रविवार, 28 जुलाई 2013

चर्चा में रहा शिवराज का रथ

चर्चा में रहा शिवराज का रथ

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। शिवराज सिंह चौहान ने भले ही चुनावी तैयारियों के मद्देनजर अपनी रथयात्रा आरंभ कर दी हो पर जिला मुख्यालय सिवनी में उनके विकास रथ की चर्चाएं तेज हो गई हैं। सिवनी में आज शिवराज के फोटो वाला विकास रथ लोगों के कोतुहल का विषय बना रहा।
आज अपरान्ह शिवराज सिंह चौहान का विकास रथ बारापत्थर पहुंचा। गिरते पानी में लोगों ने इस विकास रथ को देखा। एच.आर.69, 2327 नंबर के इस विकास रथ में पीछे लिखा पंजीयन नंबर इतने बारीक अक्षरों में था कि यह दस मीटर से भी पठनीय नहीं था।
संभवतः इसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की फोटो लगी है अतः यातायात पुलिस और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी की भी इस वाहन के खिलाफ कार्यवाही करने की हिम्मत नहीं पड़ी है। वहीं इस वाहन के चालक ने बताया कि प्रदेश में लगभग छः सौ ट्रक्स को विकास रथ में तब्दील किया गया है, जो पूरे प्रदेश में घूम रहे हैं।

इन प्रचार वाहनों का खर्च कौन उठा रहा है इस बारे में शासन और भाजपा दोनों ही मौन हैं। मौन तो विपक्ष में बैठी कांग्रेस भी है। लोगों में चर्चा है कि 53 ग्रेड की सीमेंट भी पानी पड़ने पर इतनी जल्दी सेट नहीं होती जितनी जल्दी भाजपा के सामने कांग्रेस सेट हो जाती है।

कोई टिप्पणी नहीं: