बुधवार, 18 अप्रैल 2012

महिलाओं का दबदबा है दिल्ली में


महिलाओं का दबदबा है दिल्ली में

(आकाश कुमार)

नई दिल्ली (साई)। दिल्ली में रहने वाली देश की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल, लोकसभाध्यक्ष श्रीमति मीरा कुमार, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्रीमति सुषमा स्वराज, कांग्रेस की सबसे ताकतवर महिला अध्यक्ष श्रीमति सोनिया गांधी, दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमति शीला दीक्षित के बाद एक बार फिर दिल्ली नगर निगम चुनावों में महिलाओं ने अपना दबदबा कायम रखा है। दिल्ली में तीनों निगमों में होंगी महिला मेयर।
राजधानी के तीनों नगर निगमों में अबकी सबसे खास बात यह है कि पहले साल कोई महिला ही मेयर बनेगी। एमसीडी के नियमों के मुताबिक , पांच साल के निगम के कार्यकाल मंे पहले साल का कार्यकाल महिला मेयर के लिए रिजर्व रखा गया है। इसके अलावा इन निगमों में कमिश्नर भी अलग - अलग होंगे। चुनाव आयोग का कहना है कि 21 अपै्रल तक तीनों नगर निगमों का गठन कर दिया जाएगा। हालांकि ये निगम विधिवत तौर पर इस महीने के अंत से ही काम करना शुरू कर पाएंगे।
सूत्रों के मुताबिक , राज्य चुनाव आयुक्त राकेश मेहता बुधवार को उपराज्यपाल तेजेंद्र खन्ना को नतीजों की जानकारी देंगे। उसके बाद उपराज्यपाल के आदेश पर तीनों निगमों में प्रोटेम मेयर बनाए जाएंगे , जो जीती हुई पार्टी से ही होंगे। ये मेयर जीते हुए कैंडिडेट्स को पार्षद के तौर पर पद व गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इसके बाद निगमों के आगे के गठन की जिम्मेदारी निगम प्रशासन पर आ जाएगी। जल्द ही निगम सचिव कार्यालय की ओर से नोटिस जारी होने वाला है , जिसमें मेयर चुनाव की घोषणा की जाएगी। कार्यालय के मुताबिक , 27 अपै्रल को नॉर्थ नगर निगम , 28 को साउथ और 29 को ईस्ट नगर निगम के मेयर का चुनाव होगा। इसके बाद निगमों में स्थायी समिति के अध्यक्षों का भी चुनाव होगा।
तीनों निगमों के अलग - अलग मुख्यालय बनाए गए हैं। पुराने निगम मुख्यालय टाउन हॉल को हेरिटेज इमारत घोषित कर दिया गया है , इसलिए वहां तीनों मंे से किसी भी निगम का मुख्यालय नहीं होगा। निगम के वर्तमान मुख्यालय सिविक सेंटर में साउथ व नॉर्थ नगर निगम के मुख्यालय होंगे , जबकि यमुनापार स्थित कड़कड़डूमा के पास दिल्ली सरकार की एक इमारत में ईस्ट नगर निगम का मुख्यालय बनाया जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं: