शनिवार, 29 सितंबर 2012

मोदी नहीं शिवराज हैं विकास के पुरोधा!


मोदी नहीं शिवराज हैं विकास के पुरोधा!

(लिमटी खरे)

सूरजकुण्ड (साई)। भारतीय जनता पार्टी के भविष्य को लेकर अब कुहासा धीरे धीरे साफ होने लगा है। भाजपाध्यक्ष नितिन गड़करी जो कल तक गुजरात के निजाम नरेंद्र मोदी के सामने बौने नजर आने लगे थे, ने मोदी की लाईन छोटी करना आरंभ कर दिया है। हाल ही में नेशनल कार्यकारिणी में नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में गड़करी ने मोदी के बजाए देश के हृदय प्रदेश के निजाम शिवराज सिंह चौहान को विकास पुरूष निरूपित कर सभी को चौंका दिया है।
भाजपा की राष्ट्रीय परिषद की बैठक वैसे भी सभी की निगाहों में इसलिए भी थी क्योंकि इसमें गड़करी को दूसरा टर्म मिलने के साथ ही साथ इसमें अगले आम चुनावों का रोड़मैप तैयार किया जाना था। भाजपा के छः मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति को भी एक अच्छा संकेत माना जा रहा था। माना जा रहा था कि इन छः में से कम से कम शिवराज और नरेंद्र मोदी तो कार्यकर्ताओं को अपने संबोधन में नई दिशा देंगे, वस्तुतः एसा हुआ नहीं।
एक मुख्यमंत्री के करीबी ने नाम उजागर ना करने की शर्त पर समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया से चर्चा के दौरान कहा कि मुख्यमंत्रियों को राष्ट्रीय परिषद की बैठक में बुलाकर शोभा की सुपारी बनाने का ओचित्य समझ से परे है। मुख्यमंत्रियों के संबोधन के बिना यह बैठक अधूरी ही लग रही है और इसके चलते कार्यकर्ताओं में तरह तरह की शंकाएं कुशंकाएं घुमड़ रही हैं। किसी भी सीएम ने एक भी प्रस्ताव नही रखा।
उधर, गड़करी के करीबी सूत्रों का कहना है कि अगर एक भी सीएम को माईक दिया जाता तो फिर आधा दर्जन सीएम बोलते तो कार्यकर्ताओं को उब होने लगती। इसके साथ ही साथ चालाक चतुर सुजान नरेंद्र मोदी तो मंच ही लूट ले जाते। वे अपने एजेंडे को कुछ इस तरह रखते कि परिषद का एजेंडा ही चुरा लिया जाता। गड़करी को शंका थी कि कहीं एक बार फिर कार्यकर्ताओं के सामने मोदी उन्हें बोना साबित ना कर दें। इसी डर के चलते आधा दर्जन मुख्यमंत्रियों को शोभा की सुपारी ही बनाए रखा गया।
इसके साथ ही साथ कल तक जिस तेजी से नरेंद्र मोदी को राष्ट्रीय नेता बनाने की मुहिम चलाई गई थी, उसकी हवा भी धीरे धीरे निकाल दी गई है। हवा में उड़ते मोदी के पर संघ ने भी कुतर दिए थे। अब मोदी को गुजरात तक ही सीमित करने में संघ और भाजपा के आला नेताओं ने कोई कसर नहीं रख छोड़ी है।
आग और पानी का संतुलन बनाते हुए भाजपाध्यक्ष नितिन गड़करी ने एक तीर से कई सारे निशाने साध लिए हैं। राष्ट्रीय परिषद की बैठक मे नितिन गड़करी ने मोदी की उपस्थिति में ही शिवराज सिंह चौहान को विकास पुरूष की उपाधि से नवाजकर ना केवल मोदी को ही झटका दिया है, वरन मध्य प्रदेश में शिवराज के लिए सरदर्द बन चुके भाजपा के सूबाई निजाम प्रभात झा को भी साईज में रहने का संदेश दे डाला है।
शिवराज के करीबी सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया से चर्चा के दौरान कहा कि शिवराज सिंह चौहान पिछले कुछ माहों से सत्ता और सरकार में संगठन के दखल से खासे परेशान थे। इस संबंध में शिवराज ने कई बार संघ और भाजपा के आला नेताओं से चर्चा भी की थी, पर इसका नतीजा कुछ निकल नहीं पाया था।
शिवराज पर दबाव डालकर महत्वपूर्ण विभागों में अपने पसंदीदा अधिकारियों की नियुक्ति करवाकर प्रभात झा ने शिवराज सिंह चौहान की बिदाई का रोड़मैप तय कर लिया था। सूत्रों ने यह भी कहा कि मूलतः बिहार के प्रभात झा वैसे तो पहले एमपी में काम कर चुके हैं पर सत्ता में बिहार मूल के अफसरों को जमकर नवाजे जाने के आरोप भी भाजपा के अंदरखाने में लग ही रहे हैं।
शिवराज सिंह चौहान के सत्ता संभालने के उपरांत मध्य प्रदेश सरकार द्वारा लागू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं को ना केवल भाजपा वरन् कांग्रेस की सरकारों ने भी सराहा है। अनेक योजनाएं तो एसी हैं जिन पर शिवराज सिंह चौहान का ठप्पा लगा होने के बाद भी केंद्र सरकार द्वारा ना केवल उन्हें सराहा गया वरन उसे अमली जामा पहनाने का प्रयास भी किया गया।
मध्य प्रदेश सरकार की लाड़ली लक्ष्मीयोजना का जादू मध्य प्रदेश में सर चढ़कर बोल रहा है। एमपी के अलावा अनेक राज्यों ने इस योजना को अंगीकार किया है। इसके बाद एक के बाद एक सुपर डुपर हिट योजनाएं दी हैं शिवराज सिंह चौहान की भाजपा सरकार ने। हाल ही में मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना भी काफी लुभावनी और आकर्षित लग रही है।
माना जा रहा है कि भाजपा के निजाम नितिन गड़करी ने आधा दर्जन भाजपाई मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति में शिवराज सिंह चौहान की तारीफों में करीदे गढ़कर यह संदेश देने का प्रयास किया है कि अपने वक्तव्यों के जरिए लाईम लाईट में आने वालों से ज्यादा तवज्जो पार्टी उसे देगी जो जमीनी स्तर पर मौन रहकर काम करने में विश्वास रखता हो। कहा जाता है कि शिवराज सिंह चौहान द्वारा लास्ट लाईन एण्ड लो प्रोफाईलको अपना मूल मंत्र बनाया हुआ है।

जीसेट 10 ने भरी उड़ान


जीसेट 10 ने भरी उड़ान

(पूनम अग्रवाल)

फ्रेंच गुयना (साई)। भारत का अत्याधुनिक संचार उपग्रह जी सेट-१० आज तड़के फ्रेंच गुयाना के यूरोपीय अंतरिक्ष केन्द्र से अरियान-५ रॉकेट से सफलतापूर्वक छोड़ा गया। इस उपग्रह के नवम्बर से सक्रिय होने की संभावना है और यह पन्द्रह वर्ष तक काम करता रहेगा। इससे दूरसंचार, डीटीएच और रेडियो नेवीगेशन सेवाओं का विस्तार होगा।
इस उपग्रह की खासियत यह है कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन द्वारा निर्मित तीन हजार चार सौ किलोग्राम वजन का यह अब तक का सबसे भारी उपग्रह है। यह भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन का १०१ वां रॉकेट प्रक्षेपण था। इनसैट और जी सैट उपग्रहों की श्रृंखला में मई २०११ में छोड़े गए उपग्रह जी सैट-८ के बाद गगन पेलोड प्रणाली वाला यह दूसरा उपग्रह है।
भारत सरकार की ओर से इस महत्वपूर्ण अवसर पर इसरो के अध्यक्ष के. राधाकृष्णन प्रक्षेपण के समय कर्नाटक में हासन स्थित मुख्य नियंत्रण केन्द्र में मौजूद थे। उपग्रह छोड़े जाने के कुछ मिनट बाद उन्होंने कहा कि मुख्य नियंत्रण केन्द्र का उपग्रह से सम्पर्क स्थापित हो गया है।

पूर्वोत्तर में बाढ़ बरपा ही कहर


पूर्वोत्तर में बाढ़ बरपा ही कहर

(पुरबालिका हजारिका)

गोवहाटी (साई)। असम में बाढ़ की स्थिति में सुधार होने के बाद पिछले २४ घंटों में करीब ७७ हजार लोग राहत शिविरों से चले गए हैं। ब्रह्घ्मपुत्र सहित सभी प्रमुख नदियों में पानी कम हो गया है। बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में अब तक २७ लोग मारे गए हैं और छह लापता हैं। मुख्यमंत्री तरुण गोगोई आज ऊपरी असम के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे।
सरकारी सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि राज्य के कृषि मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के किसानों के लिए कुछ उपायों की घोषणा की है। इसके तहत असम सरकार ने चार लाख दस हजार कृषि भूमि पर दो सौ करोड़ रुपये की लागत से विशेष योजना की घोषणा की है।
सूत्रों ने बताया कि इस योजना से बाढ़ प्रभावित बारह लाख लोगों को फायदा होगा। प्रदेश के तीन लाख २८ हजार हैक्टेयर कृषि भूमि बाढ़ की चपेट में है। इस योजना के तहत किसानों को टैक्टर और पावर टीलर खरीदने के लिए ५० प्रतिशत सब्सिडी भी दिये जाएंगे। साथ ही निचले असम के हिंसाग्रस्त जि$लों के किसानों को भी सरकार की तरफ से सुविधा मुहैया किया जाएगा।
उधर दिल्ली समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो से रश्मि सिन्हा ने बताया कि सरकार, बाढ़ से होने वाली तबाही को कम करने के लिए बाढ़ पूर्वानुमान तथा चेतावनी प्रणाली के विस्तार और आधुनिकीकरण पर ध्यान दे रही है। नई दिल्ली में कल राष्ट्रीय आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण के आठवें स्थापना दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम में जल संसाधन विकास मंत्री, पवन बंसल ने बताया कि जल प्रबन्धन, विशेष तौर से बाढ़ से निपटने के काम में संबंधित राज्यों के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए नदी -थाला संगठनों को शामिल किया जाएगा।
गंगटोक से सिक्किम समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो ने बताया कि सिक्किम के उत्तरी हिस्से में बाढ़ और भूस्खलन का असर ११ गांवों के नौ हजार से अधिक लोगों पर पड़ा है। हमारे संवाददाता ने बताया कि राज्य के मुख्य सचिव करमा ग्यात्सो ने वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की।
 प्राप्त जानकारी के अनुसार आपदा राहत बचाव अभियान में जोरशोर से जुटी सीमा सड़क संगठन ने सिक्किम प्रशासन को आगामी दो हफ्तों में राज्य के उत्तरी भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी सड़क सुविधा बहाल करने का आश्वासन दिया है। दिगर इन इलाकों में घटना के बाद से पिछले करीब एक सप्ताह से बंद पड़े सभी शिक्षा संस्थानों को फिर से खोल दिया गया है। इस बीच, जि$ला प्रशासन ने कहा है कि उनके भंडारण में पर्याप्त खाद्यान उपलब्ध है।

ब्रजेश मिश्रा नहीं रहे


ब्रजेश मिश्रा नहीं रहे

(महेश रावलानी)

नई दिल्ली (साई)। भारत गणराज्य के पहले राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ब्रजेश मिश्र का कल रात नई दिल्ली में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे ८४ वर्ष के थे। देश के पहले राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ब्रजेश मिश्र ने विदेश नीति से जुड़े मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अमरीका के साथ संबंध और मजबूत बनाने पर बल दिया।
वह पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी के काफी करीबी माने जाते थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है। सूत्रों ने बताया कि उन्होंने शुक्रवार की रात करीब नौ बजकर 50 मिनट पर दक्षिणी दिल्ली के वसंत कुंज स्थित फोर्टिस अस्तपाल में अंतिम सांस ली। वह पिछले कुछ समय से दिल की बीमारी से पीड़ित थे। उन्होंने अपने नौकर से खाना लाने को कहा लेकिन जब वह खाना लेकर आया तब वह बेहोश मिले।
मिश्रा के करीबी सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि सुरक्षा गार्डों को बुलाया गया और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नियुक्त किए जाने से पहले मिश्र पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रधान सचिव थे। वह उससे पहले संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि के रूप में अपनी सेवा देने के बाद विदेश मंत्रालय में सचिव पद से रिटायर हुए थे।
मिश्र ने 1999 में करगिल लड़ाई के दौरान वाजपेयी का सहयोग करने में अहम भूमिका निभाई थी। साल 2004 में एनडीए सरकार के चले जाने और वाजपेयी के राजनीतिक परिदृश्य से हटने के बाद मिश्र ने बीजेपी से दूरी बना ली और विदेश नीति के कई मुद्दों पर उसके रुख की आलोचना की। जब प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह अमेरिका के साथ भारत अमेरिका परमाणु करार के लिए बातचीत कर रहे थे तब उन्होंने इस करार का समर्थन किया और उसका विरोध करने पर बीजेपी को निशाने पर लिया।

इमेल बिल्डिंग के प्रति सजग है अंडर वर्ल्ड


इमेल बिल्डिंग के प्रति सजग है अंडर वर्ल्ड

(निधि गुप्ता)

मुंबई (साई)। अपनी स्वच्छ, उजली, धवल छवि के लिए हर व्यक्ति या संस्था द्वारा जनसंपर्क अधिकारी (पब्लिक रिलेशन ऑफीसर) रखने की परंपरा अब हर क्षेत्र में दिखने लगी है। इस परंपरा का जादू इस कदर सर चढ़कर बोल रहा है कि अब तो गुण्डे बदमाश, उठाईगीरे भी पीआरओ रखने लगे हैं।
मुंबई से प्रकाशित एक समाचार पत्र मे क्राइम बांच के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से बताया कि अंडरवर्ल्ड के पीआरओ मूलतः व्हाइट कॉलर लोग होते हैं। अंडरवर्ल्ड सरगनाओं ने उन्हें आदेश रखा है कि वे हर पुलिस स्टेशन , क्राइम ब्रांच यूनिट्स , पुलिस मुख्यालय , एटीएस , सीबीआई , बीएमएसी हेडक्वॉर्टर , मंत्रालय जाएं और वहां बड़े - बड़े अधिकारियों के साथ रोज बैठकर उनके साथ रिश्ते बढ़ाएं।
इस रिश्तों को बनाने और बढ़ाने के पीछे की मूल वजह यह है कि अंडरवर्ल्ड के सभी अवैध कामों को पूरा होेने में कोई दिक्कत न आए। इस अधिकारी के अनुसार , पुलिस सहित हर बड़े सरकारी विभाग में विजिर्ट्स के नाम रजिस्टर में या कंप्यूटर में फीड़ होते हैं। यदि पिछले छह महीने या साल भर की पूरी लिस्ट निकाली जाए , तो इसमें कई नाम संदेहास्पद चरित्र वाले मिलेंगे। काफी अधिकारी ऐसे लोगों को इंटरटेन नहीं करते , पर कई शायद इनके ट्रैप में फंस भी गए हैं , तभी तो अंडरवर्ल्ड के ये पीआरओ लगातार सक्रिय हैं।
अखबार ने आगे लिखा है कि क्राइम ब्रांच सूत्रों का कहना है कि इस वक्त छोटा राजन के मुंबई में सबसे ज्यादा पीआरओ सक्रिय हैं , क्योंकि राजन को अपने कई बेनामी प्रोजेक्ट पास कराने हैं। राजन का कभी चीफ पीआरओ भी हुआ करता था - पॉल्सन जोसेफ , पर जे . डे मर्डर में क्राइम ब्रांच ने डेढ़ साल पहले उसे गिरफ्तार कर लिया। यह पॉल्सन ही था , जिसने तीन साल पहले चेंबूर के एक नामी क्लब में र्क्रिसमस पार्टी आयोजित की थी। इस पार्टी में फरीद तनाशा सहित अंडरवर्ल्ड के कई लोग तो आए ही थे , पॉल्सन की पीआरओशिप की वजह से इसमें कई पुलिसवाले भी शामिल हुए थे। जेे . डे मर्डर में क्राइम ब्रांच ने जिस विनोद चेंबूर को गिऱफ्तार किया है , उसके बारे में भी कहा जाता है कि वह राजन का पीआरओ था। विनोद एक क्रिकेट बुकी भी था। ऐसे कहा जाता है कि विनोद ने कुछ पुलिस वालों को मैनेज कर रखा था , ताकि सट्टे के राजन के कारोबार में कोई खलल न पड़े।
अखबार के अनुसार क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी के अनुसार , एक और डॉन रवि पुजारी ने भी रवि पंजाबी नाम का पीआरओ रखा था। वह भी अलग - अलग पुलिस अधिकारियों के पास रोजाना बैठा करता था। उसे तीन साल पहले मकोका ऐक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था। कमलाकर जामसांडेकर मर्डर केस में पिछले महीने आजीवन कारावास पाए अरुण गवली ने कई साल पहले अखिल भारतीय सेना नाम से एक राजनीतिक पार्टी बनाई थी। इस पार्टी के लिए उसने अपने कुख्यात शूटर जितेंद्र दाभोलकर को पीआरओ बनाया था। दाभोलकर का अब मर्डर हो चुका है। क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी के अनुसार , गवली की पार्टी में दाभोलकर के नाम से ही प्रेस नोट जारी होता था। दाऊद का भी एक पीआरओ था , नाम था उसका सतीश राजे। पापा गवली के मर्डर के बाद आरोप है कि अरुण गवली ने उसका मर्डर करवा दिया था।
इसी तरह दाऊद की तरह उसके भाई अनीस इब्राहिम को भी बॉलिवुड की अभिनेत्रियों से दोस्ती का बहुत शौक है। क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी के अनुसार , अनीस ने बॉलिवुड की एक अभिनेत्री को बोलकर रखा था कि दिल्ली में बड़े राजनेताओं से अपने संपर्क बढ़ाएं। इस पीआरओशिप के लिए अनीस ने अपने एक आदमी के जरिए दस लाख रुपये भिजवाए थे। 26/11 में शहीद हुए विजय सालसकर ने अनीस के इस आदमी को पकड़ा भी था। बॉलिवुड की इस अभिनेत्री ने कई चुनावों में प्रचार भी किया है। उसने टिकट पाने की भी बहुत कोशिश की , पर वह उसमें सफल नहीं हुई।

केजरीवाल से जमकर खफा हैं अण्णा


केजरीवाल से जमकर खफा हैं अण्णा

(शरद खरे)

नई दिल्ली (साई)। एक समय अण्णा हजारे की जान बने अरविंद केजरीवाल से इस समय अण्णा हजारे जमकर खफा हैं। केजरीवाल द्वारा पार्टी बनाए जाने के निर्णय ने अण्णा हजारे को जमकर आहत किया है। अण्णा का मानना है कि केजरीवाल दरअसल, सियासी नेताओं के हाथों की कठपुतली बने रहे जिसके चलते अण्णा का आंदोलन जमकर प्रभावित हुआ है। अपने ब्लाग के माध्यम से अण्णा ने केजरीवाल को जमकर कोसा है।
अन्ना हजारे ने अप्रत्यक्ष रूप से अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला है। हजारे ने कहा कि भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन पार्टी बनाने के निर्णय से विभाजित हुआ है। पार्टी के समर्थन में आने से आंदोलन के तेवर पर असर पड़ा। अन्ना हजारे ने अरविंद केजरीवाल से मतभेद के बाद बाबा रामदेव से नजदीकी का हवाला देकर आरएसएस और सांप्रदायिक ताकतों से जोड़ने की कड़ी निंदा की।
अन्ना हजारे ने कहा कि जो पार्टी बनाने के पक्ष में थे उनसे मेरी असहमति साफ थी। इसके बावजूद मेरे निर्णय के खिलाफ पार्टी बनाने की योजना पर अमल किया गया। अन्ना ने कहा, श्कई लोग कहते हैं कि मैंने पार्टी बनाने पर सहमति दे दी थी लेकिन यह सही नहीं है।
75 वर्षीय सामाजिक कार्यकर्ता ने अपने ताजा ब्लॉग में लिखा है कि पिछले दो सालों में यूपीए सरकार की लाख कोशिश के बावजूद आंदोलन विभाजित नहीं हुआ। वही मजबूत आंदोलन बिना सरकार की कोशिश के विभाजित हो गया। इसकी प्रमुख वजह एक ग्रुप के चुनावी राजनीति में जाने के फैसले रही। अन्ना हजारे ने कहा कि दुर्भाग्य से आंदोलन विभाजित नहीं हुआ होता तो लोकपाल बिल 2014 के आम चुनाव से पहले ही पास हो गया होता। एक ग्रुप ने चुनावी राजनीति में जाने का निर्णय लिया और दूसरा आंदोलन के साथ खड़ा है।
अन्ना हजारे ने इस बात पर दुख जताया कि उन्हें सांप्रदायिक संगठनों के साथ जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक जीवन में मेरा किसी भी संगठन से कोई रिश्ता नहीं रहा। अन्ना हजारे ने कहा कि मैं जीवन के अंतिम सांस तक किसी पार्टी या संगठन का हिस्सा नहीं बनूंगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन राजनीति की वजह से विभाजित हुआ। हजारे ने कहा कि चुनाव करीब आ रहा है। कुछ पार्टी मेरा नाम चुनाव में अपने फायदे के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आंदोलन केवल आंदोलन रहेगा क्योंकि यह पवित्र है।

निशुल्क फोन काल की हिमायत की सिब्बल ने


निशुल्क फोन काल की हिमायत की सिब्बल ने

(महेश रावलानी)

नई दिल्ली (साई)। टेलिकॉम कंपनियां भले ही कॉल रेट बढ़ाने की बात कर रही हों लेकिन टेलिकॉम मिनिस्टर कपिल सिब्बल ने कहा है कि आने वाले समय में कंपनियों को ऐसे इंतजाम करने चाहिए कि फोन पर बात करने के लिए लोगों को पैसे न चुकाने पड़ें।
सीआईआई की ब्रॉडबैंड समिट में सिब्बल ने कहा कि मोबाइल कंपनियों को कमाई के लिए वॉइस कॉल के बजाय डेटा सर्विस पर ध्यान देना चाहिए। आने वाले समय में कंपनियों को डेटा सर्विस से इतना रेवेन्यू मिल जाएगा कि वे फ्री कॉल की सुविधा देने पर विचार कर सकें।
जानकारों का मानना है कि फोन पर डेटा का इस्तेमाल बढ़ने पर कॉल दरें सस्ती होने की संभावना बन सकती है लेकिन मोबाइल पर बातचीत पूरी तरह फ्री करने के बारे में कुछ कहना जल्दबाजी होगी। सेल्युलर ऑपरेटर असोसिएशन के प्रेजिडेंट राजन मैथ्यूज से जब पूछा गया तो उनका कहना था कि मुफ्त कॉल तभी संभव है, जब सरकार इसमें मदद करे। अगर सरकार स्पेक्ट्रम की कीमत कम या फ्री कर दे तो रेवेन्यू के इस मॉडल पर सोचा जा सकता है लेकिन तुरंत ऐसा होना मुमकिन नहीं है।
दूरसंचार विभाग ने मोबाइल कंपनियों को कहा है कि वे अपने लाइसेंसी सर्कल के बाहर 3जी सर्विस देना तुरंत बंद कर दें। अगर कंपनियों ने इस पर अमल किया तो तमाम ग्राहकों को रोमिंग के दौरान 3जी सर्विस एक्सेस करने में मुश्किल आ सकती है। हालांकि 2जी सर्विस जारी रहेगी। दरअसल, दूरसंचार विभाग कह चुका है कि कंपनी को जिस जोन या सर्कल के लिए लाइसेंस मिला है, उससे बाहर 3जी सर्विस मुहैया कराना गैरकानूनी है। तमाम कंपनियां आपस में समझौता करके ऐसी सर्विस उपलब्ध करा रही हैं।

वॉटसन और वॉर्नर के तूफान में उड़े धोनी के धुरंधर

वॉटसन और वॉर्नर के तूफान में उड़े धोनी के धुरंधर

(टी.विश्वनाथन)

कोलंबो (साई)। टी 20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 मुकाबले में भारत को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है। ऑस्ट्रेलिया ने 15वें ओवर में ही टारगेट हासिल करके भारत को 9 विकेट से हरा दिया। भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 141 रन का टारगेट दिया था। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने 2 पॉइंट्स हासिल कर लिए हैं।
सुपर 8 स्टेज के इस अहम मैच में भारत ने टॉस जीतकर बैटिंग का फैसला लिया, लेकिन टॉप ऑर्डर बुरी तरह से लड़खड़ा गया। भारत को पहला झटका उस वक्त लगा, जब तीसरे ही ओवर में गौतम गंभीर 17 रन के स्कोर पर रन आउट हो गए। इसके बाद क्रीज़ पर आए विराट कोहली ने कुछ अच्छे शॉट लगाए, लेकिन 15 रन बनाकर उन्होंने भी पविलियन का रास्ता पकड़ लिया। भारत का कोई भी बैट्समैन रंग में नहीं लग रहा था। तीसरा विकेट युवराज सिंह के रूप में गिरा, जो 8 रन के स्कोर पर वॉटसन की बॉल पर खराब शॉट खेलकर मैक्सवेल को कैच थमा बैठे।
एक छोर संभालकर खेल रहे इरफान पठान अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन वह भी 31 रन के स्कोर पर वॉटसन का शिकार बन बैठे। इरफान के पविलियन लौटने के तुरंत बाद रोहित शर्मा भी महज 1 रन के स्कोर पर बोल्ड हो गए। अब तक भारत की हालत बेहद खराब थी। 11 ओवर्स में 74 रन के स्कोर पर 5 खिलाड़ी आउट हो चुके थे। महेंद्र सिंह धोनी और सुरेश रैना ने पारी को संभालने की कोशिश की और स्कोर को 100 के पार पहुंचाया। लेकिन 16वें ओवर की आखिरी बॉल पर धोनी भी कमिंस की बॉल पर खराब शॉट खेलकर बेली को कैच थमा बैठे। वहीं रैना ने कुछ शॉट लगाने की कोशिश की और अश्विन के साथ मिलकर स्कोर को आगे बढ़ाया। लेकिन वह भी आखिरी ओवर में 26 के स्कोर पर आउट हो गए। 20 ओवर खत्म होने तक टीम इंडिया 7 विकेट के नुकसान पर 140 रन ही बनाई पाई। इस स्कोर में आर अश्विन ने भी 16 रन का योगदान दिया।
वहीं 141 रन के टारगेट का पीछा करने उतरे वॉटसन और वार्नर ने ऑस्ट्रेलिया को तूफानी शुरूआत दिलाई। मैच की 3 बॉल्स ही फेंकी गई थीं, कि बारिश की वजह से मैच रोकना पड़ा। कुछ देर बाद बारिश तो थम गई, लेकिन रनों की बरसात जारी रही। दोनों ओपनर्स ने पहले विकेट के लिए ऑस्ट्रेलिया की ओर से 133 रन की साझेदारी की, जो एक रेकॉर्ड है।
शेन वॉटसन और वॉर्नर ने टीम इंडिया के बोलरों की जमकर खबर ली। कोई भी बोलर ऐसा नहीं था, जिसे खेलने में इन दोनों ओपनर्स को समस्या हुई हो। वॉटसन ने 42 बॉल्स में 2 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 72 रन बनाए, वहीं डेविड वॉर्नर ने नॉट आउट रहते हुए 41 बॉल्स में 63 रन जोड़े। इन दोनों की शानदार इनिंग्स की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 15वें ओवर में ही टारगेट हासिल कर लिया।

स्पिटल्स को मिलेगा मंहगा सिलेण्डर


हास्पिटल्स को मिलेगा मंहगा सिलेण्डर

(मणिका सोनल)

नई दिल्ली (साई)। अस्पताल, कॉलेज, सेना, जेल, एनजीओ और धार्मिक संस्थाओं समेत विशेष वर्ग में आने वाली सभी संस्थाओं को अब घरेलू सब्सिडाइज्ड दर पर एलपीजी सिलेंडर मुहैया नहीं होंगे। इन संस्थाओं को सरकार की ओर से घरेलू ग्राहकों को मिलने वाली रियायतों का लाभ भी नहीं मिल सकेगा, बल्कि उन्हें 14.2 किलो वाले प्रत्येक सिलेंडर के लिए इससे कहीं ज्यादा कीमत चुकानी पड़ेगी।
इन संस्थाओं को 399 रुपये के एलपीजी सिलेंडर के लिए नए नॉन डोमेस्टिक रेट पर 990 रुपये से अधिक का भुगतान करना होगा। इसी तरह यूपी में घरेलू सब्सिडी प्राप्त सिलेंडर की कीमत 403.50 रुपये है, जबकि विशिष्ट वर्ग के लिए इसकी कीमत 1001 रुपये प्रति सिलेंडर तय की गई है। यानी उन्हें पुरानी कीमत से 597 रुपये प्रति सिलेंडर अधिक चुकाने होंगे।
पेट्रोलियम मंत्रालय ने विशेष नई दर पर इन्हें सिलेंडर मुहैया कराने का निर्देश तेल कंपनियों को जारी कर दिया है। इसे तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। इंडियन ऑयल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि तेल कंपनियां अब चार श्रेणियों के लिए एलपीजी की दरें तय करेंगी।
यह श्रेणियां घरेलू सब्सिडाइज्ड, घरेलू नॉन सब्सिडाइज्ड, विशेष श्रेणी के लिए नॉन डॉमेस्टिक प्राइस और व्यवसायिक उपयोग के लिए कमर्शियल प्राइस हैं। इसलिए इन संस्थाओं को अब घरेलू ग्राहकों के बराबर कीमतों में छूट नहीं मिलेगी। हालांकि उन्हें हर महीने सीमित संख्या में सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। मगर उन्हें प्रत्येक सिलेंडर के लिए समान कीमत चुकानी होगी।
सरकार के इस निर्णय से निजी क्षेत्र की संस्थाओं, धार्मिक संस्थाओं समेत तमाम विशिष्ट वर्ग की रसोई का खर्च अब तेजी से बढ़ेगा। माना जा रहा है कि सरकारी संस्थाओं में भले ही इसकी भरपाई के लिए कोई प्रावधान हो जाए, लेकिन निजी क्षेत्र की संस्थाओं को महंगाई की दोहरी मार झेलनी पड़ेगी। गौरतलब है कि दिल्ली में कुल घरेलू एलपीजी सिलेंडर का करीब दस फीसदी तक स्कूल, कॉलेज, अस्पतालों, सेना, जेल, धार्मिक संस्थाओं, मिड डे मील, एनजीओ आदि में उपयोग किया जाता है। जबकि उत्तर प्रदेश में ऐसी संस्थाएं करीब 5 फीसदी घरेलू गैस का इस्तेमाल करती हैं।

दो रूपए तक घट सकती हैं पेट्रोल की दरें


दो रूपए तक घट सकती हैं पेट्रोल की दरें

(अमित कौशल)

नई दिल्ली (साई)। डीजल के दाम में पांच रुपये प्रति लीटर का इजाफा कर चौतरफा सियासी दबाव झेल रही केंद्र सरकार अगले हफ्ते पेट्रोल के दाम दो रुपये तक कम कर इसकी भरपाई कर सकती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत घटने और डॉलर के मुकाबले रुपया मजबूत होने के कारण तेल कंपनियां पेट्रोल के दाम कम करने पर विचार करेंगी।
कंपनियों के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत अगले दो दिनों में भी अगर 110 डॉलर प्रति बैरल से नीचे रहती है, तो सरकार राजनीतिक दबाव को कम करने के लिए पेट्रोल की कीमत में दो रुपये प्रति लीटर तक कटौती की घोषणा कर सकती है।
शुक्रवार को एक डॉलर की कीमत 52 रुपये 85 पैसे थी, जबकि बृहस्पतिवार को कच्चा तेल 108 डॉलर प्रति बैरल था। दरअसल सरकार के आर्थिक सुधारों के फैसले से रुपये में आई मजबूती तेल कंपनियों के घाटे की भरपाई में मददगार होगी। तेल कंपनियों के अनुमान के मुताबिक रुपये के मुकाबले एक डॉलर की कीमत घटने से पेट्रोल 33 पैसा प्रति लीटर सस्ता होता है।
पेट्रोलियम मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि अगर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट बनी रहती है तो इसका लाभ सरकार के साथ आम आदमी को भी होगा। एक ओर तेल कंपनियों के लिए पेट्रोल की खरीदारी सस्ती हो जाएगी। वहीं इसकी कीमत कम होने से सरकार पर से सब्सिडी का बोझ भी कम हो सकेगा। ऐसे में आम आदमी के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास जताने के लिए कीमतों में कटौती का निर्णय लिया जा सकता है। तेल क्षेत्र के विशेषज्ञों की माने तो कच्चे तेल की कीमत में कमी का यह ट्रेंड आगे भी जारी रह सकता है।

नवंबर से पडेगा मनोरंजन में खलल


नवंबर से पडेगा मनोरंजन में खलल

(विनोद गौतम)

नई दिल्ली (साई)। टीवी पर टाइमपास भी अब महंगा होने जा रहा है। दरअसल सरकार ने केबल के डिजिटलाइजेशन को अनिवार्य कर दिया है। अब मल्टी सिस्टम ऑपरेटर (एमएसओ) ने इसके लिए जो दरें तय की हैं, उनके हिसाब से पूरे मनोरंजन में जेब कट जाएगी। उपभोक्ताओं के लिए तीन पैकेज दिए गए हैं।
इनमें सबसे कम 180 व अधिकतम 250 रुपये प्रतिमाह है। खास बात यह है पैकेज में मिलने वाले ज्यादातर फ्री टू एअर चौनल हैं। डीडी स्पोर्ट्स को छोड़कर कोई स्पोर्ट्स चौनल नहीं है। धारावाहिकों के लिए सबसे ज्यादा देखे जाने वाले जी, सोनी व स्टार के चौनल भी पैकेज में शामिल नहीं हैं। इन चौनलों को देखने के लिए आपको अलग से शुल्क देना होगा। कुल मिलाकर मतलब ये कि जितना ज्यादा मनोरंजन उतने ज्यादा रुपये। हालांकि कलर्स चौनल व कुछेक हिंदी न्यूज चौनल पैकेज में शामिल हैं।
अंबिका सोनी के करीबी सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि शुक्रवार को केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने इन नई दरों के बारे में बताया। ये दरें 1 नवंबर, 2012 से लागू की जाएंगी। 31 अक्तूबर तक दिल्ली समेत चारों महानगरों में सभी केबल कनेक्शन का डिजिटलाइजेशन करना है।
अंबिका सोनी शुक्रवार को इसकी जानकारी लेने मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंची थीं। सरकार की मानें तो दिल्ली में 70 फीसदी डिजिटलाइजेशन हो चुका है, मगर यह दूसरे महानगरों से पीछे है। मुंबई में 90 तो कोलकाता में यह 77 फीसदी किया जा चुका है।

स्वाईन फलू ने एमपी में पसारे पांव


स्वाईन फलू ने एमपी में पसारे पांव

(सोनल सूर्यवंशी)

भोपाल (साई)। मध्यप्रदेश में स्वाइन फ्लू ने अब आम लोगों के साथ-साथ नेताओं को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। जबलपुर नगर निगम के महापौर और भारतीय जनता पार्टी के एक नेता भी इसकी चपेट में आ गए हैं। स्वाइन फ्लू का प्रकोप राजधानी भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, सागर और इंदौर में बढ़ने लगा है।
स्वाइन फ्लू से अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है। राजधानी में गुरुवार को होशंगाबाद जिला निवासी एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। राजधानी में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। राज्य में अगस्त के अंतिम सप्ताह से इस रोग का प्रकोप तेजी से बढ़ने लगा है।
जानकारी के मुताबिक नगर निगम के महापौर प्रभात साहू भी स्वाइन फ्लू की चपेट में आ गए हैं। जांच रिपोर्ट में उन्हें स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हुई है। महापौर पिछले चार दिनों से लगातार वायरल बुखार से पीडित हैं। उनके अलावा एक भाजपा नेता भी स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।

चमकीले सेब से सावधान!

चमकीले सेब से सावधान!

(अर्जुन कुमार)

देहरादून (साई)। विदेशी सेब की चमक से सावधान रहें। चमकीले और साफ दिखने वाले इन सेबों की चमक को देख ग्राहक इनकी तरफ आकर्षित होते हैं। लेकिन चीन, आस्ट्रेेलिया, अमेरिका आदि देशों से आयातित इन सेबों को लंबे समय तक टिकाऊ बनाए रखने के लिए इन पर पैराफिन वैक्स (एक तरह का मोम) नामक केमिकल की परत चढ़ाई जा रही है।
चिकित्सकों का मानना है कि पैराफिन वैक्स अधिक मात्रा में लेने पर आंतों और लीवर में इंफेक्शन हो सकता है। इससे लीवर डैमेज होने का खतरा भी रहता है। पेट और आंतों का कैंसर हो सकता है। इस तरह चमकीले और ताजा बनाए रखने के चक्कर में सेब व्यवसाई सीधे सीधे लोगों को जहर ही खिला रहे हैं।

खुली शीला की कलई: पांच करोड़ लूटे दिनदहाड़े


खुली शीला की कलई: पांच करोड़ लूटे दिनदहाड़े

(सुमित माहेश्वरी)

नई दिल्ली (साई)। डिफेंस कॉलोनी इलाके में वीआईपी नंबर प्लेट लगी हुंडई वर्ना कार में आए हथियारबंद बदमाशों ने गार्ड को गोली मारकर कैश वैन लूट ली। वैन में सवा पांच करोड़ रुपये बताए जा रहे हैं। ट्रॉमा सेंटर में भर्ती गार्ड की देर रात मौत हो गई। दक्षिणी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त विवेक गोगिया ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि दोपहर लगभग सवा बजे प्रीमियम शील्ड सिक्योरिटी कंपनी की कैश वैन (रेडियो टैक्सी) हौजखास आईसीआईसीआई बैंक से सवा पांच करोड़ रुपये लेकर लाजपत नगर-एक स्थित सी-ब्लॉक जा रही थी। अनिल के अलावा वैन में सिक्योरिटी गार्ड मुन्ने सिंह व अजब सिंह और कैशियर अशोक था।
मुन्ने आगे चालक के साथ बैठा हुआ था। उन्हें डिफेंस कॉलोनी से लाजपत नगर जाना था। वैन तकरीबन डेढ़ बजे जब डिफेंस कॉलोनी के डी-ब्लाक में सर्विस लेन पर पहुंची तो हल्का जाम लगा था। यहां पहले से हुंडई वर्ना एचआर-26 एक्यू-0051 खड़ी थी। वर्ना सवार बदमाशों ने एक तरफ जाम लगा रखा था।
वहीं पुलिस सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि पुलिस को दिए बयान में अनिल ने बताया कि उस कार से पांच-छह हथियारबंद बदमाश उतरे और दोनों गार्डों को काबू कर लिया। बदमाश कैश वैन से सभी को नीचे उतारने लगे। जब गार्ड मुन्ने सिंह ने विरोध किया तो एक बदमाश ने उसकी छाती में गोली मार दी। इसके बाद बदमाश वर्ना को मौके पर छोड़कर कैश वैन को डिफेंस कॉलोनी के अंदर से लेकर फरार हो गए।
दिनदहाड़े बड़ी लूट होने की सूचना मिलते ही वैन को पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस ने रेड अलर्ट घोषित कर दिया। वायरलैस सेट पर कैश वैन का नंबर फ्लैश कर दिया गया, लेकिन वारदात के कई घंटे बाद खाली वैन मालवीय नगर के हौजरानी में खड़ी मिली। वैन को दरी से ढका हुआ था और गार्डों से छीनी गई दोनों रायफल वैन में पड़ी हुई थीं। संयुक्त पुलिस आयुक्त ने इस बात की पुष्टि नहीं की है कि वैन में कितने रुपये थे।
बदमाशों ने जहां दिनदहाड़े सवा पांच करोड़ लूटकर पुलिस को चुनौती दी, वहीं रेड अलर्ट की धज्जियां भी उड़ाईं। वारदात के बाद ही पुलिस आयुक्त नीरज कुमार ने दिल्ली में रेड अलर्ट की घोषणा कर दी थी। राजधानी में जगह-जगह बेरीकेड्स लगाकर जांच शुरू कर दी गई। इसके बावजूद बदमाश वारदात वाली जगह से कैश वैन को करीब दस किलोमीटर दूर ले गए।

बस ने कुचला छः को, 4 की मौत


बस ने कुचला छः को, 4 की मौत

(प्रतिभा सिंह)

पटना (साई)। बिहार के सारण जिले में तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 4 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 2 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक नगरा थाना क्षेत्र में छपरा-मशरख मुख्य मार्ग पर यात्रियों को लेकर जा रही एक तेज रफ्तार बस ने छह लोगों को रौंद डाला, जिसमें एक महिला सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसे के बाद बस का चालक फरार हो गया।

मंत्रालय भवन में फिर खुलेगा अस्पताल

(आंचल झा)

नई दिल्ली (साई)। एक महत्वपूर्ण फैसले के तहत राज्य सरकार ने मौजूदा मंत्रालय भवन को मेडिकल कॉलेज से संबद्व अंबेडकर अस्पताल के विस्तार के लिए आवंटित कर दिया है। छत्तीसगढ़ के मौजूदा मंत्रालय भवन में एक नवंबर से अंबेडकर अस्पताल कार्य करने लगेगा।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक मंत्रालय 1 नवंबर से नया रायपुर में कार्य करने लगेगा। एक नवंबर 2000 में मध्यप्रदेश को विभाजित कर अस्तित्व में आए छत्तीसगढ़ का मंत्रालय उसी समय से दाऊ कल्याण सिंह भवन में संचालित हो रहा है। इससे पहले यह अस्पताल भवन था। मुख्यमंत्री रमन सिंह ने अब फिर से इसे अस्पताल के लिए आवंटित कर दिया है।

प्रभात झा पुत्र मोह में खुद की नसीहत भूले


प्रभात झा पुत्र मोह में खुद की नसीहत भूले

(संतोष पारदसानी)

भोपाल (साई)। अपनी पार्टी को नैतिकता का पाठ पढ़ाने वाले भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष प्रभात झा अपने पुत्र मोह और जमीन प्रेम में स्वयं ही अपने पाठ को भूल गए।  सिंगरौली में नियम विरूद्ध अपने पुत्र को पेट्रोल पंप दिलाने वाले प्रभात झा ने अपने इस काम में भागीदार भी गवाह के रूप में जिला भाजपा अध्यक्ष और स्थानीय सांसद को बनाया है।यह आरोप लगाया है नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने।
नेता प्रतिपक्ष  अजय सिंह ने कहा कि मौका मिलते ही अपने कार्यकर्ता को और नेताओं को नसीहत देने वाले भाजपाध्यक्ष चुनाव नजदीक आते देख संपत्ति जुटाने में लग गए है। पिछले दिनों आयकर छापे में शिकार दो व्यवसायियों दिलीप सूर्यवंशी और सुधीर शर्मा के बचाव में उतरे भाजपाध्यक्ष की असलियत तब सामने आई जब सत्ता और संगठन के गलियारों के माध्यम से पता चला कि उनके पुत्र की इन दोनों व्यवसायियों के साथ भागीदारी है।  सिंह ने कहा कि हाल ही में प्रभात झा ने अपने पुत्र के नाम से सिंगरौली जिले में पेेट्रोल पंप के लिए पौने दो एकड़ भूमि लगभग 14 लाख में खरीदी जिसका बाजार मूल्य 22 लाख रूपये है। इस खरीद फरोख्त में उन्होंने गवाह के रूप में जिला भाजपाध्यक्ष रामसुमरिन गुप्ता और स्थानीय सांसद गोविंद मिश्रा के बेटे अनेंद्र मिश्रा को बनाया है। श्री सिंह ने कहा कि अपने दबाव और रसूख का इस्तेमाल कर प्रभात झा पेट्रोल पंप के नियमों को भी दरकिनार करने का प्रयास कर रहे है। पेट्रोल पंप आवंटन के दिए गए आवेदन में प्रभात झा के पुत्र तुष्मुल झा ने अपने आप को नौकरी पेशा बताया जो कि पेट्रोल पंप आवंटन नियम के विरूद्ध है। उन्होंने कहा कि संगठन चुनाव में अपनी दूबारा अध्यक्षी को खटाई में पड़ता देख श्री झा संपत्ति अर्जित करने की जल्दी में है।
नेता प्रतिपक्ष श्री सिंह ने कहा कि मप्र में भाजपा सरकार और संगठन प्रदेश की जनता को लालीपॉप पकड़ा कर प्रदेश को लूटने मे व्यस्त हो गए हैं। श्री सिंह ने कहा कि लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में असफल भाजपा सरकार, किसानों, गरीबों, अनुसूचित जाति, जन-जाति  के लोगों के साथ धोखाधड़ी कर रही है। श्री सिंह ने कहा कि एक ओर भाजपाध्यक्ष सिंगरौली में जमीन खरीदने में व्यस्त हैं वहीं बड़ी कंपनियों को लाभ पहुंचाने के लिए आदिवासियों की जमीन छीनी जा रही है और उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। सुनवाई की कोई संभावना भी नहीं है क्योंकि बुजुर्गाे को तीर्थदर्शन यात्रा कराकर पुण्य कमा रही सरकार वहां गरीब, असहाय आदिवासियों का शोषण करने में बड़ी कंपनियों के मंत्रियों तथा संगठन के पदाधिकारियों को लूट को संरक्षण दे रही है। श्री सिंह ने कहा मुख्यमंत्री एक ओर राजनीति को व्यवसाय नहीं धर्म मानते है वहीं भाजपा के अध्यक्ष, मंत्री सभी मकान, दुकान, खदान के व्यवसाय लगे हो तो उनकी कथनी करनी और उनकी नैतिकता की पोल खोलकर रख देता है।