मंगलवार, 3 जनवरी 2012

दीप पर्यटन महोत्‍सव


दीप पर्यटन महोत्‍सव 

(दीपमाला दत्ता)

पोर्ट ब्लेयर (साई)। अंडमान निकोबार द्वीपसमूह में पहली बार कार निकोबार में भी द्वीप पर्यटन उत्सव आयोजित होने जा रहा है। प्रशासन के सूचना प्रचार और पर्यटन सचिव सतीश माथुर ने कल पोर्ट ब्लेयर में मीडिया को बताया कि कार निकोबार में पर्यटन महोत्सव इस महीने की सात तारीख से शुरू होकर ग्यारह तारीख तक चलेगा।
पोर्ट ब्लेयर में द्वीप पर्यटन उत्सव पांच जनवरी को आरंभ होगा और पंद्रह जनवरी तक जारी रहेगा। दोनों स्थानों पर पर्यटन उत्सव का उद्घाटन उपराज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल भूपेन्द्र सिंह करेंगे। श्री माथुर ने बताया कि कार निकोबार के पर्यटन उत्सव में विभिन्न विभागों के स्टॉल होंगे और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
पोर्ट ब्लेयर में आयोजित द्वीप महोत्सव में इस बार मुख्यभूमि से मध्य प्रदेश, कर्नाटक, मेघालय, दिल्ली और गोवा जैसे राज्यों के पर्यटन निगम अपने स्टॉल लगाएंगे। द्वीप महोत्सव के दौरान नेताजी स्टेडियम में बारह जनवरी की शाम रॉक बैंड यूफोरियाका प्रदर्शन होगा।
आई.टी.एफ. मैदान में हास्य कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया है। इसके अलावा सेना की ओर से कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे और अंतर स्कूल नृत्य प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। श्री माथुर ने बताया कि पर्यटन उत्सव के दौरान द्वीपसमूह के कई अन्य स्थानों पर भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन हांेगे। इनमें डिगलीपुर, लोंग आइलैंड, नील, हैवलॉक, विम्बर्लीगंज और भातू बस्ती शामिल हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: