मंगलवार, 3 जनवरी 2012

निशाने पर हैं राहुल के ठाकुर सलाहकार


निशाने पर हैं राहुल के ठाकुर सलाहकार

टीम राहुल से खफा हैं कांग्रेस के आला नेता



(लिमटी खरे)

नई दिल्ली (साई)। कांग्रेस की नजर में भविष्य के वजीरे आजम राहुल गांधी की सलाहकार मण्डली इन दिनों कांग्रेस के आला नेताओं की आंखों में गड़ रही है। राहुल के ठाकुर सलाकार दिग्विजय सिंह, कनिष्क सिंह और जितेंद्र सिंह के चलते अब लोग राहुल गांधी से भी नाराज बताए जा रहे हैं। कांग्रेस के अंदरखाने में तीनों ठाकुर नेताओं के खिलाफ अब रोष और असंतोष पूरी तरह उबाल पर ही है।
उत्तर प्रदेश चुनावों में टिकिट बांटने को लेकर तीनों ही ठाकुर नेता कांग्रेस के ही क्षत्रपों के निशाने पर थे। पिछले दिनों राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा अलवर के सांसद जितेंद्र सिंह के खिलाफ परचम बुलंद करते दिखाई दिए। अशोक गहलोत ने अब जितेंद्र सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल लिया है।
कांग्रेस की सत्ता और शक्ति के शीर्ष केंद्र 10, जनपथ (श्रीमति सोनिया गांधी का सरकारी आवास) के उच्च पदस्थ सूत्रों का कहना है कि पिछले दिनों सोनिया के साथ हुई अशोक गहलोत की भेंट में उन्होंने जितेंद्र सिंह की तबियत से शिकायत की है। सूत्रों ने बताया कि गहलोत ने यहां तक कहा कि जितेंद्र सिंह द्वारा उनकी सरकार को राजस्थान में कमजोर करने का ताना बाना बुना जा रहा है।
सूत्रों ने बताया कि टीम राहुल पर करारा प्रहार करते हुए अशोक गहलोत नेे कहा कि जितेंद्र सिंह ने राज्य सरकार को बताए बिना ही युवराज राहुल गांधी को भरतपुर बुला लिया। अगर वहां कोई अनहोनी हो जाती तो इसका जवाबदेह कौन होता? जब राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है तब इस तरह के औचक दौरों का क्या ओचित्य हैै? बेशक राहुल औचक दौरे करें पर राज्य सरकार को भरोसे में लेना जरूरी है।
कांग्रेस के अंदरखाने में टीम राहुल के ठाकुर नेताओं के खिलाफ अब जमकर जहर उगला जा रहा है। उत्तर प्रदेश में भी आपराधिक पृष्ठभूमि के लोगों को प्रश्रय देने के आरोप इन ठाकुर क्षत्रपों पर लग रहे हैं। कहा जा रहा है कि ठाकुरों का यह त्रिफला युवराज राहुल गांधी को आम जनता से बेहद दूर ही रखे हुए है, जिससे राहुल गांधी जमीनी हकीकत से रूबरू नहीं हो पा रहे हैं, परिणामस्वरूप कांग्रेस का जमकर नुकसान हो रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं: