शुक्रवार, 1 जून 2012

मितव्ययता का प्रहसन आरंभ


मितव्ययता का प्रहसन आरंभ

(प्रियंका श्रीवास्तव)

नई दिल्ली (साई)। देश के हर नागरिक पर तेंतीस हजार कर्जे के बाद अब केंद्र सरकार को मितव्ययता की सुध आई है। केंद्र ने सरकारी विभागों में खर्च पर अंकुश लगाने का अभियान शुरू किया है। वित्त मंत्रालय ने सभी मंत्रालयों और विभागों से मौजूदा वित्तवर्ष के दौरान गैर-योजना खर्च में दस प्रतिशत कटौती करने को कहा है।
वित्त मंत्रालय ने सरकारी विभागों में नए पदों के सृजन, पांच सितारा होटलों में बैठकों और सम्मेलनों के आयोजन और नए वाहनों की खरीद पर रोक लगा दी है। अधिकारियों की विदेश यात्राओं में भी कमी करने को कहा गया है। खर्च प्रबंधन-किफायती उपाय और खर्च को तर्कसंगत बनाने के बारे में जारी किए गए कार्यालय ज्ञापन में कहा गया है कि विदेश में प्रदर्शनियों, सेमिनारों और सम्मेलनों के आयोजन न किए जाएं।
वित्त मंत्रालय के आदेश में ये भी कहा गया है कि वित्त वर्ष की अंतिम तिमाही के दौरान खरीद-फरोख्त पर भारी खर्च से बचा जाना चाहिए और ऐसा वित्त वर्ष के अंतिम महीने में बिल्कुल नहीं किया जाना चाहिए। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि मंत्रालयों और विभागों के सचिवों को खर्च में कटौती के उपाय सुनिश्चित करने की पूरी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उधर, वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा है कि सरकार आर्थिक विकास में सुधार लाने के लिए जरूरी कदम उठाएगी। श्री मुखर्जी ने वर्ष २०११-१२ के दौरान विकास दर के घटकर छह दशमलव पांच प्रतिशत के पिछले नौ साल के निचले स्तर पर आने को निराशाजनक बताया है।
कल एक बयान में उन्होंने कहा कि आर्थिक मोर्चे पर और चालू खाते के मामले में असंतुलन को दूर करने के लिए सरकार सभी आवश्यक उपाय करेगी। वित्त मंत्री ने कहा कि इससे मुद्रास्फीति बढ़ने की संभावनाएं कम होंगी और पूंजी के प्रवाह में वृद्धि के साथ-साथ घरेलू निवेश बढ़ने के बारे में विश्वास पैदा होगा।

युवा नीति का मसौदा जारी


युवा नीति का मसौदा जारी
(महेश रावलानी)
नई दिल्ली (साई)। केन्द्रीय युवा मामले और खेल मंत्री अजय माकन ने राष्ट्रीय युवा नीति-२०१२ का मसौदा जारी किया। नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में कल श्री माकन ने कहा कि इस नीति का उद्देश्य कौशल विकास के जरिये नौजवानों को सशक्त बनाना है, ताकि रोजगार प्राप्त करने की उनकी क्षमता बढ़ सके और दूसरे मंत्रालय तथा विभागों के साथ तालमेल से उन्हें उद्यम के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।
उन्होंने कहा कि इस नीति में राष्ट्रीय मूल्यों, सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल-कूद और मनोरंजन पर बल दिया गया है। श्री माकन ने बताया कि मसौदा नीति में १५ से ३५ वर्ष के मौजूदा लक्षित आयु वर्ग को बदलकर १६ से ३० वर्ष करने का भी प्रस्ताव किया गया है।
खेल मंत्री ने कहा कि सरकार ने यूनाइटेड नेशन के डेफिनेशन को युवाओं की और कॉमनवेल्थ कंट्री के युवाओं की डेफिनेशन को लिया है। एक जगह के ऊपर १६ से २५ हैं दूसरी जगह पर १५ से २९ तक हैं। इसको ध्यान में रखते हुए सरकार ने अपने युवाओं का डेफिनेशन इसको दोनों तरफ से दोनों सिरो को कम करके १६ से ३० वर्ष का प्रपोज किया है। और साथ में इसको सरकार ने तीन अलग-अलग सब-गु्रप्स में हमने इसको बांटा है।

वार्ताकारों का स्वागत किया चिदम्बरम ने


वार्ताकारों का स्वागत किया चिदम्बरम ने
(पीयूष भार्गव)
नई दिल्ली (साई)। गृहमंत्री पलनिअप्पम चिदम्बरम ने जम्मू कश्मीर के बारे में वार्ताकारों की रिपोर्ट पर विस्तृत चर्चा का स्वागत किया है। हाल ही में यह रिपोर्ट सार्वजनिक की गयी थी। नई दिल्ली में कल संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने बताया कि सरकार ने वार्ताकारों के सुझाव पर संवैधानिक समिति बनाने पर अभी तक कोई फैसला नहीं किया है। रिपोर्ट को महत्वपूर्ण बताते हुए गृह मंत्री ने कहा कि इसके बारे में कोई भी फैसला लेने के लिए सर्वदलीय बैठक सबसे उपयुक्त मंच होगा।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर पर वार्ताकारों की अंतिम रिपोर्ट सार्वजनिक कर दी गई है। रिपोर्ट को गृहमंत्रालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है और इसकी प्रति संसद भवन के लाइब्रेरी में रखी गई है। गृह मंत्री चिदम्बरम ने सभी सम्बन्धित लोगों से अनुरोध किया है कि जो जम्मू-कश्मीर का शांतिपूर्ण समाधान चाहते हैं वे रिपोर्ट को पूरा पढ़ें और चर्चा में भाग लें।

रेल दुर्घटना: राहत बचाव कार्य जारी


रेल दुर्घटना: राहत बचाव कार्य जारी
(दीपांकर श्रीवास्तव)
जौनपुर (साई)। उत्तर प्रदेश में जौनपुर में राहत और बचाव कार्य अब भी जारी है, यहां कल दून एक्सप्रेस रेलगाड़ी के सात डिब्बे पटरी से उतर गए थे। इस दुर्घटना में पांच लोग मारे गए और बीस से अधिक घायल हुए हैं। रेल अधिकारियों ने संभावना जताई है कि जौनपुर शाहगंज रेल मार्ग पर आज शाम से रेल यातायात फिर शुरू होने की संभावना है।
जौनपुर पहुंचे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के संवाददाता ने बताया कि दुर्घटनास्थल पर बचाव और राहत कार्य आज तड़के फिर से शुरू किया गया है। कल अंधेरा हो जाने के कारण बचाव कार्य रोकना पड़ा था। पटरी उखड़ जाने के कारण वहां क्रेन के पहुंचने में भी कठिनाई हुई। रेलमंत्री मुकुल रॉय ने कल रात घटनास्थल का दौरा किया और घायलों को देखा।
मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त राजकुमार कदम को दुर्घटना की जांच का काम सौंपा गया है। वे मौके पर पहुंच गए हैं। रेलवे ने मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपए, घायलों को एक लाख रुपए और सामान्य घायलों को २५-२५ हजार रुपए मुआवजा देने की घोषणा पहले ही कर दी है।

लू ने मचाई तबाही


लू ने मचाई तबाही

(महेंद्र देशमुख)

नई दिल्ली (साई)। देश के कई भागों में गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कल तापमान ४५ दशमलव ४ डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो इस मौसम का सबसे अधिक तापमान है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भयंकर गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।
राजस्थान के चुरू में तापमान ४८ दशमलव ७ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सबसे अधिक तापमान है। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के संवाददाता ने खबर दी है कि राज्य सरकार ने भीषण गर्मी के कारण महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के कार्यों के समय में आज से बदलाव किया है।
उधर, जयपुर से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो शैलेंद्र ने बताया कि आज से ये कार्य सुबह ६ से १० बजे तक संचालित किए जाएंगे।  इससे उन लाखों श्रमिकों को काफी राहत मिलेगी जो भीषण गर्मी के बावजूद खुले में कार्य कर रहे हैं। प्रदेश में तेज गर्मी के बीच बिजली और पानी की समस्या भी बढ़ने लगी है। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलौत ने बिजली और पानी से जुड़े विभागों के अधिकाारियों को निर्देश दिये हैं कि शहरों, गांवों और कस्बों में पीने के पानी और बिजली की आपूर्ति बहाल रखने के सभी पुख्ता प्रबंध किये जायें।
हिमाचल प्रदेश में निचले इलाकों में भी गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है। जहां तापमान सामान्य से ६ से ७ डिग्री अधिक बना हुआ है। ऊना इस मौसम का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान ४५ दशमलव २ डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार गर्मी से फिलहाल राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। देश के पूर्वी भाग में भी गर्मी बढ़ गई है।
बिहार में भीषण गर्मी पड़ रही है। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के पटना संवाददाता प्रतिभा सिंह ने बताया है कि गर्मी के कारण लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण घरों में रहने वाले लोगों को भी काफी परेशनियों का सामना करना पड़ रहा है। बाजार में कूलर और एसी की मांग बढ़ गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल तापमान में कोई खस फर्क नहीं होगा। मौसम इसी तरह का रहेगा। उधर ओडीशा, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ तथा तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भी गर्मी पड़ रही है।

अल्पसंख्यक विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप वितरण में मध्यप्रदेश श्रेष्ठतम राज्यों में शामिल

अल्पसंख्यक विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप वितरण में मध्यप्रदेश श्रेष्ठतम राज्यों में शामिल
(नन्‍द किशोर) 
भोपाल (साई)। मध्यप्रदेश में अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों को मेरिट-कम-मीन्स छात्रवृत्ति योजना के क्रियान्वयन में मध्यप्रदेश देश में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाले राज्यों में शामिल है। मध्यप्रदेश का श्रेष्ठ कार्य देखते हुए यहाँ के लिये वित्तीय वर्ष 2012-13 का लक्ष्य भी बढ़ा दिया गया है।
भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव को इस संबंध में भेजे गये पत्र में 11वीं पंचवर्षीय योजना के दौरान प्रदेश में किये गये कार्य की तारीफ की और उम्मीद जाहिर की है कि 12वीं पंचवर्षीय योजना में भी मध्यप्रदेश इतनी ही कुशलता से कार्य करेगा।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार की यह योजना 5 साल से चल रही है और इसको अमल में लाने के मामले में मध्यप्रदेश आगे रहा है। पिछले साल भी मध्यप्रदेश के काम की तारीफ की गई थी। यह योजना शुरू में देश के 28 राज्य/केन्द्र शासित प्रदेश में वर्ष 2007-08 में लागू की गई थी और वर्ष 2010-11 में इनकी संख्या बढ़कर 32 हो गई। वर्ष 2012 तक इन राज्य में एक लाख 62 हजार 967 विद्यार्थियों को यह छात्रवृत्ति दी गई है।
मध्यप्रदेश में ऑनलाइन स्कॉलरशिप मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने से इस योजना में पारदर्शिता आयी है। इससे विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिये आवेदन करना आसान हो गया है। साथ ही मेरिट लिस्ट की मॉनीटरिंग, प्रोसेसिंग तथा इसे अंतिम रूप दिये जाने के कार्य के साथ-साथ छात्रवृत्ति स्वीकृत करने की व्यवस्था में भी उल्लेखनीय सुधार आया है।

हज-यात्री अंतर्राष्ट्रीय पासपोर्ट तथा पे-इन-स्लिप 11 जून तक जमा करें

हज-यात्री अंतर्राष्ट्रीय पासपोर्ट तथा पे-इन-स्लिप 11 जून तक जमा करें
(अंकिता बक्‍शी) 
भोपाल (साई)। मध्यप्रदेश स्टेट हज-कमेटी के माध्यम से हज-2012 के लिये चयनित हज-यात्रियों को मूल अंतर्राष्ट्रीय पासपोर्ट तथा जमा की जाने वाली राशि की पहली किस्त की रसीद 11 जून तक जमा करना होगा। अंतिम तिथि तक जमा न करने पर सीट निरस्त होगी तथा प्रतीक्षा-सूची वाले हज-आवेदकों को सीट का आवंटन कर दिया जायेगा। अध्यक्ष, हज कमेटी डॉ. सनवर पटेल ने ऐसे चयनित हज-यात्री जिन्होंने अभी तक मूल पासपोर्ट तथा पहली किस्त की पे-इन-स्लिप जमा नहीं की है, उनसे शीघ्र जमा करने का अनुरोध किया है।
हज-कमेटी कार्यालय में इस वर्ष 3169 सीटों के कोटे के हज-यात्रियों में से 735 हज-यात्रियों के मूल अंतर्राष्ट्रीय पासपोर्ट तथा पहली किस्त की जमा राशि की मूल रसीद प्राप्त हुई है, शेष 2433 चयनित हज-यात्रियों के पासपोर्ट तथा रकम जमा करने की रसीद जमा होना बाकी है।
अंतिम तिथि 11 जून, 2012 तक चयनित हज-यात्रियों के मूल अंतर्राष्ट्रीय पासपोर्ट तथा जमा की गई राशि की पे-इन-स्लिप जमा न होने पर संबंधित की सीट निरस्त कर प्रतीक्षा-सूची के आवेदकों को आवंटित कर दी जायेगी।
अध्यक्ष, हज-कमेटी ने चयनित हज-यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपने-अपने मूल पासपोर्ट, पे-इन-स्लिप तथा व्हाइट बेकग्राउण्ड के फोटोग्राम निर्धारित अंतिम तिथि तक कमेटी के भोपाल स्थित कार्यालय में जमा कराना सुनिश्चित करें।

राष्ट्र गीत वंदे-मातरम् का सामूहिक गायन

राष्ट्र गीत वंदे-मातरम् का सामूहिक गायन
(जाहिद कुरैशी)
भोपाल (साई)।वित्त मंत्री श्री राघवजी की उपस्थिति में आज मंत्रालय स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल उद्यान में राष्ट्र गीत वंदे-मातरम् का सामूहिक गायन हुआ।
प्रमुख सचिव सामान्य प्रशासन श्री डी.के. सामंतरे एवं अनेक वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे। वंदे-मातरम् के सामूहिक गायन में मंत्रालय कर्मचारियों में से मुख्य स्वर सर्वश्री अनिल नेमा, वी.एस. निगम, राजेश वर्मा, सुनील पाचोरकर, राजकुंवर सोमकुंवर, श्रीमती तुलसी नोटियाल, श्रीमती प्रज्ञा औरंगाबादकर, सुश्री कीर्ति सिंह, श्रीमती उषा रावत, सुश्री भारती मूलतानी और के.एस. विजू ने दिया।
राष्ट्र गीत गायन में मंत्रालय के अलावा विंध्याचल और सतपुड़ा भवनों के विभागाध्यक्ष कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हुए।

राज्यपाल श्री यादव ने मुख्यमंत्री श्री चौहान से सौजन्य भेंट की

राज्यपाल श्री यादव ने मुख्यमंत्री श्री चौहान से सौजन्य भेंट की
(इमरान) 
भोपाल (साई)। राज्यपाल श्री रामनरेश यादव ने आज मुख्यमंत्री निवास पर मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान से सौजन्य भेंट की। राज्यपाल श्री यादव ने मुख्यमंत्री श्री चौहान के स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्म पत्नी श्रीमती साधना सिंह भी उपस्थित थीं।
मुलाकात के दौरान मुख्य सचिव श्री आर. परशुराम, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री मनोज श्रीवास्तव भी मौजूद थे।