शुक्रवार, 20 नवंबर 2009

अहमद पटेल की उलटी गिनती शुरू



अहमद पटेल की उलटी गिनती शुरू




राजा दिग्विजय सिंह ने आरंभ किया शह और मात का खेल




(लिमटी खरे)



नई दिल्ली। लगता है कांग्रेस की राजमाता श्रीमति सोनिया गांधी के नौ रत्नों में से सबसे ताकतवर अहमद पटेल के दुदिन शुरू होने वाले हैं। अब तक सोनिया गांधी के नाक कान आंख माने जाने वाले अहमद पटेल को कमजोर करने में उनके विरोधियों को काफी हद तक कामयाबी मिल चुकी है।

पूर्व प्रधानमंत्री एवं 21 सदी के भविष्य दृष्टा राजीव गांधी के सचिव रहे विसेंट जार्ज पिछले कुछ सालों से वनवास भोग रहे थे। बताया जाता है कि जार्ज का राजनैतिक वनवास भी समाप्त हो गया है। कांग्रेस के सत्ता और शक्ति के शीर्ष केंद्र 10 जनपथ में एक बार फिर उनकी तूती बोलने लगी है।

कांग्रेस अध्यक्ष के करीबी सूत्रों का कहना है कि अहमद पटेल को कमजोर करने के लिए दिग्विजय सिंह ने जार्ज को ज्यादा तवज्जो दिलवाना आरंभ कर दिया है। कांग्रेस के भविष्य के प्रधानमंत्री राहुल गांधी के अघोषित राजनैतिक गुरू अब अपनी सधी हुई चालों के जरिए अहमद पटेल को 10 जनपथ से बाहर करने की जुगत लगा रहे हैं।

पिछले दिनों विसेंट जार्ज के इशारे पर हुई नियुक्तियों से कांग्रेसियों की भीड जार्ज के चाणक्यपुरी स्थित आवास पर लगने लगी है। एक अनजान भूमिहार अनिल शर्मा को जार्ज के इशारे पर ही बिहार प्रदेश का कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया था। सूत्रों की मानें तो विसेंट जार्ज एक बार फिर 10 जनपथ में ताकतवर होकर उभर चुके हैं।

देश की राजनैतिक राजधानी में चल रही बयार के अनुसार कांग्रेस के महासचिव दिग्विजय सिंह बहुत ही फूंक फूंक कर कदम रख रहे हैं। बताया जाता है कि दिग्विजय सिंह काफी समय से सोनिया गांधी के राजनैतिक सचिव अहमद पटेल को बदलने का प्रयास कर रहे हैं।

जैसे ही राजनैतिक फिजां में यह बात तैरी वैसे ही राजा दिग्विजय सिंह ने अपना स्टेंड बदल दिया। बताते हैं कि पिछले दिनों राजधानी के कुछ मीडिया पर्सन्स को अपने घर बुलाकर चाय की चुस्कियों के दरम्यान दिग्विजय सिंह ने अहमद पटेल की तारीफ में कसीदे गढकर उन्हें हीरो बना दिया।

राजनैतिक विश्लेषकों का मानना है कि कुंवर अर्जुन सिंह के बाद कांग्रेस की राजनीति में चाणक्य की भूमिका में आए राजा दिग्विजय सिंह ने यह कृत्य इसलिए किया ताकि अहमद पटेल को बदलने के बारे में उनके नाम से जो अफवाहें फैल रहीं हैं, उन्हें रोका जा सके।

सियासी हल्कों में अब इस बात को खोजा जा रहा है कि कांग्रेस के भविष्य के प्रधानमंत्री राहुल गांधी को पूरी तरह अपने बाहूपाश में ले चुके मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री राजा दिग्विजय सिंह 10 जनपथ में श्रीमति सोनिया गांधी के पास अहमद पटेल के स्थान पर किसे फिट करने वाले हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: