शनिवार, 24 दिसंबर 2011

पीएमओ अपने पास ‘गिरवी‘ रखना चाहती हैं राजमाता


बजट तक शायद चलें मनमोहन . . . 59

पीएमओ अपने पास गिरवीरखना चाहती हैं राजमाता

सोनिया और मन के बीच बढ़ती ही जा रहीं हैं दूरियां



(लिमटी खरे)

नई दिल्ली (साई)। देश के सबसे शक्तिशाली संवैधानिक पद (प्रधानमंत्री) और कांग्रेस के सत्ता और शक्ति के शीर्ष केंद्र (कांग्रेस अध्यक्ष) के बीच दूरियां घटने का नाम नहीं ले रही हैं। दोनों ही के बीच बढ़ रही दरारों से कांग्रेस के अंदर अब एक नई बहस ने जन्म ले लिया है कि क्या सोनिया गांधी वाकई में देश के प्रधानमंत्री कार्यालय को गांधी परिवार के पास गिरवी रखना सुनिश्चित करना चाहती हैं?
सोनिया गांधी के करीबी सूत्रों का कहना है कि पूर्व में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का मामला टाला नहीं गया है। इसे तो व्यवहारिक तौर पर वापस लिया गया है। इसका कारण सहयोगी दलों का अड़ियल रूख था। सूत्रों का कहना है कि इस पर न तो ममता बनर्जी ही अपना रूख बदलने को तैयार थीं और ना ही द्रमुक अपना ही रवैया बदलने को तैयार थी।
सूत्रों का कहना है कि सोनिया गांधी को मशविरा दिया गया है कि अगर राहुल गांधी को देश का निजाम बनाना है तो उसके लिए सबसे बड़ा और जरूरी कदम यह है कि सरकारी खजाना गरीबों के लिए खोल दिया जाए। दो सालों में जब गरीब गुरबों के हाथ पैसा लगेगा तो वे कांग्रेस को दुआएं देने लगेंगे।
वहीं दूसरी ओर कुछ सलाहकारों ने सोनिया को यह भी सलाह दी है कि वर्तमान में वैसे भी केंद्र पोषित योजनाओं के धन में अपव्वय की शिकायतें आम हो चुकी हैं। गैर कांग्रेसी राज्य सरकारों द्वारा केंद्र पोषित योजनाओं को अपनी बताकर प्रचार प्रसार किया जा रहा है पर सूबाई कांग्रेस के संगठन और उन राज्यों के कोटे वाले मंत्री भी इस ओर ध्यान नहीं दे पा रहे हैं।

(क्रमशः जारी)

भाषा, संस्कृति के आधार पर भी बन सकता है प्रथक महाकौशल


0 महाकौशल प्रांत का सपना . . . 16

भाषा, संस्कृति के आधार पर भी बन सकता है प्रथक महाकौशल

महाकौशल की उपेक्षा का दंश झेल रहे यहां के निवासी



(लिमटी खरे)

नई दिल्ली (साई)। देश की आजादी के बाद राज्यों के पुनर्गठन में भाषा को आधार बनाया गया था। अब पुनः सत्ताधारी दल का ध्यान भी बनने वाले नए व छोटे राज्यों के निर्माण में भाषा को प्राथमिकता देने का है। तब मध्यप्रदेश जैसे देश के हृदय स्थल में रहने वाले विभिन्न भाषा-भाषी, धर्मावलंबी, क्षेत्रवासियों को क्या अपना समर्थन दिखाने के लिए जातिवादी, भाषावादी या क्षेत्रीयतावादी प्रवृत्ति को प्रबल बनाना पडेगा? यह प्रश्न उत्तेजनावर्धक नहीं, आत्मचिंतनकारी है। शायद महाकौशल के निवासी आज इसी मनोदशा से गुजर रहे हैं।
पहले राज्य पुनर्गठन आयोग से ही महाकौशल की रट लगाने वाले आज भी महाकौशल की उपेक्षा का दंश झेल रहे हैं, पर महाकौशल की स्थापना का स्वप्न देखने वालों ने राज्य बनाने की ताकत तथा लक्ष्य को सही दृष्टि से नहीं पहचाना। राज्य बनाने की ताकत भाषा में है, पर आप अनेक भाषा-भाषी हैं। राज्य बनाने की ताकत जातिगत घनत्व व उसके भूगोल में है, पर आप न जातिवादी हैं, न जाति विशेष द्वारा राज्य करने वाले क्षेत्र के भूगोल वाले। यहां तो गोंडवाना राज्य था, जो आज जनजाति है। राज्य लेने के लिए इन दोनों की भावनात्मक शक्ति से नेता पैदा होते हैं, जो आफ पास नहीं है।
इस क्षेत्र में शिक्षाविद, साहित्यकार, डॉक्टर, वैद्य, पत्रकार, धर्माचार्य सभी हैं, जो समाज को दिशा देने वाले कारक हैं। जल, जंगल, जमीन, खनिज, मेहनतकश लोग हैं, पर प्रशासन में आधिपत्य रखने वाले व नेताओं का दिमाग कहे जाने वाले प्रशासनिक अधिकारी, आईपीएस, आईएएस नहीं हैं।
मूल जातिवादी, भाषावादी नहीं होता, तब हमें भूलों को सुधारकर आत्मावलोकन की शक्ति से वर्तमान की सच्चाई का ईमानदारी से आकलन करना चाहिए। मध्यप्रदेश में राज्य के भीतर राज्य बन सकता है। तब वह विभिन्न भाषा-भाषी, जाति-समूह, संस्कृति का एक ऐसा राज्य होगा, जिसमें बुंदेलखंडी, महाकौशलवादी, गोंडवानावादी, बघेलखंडी संस्कृतियों का समावेश होगा।
मगर, जैसे पुनः राज्य पुनर्गठन आयोग बना और वह भाषा के आधार पर बना, तो फिर सर्वाधिक नुकसान किसका होगा? यह चिंतन का प्रमुख विषय है और महाकौशल एवं गोंडवाना संस्कृति के लिए चिंता का विषय भी। उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री का बुंदेलखंड का प्रस्ताव मध्यप्रदेश के बुंदेलखंड को हमसे दूर कर देगा। इनकी प्राथमिकता बुंदेलखंड के साथ जाने की होगी, न कि हमारे साथ रहने की। पूर्वांचल के निर्माण की घोषणा बघेलखंड-वासियों की विंध्याचल प्रदेश की मांग से मेल खाती दिखती है, तब अंतरराज्यीय राज्य पुनर्गठन में हम कहां होंगे? तब हम कटे-फटे, निःसहाय, अलग-थलग दिखाई पडेंगे। जो लोग राज्य की लडाई की वकालत करते हैं, वे किस आधार पर राज्य की कल्पना करते हैं, उन्हें स्पष्ट करना होगा। बगैर तत्वों-तथ्यों के राज्य की लडाई केवल मृग-मारीचिका ही होगी।

(क्रमशः जारी)

क्यों डाला था पहली लोकसुनवाई का अस्पष्ट कार्यवाही विवरण?


0 घंसौर को झुलसाने की तैयारी पूरी . . . 37

क्यों डाला था पहली लोकसुनवाई का अस्पष्ट कार्यवाही विवरण?

क्या अवंथा समूह के इशारों पर चल रहा है एमपीपीसीबी?



(लिमटी खरे)

नई दिल्ली (साई)। प्रसिद्ध उद्योगपति गौतम थापर के स्वामित्व वाले अवंथा समूह के सहयोगी प्रतिष्ठान मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड के द्वारा केंद्र सरकार की छटवीं सूची में अनुसूचित मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के आदिवासी बाहुल्य विकासखण्ड घंसौर के ग्राम बरेला में डाले जाने वाले 1200 मेगावाट (अब 1260 मेगावाटा) के पावर प्लांट की जनसुनवाई में मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण मण्डल द्वारा लगातार ही मेसर्स झाबुआ पावर प्लांट के पक्ष में माहौल बनाने का काम किया जाना आश्चर्यजनक ही माना जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भारत सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्रालय की प्रर्यावरण प्रभाव आंकलन अधिसूचना क्रमांक 1533 के तहत मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड द्वारा मंत्रालय के समक्ष आवेदन किया गया था। मंत्रालय के द्वारा झाबुआ पावर को एक अक्टूबर 2008 को जारी टीओआर में लोकसुनवाई की शर्त रखी गई थी। इसी शर्त को पूरा करने के लिए सिवनी जिले में लोकसुनवाई आहूत करना अत्यावश्यक ही था।
22 अगस्त 2009 को आहूत पहली ही लोकसुनवाई में संयंत्र प्रबंधन ने अपने झूठ के सहारे इस संयंत्र को स्थापित करने का खेल खेला गया। इस लोक सुनवाई में संयंत्र प्रबंधन द्वारा कहा गया कि उसे इस संयंत्र के लिए कुल 220 हेक्टेयर भूमि की आवश्यक्ता होगी। वहीं दूसरी ओर मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण मण्डल को दिए गए इस संयत्र के कार्यकारी सारांश में लिखित तौर पर संयंत्र के लिए 600 एकड़ भूमि की आवश्यक्ता दर्शाई थी।
मण्डल के सामने इस तरह की विसंगति होने के बाद भी मण्डल के आला अधिकारियों की चुप्पी से मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण मण्डल और संयंत्र प्रबंधन के बीच मिलीभगत के संदेहों के बादल और गहरा जाते हैं। मण्डल के पास सात पेज के इस कार्यवाही विवरण की अस्पष्ट प्रति से साफ हो जाता है कि संयंत्र प्रबंधन द्वारा मण्डल की मिली भगत से इस संयंत्र के स्थापित होने से पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों आदि को दबाना चाहा जा रहा है। जिसे मण्डल के अधिकारी अपनी निहित स्वार्थों की पूर्ती के चलते अंजाम भी दे रहे हैं।
किसी नस्ती के पेज नंबर 61 से 67 तक की छाया प्रति का प्रयोग मण्डल के कारिंदों द्वारा इसकी सूचना मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण मण्डल की आधिकारिक वेब साईट पर पब्लिक हियरिंग का बटन क्लिक करते ही 191 नंबर पर जो इबारत सामने आती है उसमें 22 अगस्त 2009 को संपन्न हुई पब्लिक हियरिंग को क्लिक करने पर मण्डल की वेब साईट में कार्यवाही का विवरण अस्पष्ट ही सामने आता है।
मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण मण्डल द्वारा मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड के पक्ष में इस तरह की मदद क्यों की जा रही है यह यक्ष प्रश्न आज भी अनुत्तरित ही है। हालात देखकर लोगों को अब भ्रम होने लगा है कि मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण मण्डल मध्य प्रदेश सरकार के नहीं वरन् मशहूर उद्योगपति गौतम थापर के स्वामित्व वाले अवंथा समूह के इशारे पर उसके सहयोगी प्रतिष्ठान मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड को लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रहा है।

(क्रमशः जारी)

ठंड बढ़ेगी दिल्ली में


ठंड बढ़ेगी दिल्ली में



(शरद खरे)

नई दिल्ली (साई)। देश की राजधानी दिल्ली जल्द ही एक बार फिर सर्दी और कोहरे की जद में होगी। पूर्वोत्तर क्षेत्र में हवाओं का रूख मैदानी इलाकों की ओर होने की उम्मीद के साथ ही आज से दिल्ली में पारा तेजी से नीचे आ सकता है। दिल्ली में तापमान तेजी से नीचे आकर पारा चार डिग्री तक उतर सकता है।
दिल्ली में क्रिसमस से पहले ठंड बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक होने की भविष्यवाणी की है। विभाग ने कहा है कि राजधानी में आज मौसम अधिक ठंडा रहेगा और न्यूनतम तापमान चार डिग्री और अधिकतम तापमान २० डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहेगा।

यूपी की दो परियोजनाएं प्राथमिकता पर


यूपी की दो परियोजनाएं प्राथमिकता पर

(प्रतुल बनर्जी)

नई दिल्ली (साई)। केन्द्र ने राष्ट्रीय परियोजना कार्यक्रम के तहत उत्तर प्रदेश की सरयू नहर परियोजना और शारदा सहायक परियोजना को दो प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं में शामिल करने का फैसला किया है। इन परियोजनाओं के लिए केन्द्र तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक सहायता देगा। इस परियोजना के पूरा होने पर बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, बस्ती, संतकबीर नगर, सिद्धार्थ नगर और गोरखपुर जिलों में लगभग १४ लाख हेक्टेयर भूमि की सिंचाई हो सकेगी। इसके मार्च २०१६ तक पूरा होने की संभावना है।
उधर, उच्चतम न्यायालय द्वारा नियुक्त अधिकार प्राप्त समिति आज केरल में मुल्लपेरियार बांध की सुरक्षा की जांच करेगी। आधुनिक उपकरणों की मदद से विभिन्न स्थानों पर बांध के ढांचे की सुरक्षा का पता लगाया जाएगा। ये समिति मुल्लपेरियार समेत विभिन्न बांधों की सुरक्षा का जायजा लेने के लिए कल केरल में इडुकी पहुंची। समिति में डॉक्टर सी डी थाटे, डॉक्टर जी के मेहता और वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी शामिल हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार समिति ने विभिन्न सुरक्षा पहलुओं के बारे में तकनीकी विशेषज्ञों से बातचीत की है। समिति भूकंप का पता लगाने वाले उपकरणों तथा चेतावनी देने की व्यवस्था की भी जांच करेगी। यह समिति तमिलनाडु में वैगा जलाशय का भी दौरा करेगी।

सुरक्षा बलों के चिकित्सक संभालेंगे अस्पतालों की कमान


सुरक्षा बलों के चिकित्सक संभालेंगे अस्पतालों की कमान



(उमेश सोनी)

नई दिल्ली (साई)। राजस्थान में सरकार ने सरकारी अस्पतालों में सेना, सीमा सुरक्षा बल और रेलवे के डाक्टर तैनात करने का फैसला किया है। राज्य में सरकारी अस्पतालों के डाक्टरों की हड़ताल का आज चौथा दिन है। हड़ताली डॉक्टरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए सरकार ने राजस्थान आवश्यक सेवा रख रखाव कानून के अंतर्गत ३०० से अधिक डॉक्टरों को गिरतार किया है। गौरतलब है कि वेतन में समानता और समयबद्ध पदोन्नति की मांग को लेकर सेवारत और रेजीडेंट डॉक्टर बुधवार से हड़ताल पर हैं।
नव नियुक्त ३२७ चिकित्सकों के कामकाज संभाल लेने से हालात सुधरने की संभावना है। मेडिकल टिचर्स ने भी आज सामूहिक अवकाश पर जाने के निर्णय को वापस ले लिया है। हड़ताल जारी रहने से प्रदेश के विभिन्न जिलों में मरीजों को मुश्किलों का सामना पड़ रहा है। समय पर ईलाज नहीं मिल पाने के कारण अब तक चौबीस मरीज दम तोड़ चुके हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कल जयपुर में एक उच्चस्तरीय में हालात की समीक्षा की और डॉक्टरों से काम पर लौटने की अपील की।

मुंबई में भीषण आग


मुंबई में भीषण आग

(अतुल खरे)

मुंबई (साई)। मुंबई के एक उपनगरीय इलाके में कल महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम परिसर में आग लग गई। यह आग आकृति ट्रेड सेंटर की छठी मंजिल में लगी और सातवीं मंजिल तक फैल गई। इस परिसर में कई कंपनियों के कार्यालय हैं। आग के कारण किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। बताया जाता है कि आग बुझाने के लिए १५ दमकल गाड़ियों को लगाया गया।

कांग्रेस के 58 उम्मीदवार घोषित


कांग्रेस के 58 उम्मीदवार घोषित

(श्वेता यादव)

लखनऊ (साई)। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों के लिए और ५८ उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। कांग्रेस के सूत्रों ने बताया है कि कांग्रेस महासचिव ऑस्कर फर्नांडिज ने कल पार्टी उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी की। इसके साथ ही राज्य की ४०३ विधानसभा सीटों में से ३१५ पर कांग्रेस अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी है।
कांग्रेस ने ३१ महिलाओं को टिकट दिया है और राज्य की ८५ सुरक्षित सीटों में से ६५ पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। कांग्रेस ने अजित सिंह के साथ हाल में हुए चुनावी गठबंधन के तहत करीब ४५ सीटें उनकी पार्टी राष्ट्रीय लोकदल के लिए छोड़ी है।

पंजाब में आकाली दल की पहली सूची जारी


पंजाब में आकाली दल की पहली सूची जारी

(विक्की आनंद)

चंडीगढ़ (साई)। पंजाब में सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल ने राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के ४८ उम्मीदवारों की पहली सूची घोषित कर दी है। इसमें २४ मौजूदा विधायक, नौ पूर्व विधायक, एक पूर्व सांसद और ११ नये चेहरे हैं। सूची में १७ युवा और नौ महिलाएं शामिल हैं। सभी मंत्रियों और पंजाब विधानसभा अध्यक्ष को इस सूची में शामिल किया गया है। एक सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक और एक आईएएस अधिकारी को भी पार्टी ने उम्मीदवार बनाया हैं। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल लाम्बी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।

कपास उत्पादकों के लिए वित्तीय सहायता की घोषणा

कपास उत्पादकों के लिए वित्तीय सहायता की घोषणा



(आशीष कौशल)

नागपुर (साई)। कांग्रेस की सरकार को अंततः संकटग्रस्त कपास उत्पादकों की सुध आ ही गई है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने संकट से जूझ रहे कपास उत्पादकों को प्रति हेक्टेयर चार हजार रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है। विदर्भ, मराठवाड़ा तथा खानदेश क्षेत्रों के सोया और धान उत्पादकों के लिए भी दो हजार रुपये प्रति हेक्टेयर की वित्तीय सहायता का एलान किया गया है।
राज्य के आपदा ग्रस्त किसानों की मदद के लिए इसी सत्र में घोषित दो हजार करोड़ रुपयों के विशेष पेकैज के बारे में मुख्यमंत्री श्री पृथ्वीराज चौहान ने बताया कि इससे कपास के सभी उत्पादको के साथ २५ प्रतिशत से अधिक नुकसान को झेलने वाले सोयाबीन तथा धान उत्पादकों भी राहत दी जाएगी। राज्य के लगभग ८५ लाख हेक्टर्स क्षेत्र के किसान इससे लाभांवित होंगे। धान तथा सोयाबीन के पिछले दस वर्षों में तीन सबसे बढ़िया उत्पादन वाले वर्षों के आधार पर नुकसान का मूल्यांकन होगा।

युवक कांग्रेस फिर हुई शर्मसार !


युवक कांग्रेस फिर हुई शर्मसार !

मीनाक्षी मेडम द्वारा अवांछितों को पालने पोसने के अब आ रहे है दुष्परिणाम !



(आशीष सेठी)

नीमच (साई)। टीम राहुल की महत्वपूर्ण सदस्य सांसद मीनाक्षी नटराजन के संसदीय क्षेत्र में ही कांग्रेस के कारिंदे उन्हें और कांग्रेस पार्टी को शर्मसार किए हुए हैं। बताया जाता है कि मीनाक्षी नटराजन की सिफारिश पर जिला एवं युवक कांग्रेस में जिन पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है वे ही पार्टी का नाम डुबाने का काम कर रहे हैं।
गौरतलब है कि सांसद मेडम मीनाक्षी नटराजन कांग्रेस की राष्ट्रीय स्तर की सचिव होकर युवक कांग्रेस की भी प्रभारी है। पर, देखने में आ रहा है कि नीमच जिले में सांसद की अनुशंसा पर बनाये गये कांग्रेस के पदाधिकारी कांग्रेस को ओर खुद सांसद को अपने कारनामों से लगातार आम जनता में शर्मसार कर रहे है!
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले युवक कांग्रेस का एक जिला स्तर का पदाधिकारी नीमच में  देर रात को नशे पत्ते मंे दारू की बोटल हाथ में लेकर उधम मचाता पाया गया था और बाद में वो पुलिस के हाथों जमकर पिटा था। फिर एक ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष दारू के नशे में सड़क पर गिरा पाया गया और अपना चेहरा लहु लुहान कर बैठा।
ये मामले अभी सुर्खियों में ही थे कि कल जीरन में युवक कांग्रेस का अध्यक्ष रमेश राजोरा कांग्रेस को शर्मसार कर बैठे। बताया जाता है कि वे सांसद मीनाक्षी नटराजन का नाम लेकर जीरन के पुलिस वालों को चमका रहे थे। यह सब होने के बाद पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए उक्त नेता जी को पुलिस पिकप में थाने ले जाया गया।

नशीला पदार्थ रखने के आरोप में 14 साल की कैद


नशीला पदार्थ रखने के आरोप में 14 साल की कैद



(श्वेता यादव)

पटना (साई)। राजधानी पटना में एक स्थानीय अदालत ने नशीला पदार्थ स्मैक की तस्करी का दोषी करार देते हुए एक व्यक्ति को 14 वर्ष की जेल तथा एक लाख रुपए के जुर्माने की सजा सुनाई। आरोपी के पास से 61 स्मेक की पुड़िया और 300 ग्राम स्मेक बरामद किए जाने की चर्चा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ओपी सिन्हा ने दीघा थाना क्षेत्र अंतर्गत टीटीआई कालोनी से 61 पुड़िया और 300 ग्राम स्मैक के साथ तस्करी के आरोप में 16 मई 2004 को गिरफ्तार श्यामदेव राय को 14 वर्ष की जेल और एक लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई। इस मामले में साक्ष्य अभाव में अदालत ने राजीव कुमार नामक एक अन्य आरोपी को बरी कर दिया।
पुलिस ने राय सहित तीन लोगों के खिलाफ स्मैक तस्करी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। एक और व्यक्ति दशरथ राय को इस मुकदमे से पहले ही अलग कर दिया गया है।

तुलसी मंदिर से हस्तलिखित रामचरित मानस चोरी


तुलसी मंदिर से हस्तलिखित रामचरित मानस चोरी

(एस.के.त्रिवेदी)

बनारस (साई)। धार्मिक नगरी बनारस के गंगा किनारे तुलसीघाट स्थित तुलसी मंदिर से गुरुवार को प्राचीन रामचरित मानस की हस्तलिखित प्रति चोरी हो गई। मंदिर के एक तरफ के द्वार की कुंडी तोडकर चोर रामचरित मानस के दो भागों के अलावा एक वाल्मीकि रामायण और चांदी का एक मुकुट भी साथ ले गए।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) मानसिंह चौहान ने बताया कि मंदिर के पुजारी दुर्गा शंकर मिश्र की तहरीर पर भेलूपूर थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुजारी के मुताबिक दिन में दस बजे मंदिर खोलते वक्त एक द्वार की कुंडी टूटी हुई मिली। पुजारी की सूचना पर जिलाधिकारी रविंद्र और पुलिस उप महानिरीक्षक राम कुमार भी देर रात मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। डॉग स्क्वॉड के साथ पुलिस टीम ने चोरों का सुराग पाने की असफल कोशिश की। 

लोकपाल पर बोले प्रकाश करात


लोकपाल पर बोले प्रकाश करात



(के.मिथलेश)

कानपुर (साई)। केंद्र के लोकपाल बिल से वाम दल इत्तेफाक नहीं रख रहे हैं। केन्द्र की यूपीए सरकार द्वारा संसद में पेश किये लोकपाल विधेयक में तमाम खामियां गिनाते हुये सीपीएम के महासचिव प्रकाश करात ने कहा कि हम इस विधेयक में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव चाहते हैं जैसे लोकपाल और उसकी कमिटी की नियुक्ति प्रक्रिया में सरकारी नुमाइंदे बहुत ज्यादा हैं उन्हें कम किया जाए, लोकपाल को जांच के लिये एक अलग से निष्पक्ष जांच एजेंसी दी जाए, लोकपाल को हटाने का अधिकार राष्ट्रपति के बजाए सुप्रीम कोर्ट को होना चाहिए।
करात सीपीएम के बीसवें राज्य सम्मेलन में भाग लेने कानपुर आए थे। बिरहाना रोड स्थित राजस्थान गेस्ट हाऊस में सम्मेलन के उद्घाटन के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकार को तो छोड़िए टीम अन्ना और उससे जुड़े लोगों को भी उन पूंजीपतियों का कोई ख्याल नहीं रहा जो भ्रष्टाचार का लाभ उठाते हैं जैसे अभी टू जी घोटाले में पूर्व मंत्री ए राजा ने जो स्पेक्ट्रम कंपनियों को बांटे थे, वह कंपनियां अभी भी उसका लाभ उठा रही हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने जो लोकपाल विधेयक कल संसद में जल्दबाजी में पेश किया है उसमें काफी कमियां है जिन पर हमारी पार्टी को आपत्ति है।
उन्होंने कहा कि सबसे पहले लोकपाल की नियुक्ति के लिए जो प्रक्रिया अपनाए जाने की बात कही गई है उसमें सरकारी प्रतिनिधियों की संख्या बहुत अधिक है, इसका दायरा और बढ़ाना होगा तथा इसमें अधिक से अधिक स्वतंत्र लोगों को शामिल करना चाहिए। इसके अलावा लोकपाल के पास जो शिकायतें आती हैं, उनकी जांच के लिये लोकपाल के पास खुद की जांच एजेंसी नहीं है।

सोशल नेटवर्किंग वेब साईट्स पर कसा कोर्ट का शिकंजा


सोशल नेटवर्किंग वेब साईट्स पर कसा कोर्ट का शिकंजा



(सुमित माहेश्वरी)

नई दिल्ली (साई)। राजधानी दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने फेसबुक, याहू, गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और यू-ट्यूब सहित 21 सोशल नेटवर्किंग साइटों को आपत्तिजनक सामग्री के चलते मुकदमे का सामना करने का नोटिस दिया है। कोर्ट ने इस मामले में केंद्र सरकार को जरूरी कदम उठाने को कहा है। साथ ही 13 जनवरी तक रिपोर्ट तलब की है।
गौरतलब है कि तीन दिन पहले ही इन साइटों के खिलाफ कोर्ट में मामला दायर किया गया था। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने फेसबुक, गूगल और यू-ट्यूब को धर्म विरोधीया असामाजिकश् सामग्री को वेबसाइट पर दिखाने के लिए मना किया था। कोर्ट का कहना था कि इससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचती है।

धूप खिली: ठंड से आंशिक राहत


धूप खिली: ठंड से आंशिक राहत



(प्रदीप श्रीवास्तव)

लखनऊ (साई)। शुक्रवार सुबह से ही धूप खिले होने और गुरुवार रात से ठंड का असर थोड़ा कम होने से मौसम खुशगवार हो गया है। ऐसे में लोगों ने राहत की सांस ली है। मौसम विभाग का मानना है कि अभी कुछ दिन लोगांे को सर्दी और कोहरे से थोड़ी राहत मिलेगी।
मौसम विभाग से मिले आंकड़े बताते हैं कि शुक्रवार सुबह राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया , जो सामान्य से दो डिग्री कम था। शुक्रवार सुबह से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में धूप खिलने से लोग कड़ाके की सर्दी से हल्की राहत महसूस कर रहे हैं। मौसम विभाग के सूत्रों ने कहा कि आने वाले दिनों में धूप खिलेगी जिससे लोग शीतलहर से कुछ राहत महसूस करेंगे , लेकिन रातें बहुत सर्द होंगी। दिन और रात के तापमान में गिरावट जारी रहेगी। 

हिंसक संघर्ष जारी, 24 मरे



हिंसक संघर्ष जारी, 24 मरे



कानो (साई)। नाईजीरिया में एक बार फिर सुरक्षा बलों और संदिग्ध आतंकियों के बीच गोलीबारी हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार नाइजीरिया के उत्तरी शहर दमातुरू में सुरक्षाबलों और संदिग्ध इस्लामी आतंकवादियों के बीच संघर्ष में 24 लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गुरूवार को सुरक्षा बलों और संदिग्ध इस्लामी आतंकवादियों के बीच गोलीबारी शुरू हुई थी।
इस दौरान कई विस्फोटों की आवाज भी सुनाई दी। इसके बाद संदिग्ध आतंकवादियों ने शहर में शुक्रवार की नमाज के कुछ ही देर बाद पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी की जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों का कहना है कि शहर में दिन का कर्फ्यू लगाया गया है। उन्होंने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है। इस संघर्ष में सात सुरक्षाकर्मी और इस्लामी चरमपंथी संगठन बोको हरम के 12 सदस्य मारे गए। इस घटना में एक नागरिक की भी मौत हुई है।
ज्ञातव्य है कि पिछले कुछ सप्ताह में सुरक्षा बलों और बोको हरम के बीच संघर्ष तेज हो गया है। कानो शहर में हाल में हुए संघर्ष में चार आतंकवादियों और तीन पुलिसकर्मियों के मारे जाने के बाद नाइजीरियाई पुलिस ने बोको हरम के 14 संदिग्ध सदस्यों को गिरफ्तार करके बड़ी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ बरामद किया था।

सोमालिया में हत्याओं से संरा चिंतित


सोमालिया में हत्याओं से संरा चिंतित



न्यूयार्क (साई)। सोमालिया में हुई हत्याओं से संयुक्त राष्ट्र की चिंता बढ़ गई है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून ने सोमालिया में विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्घ्ल्यूएफपी) के दो अधिकारियों व एक साथी संगठन के एक सदस्य की हत्या किए जाने की घटना की कड़ी निंदा की है।
हिरान प्रांत के माताबन शहर में गोलीबारी कर इन तीन लोगों की हत्या की गई थी। ये तीनों वहां के आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों के शिविरों में खाद्य वितरण की निगरानी कर रहे थे। संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता मार्टिन नेसिरकी ने कहा कि मून ने सोमालियाई अधिकारियों से मानवीय कार्यों में सहयोग देने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कहा है। नेसिरकी ने कहा, ‘मून उम्मीद करते हैं कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को सामने लाकर न्याय किया जाएगा।

अनेक चीनी अधिकारी जांच के घेरे में


अनेक चीनी अधिकारी जांच के घेरे में



बीजिंग (साई)। चाईना में अधिकारियों पर गाज गिरना आरंभ हो गया है। पिछले साल अनेक अधिकारियों को जांच के दायरे में लाया गया है। चीन में साल 2011 में अधिकारों का दुरूपयोग करने सम्बंधी मामलों में 43,000 से ज्यादा अधिकारी जांच के घेरे में आए। यह जानकारी ताजा आंकड़ों में दी गई है।
स्थानीय समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने अभियोजन पक्ष के वकीलों की राष्ट्रीय बैठक में जारी आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि सरकारी वकीलों ने जनवरी से नवम्बर के बीच 31,616 आपराधिक मामलों में शामिल 43,265 संदिग्ध अधिकारियों की जांच की। सरकारी वकीलों ने पूरे चीन में 8,37,736 संदिग्धों की गिरफ्तारी को मंजूरी दी और 10,70,000 लोगों पर मुकदमा चलाया गया। इनमें 1,801 लोग ऐसे हैं, जो जहरीली या हानिकारक खाद्य उत्पाद बनाने और बेचने में शामिल रहे हैं। खाद्य पदार्थों से सम्बंधित भ्रष्टाचार और कार्य में लापरवाही के मामलों में इस वर्ष कम से कम 120 सरकारी कर्मचारियों की जांच की गई है।

नाडा ने लगाया सात एथलीट्स पर प्रतिबंध


नाडा ने लगाया सात एथलीट्स पर प्रतिबंध

(आकाश कुमार)

नई दिल्ली (साई)। राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी नाड़ा ने डोप टेस्ट में नाकाम रहने पर सात एथलीटों पर प्रतिबंध लगा दिया है जिनमें एशियाई खेलों में दो स्वर्ण पदक जीतने वाली अश्विनी अकुंजी भी शामिल हैं।  रिले धाविका मनदीप कौर, सिनि जोस, मेरी टियाना थॉमस, प्रियंका पवार, जौना मुर्मु, अकुंजी पर एक साल का प्रतिबंध लगाया गया है, वही मुरलीधरन पर दो साल का प्रतिबंध लगाया गया है। इसके साथ ही अगले साल लंदन ओलंपिक में खेलने की उनकी उम्मीदें भी ध्वस्त हो गई हैं। नाडा के फैसले पर ओलंपियन्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष असलम शेरखान ने कहा कि दोषियों को सजा मिलनी ही चाहिए।

बंगाल ने केरल को 2 - 0 से हराया


बंगाल ने केरल को 2 - 0 से हराया



(रश्मि सिन्हा)

कोच्चि (साई)। आई लीग फुटबॉल में ईस्ट बंगाल ने यूनाइटेड केरल को २-० से हरा दिया है। शुक्रवार शाम जवाहरलाल नेहरू अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में इस मैच के दौरान आधे समय तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी, लेकिन ५१वें मिनट में ईस्ट बंगाल के रयसांगमी वाशुम के पास पर ओरजी पेन ने गोल कर दिया। ईस्ट बंगाल के स्ट्राइकर टोलगे ओजबे ने पेनल्टी के जरिये दूसरा गोल किया।