जाती है। भले ही उसके द्वारा दिया गया पते का प्रमाण पत्र या जन्म तिथि फर्जी हो। आईडिया में इतनी मुगलई मची हुई है कि उपभोक्ता को अगर शिकायत करना हो तो उसे कोई यह बताने को राजी नहीं होता है कि उसकी शिकायत कहां दर्ज की जाएगी।

(क्रमशः जारी)

विलासराव की हालत नाजुक, किडनी लिवर फेल


विलासराव की हालत नाजुक, किडनी लिवर फेल

(विलासनी नायर)

चेन्नई (साई)। फिल्म अभिनेता रितेश देशमुख के पिता और केन्द्रीय विज्ञान एवं तकनीकी मंत्री विलासराव देशमुख की हालत नाजुक बनी हुई है। उनको सोमवार को गम्भीर हालत में चेन्नई के ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया। देशमुख को वेंटीलेटर पर रखा गया है। डॉक्टरों के अनुसार देशमुख के लीवर और गुर्दे समेत कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया है। लीवर ट्रांसप्लांट करने की सम्भावना का पता लगाया जा रहा है। इस बीच उनके पुत्र फिल्म अभिनेता रितेश ने अपने पिता के लिए लीवर डोनेट करने की मंशा जताई है। डॉक्टर दोनों पिता-पुत्र के टिश्यू मैच कराएंगे।
बताया जाता है कि एक साल पूर्व नियमित जांच के दौरान उनके लीवर में खराबी का पता चला था। तब से उनका परिवार इलाज के लिए विदेश तक लीवर ट्रांसप्लांट के विकल्प तलाश रहा था। एक डॉक्टर के अनुसार देशमुख इलाज के सिलसिले में दो-तीन बार विदेश भी गए थे, जिस दौरान उनकी सेहत में सुधार भी हुआ। लेकिन फिर हालात बिगड़ते गए।
उधर, समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के मुंबई ब्यूरो से दीपक अग्रवाल ने खबर दी है कि एक सप्ताह पूर्व बिगड़ती सेहत के चलते देशमुख को मुम्बई के ब्रीच कैण्डी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां जांच में सिरोसिस ऑफ लीवर और दोनों गुर्दे काम नहीं करने की बात सामने आई। यहां तीन दिन डायलसिस कर वेंटीलेटर पर रखा गया। सोमवार को हालत और बिगड़ने पर उन्हें एयर एम्बुलेंस से चेन्नई के अस्पताल में स्थान्तरित कर दिया गया।