रविवार, 15 अप्रैल 2012

इंदौर में बनेग इंटरनेशनल एयरपोर्ट

इंदौर में बनेग इंटरनेशनल एयरपोर्ट
इंदौर (साई)। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनाया जाएगा। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री अजीतसिंह ने कल इस विमानतल पर एक सौ 35 करोड़ रुपए की लागत से तैयार नए एकीकृत टर्मिनल भवन का शुभारंभ करते हुए ये बात कही।
उन्होंने कहा कि विमानतल पर टर्मिनल और विकास के अन्य कार्यों के बाद इसे अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे में तब्दील किए जाने का रास्ता साफ हो गया है। श्री सिंह ने कहा कि इंदौर प्रदेश की औद्योगिक राजधानी होने के साथ ही संस्कृति से समृद्ध शहर भी है। इस वजह से मौजूदा दौर में यहां आला दर्जे की विमानन गतिविधियों का होना आवश्यक है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग राज्यमंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने घोषणा की कि इंदौर नगर को अब देश की आर्थिक सेटेलाइट राजधानी बनाने का समय आ गया है। समारोह में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने घोषणा की कि राज्य के सभी जिलों में हवाई पट्टी का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इंदौर में अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा बन जाने से यहां तेजी से औद्योगिक विकास हो सकेगा। इसके साथ ही यहां के किसानों के उत्पादेां को विश्व के अन्य देशों में भेजा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।

दिल्ली में बनेगा बाबा साहेब का स्मारक
महू (साई)। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश सरकार दिल्ली में संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव आम्बेडकर की परिनिर्वाण भूमि पर भव्य स्मारक बनाना चाहती है लेकिन केंद्र सरकार द्वारा जमीन नहीं मिलने से इस कार्य में विलंब हो रहा है।
कल महू में आम्बेडकर जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि परिनिर्वाण स्थल की जमीन मध्यप्रदेश सरकार को आवंटित कर दी जाती है तो राज्य सरकार अपने खर्च पर वहां स्मारक स्थल का निर्माण और विकास करने को तैयार है।
उन्होंने बताया कि महू में आम्बेडकर स्मारक में डॉक्टर आम्बेडकर की विशाल कांस्य प्रतिमा लगाई जाएगी। समाजसेवा के क्षेत्र में डॉक्टर आम्बेडकर द्वारा किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने घोषणा की कि राज्य में अनुसूचित वर्ग के युवाओं को संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा।
पहले चरण में इसके लिए राज्य के हर जिले से दो-दो युवाओं का चयन किया जाएगा। प्रदेश सरकार अनुसूचित वर्ग के युवाओं को स्वरोजगार के लिए न केवल कर्ज और सब्सिडी देगी बल्कि उन्हें अपनी गारंटी  भी उपलब्ध कराएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार द्वारा भविष्य में भी आम्बेडकर महाकंुभ का आयोजन किया जाता रहेगा।

एमपी को चार अरब देंगे नाथ
पिपरिया (साई)। मध्यप्रदेश के नगरों में प्रस्तावित और वर्तमान में चलाई जा रही केंद्रीय योजनाओं के लिए 4 अरब रुपए से अधिक की राशि जल्दी ही जारी करवाई जाएगी। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री कमलनाथ ने कल होशंगाबाद जिले के पिपरिया प्रवास के दौरान प्रदेश के नगरीय प्रशासन और विकास मंत्री बाबूलाल गौर को ये आश्वासन दिया।
श्री गौर ने उनसे आग्रह किया था कि जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीनीकरण मिशन योजना के तहत भोपाल नगर निगम को करीब सवा करोड़ रुपए और बीआरटीएस रिवर साइड कारीडोर योजना के तहत इंदौर को 22 करोड़ रुपए से अधिक की राशि जल्दी ही आवंटित की जानी चाहिए।
उन्होंने छोटे और मध्यम कस्बों के लिए केंद्र सरकार द्वारा पिछड़ा क्षेत्र विकास योजना के तहत राज्य की 22 योजनाओं की दूसरी किश्त के रूप में पौने दो करोड़ रुपए से अधिक की राशि जारी करने के साथ ही लंबित 17 योजनाओं में रियायत की मांग भी की। श्री गौर ने जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीनीकरण मिशन के तहत प्रदेश के नगरों में विकास कार्यों के लिए विश्वस्तर के विशेषज्ञों की सेवा उपलब्ध कराने का भी केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया।

सेना प्रमुख ने बस्तर का अवलोकन किया


सेना प्रमुख ने बस्तर का अवलोकन किया

(अभय नायक)

रायपुर (साई)। भारतीय थल सेना अध्यक्ष जनरल व्ही.के. सिंह कल छत्तीसगढ़ के एक दिवसीय प्रवास पर आए। उन्होंने आज बस्तर क्षेत्र का दौरा किया। राज्य के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में भारत के सेना प्रमुख द्वारा इस पहले दौरे को काफी अहम माना जा रहा है।
अपने प्रवास के दौरान जनरल सिंह ने नारायणपुर-कोण्डागांव के नजदीक चल रहे सेना के एक ब्रिगेड के प्रशिक्षण कार्यक्रम का अवलोकन किया। बाद में उन्होंने रायपुर में राज्यपाल श्री शेखर दत्त और मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह से भी सौजन्य मुलाकात की।
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री और थल सेना अध्यक्ष के बीच विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने थल सेना अध्यक्ष को बस्तर अंचल में नक्सलवाद की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि की जानकारी दी।   वहीं, सेना प्रमुख ने कांकेर में संचालित जंगल वार फेयर कॉलेज के बारे में कहा कि यह कॉलेज सुरक्षा बलों के प्रशिक्षण की दृष्टि से राष्ट्रीय स्तर के संस्थान के रूप में काफी उपयोगी साबित हो रहा है।

बीमा योजना का शुभारंभ

बीमा योजना का शुभारंभ

(एन.के.श्रीवास्तव)

रायपुर (साई)। प्रदेश के असंगठित श्रमिकों के लिए राज्य सरकार ने बीमा योजना-‘‘स्वावलंबन’’ प्रारंभ करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने यह घोषणा कल शुक्रवार को कुछ समुदाय के प्रतिनिधियों के सम्मेलन में की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में असंगठित क्षेत्र में लगभग आठ लाख श्रमिकों के लिए जल्द ही पेंशन योजना भी शुरू की जाएगी।
यह बीमा योजना मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर बीमा योजना के नाम से होगी और भारतीय जीवन बीमा निगम के रायपुर मंडल कार्यालय के सहयोग से इसका संचालन किया जाएगा। इस बीमा योजना के तहत प्रत्येक निर्माण श्रमिक का पचहत्तर हजार रूपए का दुर्घटना बीमा किया जाएगा।
इसके अलावा प्रत्येक बीमित श्रमिक परिवार के विद्यार्थियों को कक्षा नवमीं से बारहवीं तक और आई.टी.आई. में अध्ययन के दौरान छह सौ रूपए प्रति छात्र विशेष छात्रवृत्ति हर छह महीने में दी जाएगी। इस बीमा योजना में शामिल होने के लिए वार्षिक प्रीमियम दो सौ रूपए होगा। योजना के क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ भवन और अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल को नोडल एजेंसी के रूप में अधिकृत किया गया है।