शनिवार, 16 अप्रैल 2011

गिरजा को राजस्थान की दी जा सकती है जवाबदारी



जयंती हो सकती हैं महिला आयोग की नई अध्यक्ष

(लिमटी खरे)

नई दिल्ली। राष्ट्रीय महिला आयोग के नए मुखिया की तलाश तेज हो गई है। निर्वतमान अध्यक्ष गिरिजा व्यास का कार्यकाल आठ अप्रेल को ही समाप्त हो चुका है। कांग्रेस कोटे से राज्य सभा सदस्य और प्रवक्ता जयंती नटराजन इस पद के लिए सबसे उपयुक्त प्रत्याशी बनकर उभरीं हैं कांग्रेस की सत्ता और शक्ति के केंद्र की नजर में।

गौरतलब है कि डॉक्टर गिरजा व्यास राष्ट्रीय महिला आयोग की पांचवीं अध्यक्ष बनीं जो 16 फरवरी 2005 से लगातार दो कार्यकाल पूरा कर आठ अप्रेल को सेवानिवृत हो गईं हैं। वर्तमान में आयोग का प्रभार यास्मीन अबरार के पास है जो कार्यवाहक अध्यक्ष हैं। कांग्रेस के प्रबंधकों द्वारा इस पद के लिए उपयुक्त नाम की खोज जारी है।

अपनी जिम्मेदारी से मुक्त होने के बाद गिरजा व्यास अब एक बार फिर पुर्नवास की जुगत लगा रहीं हैं। केंद्रीय मंत्री सी.पी.जोशी के स्थान पर उन्हें राजस्थान कांग्रेस की कमान सौंपी जा सकती है। एआईसीसी मं चल रही चर्चाओं के अनुसार व्यास का नाम जनार्दन द्विवेदी के स्थान पर मीडिया सेल के प्रमुख के लिए भी चल रहा है। चूंकि गिरिजा व्यास पहले भी मीडिया सेल की प्रमुख रह चुकी हैं इसलिए उससे कम पद पर उन्हें लाना प्रोटोकाल के खिलाफ ही माना जा रहा है।