(मणिका सोनल)
नई दिल्ली (साई)। लोकसभा चुनावों की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इस बार लोकसभा चुनाव 7 अप्रैल से शुरू होंगे। वहीं सभी राज्यों में वोटों की गिनती 16 मई को होगी। 16 मई को पूरे देश में एक साथ वोटों की गिनती होगी और उसी शाम तक सारे नतीजों का ऐलान हो जाएगा। वहीं चुनाव के ऐलान के साथ आचार संहिता भी लागू हो गई है। यानि सरकार अब कोई बड़े फैसले की घोषणा नहीं कर सकती।
15वीं लोकसभा का कार्यकाल 31 मई को खत्म होगा। वहीं 31 मई से पहले 16वीं लोकसभा का गठन किया जाएगा। चुनाव में करीब 81.4 करोड़ मतदाता अपने अधिकार का इस्तेमाल करेंगे। पिछली बार के लोकसभा चुनाव के मुकाबले इस बार 10 करोड़ मतदाता बढ़े हैं। फोटो वोटर स्लिप का पहली बार लोकसभा चुनाव में इस्तेमाल होगा। फोटो वोटर स्लिप में मतदान केंद्र की जानकारी होगी।
लोकसभा चुनावों में पहली बार ईवीएम में नोटा का विकल्प भी होगा। इस बार 7 अप्रैल से 12 मई तक कुल 9 चरणों में लोकसभा चुनाव होंगे। 7 अप्रैल से शुरू होने वाले चुनावों का दूसरा चरण 9 अप्रैल, तीसरा चरण 10 अप्रैल, चौथा चरण 12 अप्रैल, पांचवा चरण 17 अप्रैल, छठा चरण 24 अप्रैल, सातवां चरण 30 अप्रैल, आठवां चरण 7 मई और आखिर एवं नौवां चरण 12 मई को होगा।
लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक ही दिन होंगे। आंध्र प्रदेश में लोकसभा चुनाव 30 अप्रैल और 7 मई को होंगे। गुजरात में लोकसभा चुनाव 30 अप्रैल को होंगे। हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव 7 मई को होंगे, हरियाणा में 10 अप्रैल, झारखंड में लोकसभा चुनाव 3 चरण में होंगे। कर्नाटक में लोकसभा चुनाव 17 अप्रैल, महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव 3 चरण में 10, 17 और 24 अप्रैल को होंगे। मुंबई में लोकसभा चुनाव 24 अप्रैल को होंगे। ओडिशा में लोकसभा चुनाव 10 और 17 अप्रैल, पंजाब में 30 अप्रैल, राजस्थान में 17 और 24 अप्रैल को होंगे। तमिलनाडू में लोकसभा चुनाव 24 अप्रैल को होंगे।
उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव 6 चरणों में 10, 17, 24 और 30 अप्रैल के अलावा 7 एवं 12 मई को होंगे। पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव 5 चरणों में 17, 24 और 30 अप्रैल के अलावा 7 और 12 मई को होंगे। उत्तराखंड में 7 मई, दिल्ली में 10 अप्रैल और केरल में 10 अप्रैल को लोकसभा चुनाव होंगे। मणिपुर में लोकसभा चुनाव 9 और 17 अप्रैल को होंगे। मिजोरम, मेघालय और नागालैंड में लोकसभा चुनाव 9 अप्रैल को होंगे।
बिहार में लोकसभा चुनाव 6 चरणों में 10, 17, 24 और 30 अप्रैल के अलावा 7 और 12 मई को होंगे। जम्मू एंड कश्मीर में लोकसभा चुनाव 5 चरणों में 10, 17, 24, 30 अप्रैल के अलावा 30 मई को होंगे। नक्सलवादी इलाकों में चुनाव एक दिन में होंगे। चंडीगढ़ में 10 अप्रैल, दादरा नगर हवेली में 30 अप्रैल और छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव 10, 17 और 24 अप्रैल को होंगे। अंडमान, लक्षद्वीप में लोकसभा चुनाव 10 अप्रैल को होंगे। असम में लोकसभा चुनाव 7, 12 और 24 अप्रैल को होंगे। गोवा में लोकसभा चुनाव 17 अप्रैल को होंगे। अरुणाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव 9 अप्रैल को होंगे। पुड्डुचेरी में लोकसभा चुनाव 24 अप्रैल को होंगे।

New Delhi Time









कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें